Home Blog Page 250

“भागलपुर में जनसुराज की हुंकार: डॉ. विकास पांडे ने किया बदलाव का शंखनाद”

0

भागलपुर: भागलपुर के तिलकामांझी में जनसुराज पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन का नेतृत्व भागलपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के संभावित प्रत्याशी डॉ. विकास पांडे ने किया, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी जिला प्रवक्ता बाबुल विवेक ने निभाई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पांडे ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा, “राज्य में स्वच्छ राजनीति और स्वस्थ प्रशासन की जरूरत है, और जनसुराज पार्टी इसी संकल्प के साथ जनता के बीच आई है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि जनसुराज अब केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि बिहार की जनता की उम्मीद बन चुका है।

जिला प्रवक्ता बाबुल विवेक ने मंच से कहा कि लोग अब पारदर्शी और जवाबदेह नेतृत्व की तलाश में हैं और जनसुराज पार्टी उन्हें यह विकल्प देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यकर्ता सम्मेलन में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया और पार्टी की नीतियों व विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

गंगा में बहती जिंदगी, लाश बनी सहारा: भागलपुर में चमत्कार जैसी घटना

0

भागलपुर : भागलपुर में गंगा नदी से जुड़ी एक हैरान कर देने वाली घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। मुंगेर जिले के बरियारपुर की रहने वाली कुमकुम देवी सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर स्नान कर रही थीं, तभी अचानक गंगा की तेज धारा में बह गईं। कुछ ही पलों में वे बीच धार में पहुंच गईं, जहां उनका सामना एक बहती हुई लाश से हुआ।

मौत के इस भयावह मंजर में वही लाश उनकी जिंदगी का सहारा बन गई। कुमकुम देवी ने मजबूती से लाश को पकड़ लिया और करीब 7 किलोमीटर तक बहते हुए तिलकपुर गांव के पास पहुंचीं। यहां एक नाविक की नजर उन पर पड़ी, जिसने तुरंत उन्हें सुरक्षित किनारे लाकर गांव वालों की मदद से घर पहुंचाया।

इस दौरान उनके परिजनों को पहले ही उनकी मौत की खबर मिल चुकी थी, लेकिन जब उन्होंने कुमकुम देवी को जिंदा देखा तो विश्वास करना मुश्किल हो गया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है — “जाको राखे साईंया, मार सके ना कोय।”

गंगा का कहर: सबौर प्रखंड में बाढ़ से हाहाकार, NH-80 पर मंडरा रहा खतरा

0

भागलपुर/सबौर:  गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से सबौर प्रखंड में बाढ़ की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। इंग्लिश फरका, घोसपुर समेत कई गांव पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घरों और खेतों में पानी भरने से फसलें नष्ट हो रही हैं और लोग पलायन करने को मजबूर हैं।

बाढ़ का असर अब राष्ट्रीय राजमार्ग-80 (NH-80) तक पहुंच गया है। गुरुवार रात को एक स्थान पर सड़क पर पानी चढ़ गया था, जिसे प्रशासन ने मिट्टी डालकर अस्थायी रूप से रोका। हालांकि, जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी के कारण किसी भी समय सड़क पर पानी बहने का खतरा बना हुआ है। यदि ऐसा हुआ, तो भागलपुर का संपर्क कई इलाकों से कट सकता है।

स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस राहत या बचाव कार्य नहीं किया गया है। मजबूरी में उन्होंने खुद छोटी नावों की व्यवस्था की है, जिससे लोग मुख्य सड़क तक पहुंच पा रहे हैं।

गांव के बुजुर्गों के अनुसार, पहले भी बाढ़ आई थी, लेकिन इस बार जलस्तर की वृद्धि तेज है और हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। लोग चिंतित हैं कि यदि पानी का स्तर और बढ़ा, तो फसल, घर और बुनियादी ढांचा सब नष्ट हो जाएगा। फिलहाल, लोग ऊंचे स्थानों की ओर पलायन कर अपनी सुरक्षा में जुटे हैं।

सुल्तानगंज में गंगा का जलस्तर बढ़ने से दस पंचायतों में बाढ़ का कहर, हजारों एकड़ फसल जलमग्न

0

भागलपुर/सुल्तानगंज: गंगा का जलस्तर बढ़ने से सुल्तानगंज प्रखंड के अजगैबीनाथ धाम सहित गनगनिया, तिलकपुर, महेशी, किशनपुर खैरिया समेत दस पंचायतों के दियारा क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घुस गया है। हजारों एकड़ की फसलें नष्ट हो चुकी हैं और लोग नाव के सहारे सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।

शुक्रवार को स्थानीय विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल ने सीओ रवि कुमार और बीडीओ संजीव कुमार के साथ नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने महेशी पंचायत के कल्याणपुर मोतीचक दियारा क्षेत्र समेत कई बाढ़ग्रस्त गांवों का जायजा लिया और पीड़ितों से मुलाकात कर जल्द राहत सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

मीडिया से बातचीत में विधायक मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर सुल्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के सभी बाढ़ पीड़ितों के लिए आपदा राहत सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। सीओ रवि कुमार ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में दो स्थानों पर सामुदायिक रसोई की स्वीकृति दी गई है और नावों की व्यवस्था भी की गई है। वहीं बीडीओ संजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवारों को सरकारी विद्यालयों में शिफ्ट किया जा रहा है।

दौरे के दौरान दर्जनों बाढ़ प्रभावित लोग मौजूद रहे और प्रशासन से शीघ्र राहत पहुंचाने की मांग की।

भागलपुर में बाढ़ का कहर: बैंक कॉलोनी जलमग्न, घरों में घुसा पानी, सामान बर्बाद

0

भागलपुर: गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर अब शहर के पॉश इलाकों में भी दिखने लगा है। बैंक कॉलोनी पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब चुकी है। घरों में पानी घुस जाने से फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य जरूरी सामान भीगकर खराब हो रहे हैं।

सड़कों पर घुटनों से लेकर कमर तक पानी भर जाने के कारण आवागमन ठप हो गया है। फिलहाल इलाके में नाव की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ते पानी के बीच राहत एवं बचाव कार्य भी बाधित हो रहे हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि समय रहते जलनिकासी और वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन ने हालात पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर लोगों को शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है।

वार्ड नंबर 10 के नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

0

भागलपुर: भागलपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 10 के नवनिर्वाचित वार्ड पार्षद गुनेश्वर मंडल को आज जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथग्रहण समारोह जिला प्रशासन परिसर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री दिनेश राम एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी भी उपस्थित रहीं।

जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने नवपदस्थापित वार्ड पार्षद को उनकी जिम्मेदारियों के निर्वहन में निष्पक्षता, ईमानदारी और पारदर्शिता बनाए रखने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वार्ड पार्षद की भूमिका जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

श्री गुनेश्वर मंडल ने विश्वास जताया कि वे नागरिकों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे और वार्ड में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहेंगे।

राजगीर में एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैम्पियनशिप का आगाज़, नौ देशों की टीमें भिड़ेंगी एशियाई खिताब के लिए

0

राजगीर:;बिहार के खेल मानचित्र पर एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। ऐतिहासिक नगरी राजगीर के अंतरराष्ट्रीय रग्बी मैदान में 9 और 10 अगस्त को एशिया रग्बी अंडर-20 सेवेन्स चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें एशिया के नौ देशों की सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला रग्बी टीमें हिस्सा लेंगी।

चैम्पियनशिप में कुल 192 खिलाड़ी (पुरुष व महिला), 32 प्रशिक्षक और 50 तकनीकी पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। दो दिवसीय इस आयोजन में कुल 40 मुकाबले खेले जाएंगे।

राज्य के खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता इस प्रतिष्ठित आयोजन का उद्घाटन करेंगे जबकि मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार शामिल होंगे। रग्बी इंडिया के अध्यक्ष व पूर्व अभिनेता राहुल बोस, पुरुष टीम के कप्तान सुमित कुमार रॉय और महिला टीम की कप्तान भूमिका शुक्ल भी प्रेस वार्ता में उपस्थित रहे।

बिहार के खिलाड़ियों का जलवा

इस प्रतियोगिता में भारत की पुरुष अंडर-20 टीम में बिहार के गोल्डन कुमार और सागर प्रकाश को शामिल किया गया है, जबकि महिला टीम में राज्य की चार बेटियां – आरती कुमारी, अंशु कुमारी, अल्पना कुमारी और गुड़िया कुमारी – भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

भाग ले रहे देश

पुरुष वर्ग में भारत, चीन, हांगकांग, यूएई, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तान, श्रीलंका और मलेशिया जैसी टीमें शामिल हैं। वहीं महिला वर्ग में नेपाल समेत इन देशों की महिला टीमें एशियाई खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

राजगीर बना अंतरराष्ट्रीय खेल केंद्र

खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. राजेंदर ने बताया कि विदेशी टीमों के राजगीर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। चीन की पुरुष व महिला टीमें सबसे पहले पहुंचीं, जिनका स्वागत पारंपरिक बिहार शैली में पटना हवाई अड्डे पर किया गया।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी 29 अगस्त से राजगीर में ही हीरो कप एशियन हॉकी चैम्पियनशिप का भी आयोजन होगा, जिसमें एशिया की आठ सर्वश्रेष्ठ हॉकी टीमें भाग लेंगी।

भारतीय टीम की मजबूत तैयारी

रग्बी इंडिया के अध्यक्ष राहुल बोस ने बताया कि भारतीय पुरुष और महिला टीमों की तैयारी कोलकाता में आयोजित एक माह के विशेष प्रशिक्षण शिविर में हुई है। पुरुष टीम के कोच स्पेन के फ्रांसिसको हरनांडेज़ और महिला टीम की कोच दक्षिण अफ्रीका की कियानो फोरी हैं, जो विश्वस्तरीय अनुभव के साथ टीमों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

राजगीर में आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है, जो राज्य की खेल क्षमताओं और अंतरराष्ट्रीय आयोजन की तैयारी को प्रमाणित करता है।

NH-80 पर अनियंत्रित होकर पलटा हाइवा, बाढ़ से सड़क की जर्जर स्थिति बनी हादसे की वजह

0

भागलपुर: भागलपुर जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत इंग्लिश के मिलन चौक के पास NH-80 पर एक हाइवा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की मुख्य वजह सड़क की जर्जर स्थिति मानी जा रही है, जो हालिया बाढ़ के कारण और भी बदतर हो गई है।

हालांकि इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने एक बार फिर से क्षेत्रीय सड़क व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-80 की हालत लंबे समय से खराब है और बाढ़ ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

मिलन चौक के आसपास की सड़कें जगह-जगह धंसी हुई हैं, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही बेहद खतरनाक हो गई है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग की मरम्मत को लेकर कई बार मांग की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हादसे के बाद लोगों में नाराज़गी और चिंता का माहौल है।

स्थानीय निवासियों ने जल्द से जल्द सड़क मरम्मत और सुरक्षा उपायों की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो।

बरारी शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र में युवाओं को दी गई सात निश्चय योजना की जानकारी

0

भागलपुर: शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, बरारी में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के अंतर्गत “आर्थिक हल युवाओं को बल” के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी युवाओं को दी गई। इस कार्यक्रम में जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, भागलपुर से गिरि रंजन कुमार (सहायक प्रबंधक योजना) और निशांत कुमार (सिंगल विंडो ऑपरेटर) ने युवाओं को योजनाओं से लाभ उठाने की प्रक्रिया और पात्रता के बारे में विस्तारपूर्वक बताया।

इस दौरान बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड (BSCC), मुख्यमंत्री निश्चय सहायता भत्ता और कुशल युवा प्रोग्राम जैसे प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि ये योजनाएं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के कौशल विकास, उच्च शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही हैं।

कार्यक्रम में युवाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और योजनाओं से संबंधित कई सवाल पूछे जिनका समाधान मौके पर ही किया गया।

इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाना है ताकि वे भविष्य में बेहतर रोजगार और स्वावलंबन की दिशा में कदम बढ़ा सकें।

गोराडीह में स्वच्छता कार्यों का डीडीसी ने किया निरीक्षण, अनुपस्थित सफाईकर्मियों पर होगी कार्रवाई

0

भागलपुर: भागलपुर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्री प्रदीप कुमार सिंह ने गोराडीह प्रखंड में चल रहे स्वच्छता कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरा प्रबंधन, प्रसंस्करण इकाइयों और विभिन्न वार्डों में घर-घर स्वच्छता की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान 6 स्वच्छता कर्मियों की बिना सूचना अनुपस्थिति पर डीडीसी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और बीडीओ को जांच कर त्वरित प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थानीय नागरिकों ने डीडीसी से जल निकासी की समस्याएं साझा कीं, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान के लिए योजना तैयार करने का आदेश दिया। डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए जनभागीदारी और सतत निगरानी आवश्यक है।

उन्होंने कचरा पृथक्करण, नियमित कचरा उठाव, सफाईकर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति और कार्य व्यवहार में सुधार पर विशेष बल दिया। इसके साथ ही साप्ताहिक मूल्यांकन और ड्रेस कोड जैसी व्यवस्थाएं लागू करने के निर्देश दिए।

डीडीसी ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित गोराडीह की कल्पना जनसहयोग और प्रशासनिक जिम्मेदारी से ही साकार हो सकती है।