Home Blog Page 249

उप विकास आयुक्त ने की सरकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य पर जोर

0

भागलपुर: समाहरणालय सभागार में उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), BPRO, लोहिया स्वच्छता अभियान के प्रखंड समन्वयक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, वित्त आयोग अंतर्गत व्यय की स्थिति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, स्वच्छ भारत मिशन सहित राज्य एवं केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति का बिंदुवार मूल्यांकन किया गया। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर तुलनात्मक समीक्षा की गई और जहां कमी पाई गई, वहां सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को पारदर्शिता, तत्परता और टीम भावना से कार्य करने पर बल दिया।
बैठक में प्रदर्शन कमजोर रहने वाले प्रखंडों और अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस (शोकॉज) जारी करने का निर्णय लिया गया।

उन्होंने चेतावनी दी कि योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही, अधिकारियों से कहा कि वे क्षेत्रीय भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और फीडबैक के आधार पर सुधार सुनिश्चित करें।
उप विकास आयुक्त ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन योजनाओं के सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सतत निगरानी एवं मूल्यांकन करता रहेगा।

जिलाधिकारी ने किया सुधा मिल्क पार्लर का उद्घाटन, बाढ़ प्रभावित पशुपालकों के हित में दिए निर्देश

0

भागलपुर: बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत जिले में डेयरी उत्पादों की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तिलकामांझी स्थित जिला पशुपालन कार्यालय परिसर में निर्मित सुधा मिल्क पार्लर (बूथ) का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने फीता काटकर किया।

इस पार्लर में सुधा के सभी उत्पाद जैसे दूध, दही, घी, पनीर, पेरा, रसगुल्ला, कलाकंद, लस्सी एवं अन्य मिल्क प्रोडक्ट उपलब्ध रहेंगे।
प्रबंध निदेशक, सुधा डेयरी के अनुसार, बिहार सरकार ने प्रत्येक मिल्क पार्लर के निर्माण के लिए ₹7.50 लाख की राशि कन्फेड, पटना को उपलब्ध कराई है।

उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान शहर में आए सभी मवेशियों का दूध क्रय किया जाए, ताकि पशुपालकों को आर्थिक सहयोग मिल सके। साथ ही, जिला पशुपालन पदाधिकारी को आदेश दिया कि बाढ़ प्रभावित पशुपालकों को पशु चारा उपलब्ध कराया जाए।

जिलाधिकारी ने मौके पर जिला पशुपालन कार्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में डॉ. अंजली कुमारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, भागलपुर एवं श्री शिवेंद्र कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक सुधा डेयरी, भागलपुर उपस्थित रहे।

नाथनगर में ट्रेन हादसा: लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस की चपेट में आकर 9 भैंसों की मौत, बाढ़ पीड़ित पशुपालकों पर नया संकट

0

भागलपुर: भागलपुर जिले के नाथनगर केबिन के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस की चपेट में आकर 9 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत मवेशी नाथनगर क्षेत्र के अजमेरीपुर गांव के बाढ़ पीड़ित पशुपालकों के थे।

ग्रामीणों के मुताबिक, बाढ़ के कारण उनके घरों में पानी घुस गया है, जिसके चलते वे महाशय डयोरी में शरण लिए हुए हैं। शुक्रवार को पशुपालक अपने मवेशियों को चारा खिलाने के लिए नाथनगर रेलवे केबिन के पास ले गए थे। इसी दौरान मुंबई की ओर जा रही लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस ने अचानक मवेशियों को टक्कर मार दी, जिससे सभी 9 भैंसों की मौके पर मौत हो गई।

पहले से बाढ़ की मार झेल रहे इन पशुपालकों के लिए यह घटना किसी बड़े आर्थिक और भावनात्मक झटके से कम नहीं है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और गहरा शोक व्याप्त है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के पास पर्याप्त सुरक्षा और चेतावनी व्यवस्था न होने से ऐसे हादसे होते हैं। वे प्रशासन और रेलवे से मुआवजा तथा सुरक्षित पारगमन की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

अमित शाह और नीतीश कुमार ने सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया

0

सीतामढ़ी: गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को सीतामढ़ी से दिल्ली के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया। उद्घाटन अवसर पर इसे 05599 सीतामढ़ी-दिल्ली उद्घाटन स्पेशल के रूप में रवाना किया गया।

इस ट्रेन का नियमित परिचालन 09 अगस्त से दिल्ली और 10 अगस्त से सीतामढ़ी से शुरू होगा। गाड़ी संख्या 14048 दिल्ली-सीतामढ़ी अमृत भारत एक्सप्रेस हर शनिवार दोपहर 2 बजे दिल्ली से रवाना होकर गाजियाबाद, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल होते हुए अगले दिन सुबह 10:45 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। वहीं, वापसी में 14047 सीतामढ़ी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस हर रविवार रात 10:15 बजे सीतामढ़ी से चलकर अगले दिन रात 10:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

यह बिहार को मिलने वाली सातवीं अमृत भारत ट्रेन है। अमृत भारत एक्सप्रेस का निर्माण मेक इन इंडिया कार्यक्रम के तहत इंटीग्रेटेड कोच फैक्ट्री में किया गया है और इसे खासतौर पर मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के यात्रियों के लिए डिजाइन किया गया है।

अमृत भारत 2.0 की विशेषताएं

  • फोल्डेबल स्नैक्स टेबल, मोबाइल और बॉटल होल्डर
  • रेडियम एलिमिनेटेड फ्लोरिंग स्ट्रिप और एयर स्प्रिंग बॉडी
  • इलेक्ट्रो न्यूमेटिक फ्लशिंग सिस्टम और ऑटोमेटिक सॉप डिस्पेंसर
  • एरोसॉल आधारित फायर सप्रेशन सिस्टम
  • 130 किमी/घंटा की अधिकतम गति क्षमता
  • सेमी-ऑटोमैटिक कपलर, क्रैश ट्यूब और म्च-असिस्टेड ब्रेक सिस्टम
  • इमरजेंसी टॉक बैक सिस्टम और फायर डिटेक्शन सिस्टम
  • ऑन-बोर्ड कंडीशन मॉनिटरिंग सिस्टम (OBCMS) और इंटरनेट-आधारित वाटर लेवल इंडिकेटर

रेलवे का कहना है कि यह ट्रेन कम बजट में यात्रा करने का एक आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक साधन बनेगी, जिससे बिहार और दिल्ली के बीच संपर्क और मजबूत होगा।

नौगछिया के भवानीपुर में सड़क पर बह रहा गंदा पानी, ग्रामीण परेशान, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

0

नौगछिया (रंगरा थाना): रंगरा थाना अंतर्गत भवानीपुर गांव में पूर्व जेडीयू जिला अध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार भारती के घर से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर बहने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। शौचालय, स्नानघर और रसोई का पानी बिना किसी जल निकासी व्यवस्था के सड़क पर जमा हो रहा है, जिससे तेज दुर्गंध फैल रही है और मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि त्रिपुरारी कुमार भारती ने अपने घर की बाउंड्री की सुरक्षा के लिए ठेकेदार से मिलकर नाली निर्माण का कार्य अपने घर से पहले ही रुकवा दिया, जबकि उनका घर नाली की नापी में शामिल है। इसके बावजूद जल निकासी का कोई वैकल्पिक प्रबंध नहीं किया गया, जिसके कारण सड़क पर लगातार गंदा पानी बह रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब इस समस्या को लेकर शिकायत की गई तो त्रिपुरारी भारती ने संवेदनहीन प्रतिक्रिया देते हुए कहा — “जिसे शिकायत करनी है, कर लो… हम पानी सड़क पर बहाएंगे ही। कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता, सड़क किसी के बाप की नहीं है।”
इस रवैये से ग्रामीणों की नाराजगी और बढ़ गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह स्थिति न केवल अस्वास्थ्यकर है बल्कि उनके दैनिक जीवन को भी बाधित कर रही है। वे चाहते हैं कि प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप कर नाली निर्माण का कार्य पूरा करवाए और सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान निकाले।

रक्षाबंधन से पहले भागलपुर का बाजार गुलजार, राखी की खरीदारी में उमड़ी भीड़, कई इलाकों में जाम

0

भागलपुर: भाई-बहन के स्नेह और प्रेम का पर्व रक्षाबंधन नजदीक आते ही भागलपुर के बाजार आज सुबह से ही रौनक से भर गए। रंग-बिरंगी राखियों, सजावटी सामान और उपहारों से सजी दुकानों पर बहनों की भीड़ उमड़ पड़ी।

शहर के प्रमुख बाजार — तिलकामांझी, खलीफाबाग, स्टेशन रोड और घंटाघर चौक — में सुबह से खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। हर ओर त्योहारी माहौल, हंसी-खुशी और भाई-बहन के रिश्ते की मिठास महसूस की जा रही थी।

रंग-बिरंगी राखियों के साथ-साथ बाजार में डिजाइनर राखी, लूम्बा, बच्चों के कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां और थीम-बेस्ड राखियां खास आकर्षण बनीं। इसके अलावा मिठाई और गिफ्ट शॉप्स पर भी ग्राहकों की लंबी कतारें लगीं।

त्योहारी भीड़ के कारण कई इलाकों में जाम की स्थिति बन गई, जिससे राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस को भीड़ नियंत्रण में जुटना पड़ा।

व्यापारियों के अनुसार इस बार रक्षाबंधन पर बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और ग्राहकों का उत्साह पिछले सालों की तुलना में अधिक है।

भागलपुर के ममलखा में बांध टूटा, मध्य विद्यालय जलमग्न, पढ़ाई ठप

0

भागलपुर: गंगा के बढ़ते जलस्तर ने भागलपुर जिले के ममलखा गांव में तबाही मचा दी है। देर रात गांव के पास स्थित बांध टूटने से बाढ़ का पानी तेज़ी से बस्ती में घुस गया। सबसे अधिक प्रभावित मध्य विद्यालय ममलखा हुआ, जहां पानी मुख्य गेट से होते हुए कक्षाओं तक पहुंच गया।

पूरा स्कूल परिसर जलमग्न है, जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है। पानी के दबाव से स्कूल की दीवारें भी गीली हो गई हैं, जिससे भवन को गंभीर नुकसान का खतरा पैदा हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बांध की कमजोर स्थिति की शिकायत कई दिनों से प्रशासन को दी जा रही थी, लेकिन समय पर मरम्मत नहीं होने से यह हादसा हो गया।

गांव के कई घर भी पानी में घिर चुके हैं। लोग अपने जरूरी सामान और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में जुटे हैं। बाढ़ का पानी लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम को स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट कर दिया गया है। राहत और बचाव कार्य की तैयारी की जा रही है, हालांकि तेज़ धारा और बढ़ते जलस्तर के कारण हालात फिलहाल गंभीर बने हुए हैं।

किशनगंज में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, 1 गिरफ्तार, 6.10 लाख कैश बरामद

0

किशनगंज: भारत-नेपाल सीमा पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में किशनगंज पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने गलगलिया थाना क्षेत्र से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। छापेमारी में 144 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹6,10,790 भारतीय मुद्रा, ₹40 नेपाली मुद्रा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गलगलिया थाना अंतर्गत दरभंगिया टोला में मो. समसाद आलम और उसकी चचेरी बहन रोजी बेगम के घर में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 ठाकुरगंज के नेतृत्व में गलगलिया थाना पुलिस और SSB 41वीं वाहिनी की संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम ने योजनाबद्ध छापेमारी की और मौके से मो. समसाद आलम (पिता – स्व. मो. मेहबूब, निवासी – दरभंगिया टोला, वार्ड नं.-05, थाना – गलगलिया) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने नशे के कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की।

बरामदगी

  • 144 ग्राम ब्राउन शुगर
  • ₹6,10,790 भारतीय मुद्रा
  • ₹40 नेपाली मुद्रा
  • 01 मोबाइल फोन

गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ गलगलिया थाना में NDPS एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी अभियान जारी रखे हुए है।

छापेमारी दल में शामिल

  • श्री मंगलेश कुमार सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, ठाकुरगंज
  • पु.नि. मो. मकसूद आलम अशरफी, थानाध्यक्ष, ठाकुरगंज थाना
  • पु.अ.नि. राकेश कुमार, थानाध्यक्ष, गलगलिया थाना
  • पु.अ.नि. वेद प्रकाश निषाद, गलगलिया थाना
  • म.सि. रूबी कुमारी, गलगलिया थाना
  • म.सि. किरण कुमारी, गलगलिया थाना
  • SSB 41वीं वाहिनी के सशस्त्र बल

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई भारत-नेपाल सीमा पर नशे के अवैध नेटवर्क को तोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है और आगे भी ऐसे ऑपरेशन जारी रहेंगे।

जहानाबाद के मुख्यालय डीएसपी के खगड़िया स्थित ठिकाने पर निगरानी विभाग की छापेमारी, आलीशान बिल्डिंग व करोड़ों की संपत्ति के कागजात बरामद

0

खगड़िया: विशेष निगरानी इकाई (SVU) पटना की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में जहानाबाद के मुख्यालय डीएसपी संजीव कुमार के खगड़िया स्थित ठिकाने पर शुक्रवार को छापेमारी की। टीम ने शहर के बलुआही स्थित ‘संजीव कुमार बिल्डिंग’ में कार्रवाई करते हुए आलीशान भवन के दस्तावेज, दस ट्रकों के कागजात और विभिन्न बैंकों के पासबुक बरामद किए।

निगरानी टीम के डीएसपी चंद्रभूषण ने बताया कि संजीव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसकी प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए। इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज कर छापेमारी की गई। बरामद दस्तावेजों में खगड़िया के अचल संपत्ति, परिवहन व्यवसाय से जुड़ी संपत्ति तथा बैंक खातों से संबंधित अहम सबूत शामिल हैं।

टीम द्वारा बरामद सभी दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है, जिससे कुल संपत्ति की वास्तविक कीमत का आकलन हो सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राज्य निशानेबाजी प्रतियोगिता 2025 में सूचना एवं जन संपर्क विभाग के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, जीते कई पदक

0

पटना:  सूचना एवं जन संपर्क विभाग, बिहार पटना में पदस्थापित दो खिलाड़ियों ने 35वीं राज्य निशानेबाजी प्रतियोगिता 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विभाग और राज्य का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता का आयोजन 1 अगस्त से 6 अगस्त 2025 तक नालंदा के इंडोर शूटिंग रेंज, हरनौत और एसएस शूटिंग एकेडमी, बिक्रम, पटना में संयुक्त रूप से किया गया।

इस प्रतियोगिता में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी रंजीत कुमार भारती ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में एकल और टीम वर्ग में दो स्वर्ण पदक तथा 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। वहीं सहायक प्रशाखा पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने भी 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल टीम स्पर्धा में कांस्य पदक प्राप्त कर विभाग का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता से लौटने पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग, बिहार पटना के निदेशक श्री वैभव श्रीवास्तव (भा.प्र.से) ने विजेताओं को पुनः पदक पहनाकर सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर विभाग के अपर सचिव श्री राजीव कुमार सिंह और संयुक्त निदेशक श्री रवि भूषण सहाय ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।