Home Blog Page 278

श्रावणी मेला 2025: नमामि गंगे घाट पर अतिक्रमण हटाने के लिए चला प्रशासन का बुलडोजर

0

सुल्तानगंज/भागलपुर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के सातवें दिन जिला प्रशासन द्वारा बड़ा कार्रवाई अभियान चलाया गया। सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम के नमामि गंगे घाट पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर बनाई गई दुकानों को प्रशासन ने बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कर दिया।

जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी स्वयं दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घाट की सफाई एवं श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। उनके आदेश पर अंचलाधिकारी रवि कुमार और थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार की अगुवाई में प्रशासनिक टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से सभी अस्थायी दुकानों को हटा दिया।

कार्रवाई के दौरान घाट क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। दुकानदारों का कहना है कि इस कार्रवाई में उनकी लाखों रुपये की पूंजी नष्ट हो गई। प्रशासन का कहना है कि यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और घाट पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

सीओ रवि कुमार ने मीडिया को बताया,

“जिला पदाधिकारी के निर्देश पर नमामि गंगे घाट को अतिक्रमण मुक्त किया गया है। आगे भी यह अभियान जारी रहेगा ताकि मेला क्षेत्र को व्यवस्थित रखा जा सके।”

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय दुकानदार उपस्थित थे।

भागलपुर से लखनऊ के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस को पीएम करेंगे वर्चुअली रवाना, भागलपुर स्टेशन पर रंगारंग कार्यक्रम

0

भागलपुर: पूर्व रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 18 जुलाई 2025 (शुक्रवार) को भागलपुर स्टेशन से मालदा टाउन – गोमती नगर (लखनऊ) के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस की प्रथम सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मोतिहारी (बिहार) से इस ट्रेन को प्रस्थान संकेत देंगे।

इस अवसर पर भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह 10:30 बजे से एक भव्य रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। इसके बाद ट्रेन का विधिवत उद्घाटन समारोह होगा और ट्रेन दोपहर 11:45 बजे भागलपुर से रवाना होगी।

कार्यक्रम की प्रमुख जानकारी:

  • तिथि: 18 जुलाई 2025 (शुक्रवार)
  • समय: सुबह 10:30 बजे
  • स्थान: भागलपुर, जमालपुर एवं अभयपुर रेलवे स्टेशन

इस शुभ अवसर पर ट्रेन के जमालपुर और अभयपुर स्टेशनों पर भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रेलवे प्रशासन ने मीडिया संस्थानों से अनुरोध किया है कि वे अपने प्रतिनिधियों, संवाददाताओं और फोटोग्राफरों को समय पर कार्यक्रम स्थल पर भेजें ताकि इस ऐतिहासिक आयोजन को उचित कवरेज मिल सके।

पूर्व रेलवे, कोलकाता के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री दिप्तिमय दत्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सेवा बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच एक नया कनेक्टिविटी आयाम जोड़ेगी और यात्रियों को आधुनिक रेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

गुरु पूर्णिमा पर श्री खाटू श्याम मंदिर में होगा दिव्य सत्संग – पूज्य श्री किरीट भाई जी महाराज देंगे प्रवचन

0

भागलपुर: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 18 जुलाई 2025, शुक्रवार को दोपहर 4:00 बजे भागलपुर स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर, मंडरोजा में एक भव्य आध्यात्मिक आयोजन का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर पूज्य रुषिवर श्री किरीट भाई जी महाराज का शुभागमन होगा, जो अपने दिव्य प्रवचनों के माध्यम से भक्तों को धर्म, भक्ति और आध्यात्मिकता की अनुभूति कराएंगे।

इस आयोजन का उद्देश्य न केवल गुरु के महत्व को समाज में पुनः स्थापित करना है, बल्कि सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा युवाओं को धर्म और सत्संग की ओर प्रेरित करना भी है। तुलसी परिवार एवं श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के सौजन्य से आयोजित यह कार्यक्रम आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम विवरण:

  • तिथि: 18 जुलाई 2025 (शुक्रवार)
  • समय: दोपहर 4:00 बजे से
  • स्थान: श्री खाटू श्याम मंदिर, मंडरोजा, भागलपुर
  • मुख्य वक्ता: पूज्य रुषिवर श्री किरीट भाई जी महाराज

आयोजकों ने मीडिया जगत से अपील की है कि वे इस आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व के आयोजन को जनमानस तक पहुँचाने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इस सत्संग का लाभ उठा सकें।र

मुख्यमंत्री ने किया 21,406 करोड़ की सड़कों और पुलों की योजनाओं का शिलान्यास, गांव-गांव तक पहुंचेगा विकास

0

पटना: बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 21406.36 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 11,346 ग्रामीण सड़कों और 730 पुलों का आज रिमोट कंट्रोल के माध्यम से ‘संकल्प’ भवन, 1 अणे मार्ग से कार्यारंभ एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री को ग्रामीण कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह द्वारा विभिन्न योजनाओं की अद्यतन प्रगति, निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित पथों और पुलों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को यह भी अवगत कराया गया कि योजनाएं राज्य के कोने-कोने तक सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती देंगी।

मुख्यमंत्री ने कही ये अहम बातें:

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “हर टोले तक पक्की सड़क पहुंचाना हमारा लक्ष्य है, और ग्रामीण कार्य विभाग इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं का शिलान्यास और कार्यारंभ हुआ है, उन्हें तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन सड़कों और पुलों के निर्माण से लाखों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

योजना वार विवरण:

ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम

  • कार्यारंभ: 5,047 पथ (लंबाई: 8,893 किमी), लागत: ₹6,198 करोड़
  • शिलान्यास: 4,079 पथ (लंबाई: 6,484 किमी), लागत: ₹5,627 करोड़

मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना

  • कार्यारंभ: 409 पुल, लागत: ₹1,859 करोड़
  • शिलान्यास: 295 पुल, लागत: ₹1,792 करोड़
  • राज्य योजना: 29 पुल (कार्यारंभ + शिलान्यास), लागत: ₹327 करोड़

मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष)

  • कार्यारंभ: 301 पथ (490 किमी), लागत: ₹618 करोड़
  • शिलान्यास: 1,908 पथ (3,397 किमी), लागत: ₹4,884 करोड़

सुलभ संपर्कता योजना

  • कुल 8 योजनाओं का कार्यारंभ/शिलान्यास
  • लागत: ₹101 करोड़

कार्यक्रम में शामिल प्रमुख व्यक्ति:

  • उपमुख्यमंत्री:  सम्राट चौधरी,  विजय कुमार सिन्हा
  • मंत्रीगण:  विजय कुमार चौधरी (जल संसाधन),  अशोक चौधरी (ग्रामीण कार्य)
  • वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी: मुख्य सचिव  अमृतलाल मीणा, विकास आयुक्त  प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव  दीपक कुमार,  डॉ. एस. सिद्धार्थ,  कुमार रवि, व अन्य अधिकारीगण।

मुख्यमंत्री को इस अवसर पर हरित पौधा भेंट कर अभिनंदन भी किया गया, जो राज्य सरकार की पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

यात्रियों के लिए जरूरी सूचना: विक्रमशिला एक्सप्रेस 18 जुलाई को भागलपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4 से होगी रवाना

0

भागलपुर/ पूर्व रेलवे, कोलकाता: पूर्व रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 12367 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस 18 जुलाई 2025 को भागलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 4 से रवाना होगी। सामान्यतः यह ट्रेन प्लेटफार्म संख्या 1 से चलती है, लेकिन परिचालन कारणों से एक दिन के लिए यह बदलाव किया गया है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे भ्रम की स्थिति से बचने के लिए प्लेटफार्म संख्या 4 पर समय से पहले पहुँचें और अपनी यात्रा को सुचारु रूप से सुनिश्चित करें।

इस बदलाव के पीछे का कारण यह है कि उद्घाटन अमृत भारत एक्सप्रेस 18 जुलाई को भागलपुर रेलवे स्टेशन से प्लेटफार्म संख्या 1 से रवाना की जाएगी, जिसकी तैयारी एवं औपचारिकताओं को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी परिवर्तन किया गया है।

महत्वपूर्ण जानकारी:

  • ट्रेन संख्या: 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस
  • तिथि: 18 जुलाई 2025
  • नया प्लेटफार्म: संख्या 4 (पहले संख्या 1 था)
  • स्थान: भागलपुर रेलवे स्टेशन
  • कारण: अमृत भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन के कारण प्लेटफार्म परिवर्तन

रेल प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी असुविधा से बचने के लिए कृपया समय से पहले स्टेशन पहुँचे और प्लेटफार्म परिवर्तन की जानकारी को गंभीरता से लें।

बिहार सरकार का बड़ा फैसला: 1 अगस्त 2025 से हर महीने 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त, 1.67 करोड़ परिवारों को मिलेगा लाभ

0

पटना: बिहार सरकार ने प्रदेशवासियों को बड़ी राहत देते हुए ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि 1 अगस्त 2025 से राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त दी जाएगी। इसका लाभ राज्य के 1 करोड़ 67 लाख से अधिक परिवारों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जुलाई माह के बिल से ही इस योजना की शुरुआत होगी, जिसके तहत 125 यूनिट तक बिजली खपत पर उपभोक्ताओं को कोई भुगतान नहीं करना होगा। इस योजना का उद्देश्य राज्य में ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सामाजिक न्याय को बढ़ावा देना है।

साथ ही अगले तीन वर्षों में घरेलू उपभोक्ताओं की सहमति से उनके घरों की छतों या नजदीकी सार्वजनिक स्थानों पर सोलर एनर्जी सिस्टम भी लगाए जाएंगे, ताकि स्थायी और स्वच्छ ऊर्जा का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।

‘कुटीर ज्योति योजना’ के तहत अत्यंत निर्धन परिवारों के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र की पूरी लागत राज्य सरकार वहन करेगी, वहीं अन्य उपभोक्ताओं को भी सरकार की ओर से यथोचित सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना से अगले तीन वर्षों में राज्य में 10,000 मेगावाट तक सौर ऊर्जा के उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। यह निर्णय राज्य को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

मुख्य बिंदु:

  • 1 अगस्त 2025 से 125 यूनिट तक घरेलू बिजली मुफ्त
  • 1.67 करोड़ परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ
  • अत्यंत गरीब परिवारों के लिए मुफ्त सोलर सिस्टम
  • 3 वर्षों में 10,000 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य
  • ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम

(अधिक जानकारी के लिए राज्य सरकार की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी बिजली कार्यालय से संपर्क करें)

पटना: आयकर विभाग के सहायक निदेशक सहित तीन अधिकारी रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, सीबीआई की बड़ी कार्रवाई

0

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बुधवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना आयकर विभाग के सहायक निदेशक सहित तीन अधिकारियों को ₹2 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए अधिकारियों में शामिल हैं:

  1. आदित्य सौरभ (IRS) – सहायक निदेशक, आयकर (अन्वेषण), पटना
  2. मनीष कुमार पंकज – निरीक्षक, आयकर विभाग, पटना
  3. शुभम राज – मल्टी टास्किंग स्टाफ, आयकर विभाग, पटना

मामला क्या है?

CBI के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि आयकर विभाग द्वारा जब्त की गई ₹13 लाख की नकद राशि (जो उसके बहनोई से पटना हवाई अड्डे पर बरामद की गई थी) को वापस दिलाने के एवज में इन अधिकारियों ने उससे ₹2 लाख की रिश्वत की मांग की थी। साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया था कि उसके खिलाफ आगे कोई जांच नहीं की जाएगी।

CBI ने इस शिकायत को गंभीरता से लिया और दिनांक 15 जुलाई 2025 को जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ₹2 लाख की रिश्वत की रकम आरोपी आईआरएस अधिकारी के निर्देश पर ली गई थी और उसे मौके से बरामद कर लिया गया है।

छापेमारी और कानूनी कार्रवाई

CBI ने पटना में आरोपियों के तीन अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी भी ली।
गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को पटना स्थित सीबीआई विशेष न्यायालय-1 में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें 3 दिन की CBI रिमांड पर भेज दिया गया है।

सीबीआई का बयान

सीबीआई ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Bhagalpur News: कचहरी चौक पर कैदी वाहन ने मारी टक्कर, करणी सेना जिला अध्यक्ष की कार क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला

0

भागलपुर शहर के अत्यधिक व्यस्तम क्षेत्र कचहरी चौक पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अदालत ले जाए जा रहे एक कैदी वाहन ने नियंत्रण खोते हुए राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष रणजीत सोलंकी की कार में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के समय रणजीत सोलंकी खुद कार में मौजूद थे। हालांकि यह राहत की बात रही कि इस दुर्घटना में किसी को कोई शारीरिक चोट नहीं आई और कार में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित बच गए।

हादसे के बाद रणजीत सोलंकी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा,

“सरकारी वाहनों की समय पर मरम्मत और देखभाल नहीं होने की वजह से ऐसी घटनाएं घट रही हैं। प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और लापरवाहियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।”

इस घटना के कारण कुछ समय के लिए कचहरी चौक पर यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सड़क सुरक्षा पर ठोस कदम उठाने की मांग की है।

बाइट:
रणजीत सोलंकी, जिला अध्यक्ष, राजपूत करणी सेना, भागलपुर

“अगर हम कार में नहीं होते या समय पर ब्रेक नहीं लगता, तो जान का भी खतरा हो सकता था। यह प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर उदाहरण है।”

अमृत भारत ट्रेन: आम आदमी की यात्रा अब खास और गरिमामयी

0

नई दिल्ली/बिहार:  भारतीय रेलवे की अमृत भारत ट्रेन योजना ने आम आदमी की रेल यात्रा को एक नया मुकाम दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई यह योजना देश के अंत्योदय वर्ग और मध्यमवर्गीय समाज के लिए एक ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी पहल के रूप में सामने आई है। अब रेल सिर्फ गंतव्य तक पहुंचने का साधन नहीं, बल्कि सम्मान, सुविधा और भरोसे की पहचान बन चुकी है।

क्या है अमृत भारत ट्रेन योजना?

यह योजना भारतीय रेल के ढांचागत विकास का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य तेज, सुरक्षित, सस्ती और गरिमामयी यात्रा उपलब्ध कराना है—खासकर उन लोगों के लिए, जिनकी ज़िंदगी रोज़मर्रा की यात्राओं से जुड़ी होती है। अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें मुख्य रूप से सामान्य और स्लीपर श्रेणी के यात्रियों को ध्यान में रखकर डिज़ाइन की गई हैं, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं।

ट्रेन में क्या-क्या है खास?

  • 130 किमी/घंटा तक की रफ्तार
  • मेक इन इंडिया तकनीक आधारित कोच
  • एयर स्प्रिंग बॉडी द्वारा स्मूद सफर
  • मोबाइल चार्जिंग पोर्ट, रेडियम फ्लोर स्ट्रिप्स
  • स्वच्छ, दिव्यांगजन-अनुकूल शौचालय
  • फायर डिटेक्शन सिस्टम व टॉक-बैक यूनिट
  • बेहतर वेंटिलेशन, आरामदायक सीटें और सूचना प्रणाली

सामाजिक बदलाव की दिशा में बड़ा कदम

अमृत भारत ट्रेनें खासतौर पर बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बंगाल जैसे राज्यों से संचालित की जा रही हैं। ये ट्रेनें उन रूटों पर चलाई जा रही हैं जहाँ प्रवासी मजदूर, छात्र, और सरकारी–निजी क्षेत्र में कार्यरत लोग बड़ी संख्या में यात्रा करते हैं।

वर्तमान में बिहार से दो ट्रेनें – दरभंगा-अयोध्या-दिल्ली और सहरसा-मुंबई पहले से चल रही हैं। अब इसमें तीन नई ट्रेनें शामिल हो रही हैं:

  • पटना–नई दिल्ली
  • दरभंगा–लखनऊ
  • मालदा टाउन–भागलपुर–लखनऊ

इन ट्रेनों के जरिए छोटे शहर अब सीधे देश के प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक केंद्रों से जुड़ेंगे, जिससे रोजगार, शिक्षा और व्यापार को नई दिशा मिलेगी।

आम आदमी के सपनों की सवारी

अमृत भारत एक्सप्रेस आम लोगों के सपनों की ट्रेन बन चुकी है। यह उस विचार की प्रतीक है कि “अब कोई पीछे नहीं छूटेगा।” यह सिर्फ लोहे की पटरियों पर दौड़ती हुई ट्रेन नहीं, बल्कि हर हाथ को काम और हर कदम को रफ्तार देने वाला अभियान है।

भागलपुर में EVM डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का हुआ उद्घाटन

0

भागलपुर: विधानसभा चुनावों की पूर्व तैयारियों के तहत भागलपुर जिला प्रशासन ने बुधवार को ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (EDC) का उद्घाटन किया। इस सेंटर का शुभारंभ जिला पदाधिकारी-सह-निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सदर अनुमंडल कार्यालय परिसर में फीता काटकर किया।

यह केंद्र आगामी चुनाव की घोषणा तक नियमित रूप से कार्यरत रहेगा। इसका उद्देश्य आम जनता को ईवीएम और वीवीपैट के कार्यप्रणाली से अवगत कराना तथा पारदर्शी और जागरूक चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करना है। जिला पदाधिकारी ने कहा कि मतदान प्रक्रिया में लोगों की सहभागिता और विश्वास बढ़ाने के लिए इस तरह के केंद्रों की भूमिका अहम है।

ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर की सुरक्षा के लिए तीन शिफ्टों में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही डीएम ने इस पहल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

उद्घाटन समारोह के दौरान उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) विकास कुमार समेत कई अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।