Home Blog Page 261

भागलपुर में वोटर लिस्ट से हटाए गए 2.44 लाख नाम, बनाए गए 415 नए बूथ: डीएम ने दी जानकारी

0

भागलपुर: बिहार में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) के तहत भागलपुर जिले में वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 2,44,612 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

डीएम के अनुसार, पहले जिले में कुल 24,04,414 वोटर पंजीकृत थे, जो अब घटकर 21,55,802 हो गए हैं। हटाए गए नामों की वजहें निम्नलिखित हैं:

  • 62,852 मतदाता मृत घोषित हुए हैं।
  • 1,25,388 मतदाता दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं।
  • 26,566 मतदाताओं के नाम दो स्थानों पर दर्ज थे।

इन सभी मामलों में नामों को हटाने की कार्रवाई की गई है, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाया जा सके।

इसके साथ ही, बूथों की संख्या में भी वृद्धि की गई है। पहले जहां जिले में 2263 मतदान केंद्र थे, अब 415 नए बूथों को जोड़कर इनकी संख्या 2678 कर दी गई है। चुनाव आयोग के दिशानिर्देश के अनुसार, प्रत्येक बूथ पर अधिकतम 1200 मतदाता ही रह सकते हैं, इसी के आलोक में यह कदम उठाया गया है।

डॉ. चौधरी ने बताया कि दावा और आपत्ति दाखिल करने के लिए 1 माह का समय निर्धारित किया गया है। इसके अंतर्गत यदि किसी मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया है या कोई नया नाम जोड़ा जाना है, तो उसका आवेदन किया जा सकता है।

साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) जानबूझकर गलत जानकारी देकर नाम जुड़वाने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है।

बाइट: “मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की नींव है। हम हर स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित कर रहे हैं।”
— डॉ. नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी, भागलपुर

वेतन नहीं मिलने से नाराज़ वन विभाग के वन  रक्षक, भागलपुर कार्यालय के बाहर किया जोरदार प्रदर्शन

0

भागलपुर: वन विभाग में कार्यरत पशु रक्षकों का सब्र अब टूटने लगा है। पिछले 18 महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण नवगछिया, कहलगांव समेत कई प्रखंडों से आए दर्जनों पशु रक्षकों ने शुक्रवार को भागलपुर वन प्रमंडल कार्यालय के मुख्य गेट के सामने जमकर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी पशु रक्षकों ने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा उन्हें लगातार सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक वेतन भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि इस लंबे अंतराल में उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है, कई लोगों को कर्ज लेकर घर चलाना पड़ रहा है।

“हम पौधों की देखभाल करते हैं, उनकी सुरक्षा करते हैं, हर मौसम में ड्यूटी निभाते हैं। लेकिन बिना वेतन अब काम करना संभव नहीं है।” — एक प्रदर्शनकारी पशु रक्षक ने कहा।

गौरतलब है कि इन पशु रक्षकों की जिम्मेदारी सड़क किनारे लगाए गए पौधों और वृक्षों की सिंचाई, सुरक्षा और रख-रखाव से जुड़ी होती है। यह कार्य सालभर चलने वाला है, जिसमें फील्ड में जाकर निरंतर निगरानी की जरूरत होती है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उन्हें जल्द वेतन भुगतान नहीं किया गया, तो वे कामकाज का बहिष्कार करेंगे और जिला स्तरीय आंदोलन की राह अपनाएंगे।

अब देखना यह है कि वन विभाग कब तक इन कर्मचारियों की आवाज़ सुनेगा और उनकी जायज मांगों को मानते हुए वेतन भुगतान सुनिश्चित करेगा।

फिटनेस आइकॉन ‘बिहारी टार्जन’ का बसंतपुर में भव्य स्वागत, युवाओं को दिया नशा छोड़ने और फिटनेस अपनाने का संदेश

0

भागलपुर (बसंतपुर): फिटनेस की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके राजा यादव उर्फ बिहारी टार्जन शुक्रवार को भागलपुर जिले के बसंतपुर गांव पहुंचे, जहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक प्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र देकर उनका सम्मान किया।

स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान बिहारी टार्जन ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने और फिटनेस को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा,

“आज के युवा तेजी से नशे की लत में फंसते जा रहे हैं, जो उनके भविष्य और समाज दोनों के लिए खतरनाक है। फिटनेस ही वो रास्ता है, जो मानसिक और शारीरिक रूप से जीवन को मजबूत बनाता है।”

सामाजिक नेताओं की उपस्थिति

इस मौके पर लोजपा (रामविलास) के प्रदेश सचिव विजय यादव, हम पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष सनोज यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य अरविन्द मंडल और देसी जिम के संस्थापक नंदू मौजूद थे। सभी ने राजा यादव की पहल की सराहना की और युवाओं से फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

विजय यादव ने कहा,

“स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन निवास करता है, और इसके लिए व्यायाम व अनुशासन अत्यंत आवश्यक है। देसी जिम जैसे प्रयास गांवों में युवाओं को एक सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।”

देसी जिम बना प्रेरणा केंद्र

बसंतपुर स्थित देसी जिम अब सिर्फ एक फिटनेस सेंटर नहीं, बल्कि ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणा स्थल बनता जा रहा है। राजा यादव की मौजूदगी से युवाओं में नया जोश देखने को मिला।

महज 2 घंटे में नवगछिया पुलिस ने सुलझाया महिला हत्याकांड, आरोपी गिरफ्तार

0

भागलपुर (नवगछिया):  गोपालपुर थाना क्षेत्र के तीनटंगा करारी गांव में गुरुवार सुबह हुई महिला की निर्मम हत्या के मामले को नवगछिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर सुलझा लिया। पुलिस ने आरोपी प्रकाश मंडल को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हत्या में प्रयुक्त अवैध देशी कट्टा व खोखा भी बरामद कर लिया गया है।

नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8 बजे गोपालपुर थाना को सूचना मिली कि तीनटंगा करारी गांव में एक महिला को गोली मार दी गई है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवगछिया एवं स्थानीय थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए उसे संरक्षित किया। साथ ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तत्परता दिखाते हुए केवल दो घंटे में आरोपी को धर दबोचा।

हत्या के पीछे की वजह

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी प्रकाश मंडल मृतका मोनी देवी पर अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। वह लगातार मोनी देवी से मोबाइल नंबर मांग रहा था, लेकिन महिला द्वारा इसका विरोध किए जाने पर आरोपी ने गुस्से में आकर उसे गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस की तत्परता सराहनीय

महज कुछ ही घंटों में अपराधी की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी नवगछिया पुलिस की मुस्तैदी और अपराध के प्रति सख्त रुख को दर्शाता है। पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बिहार सरकार का बड़ा कदम: शिक्षा व्यवस्था में सुधार के साथ मानदेय में दोगुनी बढ़ोतरी

0

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने बताया कि नवम्बर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र में सुधार हेतु लगातार प्रयासरत रही है। 2005 में शिक्षा का कुल बजट जहाँ 4,366 करोड़ रुपये था, वहीं अब यह बढ़कर 77,690 करोड़ रुपये हो गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शिक्षकों की व्यापक नियुक्ति, नए विद्यालय भवनों का निर्माण और अधोसंरचना के विकास से शिक्षा प्रणाली में व्यापक बदलाव आया है।

इसके अतिरिक्त, विद्यालयों में कार्यरत सहायक कर्मचारियों जैसे रसोइयों, रात्रि प्रहरियों, शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों के मानदेय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है:

  • मध्याह्न भोजन योजना में कार्यरत रसोइयों का मानदेय ₹1650 से बढ़ाकर ₹3300 किया गया है।
  • माध्यमिक/उच्च विद्यालयों में कार्यरत रात्रि प्रहरियों का मानदेय ₹5000 से बढ़ाकर ₹10,000 कर दिया गया है।
  • शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों का मानदेय ₹8000 से बढ़ाकर ₹16,000 किया गया है।
  • इन सभी कर्मचारियों की वार्षिक वेतन वृद्धि भी ₹200 से बढ़ाकर ₹400 कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय न केवल कार्यरत कर्मियों के मनोबल को बढ़ाएगा, बल्कि वे और अधिक उत्साह और समर्पण से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

मालेगांव केस: निर्दोषों को फँसाना न्याय का मज़ाक, अब साजिशकर्ता बेनकाब हों — अश्विनी कुमार चौबे

0

Delhi News: मालेगांव विस्फोट मामले में न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे ने प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि यह फैसला भारतीय न्यायपालिका की पारदर्शिता और निष्पक्षता का परिचायक है, परंतु इस मामले ने न्याय प्रणाली के कुछ गंभीर प्रश्न भी खड़े किए हैं।

चौबे ने कहा कि, “यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि वर्षों तक निर्दोष लोगों को झूठे आरोपों में फँसाया गया, जिससे न केवल उनका सामाजिक और पारिवारिक जीवन प्रभावित हुआ, बल्कि राष्ट्रवादी विचारधारा को भी बदनाम करने का षड्यंत्र रचा गया।“

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस षड्यंत्र के तहत ऐसे देशभक्तों को आतंकवादी बताकर न्याय का मजाक उड़ाया गया। यह एक व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्रवादी विचारधारा की छवि को धूमिल करने की सुनियोजित राजनीतिक कोशिश थी।

अश्विनी चौबे ने यह स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा न्याय, सच्चाई और राष्ट्रहित के साथ खड़ी रही है और आगे भी इसी पथ पर अग्रसर रहेगी। उन्होंने यह भी मांग की कि जिन लोगों ने झूठे सबूत गढ़े और निर्दोषों को फँसाने की साजिश रची, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसा अन्याय किसी भी देशभक्त नागरिक के साथ न हो।

अंत में उन्होंने कहा, “अब भारत की जनता जाग चुकी है। देश को अब साजिश की नहीं, राष्ट्र निर्माण की राजनीति की आवश्यकता है।“

Bhagalpur News: खुटाहा पंचायत में उप मुखिया पद के लिए हुआ शांतिपूर्ण चुनाव, सुशील यादव विजयी घोषित

0

भागलपुर गोराडीह प्रखंड अंतर्गत खुटाहा पंचायत के रिक्त उप मुखिया पद के लिए आज लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड निर्वाचन पदाधिकारी गोराडीह की अध्यक्षता एवं अपर जिला दंडाधिकारी भागलपुर  माहेश्वरी सिंह के पर्यवेक्षण में यह निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की गई।

इस चुनाव में दो वार्ड सदस्यों — वीणा देवी और सुशील यादव — ने उप मुखिया पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। कुल 10 मतों में से सुशील यादव को 07 मत प्राप्त हुए जबकि वीणा देवी को 02 मत मिले। एक मत को अमान्य घोषित किया गया।

निर्वाचन परिणाम की घोषणा के बाद निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा विजयी प्रत्याशी सुशील यादव को प्रमाण-पत्र प्रदान कर पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत खुटाहा के मुखिया  देवेंद्र कुमार सहित उपस्थित सभी वार्ड सदस्यों, पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नव निर्वाचित उप मुखिया सुशील यादव को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

मिनीगन फैक्ट्री का भंडाफोड़, मंगेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

0

मुंगेर: मुंगेर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगटा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोखड़ी बहियार स्थित गोगरिया नदी के किनारे चल रही अवैध मिनीगन फैक्ट्री का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

30 जुलाई को गंगटा थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि गोगरिया नदी के पास अवैध रूप से देशी हथियारों का निर्माण और तस्करी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खड़गपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया, जिसमें गंगटा, टेटियाबंबर और सरस्वती थाना की पुलिस शामिल थी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद पांच लोगों में से दो को मौके पर गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान बाबूल प्रसाद सिंह उर्फ बाबूल मंडल (साकिन कूलदीप प्रसाद, थाना गंगटा) और राजेन्द्र प्रसाद सिंह (साकिन सीताराम सिंह, थाना गंगटा) के रूप में की गई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पांच लोगों के साथ मिलकर इस अवैध फैक्ट्री का संचालन कर रहे थे।

छापामारी के दौरान पुलिस ने 06 मिनीगन फैक्ट्रियां, 03 निर्मित देशी कट्टा, 04 देशी बैरल, 03 मोबाइल फोन, 01 ड्रिल मशीन, 03 मैगजीन, 07 पिस्तौल कारतूस, 01 वेल्डिंग मशीन सहित भारी मात्रा में अन्य हथियार निर्माण की सामग्री जब्त की।

गिरफ्तार अपराधियों पर पहले से भी संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। बाबूल मंडल पर गंगटा थाना में 2024 में भी शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। उनके विरुद्ध गंगटा थाना कांड संख्या 86/25, धारा 25(1-A)/25(1-AA)/26(i)(ii)/35 आम्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बरामद सामानों की सूची

  • मिनीगन फैक्ट्री: 06
  • निर्मित कट्टा: 03
  • निर्मित देशी कट्टा: 03
  • ड्रिल मशीन: 01
  • बैरल: 04
  • मोबाइल: 03
  • वेल्डिंग मशीन: 01
  • हथौड़ा ब्लेड: 03
  • ट्रिगर: 18
  • निर्मित रायफल: 01
  • पिस्टल कारतूस: 07
  • हथियार बनाने के अन्य उपकरण: अनेक

टीम में शामिल अधिकारी:

  • श्री अनिल कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खड़गपुर
  • राकेश कुमार, थानाध्यक्ष गंगटा
  • मुकेश कुमार केसरी, थानाध्यक्ष टेटियाबंबर
  • दीप शिखा कुमारी, गंगटा थाना
  • चुगुल राम, गंगटा थाना
  • गंगटा एवं टेटियाबंबर थाना सशस्त्र बल

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की भी जांच जारी है।

मंगेर पुलिस कंट्रोल रूम नम्बर: 8102924360 / 06344452102

“सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान का समापन, डीएम ने स्वयं लगाई झाड़ू

0

भागलपुर: “जहां सफाई, वहां सेहत”— इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम भागलपुर द्वारा आयोजित “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” विशेष अभियान का समापन आज सैंडिस कंपाउंड में हुआ। इस अवसर पर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने खुद झाड़ू उठाकर सड़क की सफाई कर स्वच्छता के प्रति अपना संकल्प और गंभीरता दिखाई।

जिलाधिकारी के साथ इस अभियान में उप विकास आयुक्त  प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क  नागेंद्र कुमार गुप्ता, उपनगर आयुक्त, नगर निगम के पार्षदगण एवं सफाईकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

जिलाधिकारी डॉ. चौधरी ने इस अवसर पर कहा, “स्वच्छ वातावरण न केवल बीमारियों से बचाता है, बल्कि पूरे शहर की छवि को भी निखारता है। स्वच्छ भागलपुर के निर्माण में हर नागरिक की सहभागिता अनिवार्य है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और गंदगी फैलाने से बचें।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को कैफेटेरिया के सामने एक डाइनिंग स्पेस और बच्चों के लिए एक प्लेग्राउंड विकसित करने की योजना तैयार करने का निर्देश दिया, जिससे नागरिक स्वच्छ वातावरण में परिजनों व बच्चों के साथ सुकून के पल बिता सकें।

यह आयोजन न केवल नगर निगम की सफाई व्यवस्था की सफलता का प्रतीक रहा, बल्कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी ने इसे एक प्रेरणादायक उदाहरण भी बना दिया।

पटना एम्स में विधायक चेतन आनंद के साथ गार्ड की बदसलूकी, पुलिस जांच में जुटी

0

पटना: फुलवारी शरीफ स्थित पटना एम्स में बीती रात एक विवादास्पद घटना सामने आई जब विधायक चेतन आनंद अपने समर्थकों के साथ मरीज से मुलाकात करने अस्पताल पहुंचे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात एम्स गार्ड द्वारा उनके साथ कथित रूप से बदसलूकी की गई, जिसके बाद मामला गर्मा गया।

विधायक चेतन आनंद ने घटना को गंभीर मानते हुए फुलवारी शरीफ थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गार्ड ने न सिर्फ उनके साथ असभ्य व्यवहार किया बल्कि उनके समर्थकों के साथ भी दुर्व्यवहार किया।

घटना की पुष्टि करते हुए सिटी एसपी (वेस्ट) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि बीते रात एम्स में दो पक्षों के बीच गालीगलौज और मारपीट की शिकायतें दर्ज कराई गई हैं। इनमें से एक पक्ष से डॉ. आयोशी सिंह ने लिखित शिकायत दी है, जबकि दूसरे पक्ष से एम्स प्रशासन की ओर से भी मामला दर्ज कराया गया है।

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद से एम्स परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, जनप्रतिनिधि के साथ हुए व्यवहार को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा शुरू हो गई है।