Home Blog Page 331

उप विकास आयुक्त ने बैजलपुर पंचायत में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाई और प्रखंड पुस्तकालय का किया लोकार्पण

0

Bhagalpur News: स्वच्छता और शिक्षा की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाने की एक और पहल करते हुए भागलपुर जिले के उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह (भा.प्र.से.) ने शुक्रवार को सबौर प्रखंड के बैजलपुर पंचायत में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने पहले ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (Waste Processing Unit) का लोकार्पण किया, जो पंचायत स्तर पर उत्पन्न कचरे के वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

इस अवसर पर उन्होंने कहा,

“ग्रामीण स्वच्छता केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि जीवनशैली बननी चाहिए। बैजलपुर की यह पहल अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत है।“

इसके उपरांत उन्होंने प्रखंड परिसर, सबौर में नव-निर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन किया। यह पुस्तकालय ग्रामीण युवाओं के लिए शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और बौद्धिक विकास का केंद्र बनेगा। पुस्तकालय को एक सांस्कृतिक और शैक्षणिक केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा।

उप विकास आयुक्त ने मौके पर स्वच्छता कर्मियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश भी दिए। उन्होंने पंचायत भ्रमण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था और कचरा निपटान की स्थिति का मूल्यांकन भी किया।

उन्होंने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDOs) को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर कम से कम एक सामुदायिक परिसंपत्ति (Community Asset) का निर्माण सुनिश्चित करें। यह परिसंपत्ति शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जल संरक्षण या किसी भी जनोपयोगी क्षेत्र से संबंधित हो सकती है।

उप विकास आयुक्त ने कहा,

“पुस्तकालय जैसी नवाचारपूर्ण पहलें पंचायतों में सामुदायिक विकास की दिशा में एक ठोस कदम हैं, जिनका अनुकरण अन्य पंचायतों को भी करना चाहिए।“

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने पंचायत स्तर पर सुशासन और नवाचार की दिशा में एक प्रेरणादायक संदेश दिया।

डीएम ने जन-जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक टीम को दिखाई हरी झंडी

0

Bhagalpur News: श्रमिकों के कल्याण हेतु चल रही योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए भागलपुर जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने आज श्रम संसाधन विभाग के तत्वावधान में गठित नुक्कड़ नाटक टीम को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न स्थलों के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, श्रम अधीक्षक (योजना-सह-बोर्ड एवं अधिनियम) सहित कई अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे। नुक्कड़ नाटक की इस पहल के लिए दरोगा प्रसाद राय महिला प्रशिक्षण एवं औद्योगिक केन्द्र को कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में चयनित किया गया है। यह टीम बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत कार्य कर रही है।

दस सदस्यीय टीम जिले के प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों जैसे भागलपुर जंक्शन, तिलकामांझी चौक, जीरोमाइल चौक, सबौर, अकबरनगर रेलवे स्टेशन, सुलतानगंज रेलवे स्टेशन तथा विभिन्न प्रखंड कार्यालयों में अपनी प्रस्तुतियां देगी।

इन नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से निर्माण श्रमिकों को निबंधन के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे वे श्रमिक कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठा सकें। इनमें शामिल हैं:

  • विवाह सहायता: ₹50,000
  • नकद पुरस्कार: ₹10,000 से ₹25,000
  • मातृत्व एवं पितृत्व लाभ
  • साइकिल व औजार क्रय हेतु अनुदान
  • आकस्मिक मृत्यु पर सहायता राशि: स्वाभाविक मृत्यु पर ₹2 लाख एवं दुर्घटनावश मृत्यु पर ₹4 लाख

यह जागरूकता अभियान 23 मई से 10 जून 2025 तक पूरे जिले में चलाया जाएगा, ताकि श्रमिक समुदाय सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उन्हें वास्तविक लाभ उठा सके।

जिला प्रशासन का मानना है कि ऐसे सांस्कृतिक माध्यमों से जनजागरूकता का प्रसार अधिक प्रभावी होता है और योजनाओं की पहुँच आम जनता तक तेजी से संभव होती है।

महिला संवाद में गूँज रही है महिलाओं की आवाज, सुन रही है सरकार

0

Bhagalpur News: बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से चलाए जा रहे महिला संवाद कार्यक्रम को ज़िले में जबरदस्त सफलता मिल रही है। बीते 35 दिनों से लगातार आयोजित हो रहे इन कार्यक्रमों में अब तक कुल 2 लाख 45 हजार से अधिक लोग भाग ले चुके हैं, जिनमें 2 लाख 28 हजार महिलाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने खुलकर अपनी बातें रखीं और विकास की दिशा में अपनी आकांक्षाओं को साझा किया। गांवों में बेहतर बुनियादी सुविधाओं, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर, तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की माँग प्रमुख रूप से सामने आई है।

अब तक 1,065 ग्राम संगठनों में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रमों में 19,722 आकांक्षाओं को संकलित किया गया है। इन आकांक्षाओं को विभागवार वर्गीकृत कर संबंधित विभागों को कार्यान्वयन के लिए भेजा गया है, ताकि ज़मीनी स्तर पर इन मांगों को अमल में लाया जा सके।

कार्यक्रम के तहत संवाद रथ के माध्यम से महिलाओं को बिहार सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इन फिल्मों के माध्यम से महिलाएं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर रही हैं और लाभ उठाने की दिशा में सजग हो रही हैं।

जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम न केवल महिलाओं की भागीदारी बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम हैं।

भारत की कार्रवाई का असर साफ दिखता है, शाहिद अफरीदी को सौरभ तिवारी का करारा जवाब

0

Bihar News: झारखंड क्रिकेट बोर्ड के नए अध्यक्ष और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने एक बार फिर अपनी साफगोई से चर्चा बटोरी है। भागलपुर दौरे पर आए सौरभ तिवारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के विवादास्पद बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

अफरीदी के भारत विरोधी बयान पर जवाब देते हुए तिवारी ने कहा, “पाकिस्तान का वही हाल है जो कहावत में कहा गया है — गरजता है, पर बरसता नहीं है। लेकिन भारत जब बरसता है, तो उसका असर पूरी दुनिया देखती है।”

उन्होंने भारत सरकार द्वारा हाल ही में किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ज़िक्र करते हुए कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह सटीक, प्रभावशाली और जरूरी थी। उन्होंने दो टूक कहा कि भारत सरकार दिखावे में विश्वास नहीं रखती — जब भी जवाब देती है, वह सीधा और असरदार होता है।

क्रिकेटर सौरभ तिवारी पहुंचे भागलपुर, निभाया दोस्ती का वादा – शहवाज नदीम के सैलून में ली सर्विस, फैंस में दिखा उत्साह

0

Bhagalpur News: भागलपुर ,शहर के महात्मा गांधी पथ स्थित ‘बेला एंड कैन सैलून’ में शुक्रवार को एक खास नज़ारा देखने को मिला, जब टीम इंडिया के जाने-माने क्रिकेटर सौरभ तिवारी वहां पहुंचे। उन्होंने यहां न सिर्फ हेयरकट और फेस वॉश की सेवा ली, बल्कि सैलून की प्रोफेशनल सर्विस की जमकर तारीफ भी की।

यह सैलून सौरभ तिवारी के करीबी दोस्त और क्रिकेटर शहवाज नदीम का है। सौरभ ने पहले ही वादा किया था कि जब भी भागलपुर आएंगे, तो अपने दोस्त के सैलून में जरूर आएंगे। उन्होंने आज उस वादे को निभाकर अपनी दोस्ती की एक खूबसूरत मिसाल पेश की।

सैलून में मौजूद लोगों के लिए यह एक यादगार दिन बन गया। जैसे ही लोगों को सौरभ तिवारी के आने की खबर मिली, सैलून में फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए।

शहवाज नदीम के भाई अरमान खान ने बताया कि सौरभ तिवारी की पत्नी भी सैलून की सर्विस से बेहद खुश थीं। उन्होंने कहा, “हमारे लिए यह गर्व की बात है कि इतने बड़े खिलाड़ी हमारे पास आए और उन्होंने हमारी सेवा को सराहा।”

सौरभ तिवारी की यह दोस्ती निभाने की मिसाल अब भागलपुर में चर्चा का विषय बन गई है। यह मुलाकात ना सिर्फ उनके दोस्त के लिए खास रही, बल्कि भागलपुरवासियों के लिए भी एक यादगार अनुभव बन गया।

आयुष्मान कार्ड हेतु 26-28 मई को पंचायत स्तर पर मेगा कैंप

0

Bhagalpur News: जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा भवन, भागलपुर में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें 26, 27 एवं 28 मई 2025 को पंचायतों में आयुष्मान कार्ड निर्माण हेतु मेगा शिविर आयोजन की योजना बनाई गई।

  • लाभार्थियों की सूची प्रखंड एवं पंचायतवार पहले ही उपलब्ध कराई जा चुकी है।
  • प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवश्यक कर्मी, डाटा एंट्री ऑपरेटर तथा नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का निर्देश।
  • शिविर स्थलों का चयन स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सलाह से किया जाएगा।
  • जीविका दीदी, आशा, विकास मित्र, रोजगार सेवक, डीलर एवं वीएलई प्रेरक की भूमिका निभाएंगे।
  • चिन्हित लाभार्थियों को घर से लाकर शिविर स्थल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी इन्हीं प्रेरकों की होगी।
  • वरिष्ठ नागरिकों को निर्देश दिया गया कि वे अंगूठा व चेहरा साफ करके शिविर में आएं ताकि बायोमेट्रिक में परेशानी न हो।


भागलपुर जिले में कुल 2 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हैं।
प्रत्येक पंचायत को 1500 कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिनके नाम सूची में नहीं हैं, उन्हें बाद में अवसर दिया जाएगा।

इस मौके पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता दिनेश राम, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

स्मार्ट सिटी भागलपुर की प्रबंध निदेशक डॉ. प्रीति को दी गई विदाई

0

Bhagalpur News: स्मार्ट सिटी भागलपुर परियोजना की प्रबंध निदेशक डॉ. प्रीति को आज एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों और परियोजना से जुड़े तमाम सदस्यों ने भाग लिया और उनके अब तक के योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर सभी ने डॉ. प्रीति को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और स्मार्ट सिटी योजना में उनकी भूमिका की सराहना की। उनके नेतृत्व में परियोजना ने कई महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किए।
डॉ. प्रीति ने अपने संबोधन में स्मार्ट सिटी से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे संचालन एवं अनुरक्षण (Operation & Maintenance) के कार्यों को प्रभावशाली और समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने विशेष रूप से गुणवत्ता बनाए रखने और कार्यों को पारदर्शिता के साथ संपन्न करने पर बल दिया।


डॉ. प्रीति ने अपने संबोधन में स्मार्ट सिटी से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे संचालन एवं अनुरक्षण (Operation & Maintenance) के कार्यों को प्रभावशाली और समयबद्ध तरीके से पूरा करें। उन्होंने विशेष रूप से गुणवत्ता बनाए रखने और कार्यों को पारदर्शिता के साथ संपन्न करने पर बल दिया।

उन्होंने भैरवा तालाब परियोजना को शीघ्रता से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि इससे स्थानीय नागरिकों को अधिकतम लाभ मिल सके और शहर के सौंदर्यीकरण में भी योगदान हो।

विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारी को लेकर समीक्षा भवन में अहम बैठक

0

Bhagalpur News: आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर समीक्षा भवन, भागलपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की। बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) और अन्य संबंधित पदाधिकारी ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित रहे।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी  श्वेता कुमारी ने निर्वाचन संबंधी तकनीकी बिंदुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि ERO और AERO की अद्यतन सूची निर्वाचन आयोग को भेजनी है। जिन पदाधिकारियों का तबादला हो चुका है, उनके स्थान पर नए अधिकारियों को अधिसूचित करने का निर्देश दिया गया।

मुख्य निर्देश और निर्णय:

  • नवनियुक्त शिक्षकों का डेटा जल्द से जल्द NIC, भागलपुर को भेजा जाए ताकि चुनाव ड्यूटी के लिए डेटा बेस तैयार किया जा सके।
  • चुनाव ड्यूटी मानदेय संबंधित कर्मियों के वेतन खाते में सीधे ट्रांसफर किया जाएगा। यदि किसी प्रकार का खाता परिवर्तन आवश्यक हो, तो वह शीघ्रता से किया जाए।
  • केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (CPMF) के आवासन स्थल की समीक्षा कर, आवश्यकता अनुसार परिवर्तन किया जाए।
  • सभी मतदान केंद्रों पर AMF (Assured Minimum Facilities) की व्यवस्था सुनिश्चित हो। इसके लिए BLO सुपरवाइजरों से रिपोर्ट ली जाए।
  • दिव्यांग मतदाताओं की सूची अद्यतन की जाए और 40% अधिक व्हीलचेयर की व्यवस्था पहले से कर ली जाए।
  • मतदान केंद्रों तक पहुंच के रास्तों (पहुंच पथ) का आकलन हो, जहां आवश्यकता हो वहां ग्रामीण कार्य विभाग को सूचित किया जाए।
  • जिन मतदान केंद्रों पर पिछली बार मतदान प्रतिशत कम रहा, उसके कारणों की जांच हेतु संबंधित SDO को निर्देश दिया गया है।

इस बैठक में उप विकास आयुक्त  प्रदीप कुमार सिंह, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, अपर समाहर्ता  दिनेश राम, सभी बीडीओ, मुखिया प्रतिनिधि और अन्य संबंधित पदाधिकारी ऑनलाइन उपस्थित रहे।

भागलपुर के शहीद संतोष कुमार यादव को अंतिम सलामी, बिहार सरकार ने परिजनों को सौंपा 21 लाख का चेक

0

Bhagalpur News: देश की रक्षा करते हुए जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में शहीद हुए भागलपुर के वीर सपूत संतोष कुमार यादव को पूरे जिले ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। उनकी शहादत से जहां क्षेत्र में शोक की लहर है, वहीं देश के लिए बलिदान देने पर गर्व भी है।

शहीद संतोष कुमार यादव की वीरता को सम्मान देते हुए बिहार सरकार ने उनके परिजनों को ₹21 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस संबंध में भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जानकारी दी कि सरकार की ओर से यह सहायता राशि का चेक शहीद के परिवार को सौंपा गया है।

डॉ. चौधरी ने कहा कि यह सहायता सरकार की संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाती है, जो शहीदों और उनके परिजनों के सम्मान में सदैव तत्पर है।

शहीद संतोष यादव की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग उमड़े और “अमर रहे शहीद संतोष यादव” के नारों से वातावरण गूंज उठा। लोगों ने फूलों से श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी।: डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि शहीद संतोष कुमार यादव ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। यह राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। सरकार उनके परिवार के साथ खड़ी है।”

भागलपुर में 27 से 29 मई तक लगेगा आयुष्मान कार्ड कैंप, जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

0

Bhagalpur News: जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत 27 से 29 मई तक विशेष आयुष्मान कार्ड कैंप लगाए जाएंगे। इस संबंध में आज भागलपुर के समीक्षा भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कैंप के आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ मिले। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे इन कैंपों में जाकर अपना आयुष्मान कार्ड जरूर बनवाएं, ताकि जरूरत के समय उन्हें देश के किसी भी अस्पताल में 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सके।

बैठक में कहलगांव के एसडीएम धनंजय कुमार समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को कैंप के प्रचार-प्रसार और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। : डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना एक जनकल्याणकारी पहल है। मैं जिलेवासियों से अनुरोध करता हूँ कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपना आयुष्मान कार्ड जरूर बनवाएं।”