Home Blog Page 299

Bhagalpur News: कोसी नदी पर निर्माणाधीन पुल को लेकर प्रशासन का स्पष्टीकरण – मुख्य संरचना सुरक्षित, निर्माण कार्य जारी

0

कोसी नदी पर निर्माणाधीन पुल के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की खबरों के बीच भागलपुर जिला प्रशासन ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा है कि पुल के मुख्य ढांचे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और निर्माण कार्य सुचारू रूप से जारी है।

यह जानकारी जिला जन-सम्पर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

क्या हुआ था?

पुल निर्माण में प्रयुक्त एक सेगमेंट को ट्रेलर के माध्यम से स्थल तक ले जाया जा रहा था, तभी हाइड्रोलिक प्रणाली में खराबी आने के कारण सेगमेंट कोसी नदी में गिर गया। इसके चलते फुटपाथ, रेलिंग तथा तीन-चार अन्य सेगमेंट को आंशिक क्षति पहुंची है।

लेकिन इस हादसे के बावजूद ब्रिज के मेन स्ट्रक्चर (मुख्य ढांचे) को कोई क्षति नहीं हुई है।

जांच के लिए आई थर्ड पार्टी टीम

इस तकनीकी गड़बड़ी और दुर्घटना की गहन जांच के लिए पटना से एक थर्ड पार्टी तकनीकी टीम को बुलाया गया है, जो आज शाम को मौके पर पहुंची। जांच रिपोर्ट 1-2 दिनों में प्रस्तुत की जाएगी।

निर्माण कार्य नहीं रुका

इंजीनियर सुधीर मौर्या ने बताया कि:

“सेगमेंट गिरने की घटना के बाद भी पुल निर्माण कार्य में कोई रुकावट नहीं आई है। सभी कार्य जारी हैं और पूरी स्थिति नियंत्रण में है।”

Bhagalpur News: बाढ़ प्रभावित पर्चा धारीयों और जमींदार के बीच मारपीट, तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

0

भागलपुर: सुल्तानगंज प्रखंड के महेशी पंचायत के कल्याणपुर गांव में बाढ़ प्रभावित 70 परिवारों के पर्चा धारीयों और जमींदार शंकर चौधरी के परिवार के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। बाढ़ पीड़ितों को सरकार द्वारा पर्चा दिए गए थे, लेकिन जब इन परिवारों ने अपनी जमीन पर जाने का प्रयास किया, तो जमींदार के परिवार ने उन्हें रोकने के लिए हाथापाई की, और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों का इस्तेमाल हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही सुल्तानगंज पुलिस और अंचल पदाधिकारी रवि कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू किया।

पर्चा धारीयों के अधिकार को लेकर विवाद

सरकार ने बाढ़ प्रभावित 70 परिवारों को पर्चा वितरित किया था, जिससे उन्हें अपनी जमीन पर बसने का अधिकार मिला था। हालांकि, पिछले कई सालों से इन परिवारों को भूमि पर बसने में दिक्कतें आ रही थीं, और वे अंचल और अन्य प्रशासनिक कार्यालयों में चक्कर काट रहे थे।

आज जब इन परिवारों ने अपने पर्चा की जमीन पर जाने का प्रयास किया, तो जमींदार शंकर चौधरी के परिवार ने उन्हें रोकने के लिए मारपीट की, जिससे मामला बढ़ गया।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

घटना के बाद अंचल पदाधिकारी रवि कुमार, थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों के लोगों को जमीन से हटा दिया और स्थिति को शांत किया। प्रशासन ने सोमवार को एसडीओ कार्यालय में बैठक बुलाई है, जहां पर्चा धारीयों के जमीन का निष्पादन और स्वामित्व पर फैसला लिया जाएगा।

प्रशासन का बयान

अंचल पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा:

“यह मामला भूमि स्वामित्व को लेकर विवाद का है। हमने दोनों पक्षों को शांत किया है और सोमवार को एसडीओ कार्यालय में इस मुद्दे को सुलझाने के लिए बैठक बुलाई है। पर्चा धारियों का अधिकार सुरक्षित रहेगा, और उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।”

थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने भी कहा:

“हमने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू किया और दोनों पक्षों को शांत किया। प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच करेगा और उचित कदम उठाएगा।”

Crime News: घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, पति असलम खान पर हत्या का आरोप

0

भागलपुर  सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के नगर परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या 2 के मिल्की मुहल्ला में शनिवार देर रात घरेलू विवाद के बाद एक महिला की हत्या कर दी गई। आरोप है कि महिला के पति असलम खान ने ही अपनी पत्नी रौशनी देवी की पिटाई के बाद गला दबाकर हत्या कर दी।

क्या है पूरा मामला?

स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, असलम खान और रौशनी देवी के बीच अक्सर घरेलू झगड़े होते रहते थे। शनिवार देर रात मोहल्ले में रोने और चीखने की आवाजें सुनाई दीं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि इतनी बड़ी घटना हो जाएगी।
सुबह जब घरवालों ने देखा तो रौशनी देवी मृत अवस्था में पड़ी थी। घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हत्या में परिवार के अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हत्या के इस मामले में असलम खान के परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर पूछताछ शुरू कर दी है और परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में लेने की संभावना जताई जा रही है।

शोक में डूबा परिवार और मोहल्ला

इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका के परिजन सदमे में हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। मोहल्ले में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई है।

पुलिस की कार्रवाई

सुल्तानगंज थाना प्रभारी ने बताया:

“हम मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ी हत्या का प्रतीत होता है। सभी कोणों से जांच जारी है। जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।”

पटना: ‘सनातन महाकुंभ’ पर जिला प्रशासन की रोक, बाबा बागेश्वर धाम के कार्यक्रम पर सस्पेंस बरकरार

0

6 जुलाई को पटना के गांधी मैदान में प्रस्तावित ‘सनातन महाकुंभ’ कार्यक्रम पर फिलहाल जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। इस आयोजन में बाबा बागेश्वर धाम सरकार (पं. धीरेंद्र शास्त्री) की उपस्थिति प्रस्तावित थी, लेकिन फिलहाल प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के मद्देनज़र अनुमति नहीं दी है।

यह कार्यक्रम पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अश्विनी चौबे के तत्वावधान में आयोजित होना था, जिसमें देशभर के प्रमुख संतों, जैसे जगद्गुरु रामभद्राचार्य, की उपस्थिति भी संभावित थी।

प्रशासन की चिंता: भीड़ और कानून-व्यवस्था

पटना जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि:

“बीते वर्ष नौबतपुर में हुए धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम में भीड़ का अनुमान से अधिक जमावड़ा हुआ था, जिससे स्थिति संभालना चुनौतीपूर्ण हो गया था।”

इसी अनुभव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने फिलहाल अनुमति देने से इनकार किया है।

गठित होगी विशेष समिति

प्रशासन इस विषय पर अंतिम निर्णय लेने से पहले एक विशेष समिति गठित करने की तैयारी में है, जो:

  • संभावित भीड़ का आकलन करेगी
  • विधि-व्यवस्था पर असर की समीक्षा करेगी
  • सुरक्षा व्यवस्था की व्यवहारिकता की रिपोर्ट देगी

इस रिपोर्ट के आधार पर ही यह तय होगा कि कार्यक्रम को अनुमति दी जाएगी या नहीं।

आयोजकों का पक्ष

कार्यक्रम के आयोजक अश्विनी चौबे ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा:

“‘सनातन महाकुंभ’ एक धार्मिक और सामाजिक समरसता को बढ़ाने वाला आयोजन है। हम प्रशासन से अपेक्षा करते हैं कि वे उचित सुरक्षा व्यवस्था के साथ अनुमति प्रदान करें।”

Bhagalpur News: मोहर्रम को लेकर शांति समिति की बैठक, सौहार्द और सुरक्षा पर विशेष जोर

0

मोहर्रम के मद्देनजर भागलपुर सदर अनुमंडल कार्यालय में शनिवार को एक अहम शांति समिति बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर विशेष चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार ने की, जबकि सिटी डीएसपी अजय चौधरी, शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

बैठक में ताजिया जुलूस के मार्ग, संवेदनशील इलाकों में निगरानी, यातायात नियंत्रण, और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। एसडीओ विकास कुमार ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की और कहा:

“किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। शांति बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।”

वहीं सिटी डीएसपी अजय चौधरी ने भरोसा दिलाया कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहेगी और पुलिस बल संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतेगा। उन्होंने सामुदायिक सहयोग की भी अपील की।

प्रशासन की अपील:

  • मोहर्रम को परंपरा, शांति और आपसी सम्मान के साथ मनाया जाए
  • जुलूस और धार्मिक कार्यक्रम तय मार्ग और समय पर आयोजित किए जाएं
  • किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें, और तुरंत प्रशासन से संपर्क करें

Bhagalpur News: राजगीर रैली के लिए भागलपुर से लोजपा कार्यकर्ताओं का काफिला रवाना, जोश में दिखे समर्थक”

0

राजगीर में आयोजित लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की प्रस्तावित विशाल रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में भागलपुर से लोजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता चार पहिया वाहनों के काफिले के साथ राजगीर के लिए रवाना हुए।

इस काफिले का नेतृत्व लोजपा (रामविलास) के प्रदेश सचिव विजय यादव कर रहे हैं। रवाना होने से पूर्व उन्होंने कहा कि यह रैली बिहार की राजनीति में एक नई दिशा और ऊर्जा का संचार करेगी। विजय यादव ने विश्वास जताया कि चिराग पासवान के नेतृत्व में पार्टी एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनकर उभरेगी।

उन्होंने कहा –
“भागलपुर से रवाना हो रहे सभी कार्यकर्ता रैली को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। चिराग पासवान युवाओं और आम जनता की आवाज बन चुके हैं।”

जोश और उत्साह का माहौल

रवाना होने के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश और एकजुटता देखने को मिली। पार्टी के झंडे, नारों और बैनरों से सजे वाहन इस बात की गवाही दे रहे थे कि लोजपा (रामविलास) की यह रैली सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन है।

Bhagalpur News: भागलपुर कोर्ट परिसर में पुलिस की लापरवाही, नक्सलियों को खुलेआम कराया नाश्ता, वीडियो वायरल

0

भागलपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां न्यायालय परिसर में कुख्यात नक्सलियों को पुलिस की मौजूदगी में खुलेआम नाश्ता कराते देखा गया। यह दृश्य न केवल पुलिस की लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करता है।

घटना उस वक्त की है जब जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार दो नक्सली – विजय यादव और श्रीराम यादव – को भागलपुर के सुलतानगंज थाना में दर्ज मामले में न्यायिक पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था।

कोर्ट परिसर में खींचे गए एक वायरल वीडियो में दोनों आरोपियों को हथकड़ी में नाश्ता करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में यह भी साफ नजर आता है कि पुलिस की पकड़ बेहद ढीली थी, जिससे यह प्रतीत हो रहा था कि आरोपी आसानी से फरार भी हो सकते थे।

क्या कहता है कानून?

नियमों के मुताबिक, किसी भी आरोपी को हिरासत में रहते हुए कोर्ट परिसर में बाहरी भोजन नहीं दिया जा सकता क्योंकि इससे नशीली या हानिकारक वस्तु मिलाए जाने का खतरा रहता है। बावजूद इसके पुलिसकर्मियों द्वारा नाश्ता कराना नियमों की खुली अवहेलना मानी जा रही है।

आमजन में आक्रोश, जांच की मांग

इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। आम लोगों का कहना है कि अगर ऐसे खतरनाक आरोपियों को ढील दी जाएगी, तो यह भविष्य में बड़ी चूक का कारण बन सकता है।

फिलहाल दोनों आरोपियों को पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, लेकिन कोर्ट परिसर में हुई इस लापरवाही की जांच की मांग तेज हो गई है। प्रशासनिक स्तर पर अब यह देखा जाना बाकी है कि संबंधित पुलिसकर्मियों पर क्या कार्रवाई होती है।

Bihar News: मुख्यमंत्री ने आम महोत्सव 2025 का किया भव्य उद्घाटन, बोले – ‘आम सिर्फ फल नहीं, बिहार की पहचान है’

0

पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित ज्ञान भवन में शनिवार को दो दिवसीय आम महोत्सव-2025 का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर राज्य भर के करीब 800 आम उत्पादकों द्वारा प्रदर्शित 5000 से अधिक आम की किस्मों का अवलोकन कर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई।

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में उपस्थित आम उत्पादकों से आम की विभिन्न प्रजातियों, उनकी विशेषताओं और उत्पादन तकनीकों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि, “आम सिर्फ एक फल नहीं है, यह बिहार की उपजाऊ भूमि, किसानों की मेहनत और हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।”

महोत्सव के दौरान आम की लोकप्रिय प्रजातियों जैसे मालदह, जर्दालू, गुलाबखास, लंगड़ा, दशहरी, हुस्न-ए-आरा, अल्फांसो और फजली सहित दर्जनों किस्मों की प्रदर्शनी लगाई गई है।

प्रतियोगिताएं और मुख्य आकर्षण:

  • ‘आम खाओ, इनाम पाओ’ प्रतियोगिता
  • बच्चों और किसानों के लिए खास पुरस्कार योजनाएं
  • आम पर आधारित विविध गतिविधियां व नवाचार प्रदर्शन

महोत्सव का थीम है:

“पुराने बागों का जीर्णोद्धार, भावी पीढ़ियों को उपहार”

इस आयोजन का उद्देश्य आम उत्पादन को बढ़ावा देना, किसानों को बाजार से जोड़ना और आम के प्रसंस्करण एवं निर्यात को गति देना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि रोड मैप के तहत 2007-08 की तुलना में राज्य में आम उत्पादन में 82% की वृद्धि दर्ज की गई है।

विशेष उपलब्धि:

  • भागलपुर के जर्दालू आम को 2018 में GI टैग प्राप्त हुआ है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और आम से जुड़े हितधारक उपस्थित रहे।

Bhagalpur News: भागलपुर वार्ड 10 उपचुनाव में दिखा लोकतंत्र का जोश, सुरक्षा चाक-चौबंद, तीन दावेदारों में टक्कर

0

भागलपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 10 में पार्षद पद के लिए हो रहे उपचुनाव में शनिवार को मतदाताओं ने लोकतंत्र के पर्व में जोश के साथ हिस्सा लिया l सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कुल 8 मतदान केंद्रों पर पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग कतारों की समुचित व्यवस्था की गई थी। खास बात यह रही कि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। हर बूथ पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि की निगरानी की जा रही थी। वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने स्वयं चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की और कई बूथों का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिव्यांगों और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई। पहली बार वोट डालने आए युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। मतदाता केंद्रों के बाहर लोगों में गहरी रुचि और उत्सुकता का माहौल बना रहा।

उल्लेखनीय है कि यह उपचुनाव पूर्व पार्षद जीवन कुमार के इस्तीफे के कारण कराया जा रहा है। जीवन कुमार ने बीपीएससी परीक्षा पास कर शिक्षक पद स्वीकार करने के लिए पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया था।

राजनीतिक दृष्टिकोण से यह उपचुनाव बेहद अहम माना जा रहा है, जहां तीन प्रत्याशी — गुणेश्वर मंडल, वहीदा परवीन और शाहिदा खातून के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। अब सबकी निगाहें 30 जून को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि वार्ड नंबर 10 की बागडोर किसके हाथों में जाएगी।

Crime News: भागलपुर के सबौर में विवाहिता का शव पेड़ से लटका मिला, आत्महत्या या हत्या? जांच में जुटी पुलिस

0

भागलपुर जिले के सबौर अंचल कार्यालय के पास स्थित एक बगीचे में शनिवार की सुबह एक विवाहिता का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सबौर थाना क्षेत्र के निवासी साहिल दास की पत्नी सीमा देवी (उम्र लगभग 22 वर्ष) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सीमा देवी का विवाह लगभग एक वर्ष पूर्व हुआ था। उसका पति साहिल दास काम की तलाश में बाहर राज्य में रहता था, जिस कारण वह अक्सर घर में अकेली रहा करती थी।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हालांकि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन जिस प्रकार से शव पेड़ पर लटका हुआ पाया गया, उसे देख कर हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि सीमा देवी और उसके पति के बीच वैवाहिक जीवन में तनाव चल रहा था।

पेड़ की ऊंचाई और फंदा बांधने के तरीके को लेकर लोग आत्महत्या की थ्योरी पर सवाल उठा रहे हैं। परिजनों ने भी मामले में साजिश की संभावना जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया है। सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही सामने आ सकेगी।