Home Blog Page 251

भागलपुर में बाढ़ का कहर जारी, राष्ट्रपति दौरे से पहले एयरपोर्ट मैदान से हटाए जा रहे बाढ़ पीड़ित

0

भागलपुर: गंगा के उफान ने भागलपुर में आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बाढ़ के चलते सैकड़ों परिवार बेघर हो चुके हैं, जिनमें से कई ने भागलपुर एयरपोर्ट मैदान में तंबू लगाकर अस्थायी शरण ली थी। लेकिन अब राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के कारण इन पीड़ितों को वहां से हटाया जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रपति का विशेष विमान एयरपोर्ट मैदान में लैंड करेगा, जिसके चलते सुरक्षा कारणों से मैदान को पूरी तरह खाली कराना जरूरी हो गया है। इसी क्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार गुरुवार को दल-बल के साथ स्थल पर पहुंचे और बाढ़ पीड़ितों को हटाने की कार्रवाई शुरू की।

विकास कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा:
“बाढ़ पीड़ितों के लिए वैकल्पिक स्थान चिन्हित किया गया है। वहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।”

लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही कहानी कह रही है। खुले आसमान के नीचे मिट्टी पर पड़ा एक बच्चा, न छत है, न चादर, न खाना—यह दृश्य मानो प्रशासनिक तैयारी की पोल खोल रहा है। बगल में बैठी एक महिला अपने मवेशी को कसकर पकड़े बैठी है। उसकी आंखों में डर है—अगर जानवर भी चले गए, तो उसके पास बचने को कुछ नहीं रहेगा।

बाढ़ पीड़ितों का कहना है:
“हम तब तक टेंट नहीं हटाएंगे जब तक कोई सुरक्षित और व्यवस्थित ठिकाना नहीं दिया जाता। अभी हमें सिर्फ हटाया जा रहा है, लेकिन ठहरने का कोई स्पष्ट इंतजाम नहीं है।”

बाढ़ की वजह से कई गांव अब भी जलमग्न हैं। सड़कें टूटी हुई हैं और राहत कार्य भी सीमित संसाधनों में चल रहा है। इस बीच राष्ट्रपति के दौरे से पहले की जा रही यह कार्रवाई बाढ़ पीड़ितों के लिए नई मुसीबत बनकर सामने आई है।

प्रशासन के अनुसार वैकल्पिक शिविर स्थल पर पानी, बिजली, शौचालय और भोजन की व्यवस्था की जाएगी, लेकिन फिलहाल कई पीड़ितों को इस पर भरोसा नहीं है।

मवेशी बांधने के विवाद में भाई और भतीजा घायल, चाचा सहित तीन पर मारपीट का आरोप

0

भागलपुर: भागलपुर जिले के रंगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रंगड़ा गांव में मामूली घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मवेशी बांधने को लेकर हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति ने अपने ही भाई और भतीजे पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।

घटना में घायल हुए प्रकाश यादव और उनके पुत्र रोशन कुमार को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित रोशन कुमार ने बताया कि वह अपने घर के पास भैंस को चारा खिला रहा था, तभी उनके चाचा निरंजन यादव, राजू यादव और दयानंद यादव से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोप है कि तीनों ने मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।

इस हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

रंगड़ा थाना की पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

तिलकामांझी विश्वविद्यालय में घोटाले का आरोप, छात्र संगठन ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग

0

भागलपुर: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (TMBU) एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। विश्वविद्यालय में प्राचार्य नियुक्तियों से लेकर PET परीक्षा तक में व्यापक अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं।

इन आरोपों को लेकर अखिल बिहार छात्र एकता के संयोजक बमबम प्रीत ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में उच्चस्तरीय जांच की मांग की।

प्रेस वार्ता में बमबम प्रीत ने कहा, “पिछले तीन वर्षों में विश्वविद्यालय में भाई-भतीजावाद, सिफारिश और भ्रष्टाचार की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।”

उन्होंने आरोप लगाया कि प्राचार्य पद की नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव रहा और केवल चहेते व सिफारिशी उम्मीदवारों को मौका दिया गया। इनमें डॉ. अवधेश रजक और डॉ. सत्येंद्र जैसे नामों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि ये UGC के मानकों को भी पूरा नहीं करते, फिर भी नियुक्तियां कर दी गईं।

इसके अतिरिक्त PET परीक्षा को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रेस वार्ता में बताया गया कि पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. नीरज यादव पर यह आरोप है कि उन्होंने मूल्यांकन समिति का हिस्सा रहते हुए अपने पुत्र को पास कराने के लिए अंकों में हेराफेरी करवाई। छात्र संगठन ने इस प्रकरण की जांच फॉरेंसिक साइंस लैब से कराए जाने की मांग की है।

बमबम प्रीत ने यह भी कहा कि मेहनती छात्र-छात्राएं वर्षों से योग्य होने के बावजूद भटक रहे हैं, जबकि पैसे और सिफारिश के दम पर अयोग्य लोगों की नियुक्ति की जा रही है। टीएनबी कॉलेज, भागलपुर में प्रो. दीपो महतो की नियुक्ति को भी नियमों के उल्लंघन का उदाहरण बताया गया।

छात्र संगठन ने कुलपति पर सीधी कार्रवाई की मांग करते हुए निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी हैं:

  1. विश्वविद्यालय में हुई सभी नियुक्तियों की न्यायिक जांच कराई जाए।
  2. PET परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों को फॉरेंसिक जांच हेतु भेजा जाए।
  3. दोषी पदाधिकारियों को तत्काल निलंबित कर कार्रवाई की जाए।
  4. UGC मानकों के अनुरूप योग्य उम्मीदवारों की पारदर्शी तरीके से पुनर्नियुक्ति हो।
  5. विश्वविद्यालय में छात्र हितों की रक्षा हेतु एक निगरानी समिति का गठन किया जाए।

छात्र संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

भागलपुर के सबौर में बाढ़ के पानी में डूबने से किशोर की मौत

0

भागलपुर: जिले के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपुर इलाके में बाढ़ के पानी में डूबने से एक 13 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान भावेश तांती के पुत्र साजन कुमार के रूप में की गई है, जो अमाडंडा थाना क्षेत्र का निवासी था और इन दिनों अपने ननिहाल सबौर आया हुआ था।

परिवारिक सूत्रों के अनुसार, ननिहाल में पूजा-पाठ कार्यक्रम के दौरान साजन गांव के कुछ दोस्तों के साथ घूमने के लिए बहियार क्षेत्र की ओर चला गया। इसी दौरान वह बाढ़ के तेज बहाव वाले पानी में डूब गया। जब तक स्थानीय लोग उसे पानी से बाहर निकालते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लगभग 45 मिनट की मशक्कत के बाद शव को पानी से निकाला गया। गुरुवार को सबौर थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मायागंज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के पिता भावेश तांती, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ने बताया कि उनका पुत्र ननिहाल में ठहरा हुआ था और दोस्तों के साथ बाढ़ प्रभावित इलाके की ओर चला गया था। घटना के बाद मां की हालत बेहद खराब है और परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।

सबौर थाना अध्यक्ष सूबेदार पासवान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह हादसा बाढ़ के खतरे और लापरवाही की गंभीरता को दर्शाता है। प्रशासन और स्थानीय लोगों से अपील की जा रही है कि वे बाढ़ग्रस्त इलाकों में सतर्कता बरतें और बच्चों को अकेले ऐसे क्षेत्रों में जाने से रोकें।

सुन्दरवती महिला महाविद्यालय में आयोजित हुआ ब्रेस्टफीडिंग अवेयरनेस कार्यक्रम

0

भागलपुर: भागलपुर स्थित सुन्दरवती महिला महाविद्यालय में इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के बैनर तले ब्रेस्टफीडिंग अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मातृत्व के महत्व और शिशु पोषण में स्तनपान की अनिवार्यता के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीवन जागृति सोसाइटी के अध्यक्ष एवं प्रख्यात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय सिंह रहे। उन्होंने आगंतुकों का स्वागत पुष्पगमला और अंग वस्त्र भेंट कर किया।

इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. रेखा झा ने भी सहभागिता निभाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “मां का दूध शिशु के लिए सबसे संपूर्ण पोषण है, जो उसे संक्रमणों से सुरक्षा प्रदान करता है और मां को भी कई बीमारियों से बचाता है।”

डॉ. अजय सिंह ने कहा, “मां का दूध नवजात के लिए अमृत के समान है। यह शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होता है।”

कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्तनपान जैसे महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता फैलाने की पहल को सराहा। आयोजन के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र, पोस्टर प्रेजेंटेशन और छात्राओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया।

यह जागरूकता कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम था, बल्कि इससे मातृत्व और बाल स्वास्थ्य को लेकर सामाजिक चेतना भी सशक्त हुई।

ऑल इंडिया इंडिपेंडेंस कप कराटे चैंपियनशिप के लिए भागलपुर से टीम रवाना

0

भागलपुर: ऑल इंडिया इंडिपेंडेंस कप कराटे चैंपियनशिप 2025 का आयोजन 8 से 10 अगस्त तक राजधानी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागलपुर की चार प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन करने के लिए रवाना हो चुकी हैं।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली खिलाड़ियों के नाम हैं – रुद्रानी रानी, पीहू वर्मा, रुचि वर्मा। ये सभी खिलाड़ी कोच सिहान मसीउल ओला के नेतृत्व में दिल्ली में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगी।

टीम को रवाना करते समय भागलपुर कराटे संघ के अध्यक्ष सिहान मसीउल ओला, सचिव सिहान मनीष कुमार शर्मा, और कोषाध्यक्ष बाल्मीकि कुमार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अध्यक्ष मसीउल ओला ने बताया कि यह भागलपुर के लिए गर्व की बात है कि यहां की बेटियाँ राष्ट्रीय स्तर पर कराटे में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।

संघ ने विश्वास जताया है कि ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से न केवल पदक जीतेंगी, बल्कि भागलपुर और बिहार का नाम भी रौशन करेंगी।

फर्जी आवासीय प्रमाणपत्र में डोनाल्ड ट्रम्प का नाम और फोटो, समस्तीपुर प्रशासन ने किया पर्दाफाश

0

पटना/समस्तीपुर: समस्तीपुर जिला प्रशासन ने सरकारी दस्तावेज़ों में बड़े फर्जीवाड़े का समय रहते पर्दाफाश कर कार्रवाई की है। मामला मोहीउद्दीननगर प्रखंड (पटोरी अनुमंडल) का है, जहाँ बिहार लोक सेवा अधिकार अधिनियम (RTPS) के तहत एक आवासीय प्रमाणपत्र के आवेदन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जॉन ट्रम्प का नाम और फोटो लगा दिया गया था।

यह अजीबो-गरीब आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन हरकत में आया। प्रखंड की राजस्व पदाधिकारी, जो एक महिला अधिकारी हैं, ने दस्तावेज़ों की बारीकी से जांच कर आवेदन को फर्जी पाया। जांच में आवेदक के पिता का नाम फैडरिक क्रिस्ट ट्रम्प और एक छेड़छाड़ किया गया नकली आधार कार्ड भी संलग्न मिला।

प्रशासन ने तत्काल आवेदन निरस्त कर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामला भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराएं 318(4) और 336(4) (दस्तावेजों में जालसाजी एवं फर्जीवाड़ा) तथा आईटी एक्ट, 2000 की धाराएं 66(c) और 66(d) (इलेक्ट्रॉनिक पहचान की चोरी और ऑनलाइन धोखाधड़ी) के तहत दर्ज हुआ है।

जिलाधिकारी कार्यालय ने स्पष्ट किया कि सरकारी सेवाओं में फर्जी दस्तावेजों का प्रयोग बिल्कुल अस्वीकार्य है और ऐसे मामलों में ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आम जनता से अपील की गई है कि वे सरकारी प्रमाणपत्र के लिए केवल सत्य और प्रमाणिक दस्तावेज़ों का ही उपयोग करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई से बचना संभव नहीं होगा।

वीवीआईपी विजिट की तैयारी: डीएम और एसएसपी ने विक्रमशिला खुदाई स्थल का किया मुआयना

0

भागलपुर: भागलपुर में संभावित वीवीआईपी आगमन को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार को जिलाधिकारी सह जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत ने कहलगांव स्थित ऐतिहासिक विक्रमशिला खुदाई स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के मार्ग, प्रवेश और निकास बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने स्थल की साफ-सफाई, भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त  प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता  जतिन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी कहलगांव सहित कई विभागीय पदाधिकारी मौजूद थे। डीएम ने कहा कि वीवीआईपी विजिट के दौरान ऐतिहासिक स्थल की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। वहीं, एसएसपी ने पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा घेराबंदी की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए।

विक्रमशिला खुदाई स्थल का संक्षिप्त परिचय:
भागलपुर जिले के कहलगांव में स्थित विक्रमशिला खुदाई स्थल 8वीं–9वीं शताब्दी में पाल वंश के राजा धर्मपाल द्वारा स्थापित एक प्राचीन बौद्ध शिक्षा केंद्र था। नालंदा की तरह यह भी अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विश्वविद्यालय था, जहाँ वज्रयान बौद्ध धर्म की पढ़ाई होती थी। 12वीं शताब्दी में तुर्क आक्रमण से यह नष्ट हो गया। वर्तमान में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित यह स्थल ऐतिहासिक और पर्यटन दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

भागलपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, चार दिन पहले ही छुट्टी में आया था घर

0

भागलपुर: भागलपुर में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने 22 वर्षीय युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के अस्पताल चौक के पास हुई।

मृतक की पहचान संजीव सिंह के पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है, जो नासिक में एक निजी कंपनी में काम करता था और चार दिन पहले ही छुट्टी में अपने घर आया था। बताया जाता है कि बुधवार शाम वह घर से टहलने निकला था। करीब 8 बजे लौटते समय बदमाशों ने उस पर तीन गोलियां दाग दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों ने आनन-फानन में शिवम को मायागंज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर डीएसपी टू राकेश कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सटीक कारणों की जांच जारी है।

मृतक की मां ने बताया कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि उनके बेटे को क्यों मारा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

चाँदनी रात, एयरपोर्ट का मैदान और इश्क़ की उड़ान: भागलपुर में युवती दो युवकों संग रंगे हाथों पकड़ी गई

0

भागलपुर: भागलपुर एयरपोर्ट का सुनसान मैदान बुधवार रात अचानक चर्चा का केंद्र बन गया, जब एक युवती दो युवकों के साथ संदिग्ध परिस्थिति में पुलिस की पकड़ में आ गई। रात करीब 8 बजे डायल 112 की गश्ती टीम को एयरपोर्ट के मैदान में हलचल दिखी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि एक युवती और दो युवक पूरी तरह निजी माहौल में बैठे थे।

पुलिस पूछताछ में युवती ने खुद को बिहपुर की रहने वाली बताया और कहा कि वह दोस्तों के साथ घूमने आई थी। तलाशी के दौरान युवती के बैग से किताबें और एक घरेलू चाकू बरामद हुआ। इस पर युवती का कहना था कि चाकू घर के इस्तेमाल के लिए है, किसी गलत काम के लिए नहीं।

जब पुलिस ने युवती के पिता से फोन पर बात कराई, तो उन्होंने बेटी की बातों पर भरोसा जताया। चूंकि कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई, पुलिस ने तीनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।

यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है—क्योंकि मोहब्बत पर कोई पाबंदी नहीं, लेकिन देर रात एयरपोर्ट मैदान को डेट पॉइंट बनाना सुरक्षा और जिम्मेदारी, दोनों पर सवाल खड़े करता है।