Home Blog Page 262

ललमटिया थाना की बड़ी कार्रवाई: 31.92 ग्राम ब्राउन शुगर, 6 मोबाइल व नकदी के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

0

भागलपुर:  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशानुसार ललमटिया थाना की पुलिस टीम ने नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 31.92 ग्राम ब्राउन शुगर, 2 डिजिटल तराजू, 1 बंडल एल्यूमिनियम फॉइल, ₹2900 नकद व 6 मोबाइल फोन के साथ तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर ललमटिया थाना अंतर्गत पाटीसीला स्थित विकास कुमार उर्फ अप्पु के घर पर छापेमारी के दौरान की गई। छापेमारी के समय आरोपी विकास कुमार अपने परिजनों के साथ घर पर मौजूद था, जिन्हें रंगेहाथ पकड़ा गया। पकड़े गए व्यक्तियों में विकास कुमार उर्फ अप्पु, सागर कुमार उर्फ सुभाष चौधरी, तथा राजकुमार चौधरी शामिल हैं।

गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी नशा तस्करी एवं चोरी के मामलों में शामिल रहे हैं।

बरामद सामग्री:

  • ब्राउन शुगर – 31.92 ग्राम
  • डिजिटल तराजू – 02
  • एल्यूमिनियम फॉइल – 01 बंडल
  • मोबाइल फोन – 06
  • नकद – ₹2900/-

गिरफ्तार तस्कर:

  1. विकास कुमार उर्फ अप्पु, पिता प्रमोद चौधरी
  2. सागर कुमार उर्फ सुभाष चौधरी, पिता स्व. सुरेश चौधरी
  3. राजकुमार चौधरी, पिता रामसेवक चौधरी

आपराधिक पृष्ठभूमि:

  • विकास कुमार उर्फ अप्पु पर नाथनगर थाना में थाना कांड सं. 289/22, धारा 457/380 भादवि के तहत मामला दर्ज है।
  • सागर कुमार पर थाना कांड सं. 736/23, धारा 457/380 भादवि के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नशा तस्करों पर लगाम कसने की दिशा में एक अहम कदम है और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मालदा मंडल में आयोजित हुई 47वीं डीआरयूसीसी बैठक, यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना विकास पर रहा विशेष फोकस

0

पूर्व रेलवे मालदा मंडल: पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा 47वीं मंडलीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (DRUCC) की बैठक आज मंदार हॉल सभा कक्ष, मालदा में सफलता पूर्वक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक (DRM) मनीष कुमार गुप्ता ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) शिव कुमार प्रसाद, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) मिस अंजन, DRUCC की सचिव सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक की शुरुआत में DRM ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए हाल के महीनों में मंडल स्तर पर किए गए यात्रियों के अनुकूल विकास कार्यों की विस्तृत प्रस्तुति दी। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना, स्टेशनों पर लिफ्ट व एस्केलेटर की स्थापना, नवीन फुट ओवर ब्रिजों का निर्माण, एलएचबी कोच की शुरुआत, आधुनिक ट्रेन सूचना बोर्ड और प्लेटफॉर्म सुधार कार्य जैसे अहम उपक्रमों की जानकारी साझा की गई।

बैठक में यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, अधोसंरचना विकास, सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने और नई ट्रेन सेवाओं की संभावनाओं पर गहन चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जिनमें प्रमुख थे – अतिरिक्त ट्रेन ठहराव, स्टेशनों का उन्नयन, तथा नई ट्रेनों की शुरुआत।

DRM श्री मनीष कुमार गुप्ता ने आश्वासन दिया कि समिति द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मालदा मंडल यात्रियों की संतुष्टि और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है और हितधारकों के साथ संवाद को सतत बनाए रखेगा।

उन्होंने कहा कि मंडल रेल प्रबंधन टीम यात्री सेवा को सुरक्षित, समयबद्ध और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इसी दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

श्रावणी मेला 2025: व्यवस्था की सख्त निगरानी में जुटे डीएम, श्रद्धालुओं से लिया सीधा फीडबैक

0

सुल्तानगंज, भागलपुर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में देश-विदेश से उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच भागलपुर प्रशासन की सतर्कता और तत्परता लगातार बनी हुई है। लाखों कांवरिया रोजाना उत्तरवाहिनी गंगा तट पर स्नान कर 105 किलोमीटर लंबी पैदल यात्रा पर बाबा बैद्यनाथधाम, देवघर की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी स्वयं सड़क पर उतरकर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

डीएम ने सुल्तानगंज के विभिन्न गंगा घाटों से लेकर जिले में पड़ने वाले पूरे 14 किलोमीटर कांवड़ पथ का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धाँधी बेलाड़ी, जर्मन हैंगर, रेन शेल्टर और शौचालयों समेत अन्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत का आकलन किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कांवड़ यात्रियों से सीधे संवाद करते हुए व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया और 10 में से अंक देने को कहा। श्रद्धालुओं ने प्रशासन की तैयारियों से संतुष्ट होकर 10 में से 10 अंक दिए। इस सकारात्मक प्रतिक्रिया पर जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से श्रावणी मेला शांतिपूर्वक और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो रहा है।

नागरिक सम्मान और जन-जागरूकता का संगम: बरारी गंगा घाट पर डॉ. अजय कुमार सिंह का अभिनंदन, CPR तकनीक का दिया प्रशिक्षण

0

भागलपुर, बरारी घाट | जीवन जागृति सोसाइटी के पुनः अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. अजय कुमार सिंह का बरारी गंगा घाट पर नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और समाजसेवियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान पुष्पमालाओं और तालियों की गड़गड़ाहट से डॉ. सिंह का भव्य स्वागत किया गया।

डॉ. अजय कुमार सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गंगा में डूबने की घटनाओं पर चिंता जताई और आमजन को इससे बचाव के लिए जागरूक किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि डूबने की स्थिति में तत्काल क्या करना चाहिए और कैसे सही तकनीक के माध्यम से किसी की जान बचाई जा सकती है।

उन्होंने CPR (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) तकनीक का लाइव प्रशिक्षण दिया, जिसमें बताया कि यदि किसी व्यक्ति की सांसें रुक जाएं, तो प्रारंभिक उपचार के जरिए उसे कैसे जीवनदान दिया जा सकता है। इस दौरान प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे अत्यंत उपयोगी बताया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गंगा घाट पर स्नान या जल क्रीड़ा के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं से लोगों को बचाना और समय रहते जीवनरक्षक तकनीकों से परिचित कराना था।

अंत में उपस्थित लोगों ने डॉ. अजय कुमार सिंह के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जीवन जागृति सोसाइटी आगे भी जनहित में सार्थक कार्य करती रहेगी।

अजगैबीनाथ धाम से पदयात्रा पर निकले भोजपुरी स्टार और सांसद मनोज तिवारी, बोल बम के जयकारों से गूंजा मार्ग

0

सुल्तानगंज (भागलपुर):’श्रावणी मेला के 21वें दिन दिल्ली के सांसद और भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी ने आस्था और श्रद्धा का अद्भुत उदाहरण पेश करते हुए अजगैबीनाथ धाम से देवघर के बाबाधाम तक कांवड़ यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने अपने साथियों के साथ पारंपरिक तरीके से बोल बम, हर हर महादेव के गगनभेदी जयकारों के साथ यात्रा का शुभारंभ किया।

मनोज तिवारी ने पहले गंगा जल का विधिवत संकल्प किया और उसके बाद कंधे पर कांवड़ उठाकर पदयात्रा पर निकल पड़े। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कांवड़िए और उनके समर्थक भी यात्रा में शामिल हुए। माहौल पूरी तरह भक्ति और उत्साह से भरा हुआ था।

“हर हर महादेव” के नारों से गूंज उठा सुल्तानगंज

अजगैबीनाथ धाम परिसर और यात्रा मार्ग पर “बोल बम”, “जय भोले”, और “हर हर महादेव” के नारों से माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया। मनोज तिवारी ने कांवड़ उठाने से पूर्व मंदिर प्रांगण में भोलेनाथ के दर्शन किए और देश, समाज और जनता की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।

मनोज तिवारी ने कहा – श्रावण महीना आत्मशुद्धि और भक्ति का पर्व है

मीडिया से बातचीत में मनोज तिवारी ने कहा —
“श्रावण महीना केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, सेवा, और तपस्या का पर्व है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मैं बाबा बैद्यनाथ की शरण में जा रहा हूं। यह यात्रा मेरे लिए मन की शांति और समाज के लिए मंगलकामना का माध्यम है।”

भक्तों में दिखा उत्साह, सेल्फी और जयकारों की लगी भीड़

यात्रा की शुरुआत के समय बड़ी संख्या में लोग मनोज तिवारी की एक झलक पाने को आतुर नजर आए। लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली, ऑटोग्राफ लिए और साथ चलकर “बोल बम” के नारे लगाए। प्रशासन की ओर से यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।

नवगछिया नवोदय विद्यालय की दो छात्राएं अचानक हुईं बीमार, डॉक्टर ने बताया एंजायटी अटैक, स्थिति अब सामान्य

0

नवगछिया (भागलपुर): नारायणपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कक्षा में पढ़ रही दो छात्राएं—रितिका (कक्षा 7) और नव्या (कक्षा 8)—अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ीं और उन्हें तेज़ घबराहट महसूस होने लगी। यह देख शिक्षक और अन्य छात्र घबरा गए और तुरंत छात्राओं को प्राथमिक उपचार के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद भी उनकी हालत स्थिर नहीं दिखी, जिसके कारण डॉक्टरों ने दोनों को भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

मायागंज अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया – एंजायटी अटैक था कारण

मायागंज अस्पताल में चिकित्सकों ने छात्राओं की जांच की और पाया कि दोनों एंजायटी अटैक (Anxiety Attack) से पीड़ित थीं। डॉक्टरों के अनुसार यह स्थिति मानसिक दबाव, भय या असहज माहौल के कारण उत्पन्न हो सकती है।

स्थिति अब नियंत्रण में, छात्राएं खतरे से बाहर

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, छात्राओं की स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है। वे होश में हैं और अपने अभिभावकों तथा शिक्षकों से बातचीत भी कर रही हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें कुछ समय के लिए रखा जाएगा ताकि पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें विद्यालय भेजा जा सके।

अभिभावकों में फैली बेचैनी, फिर मिली राहत

जैसे ही छात्राओं की तबीयत बिगड़ने की खबर फैली, विद्यालय में पढ़ने वाले अन्य बच्चों के अभिभावकों में भी बेचैनी और चिंता का माहौल बन गया। लेकिन जब उन्हें बताया गया कि दोनों छात्राएं अब सुरक्षित और खतरे से बाहर हैं, तो सभी ने राहत की सांस ली।

विद्यालय प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया है कि इस घटना की पूरी जानकारी अभिभावकों को दी गई है, और भविष्य में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

क्या है एंजायटी अटैक?

एंजायटी अटैक एक मानसिक प्रतिक्रिया है, जिसमें व्यक्ति को अत्यधिक घबराहट, तेज़ धड़कन, सांस लेने में तकलीफ, पसीना आना या बेहोशी जैसी स्थिति हो सकती है। यह अक्सर मानसिक दबाव या अचानक डर के कारण होता है।

कहलगांव थानेदार पर मजदूर की बेरहमी से पिटाई और ₹10,000 छीनने का आरोप, चार महीने से इंसाफ की आस में भटक रहा पीड़ित

0

भागलपुर/कहलगांव: भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र से पुलिस की कथित बर्बरता का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। धनकुंड थाना क्षेत्र निवासी और कहलगांव के 40 फीट रोड इलाके में किराये पर रहकर मजदूरी करने वाले अभिकांत शर्मा ने कहलगांव थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़ित अभिकांत शर्मा के अनुसार, 22 मार्च 2025 को वह काम से लौट रहे थे, तभी पुलिस की एक टीम वहां पहुंची। बिना किसी पूर्व सूचना या पूछताछ के, थाना प्रभारी ने लाठी से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस हमले में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया।

₹10,000 लूटने का भी आरोप

इतना ही नहीं, अभिकांत ने यह भी आरोप लगाया है कि पिटाई के दौरान थानेदार ने उनकी जेब से ₹10,000 नकद निकाल लिए। बुरी तरह घायल होने के बाद वह किसी तरह कहलगांव पीएचसी पहुंचे, जहां से उन्हें भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

कोर्ट में की शिकायत, लेकिन जवाब में झूठी रिपोर्ट?

पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर न्यायालय में इस घटना की शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उनका आरोप है कि थाना से भेजी गई रिपोर्ट में झूठी जानकारी दी गई, जिससे उन्हें अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।
अब चार महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन न तो दोषियों पर कोई कार्रवाई हुई है और न ही पीड़ित को न्याय मिला।

अभिकांत शर्मा, पीड़ित मजदूर ने कहा:

“मैं गरीब मजदूर हूं, किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। थाना प्रभारी ने मुझे बिना वजह मारा और मेरे पैसे भी ले लिए। मैं बस इतना चाहता हूं कि मुझे न्याय मिले और दोषी पर कार्रवाई हो।”

प्रशासन से न्याय की गुहार

अभिकांत शर्मा ने जिला प्रशासन और पुलिस महकमे से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि गरीब और मजदूरों को ही पुलिस द्वारा इस तरह प्रताड़ित किया जाएगा, तो वे किससे न्याय की उम्मीद करें?

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर में 574.16 करोड़ की विकास योजनाओं का किया शिलान्यास, सामाजिक योजनाओं से जुड़े लाभार्थी  से की सीधी बात

0

मुजफ्फरपुर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुजफ्फरपुर जिले के भगवानपुर चौक के पास आयोजित कार्यक्रम में प्रगति यात्रा के तहत 574.16 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना सहित कई जन-कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों से भी संवाद किया।

बड़ी परियोजनाएं, मजबूत आधारभूत संरचना

मुख्यमंत्री द्वारा जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें सड़क, पुल-पुलिया, रेलवे ओवरब्रिज, पेंशन वितरण केंद्र, पंचायत भवन और ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाएं शामिल हैं। प्रमुख योजनाओं में शामिल हैं:

  • बंदी ढाला से समसपुर तक सड़क निर्माण – ₹44.76 करोड़
  • बंदी ढाला से वाजिदपुर नहर तक चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य – ₹89.77 करोड़
  • बिहार-नीमाचंद-कोटी पथ का कार्य – ₹52.56 करोड़
  • रामपुर-अंतराल महादेव स्थान से सरसुन घाट तक आरसीसी पुल – ₹174.24 करोड़

125 यूनिट फ्री बिजली योजना पर जोर

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों को इसका लाभ अवश्य मिलेगा। उन्होंने मौके पर मौजूद लाभार्थियों से पूछा कि क्या उन्हें योजना का लाभ मिल रहा है और अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसका लाभ सुनिश्चित किया जाए।

हेल्पलाइन, वृद्धावस्था पेंशन और शादी अनुदान योजनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि हेल्पलाइन 1100 नंबर शुरू कर दी गई है, जहां लोग अपनी समस्याएं दर्ज करवा सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धजन, दिव्यांगजन, और गरीब परिवारों को दी जाने वाली सहायता राशि का भी उल्लेख किया।

  • वृद्धावस्था पेंशन में 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये प्रतिमाह
  • दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल
  • अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत ₹1 लाख की प्रोत्साहन राशि

स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मजबूती

मुख्यमंत्री ने 5642 स्वयं सहायता समूहों को 105 करोड़ रुपये, 201 समूहों को 2.11 करोड़ रुपये का सामूहिक चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति सशक्त करने के लिए स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर विशेष ध्यान

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों के इलाज, शिक्षा और रोज़गार पर विशेष ध्यान दे रही है। मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी और स्वास्थ्य सेवा की गुणवत्ता में सुधार को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने यह भी कहा कि “हमारी पूरी कोशिश है कि लोगों की जिंदगी में बदलाव आए, आत्मनिर्भरता बढ़े और समाज में समानता स्थापित हो।”

राज्य निर्माण विभाग और पुल निर्माण निगम की योजनाएं शामिल

शिलान्यास की गई योजनाओं में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम और पथ निर्माण विभाग की तीन-तीन योजनाएं तथा ग्रामीण कार्य विभाग की एक योजना शामिल है। इनमें मुजफ्फरपुर-बायपास के निर्माण के लिए 16.87 करोड़ रुपये, और अन्य विकास कार्यों को शामिल किया गया है।

समय पर इलाज न मिलने से बुजुर्ग की मौत, परिजनों ने मायागंज अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप

0

भागलपुर: शहर के प्रमुख सरकारी अस्पताल मायागंज एक बार फिर सवालों के घेरे में है। इस बार ललमटिया थाना क्षेत्र के पासी टोला निवासी शिव शंकर चौधरी (उम्र लगभग 70 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

गिरने से आई थी सिर में चोट, समय पर नहीं हुआ इलाज

परिजनों के अनुसार, बीते दिन शिव शंकर चौधरी अपने घर में अचानक गिर पड़े थे, जिससे उनके सिर में गहरी चोट आई। उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताकर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजन बुजुर्ग को उसी शाम शाम 4 बजे मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया। लेकिन उनका कहना है कि अगले दिन तक भी कोई डॉक्टर उन्हें देखने तक नहीं आया, न कोई इलाज शुरू हुआ। समय पर उपचार न मिलने के कारण आज उनकी मौत हो गई।

अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर सीधे तौर पर आरोप लगाते हुए कहा:
“हम लोग समय पर अस्पताल लेकर आए, सारी प्रक्रिया पूरी की, लेकिन डॉक्टरों की टीम ने गंभीर मरीज की सुध नहीं ली। अगर इलाज समय से शुरू हो जाता, तो आज वो हमारे बीच होते।”

परिवार का कहना है कि अब वे उच्च स्तर पर जांच और कार्रवाई की मांग करेंगे ताकि भविष्य में किसी अन्य मरीज के साथ ऐसी घटना न हो।

अस्पताल प्रशासन की चुप्पी

मायागंज अस्पताल प्रबंधन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन इस तरह की लापरवाही और इलाज में देरी की शिकायतें अस्पताल के खिलाफ पहले भी सामने आ चुकी हैं।

इस घटना ने एक बार फिर अस्पताल की व्यवस्थाओं और आपातकालीन सेवाओं की पोल खोल दी है।

भागलपुर में मोबाइल नंबर नहीं देने पर विधवा महिला की गोली मारकर हत्या, दो मासूम बच्चों से छिन गया मां का साया

0

भागलपुर, बिहार: गांव की एक महिला ने बस इसलिए अपनी जान गंवा दी क्योंकि उसने एक बदमाश को अपना मोबाइल नंबर देने से इनकार कर दिया। यह दिल दहला देने वाली घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के बालू टोला गांव की है, जहां 26 वर्षीय विधवा महिला मोनी देवी, को गांव के ही बदमाश प्रकाश मंडल ने घर में घुसकर गोली मार दी। महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान बालू टोला निवासी स्व. जितेंद्र राम की पत्नी के रूप में हुई है। मोनी देवी अपने पति की मृत्यु के बाद बच्चों की परवरिश और गुजारे के लिए अपने घर से किराना दुकान चला रही थीं।

छेड़खानी और धमकी का पुराना सिलसिला

परिवार और ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी प्रकाश मंडल बीते 10 वर्षों से मोनी देवी को परेशान करता आ रहा था। ससुर कैलाश राम ने बताया कि प्रकाश महिला पर गलत संबंध बनाने का दबाव डालता था। बुधवार की रात भी आरोपी ने महिला से मोबाइल नंबर मांगा, और जब उसने मना किया तो विवाद हुआ। महिला ने यह बात अपने ससुर को बताई, जिन्होंने सोचा कि सुबह गांव में पंचायत करेंगे।

लेकिन गुरुवार की सुबह, जब परिवार अभी दिनचर्या में लगा ही था, तभी आरोपी हथियार लेकर घर में घुस गया और एक बार फिर नंबर मांगने लगा। महिला द्वारा इनकार करने पर उसने कट्टा निकालकर गोली चला दी। मोनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

चश्मदीदों की आपबीती

पड़ोस की महिला कंचन देवी ने बताया कि आरोपी अक्सर गांव में शराब पीकर हंगामा करता था और महिलाओं को परेशान करता था। उन्होंने कहा, “ऐसे अपराधी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।”
वहीं ग्रामीण नाथूराम ने बताया कि उन्होंने सुबह ही आरोपी को हथियार लेकर घूमते देखा था, लेकिन अंदाजा नहीं था कि वह हत्या कर देगा।

पुलिस जांच में जुटी, FSL टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

बच्चों से छिन गया माता-पिता का साया

मोनी देवी पहले से ही विधवा थीं। साल 2021 में कोरोना संक्रमण के दौरान उनके पति जितेंद्र राम का निधन हो गया था। वे अकेले ही अपने दो बच्चों—8 वर्षीय नूतन और 5 वर्षीय रोशन कुमार—की परवरिश कर रही थीं। अब मां की भी हत्या हो जाने से दोनों बच्चे अनाथ हो गए हैं। घटना के बाद से दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।