Home Blog Page 279

पूर्व केंद्रीय मंत्री का भागलपुर आगमन पर भव्य स्वागत, “सनातन संघ भारत जनचेतना अभियान” की शुरुआत की तैयारी

0

Bhagalpur: बुधवार को भागलपुर में पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री अश्विनी कुमार चौबे के आगमन पर भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े संगठनों ने जोरदार स्वागत किया। भागलपुर रेलवे स्टेशन पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष चंदन ठाकुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और “भारत माता की जय” के नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

जिला परिषद परिसर में पार्टी नेताओं से मुलाकात

इसके उपरांत श्री चौबे जिला परिषद परिसर पहुंचे, जहां भाजपा जिला अध्यक्ष श्री संतोष शाह व उनकी टीम ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक कार्यों पर भी चर्चा की।

“सनातन संघ भारत जनचेतना अभियान” को लेकर विशेष यात्रा

श्री चौबे हाल ही में पटना में आयोजित सनातन महाकुंभ का सफल नेतृत्व कर लौटे हैं। वे इस समय “सनातन संघ भारत जनचेतना अभियान” की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से भागलपुर दौरे पर हैं।

राधा माधव मंदिर में श्रद्धांजलि सभा

श्री चौबे ने आज भागलपुर के चुनिहारी टोला स्थित राधा माधव मंदिर में आयोजित 33वीं पुण्यतिथि श्रद्धांजलि समारोह में शास्त्रार्थ महारथी स्वामी राघवाचार्य जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने स्वामी जी के आध्यात्मिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर जगतगुरु स्वामी रामानुजाचार्य अनंताचार्य जी महाराज भी उपस्थित रहे। दोनों महानुभावों की उपस्थिति ने श्रद्धांजलि सभा को एक आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

“सनातन संवाद स्मारिका” का विमोचन

इसके पश्चात राघव भवन में श्री चौबे एवं स्वामी अनंताचार्य जी महाराज ने संयुक्त रूप से “सनातन संवाद स्मारिका” का विधिवत विमोचन किया। स्मारिका सनातन संस्कृति, विचारधारा और जनचेतना को समर्पित एक दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत की गई।

आगे का कार्यक्रम

श्री चौबे ने जानकारी दी कि वे कल अपने पैतृक गांव दरियापुर जाकर कुलदेवी का आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद वे भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और स्नेही जनों के साथ बैठक कर “जनचेतना अभियान” की औपचारिक शुरुआत की तिथि घोषित करेंगे।

मुंगेर के धौनी गांव निवासी हीरा प्रसाद 15 जुलाई से लापता, परिजनों ने जनसहयोग की लगाई गुहार

0

मुंगेर (बिहार): मुंगेर जिला के तारापुर अंचल अंतर्गत ग्राम धौनी निवासी हीरा प्रसाद कल 15 जुलाई 2025( मंगलवारर) को सुबह 10:30 बजे के आसपास अपने घर से निकले थे, जिसके बाद से अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों ने उन्हें हर संभावित स्थान पर खोजा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

हीरा प्रसाद के लापता होने की सूचना तारापुर थाना क्षेत्र में दर्ज करा दी गई है। परिजन मानसिक रूप से बेहद परेशान हैं और उन्होंने आम लोगों से जनसहयोग की अपील की है।

यदि किसी व्यक्ति को हीरा प्रसाद के बारे में कोई भी जानकारी मिले —

चाहे वे कहीं दिखाई दें, किसी सार्वजनिक स्थान पर हों या उनके बारे में कोई सूचना मिले —
तो कृपया नीचे दिए गए संपर्क नंबरों पर तुरंत जानकारी साझा करें:

📞 संपर्क सूत्र:
+91 80022 51580
+91 92345 07839

लापता व्यक्ति का विवरण:

  • नाम: हीरा प्रसाद
  • ग्राम: धौनी
  • अंचल/थाना: तारापुर
  • जिला: मुंगेर
  • राज्य: बिहार
  • लापता तिथि: 15 जुलाई 2025 (सुबह 10:30 बजे से)

परिजनों का कहना है कि हीरा प्रसाद सामान्यतः घर के आसपास ही रहते हैं और इस तरह अचानक लापता होना असामान्य है।

असम के तिनसुकिया से आई श्रद्धालुओं की टोली ने कांवरिया पथ पर भक्ति और उत्साह का रंग बिखेरा, ‘नवशक्ति’ बनी आकर्षण का केंद्र

0

सुल्तानगंज: सावन मास की पवित्र बेला में बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब इन दिनों अजगैबीनाथ धाम, सुल्तानगंज में उमड़ पड़ा है। उत्तरवाहिनी गंगा में पावन स्नान के बाद श्रद्धालु देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर के लिए कांवड़ यात्रा पर निकल पड़े हैं। इस वर्ष यात्रा का मुख्य आकर्षण रही असम के तिनसुकिया जिले से आई 51 श्रद्धालुओं की टोली, जिसमें 9 महिलाएं भी शामिल हैं। इस विशेष दल को श्रद्धालुओं ने ‘नवशक्ति’ नाम दिया है।

यह दल पूरे मार्ग में नृत्य, भक्ति गीतों और हर-हर महादेव के जयघोष से ऐसा उल्लास भर रहा है कि कांवरिया पथ पर हर कोई इनकी ओर आकर्षित हो रहा है। दल के सदस्यों ने बताया कि उनमें से कई श्रद्धालु पिछले 35 से 40 वर्षों से लगातार बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए सावन में यात्रा करते आ रहे हैं।

‘नवशक्ति’ बनी प्रेरणा

इस बार टोली में महिलाओं की भागीदारी विशेष रही। महिलाओं ने पुरुषों के साथ कंधे पर कांवर उठाकर पूरी श्रद्धा और जोश के साथ पैदल यात्रा की। यह दृश्य समाज में महिला जागरूकता और समान भागीदारी का प्रतीक बन गया है। कांवड़ यात्रा में महिलाओं की भागीदारी एक प्रेरणादायक संदेश दे रही है कि भक्ति में अब भेद नहीं, बराबरी का स्थान है।

दल के सदस्यों ने बताया कि तिनसुकिया को ‘मिनी बिहार’ कहा जाता है, जहाँ बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लोग मिलजुल कर वर्षों से रहते आए हैं। इसलिए बाबा बैद्यनाथ के प्रति वहां विशेष श्रद्धा देखने को मिलती है।

सेवा और भक्ति का संगम

पूरे मार्ग में सेवा शिविर, मेडिकल कैंप और जलपान की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे किसी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। असम से आई टोली के भक्ति रस से ओतप्रोत अंदाज़ से अन्य श्रद्धालु भी झूम उठते हैं और यात्रा का हर पल भक्ति और ऊर्जा से भर जाता है।

अजगैबीनाथ धाम से शुरू हुई यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द, एकता और महिला सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल बन चुकी है।

बिहार राज्य सीनियर-जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025 के विजेता खिलाड़ियों को भागलपुर में किया गया सम्मानित

0

भागलपुर: भागलपुर जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से बिहार राज्य सीनियर और जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2025 के विजेता खिलाड़ियों को एक भव्य सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम हबीबपुर स्थित एसोसिएशन के मुख्य कार्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया।

इस वर्ष के राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भागलपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 गोल्ड, 8 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जिले का नाम पूरे बिहार में रोशन किया है। इसके अलावा 23 वर्षीय महिला एथलीट और 18 एवं 14 वर्ष की बालिकाओं ने उपविजेता रहकर भागलपुर को गौरवान्वित किया।

कार्यक्रम के दौरान जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष जेड हसन ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्साह को बढ़ाया। इस मौके पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शिशुपाल भारती समेत कई पदाधिकारी, कोच और खिलाड़ी मौजूद थे।

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा पहली बार खिलाड़ियों के साथ-साथ अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया, जो जिले में खेल और खिलाड़ियों को समर्पित एक नई सकारात्मक परंपरा की शुरुआत मानी जा रही है।

भागलपुर में बीसीएल सीजन 4 का शानदार आगाज़, आठ टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले शुरू

0

भागलपुर: भागलपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बार फिर रोमांच और उत्साह से भरी खबर सामने आई है। भागलपुर क्रिकेट लीग (BCL) के सीजन 4 का शानदार आगाज़ हो गया है। इस साल टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें भाग ले रही हैं, जो अगले कुछ हफ्तों में मैदान पर जबरदस्त टक्कर देंगी।

बीसीएल का यह चौथा संस्करण न केवल खेल के लिहाज से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और उन्हें निखारने की दिशा में एक मजबूत पहल है। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट का उद्देश्य भागलपुर के युवाओं को क्रिकेट के क्षेत्र में अवसर देना और उनकी प्रतिभा को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने की दिशा में काम करना है।

इस आयोजन को सफल बनाने में कई प्रमुख चेहरों का योगदान रहा है, जिनमें विजय यादव, अमित कुमार सिंह, सुष्मिता सिंह, सुजीत कुमार केसरी, श्वेता कुमारी, राहुल सिंह और आशुतोष सिद्धार्थ प्रमुख रूप से शामिल हैं।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण

आयोजकों ने जानकारी दी है कि इस वर्ष सभी मैचों का लाइव स्ट्रीमिंग किया जाएगा ताकि दर्शक अपने पसंदीदा खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश-दुनिया में कहीं से भी देख सकें। इससे BCL को एक नया डिजिटल विस्तार मिलने की उम्मीद है।

क्रिकेट का जोश लौट आया भागलपुर में

बीसीएल सीजन 4 ने भागलपुर के युवाओं में क्रिकेट को लेकर जोश भर दिया है। मैदान पर खिलाड़ियों की तैयारी और मैदान के बाहर दर्शकों की उत्सुकता इस बात का संकेत है कि यह टूर्नामेंट शहर में खेल के प्रति बढ़ती चेतना का प्रतीक बन गया है।

भागलपुर के मारवाड़ी टोला में ‘रागा ब्यूटी क्लीनिक एंड हेयर स्पा’ का भव्य उद्घाटन

0

भागलपुर: भागलपुर की महिलाओं के लिए एक और सौंदर्य उपहार के रूप में बुधवार को मारवाड़ी टोला में ‘रागा ब्यूटी क्लीनिक एंड हेयर स्पा’ का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर क्लीनिक की प्रोपराइटर रजनी सिंह, आर्यन सिंह और आर्या सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस आधुनिक ब्यूटी सेंटर का शुभारंभ किया।

उद्घाटन समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। क्लीनिक की संचालिका रजनी सिंह ने बताया कि यह क्लीनिक विशेष रूप से महिलाओं की सौंदर्य जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जहाँ हेयर स्पा, स्किन ट्रीटमेंट, मेकअप, फेशियल, ब्राइडल केयर जैसी तमाम आधुनिक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा, “अब भागलपुर की महिलाओं को उच्च स्तरीय ब्यूटी ट्रीटमेंट के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। रागा ब्यूटी क्लीनिक में प्रशिक्षित स्टाफ और उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों के माध्यम से बेहतरीन सेवाएं प्रदान की जाएंगी।”

क्लीनिक के उद्घाटन से स्थानीय महिलाओं में खुशी की लहर है और यह ब्यूटी सेंटर आने वाले समय में शहर की सौंदर्य सेवा की दुनिया में एक नया आयाम स्थापित करेगा।

भारी बारिश से मुंगेर में दो डायवर्शन बहने से खड़गपुर-तारापुर मुख्य मार्ग ठप

0

मुंगेर: मुंगेर जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार सुबह से शुरू हुई रुक-रुक कर बारिश के चलते हवेली खड़गपुर–तारापुर मुख्य मार्ग पर दो प्रमुख स्थानों पर बने अस्थायी डायवर्शन बह गए, जिससे क्षेत्रीय यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है।

पहली घटना मंगलवार देर शाम की है, जब महकोला बासा के पास गुहिया नदी पर बना डायवर्शन तेज बहाव में बह गया। इसका सीधा असर खड़गपुर–तारापुर मार्ग पर पड़ा और यात्रियों को वैकल्पिक रास्तों जैसे बरुई, तेघड़ा कलां और घोसपुर के रास्ते करीब 10 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

वहीं बुधवार सुबह डंगरी नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण कच्ची मोड़ के समीप दूसरा डायवर्शन भी पानी के तेज दबाव से बह गया। इस घटना के बाद दोनों ओर से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है।

स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे आम लोगों, विद्यार्थियों, व्यवसायियों और आपात सेवाओं को काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जल्द डायवर्शन पुनः बहाल करने की मांग की है।

जनता की मांग:
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि मानसून को देखते हुए पक्के पुलों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाए, ताकि हर वर्ष की इस समस्या से राहत मिल सके।

संदिग्ध हालात में 12वीं की छात्रा स्नेहा कुमारी की मौत, पुलिस जांच में जुटी

0

खगड़िया: राजेंद्र नगर, खगड़िया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कोशी साइंस स्कूल की 12वीं की छात्रा स्नेहा कुमारी (उम्र 17 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्नेहा मूल रूप से खगड़िया जिला के अलौली थाना क्षेत्र स्थित दुधौरा गांव की रहने वाली थी और यहां किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी।

मृतका की पहचान अरुण कुमार की सबसे छोटी बेटी के रूप में हुई है। उनके पिता स्थानीय स्तर पर एक दुकानदार हैं, जबकि मां कंचन देवी गृहिणी हैं। स्नेहा अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।

परिजनों के अनुसार, 13 जुलाई की रात लगभग 10 बजे स्नेहा की अपने पिता से आखिरी बार फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद 14 जुलाई की सुबह जब पिता ने दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। उसी समय मकान मालिक ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।

परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और चित्रगुप्त नगर थाना को सूचित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने मामला संदिग्ध पाते हुए शव को मायागंज अस्पताल, भागलपुर भेज दिया जहां पोस्टमार्टम किया गया।

फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या थी या हत्या। परिजनों ने संदेह जताया है और न्याय की मांग की है।

स्थानीय लोगों और छात्र समुदाय में घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

नेपाल की महिला कांवरिया ने बच्चों की सफलता की खुशी में कांवर पथ पर बिछाया सवा किलोमीटर कॉरपेट

0

सुल्तानगंज/भागलपुर: श्रावणी मेले के छठे दिन अजगैबीनाथ धाम एक अनोखी भक्ति और मातृत्व की मिसाल का गवाह बना। नेपाल की रहने वाली महिला कांवरिया सुनिता देवी ने अपने पुत्र और पुत्री के डॉक्टर बनने की खुशी में सवा किलोमीटर कांवर पथ पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कॉरपेट बिछाया।

सरकारी नर्स के पद पर कार्यरत सुनिता देवी ने बताया कि उनके बेटे डॉ. प्रशांत यादव और बेटी डॉ. सुषमिता यादव दोनों अमेरिका के होकिंग जोन्स अस्पताल में डॉक्टर के रूप में कार्यरत हैं। अपनी संतानों की सफलता और बाबा धाम की कृपा को याद करते हुए उन्होंने यह सेवा कार्य करने का संकल्प लिया।

उन्होंने कहा, “बाबा अजगैबीनाथ की कृपा और संतान की सफलता की खुशी में यह छोटा-सा प्रयास है, ताकि कांवरियों को यात्रा के दौरान कुछ सहूलियत मिल सके।”

इस दौरान दर्जनों कांवरिया इस पुण्य कार्य के साक्षी बने और सुनिता देवी की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

तिलकामांझी में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित बस ने स्कूटी सवार को कुचला, मौके पर ही मौत

0

भागलपुर: शहर के तिलकामांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत जेल रोड स्थित एसबीआई बैंक के सामने बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक स्कूटी सवार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के मायागंज कुप्पाघाट निवासी रामशरण यादव के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामशरण यादव सुबह अपने घर से स्कूटी पर सवार होकर खरीदारी के लिए तिलकामांझी इलाके की ओर निकले थे। इसी दौरान जेल रोड पर सामने से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार स्टार बस ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामशरण यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना पर तिलकामांझी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस काफी तेज गति में थी और ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह जानलेवा हादसा हुआ।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है।
उधर रामशरण यादव की असमय मौत से उनके परिजन सदमे में हैं और मोहल्ले में मातम का माहौल है।