Home Blog Page 252

रोटरी विक्रमशिला पिंक क्लब ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज एवं सावन महोत्सव

0

भागलपुर: रोटरी विक्रमशिला पिंक क्लब की ओर से आज होटल रॉयल दरबार में हरियाली तीज एवं सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी महिलाएं हरे रंग की साड़ी और चूड़ी पहनकर सावन के रंग में रंगी नज़र आईं।

कार्यक्रम की शुरुआत बाबा भोलेनाथ की पूजा, टीका एवं गजरा अर्पण के साथ हुई। इसके बाद मृदुला घोष और बबीता साह ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर माहौल को भक्ति में रंग दिया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से तीज और सावन का उत्सव हंसी-खुशी मनाया।

मंच पर रोशनी शर्मा, कमला साहू और किरण गोस्वामी ने सावन स्पेशल एकल नृत्य प्रस्तुत किया, जिसे सभी ने खूब सराहा। कार्यक्रम में सावन विशेष व्यंजनों का भी आनंद लिया गया।

इस अवसर पर क्लब की चार्टर अध्यक्ष चन्दना चौधरी, पूर्व अध्यक्ष किरण गोस्वामी, अध्यक्ष सुधा पांडे, उपाध्यक्ष मृदुला घोष, सचिव तबस्सुम परवेज़, कोषाध्यक्ष रोशनी शर्मा, एवं सदस्य कमला साहू, अर्चना साह, सीमा कुमारी, रूही कुमारी, सुमन सोनी, रीना साह, गीता साह सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं। प्रीति शेखर भी विशेष रूप से शामिल हुईं।

कार्यक्रम ने सावन की उमंग और हरियाली तीज की परंपरा को नए उत्साह के साथ जीवंत कर दिया।

“भागलपुर सांसद की मेहनत रंग लाई – कटरिया में फिर से रुकेगी कैपिटल एक्सप्रेस”

0

भागलपुर: भागलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय कुमार मंडल के निरंतर प्रयासों से कटरिया रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13245/46 और 13247/48 (राजेन्द्र नगर टर्मिनल – कैपिटल एक्सप्रेस) का ठहराव 7 अगस्त 2025 से शुरू होने जा रहा है।

सांसद अजय मंडल इस मुद्दे को लंबे समय से विभिन्न मंचों पर उठा रहे थे। रेलवे अधिकारियों को पत्र लिखने से लेकर संसद और मंडल संसदीय समिति की बैठकों में इसे प्राथमिकता के साथ रखा गया। 5 मार्च 2025 को सोनपुर में हुई मंडल संसदीय समिति की बैठक में भी उन्होंने स्पष्ट कहा था कि कोरोना काल से पहले नवगछिया और कटरिया स्टेशनों पर जिन गाड़ियों का ठहराव था, उसे बंद कर देने से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है, जिसे पुनः बहाल किया जाना चाहिए।

रेलवे ने सांसद को लिखित रूप से सूचित किया है कि कैपिटल एक्सप्रेस का ठहराव कटरिया में 7 अगस्त से बहाल किया जाएगा। इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

सांसद अजय मंडल ने कहा –
“यह मेरी नैतिक और संवैधानिक जिम्मेदारी है कि मैं अपने क्षेत्र की जनता की आवाज़ हर मंच पर बुलंद करूँ। कटरिया स्टेशन पर ठहराव मिलने से लोगों की सुविधा बढ़ेगी और मैं रेलवे मंत्रालय का आभार व्यक्त करता हूँ। रेल सेवाओं के विस्तार के लिए मेरा प्रयास आगे भी जारी रहेगा।”

उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्थानीय जनता, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के सहयोग को देते हुए सभी का धन्यवाद किया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार संग्रहालय का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

0

पटना:  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बिहार संग्रहालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने संग्रहालय की विभिन्न दीर्घाओं का अवलोकन किया और वहां प्रदर्शित कलाकृतियों एवं विरासत को ध्यानपूर्वक देखा।

मुख्यमंत्री ने बहुउद्देश्यीय सभागार में इथोपिया, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका सहित अन्य देशों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी मुआयना किया। उन्होंने प्रदर्शनी के प्रबंधन और प्रस्तुति की सराहना करते हुए अधिकारियों को आगंतुकों के अनुभव को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

खगड़िया में महिला दारोगा और चौकीदार 20 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

0

खगड़िया/भागलपुर: खगड़िया जिले से एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। नगर थाना में पदस्थापित महिला दारोगा सीमा कुमारी और चौकीदार वीरू पासवान को निगरानी विभाग ने 20,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, बेगूसराय निवासी अनिल कुमार साह ने नगर थाना खगड़िया में एक मामला दर्ज कराया था। इस मामले की जांच कर रही दारोगा सीमा कुमारी ने चार्जशीट दाखिल करने और जांच आगे बढ़ाने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की।
पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर दारोगा और चौकीदार को रंगेहाथ दबोच लिया।

गिरफ्तारी के समय दारोगा सीमा कुमारी स्वास्थ्य कारणों से पटना में थीं, जबकि चौकीदार वीरू पासवान को भागलपुर व्यवहार न्यायालय में पेश किया गया है।
निगरानी विभाग पूरे मामले की तफ्तीश कर रहा है।

भागलपुर में युवा अभिव्यक्ति फोटोग्राफी कार्यशाला का सफल समापन, 12 अगस्त से मंच संचालन प्रशिक्षण

0

भागलपुर: कला, संस्कृति एवं युवा विभाग और जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय युवा अभिव्यक्ति फोटोग्राफी कार्यशाला का आज सफल समापन हुआ। समापन सत्र में वरिष्ठ कलाकार रंजन, वरिष्ठ फोटो पत्रकार शशि शंकर और नेचर फोटोग्राफर शैलेन्द्र कुमार ने स्लाइड शो प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को फोटोग्राफी के विविध आयामों से परिचित कराया।

श्री रंजन ने पुरानी फोटोग्राफी तकनीक, लेंस और कैमरों के प्रकार के साथ-साथ फोटोग्राफी की विभिन्न विधाओं पर अपने विचार साझा किए।
वरिष्ठ फोटो पत्रकार शशि शंकर ने फोटोग्राफी के चुनौतियों, पत्रकारिता में इसके भविष्य, दृष्टिकोण और संयोजन पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
वहीं, एडवेंचर एवं नेचर फोटोग्राफर श्री शैलेन्द्र कुमार ने नेचर, वाइल्ड लाइफ और टेक्निकल फोटोग्राफी पर विस्तार से चर्चा की।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने फोटोग्राफी से जुड़े करियर विकल्प, औपचारिक पढ़ाई, शोध और प्रकाशन के अवसरों के बारे में युवाओं को बताया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सरकारी नौकरियों से लेकर फ्रीलांसिंग और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं।

कार्यशाला श्रृंखला के अंतर्गत 12 से 14 अगस्त 2025 तक मंच संचालन कार्यशाला का आयोजन आम्रपाली कला प्रशिक्षण केंद्र, भागलपुर में होगा, जिसमें उद्घोषणा वाक् शैली और मंच संचालन के कौशल विशेषज्ञों द्वारा सिखाए जाएंगे।

भागलपुर में विधायक अजीत शर्मा के जन सेवा शिविर पर सवाल, आयोजन में अव्यवस्था और भीड़ से लोग परेशान

0

भागलपुर: भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक अजीत शर्मा द्वारा वार्ड संख्या 02 यतीमख़ाना और वार्ड संख्या 49 हरिजन टोला, काली स्थान में लगाए गए निःशुल्क जन सेवा शिविर का निरीक्षण किया गया। शिविर में वोटर आईडी सत्यापन, माई बहिन मान योजना पंजीकरण, आयुष्मान कार्ड और वृद्धापेंशन आवेदन जैसे कार्य किए जा रहे थे।

हालांकि, मौके पर पहुंचे लोगों का कहना है कि शिविर में अव्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की कमी साफ नजर आई। लंबी कतारों में खड़े होकर घंटों इंतजार करने के बावजूद कई लोग अपना काम नहीं करवा पाए। महिलाएं और बुजुर्ग धूप में खड़े होकर परेशान हुए, लेकिन व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त कर्मी मौजूद नहीं थे।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आयोजन में राजनीतिक दिखावा ज्यादा और वास्तविक सुविधा कम थी। वार्ड पार्षदों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बावजूद, भीड़ नियंत्रित करने और त्वरित सेवा देने में विफलता रही। कई लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

जनता ने मांग की है कि ऐसे शिविरों में भीड़ प्रबंधन, पर्याप्त स्टाफ और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि सुविधा वास्तव में ज़रूरतमंदों तक पहुंच सके, न कि केवल एक राजनीतिक मंच बनकर रह जाए।

सुल्तानगंज नगर परिषद की बजट बैठक में हंगामा, जलजमाव मुद्दे पर वार्ड पार्षदों में तीखी नोकझोंक

0

सुल्तानगंज: नगर परिषद सुल्तानगंज में बुधवार को आम बजट को लेकर आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक में वार्ड पार्षदों और आम जनता ने शहर में व्याप्त जलजमाव की समस्या को लेकर नगर परिषद प्रशासन को घेर लिया।

बैठक के दौरान वार्ड पार्षदों और सभापति राज कुमार गुड्डू तथा उपसभापति नीलम देवी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया और अंततः आम बजट पारित नहीं हो सका।

सूत्रों के अनुसार, वार्ड पार्षदों ने आरोप लगाया कि बारिश के मौसम में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं, सभापति और उपसभापति ने एक-दूसरे पर काम में लापरवाही और विकास योजनाओं के अटकने के आरोप लगाए।

बैठक में मौजूद कई वार्ड पार्षदों ने मांग की कि बजट पारित करने से पहले जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए। हालांकि, आपसी विवाद और माहौल में तनाव के चलते बैठक बिना किसी निर्णय के समाप्त हो गई।

भारत के हथकरघा: विरासत बुनते हुए, भविष्य को सशक्त बना रहे हैं

0

नई दिल्ली: हर साल 7 अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस भारत की सांस्कृतिक और आर्थिक धरोहर के संरक्षण का प्रतीक बनकर आता है। यह दिन 1905 के स्वदेशी आंदोलन की याद दिलाता है, जब हाथ से बुना कपड़ा केवल वस्त्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, प्रतिरोध और सांस्कृतिक पहचान का सशक्त प्रतीक था।

माननीय वस्त्र राज्य मंत्री श्री पबित्रा मार्गेरिटा के अनुसार, आज हथकरघा क्षेत्र देशभर में 35 लाख से अधिक बुनकरों और श्रमिकों को रोजगार देता है, जिनमें 72% महिलाएं हैं। असम के मुगा रेशम से लेकर बनारसी और कांजीवरम साड़ियों तक, भारत की हथकरघा परंपरा विश्वभर में अपनी विविधता और गुणवत्ता के लिए प्रसिद्ध है।

पूर्वोत्तर भारत इस क्षेत्र का अहम केंद्र है, जहाँ देश के कुल हथकरघा श्रमिकों में से 52% रहते हैं। सरकार आदिवासी बुनाई को बढ़ावा देने, हथकरघा पर्यटन, निर्यात और युवाओं के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। राष्ट्रीय हथकरघा विकास कार्यक्रम (एनएचडीपी) और कच्चा माल आपूर्ति योजना (आरएमएसएस) के माध्यम से सूत की आपूर्ति से लेकर आधुनिक उपकरणों तक की सुविधा दी जा रही है।

तकनीकी नवाचार में भी हथकरघा क्षेत्र कदम से कदम मिला रहा है। एआई आधारित डिज़ाइन पूर्वानुमान, ब्लॉकचेन द्वारा प्रामाणिकता प्रमाणन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे indiahandmade.com से बुनकरों को वैश्विक बाजार से जोड़ा जा रहा है। अब तक 106 हथकरघा उत्पाद जीआई टैग प्राप्त कर चुके हैं, जो उनकी अनूठी क्षेत्रीय पहचान को मजबूत करते हैं।

स्थायित्व और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए, पर्यावरण-अनुकूल रंग, कार्बन-न्यूट्रल उत्पादन और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। आईआईटी दिल्ली के सहयोग से कार्बन उत्सर्जन आकलन पर विस्तृत अध्ययन भी जारी किया गया है।

सरकार का लक्ष्य है कि हथकरघा न केवल सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षक बने, बल्कि 2047 तक विकसित भारत की आर्थिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण स्तंभ भी साबित हो। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आह्वान किया है – “हथकरघा को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और इसे वह सम्मान दें, जिसका यह हकदार है।”

भागलपुर में संभावित वीवीआईपी विजिट को लेकर डीएम और एसएसपी ने स्थलों का किया निरीक्षण

0

भागलपुर: भागलपुर में संभावित वीवीआईपी विजिट को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। बुधवार को जिलाधिकारी सह जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भागलपुर हवाई अड्डा परिसर, तिलकामांझी चौक और तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के प्लेग्राउंड का मुआयना किया। इन स्थानों पर वीवीआईपी आगमन के समय सुरक्षा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और अन्य तैयारियों का बारीकी से आकलन किया गया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार सहित कई संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वीवीआईपी विजिट के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं।

महामहिम राष्ट्रपति के संभावित दौरे को लेकर टीएमबीयू में जिला प्रशासन की सक्रियता, सुरक्षा और तैयारियों की समीक्षा

0

भागलपुर: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे महामहिम राष्ट्रपति के संभावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन ने संयुक्त रूप से उच्च स्तरीय निरीक्षण किया। इस दौरान कुलपति, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान प्रतिमा स्थल सहित विश्वविद्यालय के प्रमुख स्थानों की सुरक्षा, स्वागत कार्यक्रम, मार्ग व्यवस्था और अन्य तैयारियों का गहन जायजा लिया गया। कुलपति ने कहा कि राष्ट्रपति का आगमन विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है और इसे पूरी गरिमा व अनुशासन के साथ आयोजित किया जाएगा।

अधिकारियों ने गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर पर भी चिंता व्यक्त की, जो प्रशासनिक भवन के नजदीक तक पहुंच सकता है। इस स्थिति से निपटने के लिए जिला और विश्वविद्यालय प्रशासन ने मिलकर आवश्यक पूर्व तैयारियों पर जोर दिया।

निरीक्षण में राष्ट्रपति की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया गया। प्रवेश और निकास मार्ग, मंच, अतिथि कक्ष, प्रेस प्रतिनिधियों की व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात नियंत्रण, एंबुलेंस और अग्निशमन की उपलब्धता जैसे बिंदुओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। परिसर में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और अस्थायी नियंत्रण कक्ष स्थापित करने की योजना पर भी चर्चा हुई।

कुलपति ने कहा, “यह अवसर हमारे लिए सम्मानजनक है और हमारी जिम्मेदारी है कि सारी तैयारियां समय पर और बेहतर तरीके से पूरी की जाएं।” हालांकि कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन संभावित तिथि को ध्यान में रखते हुए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जिला प्रशासन जल्द ही कार्यक्रम की रूपरेखा जारी करेगा।