Home Blog Page 300

श्रावणी मेला 2025 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक, 30 जून तक पूर्ण होंगी सभी व्यवस्थाएं

0

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 की तैयारी को लेकर आज एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता बिहार सरकार के मुख्य सचिव श्री अमृत लाल मीणा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों से बारी-बारी से तैयारियों की जानकारी ली गई। इस मेला में लाखों श्रद्धालु भाग लेते हैं जो गंगा जल लेकर बाबा बैद्यनाथधाम (देवघर) और बाबा गरीबनाथ मंदिर (मुजफ्फरपुर) में जलाभिषेक करते हैं।

मुख्य सचिव ने सभी जिलों के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, ठहराव, जल उठाव, यातायात नियंत्रण और मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न हो। इस दौरान भागलपुर, बांका और मुंगेर जिलों से होकर जाने वाले कांवरियों की संख्या सबसे अधिक होती है।

भागलपुर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि जिले में सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और 30 जून तक सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। सुलतानगंज के जहाज घाट और सीढ़ी घाट पर जल उठाव के लिए विशेष साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, एसडीआरएफ तैनाती और सांस्कृतिक आयोजनों की व्यवस्था की गई है।

प्रमुख तैयारियां:

  • घाटों पर बैरिकेटिंग, गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति और 24×7 निगरानी
  • आईपीआरडी द्वारा सरकारी योजनाओं और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का प्रचार
  • धांधी बेलारी और जहाज घाट पर प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम
  • कच्ची कांवरिया पथ पर बालू बिछाने की व्यवस्था पूर्ण, गर्मी में हर 2 घंटे पर जल छिड़काव हेतु 25 टैंकर तैयार
  • भीड़ नियंत्रण हेतु अतिरिक्त पुलिस बल की मांग, विशेषकर गुरुवार, रविवार और सोमवार को

दुर्घटना रोकथाम पर विशेष निर्देश:

एसएसपी श्री हृदय कांत ने आगाह किया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी वाहन की छत पर कांवरियों के बैठने की घटनाएं दुर्घटना को न्योता दे सकती हैं। अतः गाड़ियों की ऊंचाई बढ़ने और बिजली तार से संपर्क के संभावित खतरे को रोकने के लिए मोटर व्हीकल अधिनियम की धारा 184 और 191 के तहत कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

मुख्य सचिव व डीजीपी ने सभी जिला परिवहन पदाधिकारियों को मोटर वाहन संगठनों के साथ बैठक कर नियमों का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है।

संयुक्त निदेशक, जनसंपर्क, भागलपुर द्वारा दी गई इस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सभी तैयारियों को सुनिश्चित कर एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भक्तिमय श्रावणी मेला का आयोजन किया जाएगा।


भागलपुर के तमौनी गांव में प्राचीन धार्मिक स्थल पर हमला, बजरंगबली की पिंडी तोड़ी गई, तनाव का माहौल

0

भागलपुर जिले के कजरैली थाना क्षेत्र अंतर्गत तमौनी गांव से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अराजक तत्वों ने एक प्राचीन धार्मिक स्थल पर हमला कर वहां स्थापित बजरंगबली की पिंडी को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। यही नहीं, धार्मिक स्थल के पास लगे तुलसी के पौधों को भी उखाड़ कर फेंक दिया गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल पैदा हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और कैंप कर रही है। स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है। गांव के लोगों ने आपसी सहयोग से दोबारा पिंडी की स्थापना कर दी है, लेकिन बार-बार ऐसी घटनाओं से लोग आशंकित और सहमे हुए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी धार्मिक स्थल को निशाना बनाया जा चुका है, जिससे यह आशंका गहराती जा रही है कि क्षेत्र में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने की साजिश की जा रही है।

स्थानीय निवासी राजीव रंजन ने बताया कि “यह सिर्फ मूर्ति या तुलसी का पौधा नहीं था, यह हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है। ऐसी हरकतें माहौल बिगाड़ने के इरादे से की जाती हैं और प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस पूरे गांव में सतर्कता बनाए हुए है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

भागलपुर से पुणे के लिए ट्रेन संचालन की मांग: एलजेपी (रामविलास) ने चिराग पासवान से की हस्तक्षेप की अपील

0

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रदेश महासचिव  संगीता तिवारी ने आज दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के खाद्य एवं प्रसंस्करण उद्योग मंत्री  चिराग पासवान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने भागलपुर से पुणे के बीच प्रत्यक्ष रेल सेवा की मांग को लेकर एक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किया।

उन्होंने मांग की कि वर्तमान में चल रही ट्रेन संख्या 11427/11428 पुणे-जसीडीह एक्सप्रेस का रूट परिवर्तित कर इसे वाया भागलपुर संचालित किया जाए। उन्होंने बताया कि भागलपुर से पुणे के लिए कोई भी सीधी ट्रेन नहीं है, जिससे हजारों छात्रों, व्यापारियों, आईटी पेशेवरों और आम यात्रियों को लंबी दूरी और असुविधाजनक मार्गों से यात्रा करनी पड़ती है।

भागलपुर की जनसंख्या, आर्थिक, शैक्षणिक और औद्योगिक गतिविधियों को रेखांकित करते हुए तिवारी ने कहा कि यह शहर बिहार में पटना के बाद सबसे प्रमुख शहरी केंद्र है। पुणे के साथ इस क्षेत्र के लोगों का गहरा सामाजिक, शैक्षणिक और व्यावसायिक जुड़ाव है, लेकिन परिवहन की प्रत्यक्ष सुविधा के अभाव में यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि ट्रेन अगर भागलपुर होकर चलाई जाती है, तो इससे कटिहार, पूर्णिया, सहरसा, खगड़िया, मुंगेर जैसे आस-पास के जिलों को भी लाभ मिलेगा। बुजुर्ग, महिलाएं, मरीज, छात्र और व्यापारी वर्ग सीधा लाभान्वित होंगे। साथ ही, कृषि उत्पादों की आवाजाही को भी बल मिलेगा।

संगीता तिवारी ने मंत्री चिराग पासवान से मांग की कि इस जनहित याचिका को शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय में बदलकर भागलपुर की जनता को एक बड़ी सौगात दी जाए, जिससे न केवल यह क्षेत्र बल्कि पूरा कोसी-गंगा सीमांचल क्षेत्र विकास की नई दिशा में अग्रसर हो सके।

नवगछिया में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित — सांसद अजय मंडल के प्रयास से मिला लाभ

0

भागलपुर सांसद  अजय कुमार मंडल के प्रयासों से नवगछिया के सम्राट अशोक भवन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ADIP (Assistance to Disabled Persons) एवं RVY (Rashtriya Vayoshri Yojana) योजनाओं के अंतर्गत दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए। यह शिविर 27 जून को आयोजित किया गया, जिसमें नवगछिया अनुमंडल क्षेत्र के लगभग 300 पंजीकृत लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया।

इस विशेष शिविर में बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, सामान्य ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, कान की मशीनें, कृत्रिम पैर व हाथ, दंत उपकरण समेत कई सहायक साधन वितरित किए गए। यह पहल दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ किया गया, जिसमें प्रमुख अतिथि के रूप में सांसद प्रतिनिधि सुश्री अर्पणा कुमारी, जदयू जिलाध्यक्ष  त्रिपुरारी भारती, प्रवक्ता मिलन सागर, भाजपा नेता कुणाल गुप्ता, अजीत पटेल, रवि कुमार रंजन, प्रभाकर सिंह निषाद, छट्ठू राय, चंद्रिका प्रसाद एवं विकास कुमार उपस्थित रहे।

शिविर का अगला चरण 28 जून 2025 को भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें नवगछिया अनुमंडल के शेष पंजीकृत दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को उपकरण वितरित किए जाएंगे।

बिहार पुलिस को मिली नई ताकत: 28 जून को 21,391 नवनियुक्त सिपाहियों को सौंपे जाएंगे नियुक्ति पत्र – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की बड़ी घोषणा

0

राज्य के युवाओं और बिहार पुलिस के लिए 28 जून 2025 एक ऐतिहासिक दिन साबित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि शनिवार को बापू सभागार, पटना में आयोजित समारोह में 21,391 नव नियुक्त सिपाहियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि “प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो, विधि व्यवस्था मजबूत रहे — यह हमारी प्राथमिकता रही है। बेहतर पुलिस व्यवस्था के लिए बिहार में लगातार पुलिसकर्मियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की नियुक्ति की जा रही है।”

उन्होंने यह भी बताया कि 24 नवम्बर 2005 को जब नई सरकार बनी थी, तब बिहार पुलिस में कार्यरत बल की संख्या मात्र 42,281 थी। लेकिन 2006 से लगातार पुलिस बल के सशक्तिकरण और विस्तार के लिए सरकार ने विशेष कदम उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक दो लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की जा चुकी है, और यह प्रक्रिया भविष्य में भी जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, “इन नव नियुक्त सिपाहियों से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में कानून व्यवस्था और भी प्रभावी होगी। साथ ही, आम नागरिकों को बेहतर सुरक्षा और सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकेंगी।”

मुख्य बातें:

  • 28 जून को बापू सभागार में होगा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम
  • 21,391 नए सिपाहियों को मिलेगी नियुक्ति
  • बिहार पुलिस को मिलेगा और अधिक बल और ताकत
  • मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई

भागलपुर एयरपोर्ट को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कहा- स्मार्ट सिटी तैयार है, उड़ान अब भी अधूरी

0

भागलपुर एयरपोर्ट से अब तक व्यावसायिक विमान सेवा शुरू न होने को लेकर ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन स्थल पर जुटे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि “स्मार्ट सिटी तो तैयार है, लेकिन उड़ान अब भी अधूरी है।”

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी एयरपोर्ट से जनता से वादा किया था कि जल्द ही भागलपुर से विमान सेवा शुरू की जाएगी। लेकिन दस वर्षों बाद भी यह वादा केवल भाषणों तक सीमित रह गया है। कांग्रेस नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि यह हवाई अड्डा सिर्फ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विशेष विमानों के लिए आरक्षित बन गया है, जबकि आम जनता को अब तक उड़ान की सुविधा नहीं मिल पाई है।

प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी की गई— “भागलपुर स्मार्ट सिटी उड़ान भरने को तैयार है, कमी है तो सिर्फ प्लेन और रनवे की।” कांग्रेस ने इसे जनता के साथ अन्याय करार देते हुए सरकार को चेतावनी दी कि अगर जल्द ही विमान सेवा शुरू नहीं की गई, तो आंदोलन को राज्यव्यापी रूप दिया जाएगा।

मुख्य बिंदु:

  • कांग्रेस ने भागलपुर एयरपोर्ट पर किया प्रदर्शन
  • 2014 में हुए वादे को लेकर सरकार को घेरा
  • आम जनता के लिए उड़ान सेवा अब तक शुरू नहीं
  • चेतावनी: जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

भागलपुर: अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर डीएलएसए द्वारा शपथ ग्रहण समारोह, नशीली दवाओं और अवैध तस्करी के खिलाफ एकजुटता का संकल्प

0

अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), भागलपुर द्वारा एक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश के आलोक में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर भागलपुर न्याय मंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारीगण, व्यवहार न्यायालय के तृतीय एवं चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी, डीएलएसए के सभी कर्मचारी, स्थानीय अधिवक्ता और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ एकजुट होकर समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

शपथ में यह स्पष्ट रूप से कहा गया कि वे स्वयं नशीली दवाओं या मादक पदार्थों का सेवन नहीं करेंगे, साथ ही अपने परिजनों और परिचितों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। प्रतिभागियों ने यह भी प्रण लिया कि वे अपने कार्यस्थल और परिसर को नशा मुक्त क्षेत्र बनाए रखने में सहयोग करेंगे।

समारोह के अंत में प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय  राज कुमार राजपूत और डीएलएसए की सचिव  रंजीता कुमारी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ कानून का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और व्यक्तिगत प्रतिबद्धता का विषय भी है। उन्होंने उपस्थित सभी लोगों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में नशा मुक्ति के संदेश को फैलाएं और सहयोगियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

भागलपुर: टेंपो की सीट के नीचे से 59.925 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

0

भागलपुर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध जारी कार्रवाई के तहत प्रशासन को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर, एक तीन पहिया सवारी टेंपो की तलाशी के दौरान करीब 59.925 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है। यह टेंपो नदीयामा से थाना, सबौर की ओर जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार पासवान द्वारा मिली सूचना के आलोक में छापामार दल के साथ बताए गए स्थान पर कार्रवाई की गई। टेंपो के चालक संतोष दास की संपूर्ण तलाशी के दौरान टेंपो की सीट के नीचे छुपा कर रखी गई शराब को जब्त किया गया।

मौके पर ही जब्ती सूची और गिरफ्तारी पत्र तैयार कर अभियुक्त संतोष दास को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, वहां उपस्थित गृहरक्षक से स्वेच्छा पूर्वक हस्ताक्षर लेकर संपूर्ण जब्ती की विधिसम्मत पुष्टि की गई। आगे की कार्रवाई हेतु अभियुक्त और जब्त शराब को मद्य निषेध थाना, सदर भेजा गया है।

प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की सघन छापेमारी आगे भी लगातार जारी रहेगी।

कहलगांव: शारदा पाठशाला मैदान में दिव्यांगजन व वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरण वितरित, 550 लाभुकों को मिला सहयोग

0

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित ADIP एवं RVY योजना के अंतर्गत कहलगांव के शारदा पाठशाला मैदान में गुरुवार को  एक नि:शुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन सांसद  अजय कुमार मंडल के प्रयासों से संभव हो पाया, जिसमें कहलगांव अनुमंडल के लगभग 550 पंजीकृत दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

इस विशेष शिविर में लाभुकों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, सामान्य ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, हियरिंग एड, कृत्रिम हाथ-पैर, दांत सहित अन्य जरूरी उपकरण निशुल्क वितरित किए गए, जिससे उनकी दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम किया जा सके।

शिविर का उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि सुश्री अर्पणा कुमारी, जिला जद(यू) अध्यक्ष  विपिन बिहारी, कहलगांव अनुमंडल सांसद प्रतिनिधि झुंपा सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष संजीव कुमार, जदयू प्रवक्ता शैलेन्द्र तोमर, समाजसेवी संतोष चौधरी, चैलेंज सिंह, शिक्षक भानु प्रताप, केशव जोशी, दिलीप कुमार समेत कई गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए आयोजन को मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

भागलपुर: राकेश कुमार हत्याकांड में चारों आरोपियों को उम्रकैद, न्यायालय का बड़ा फैसला

0

भागलपुर पीरपैंती थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में वर्ष 2020 में हुए चर्चित राकेश कुमार हत्याकांड में अदालत ने चारों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इस फैसले को पीड़ित परिवार ने न्याय की जीत बताया है।

घटना 11 अगस्त 2020 की है, जब राकेश कुमार बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस जघन्य हत्या के बाद मृतक की मां गीता देवी ने जिछो मंडल, संतोष मंडल, अजीत मंडल और बनारसी मंडल के खिलाफ पीरपैंती थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

कई वर्षों तक चली मुकदमे की सुनवाई के बाद आज भागलपुर न्यायालय ने चारों आरोपियों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। साथ ही, कोर्ट ने इस मामले को गंभीर प्रकृति का अपराध मानते हुए इसे समाज के लिए एक नजीर बताया।

अदालती फैसले के बाद पीड़ित परिवार ने संतोष जताया और कहा कि “देर से ही सही, लेकिन न्याय मिला।” वहीं, स्थानीय लोगों ने भी न्यायालय के इस निर्णय का स्वागत किया है।

यह फैसला एक बार फिर यह दर्शाता है कि कानून के लंबे हाथ अपराधियों तक जरूर पहुंचते हैं, और न्याय की प्रक्रिया भले ही समय ले, लेकिन निष्पक्ष रूप से अपना कार्य करती है।