Home Blog Page 332

भागलपुर सदर अस्पताल में मॉडल लेबर वार्ड का उद्घाटन, प्रसूताओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

0

Bhagalpur News: भागलपुर के सदर अस्पताल में आज मॉडल लेबर वार्ड का उद्घाटन किया गया। इस अत्याधुनिक वार्ड का शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, अस्पताल प्रभारी डॉ. राजू एवं अस्पताल प्रबंधक आशुतोष कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद सिविल सर्जन को अस्पताल प्रभारी द्वारा नए लेबर वार्ड की सभी सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। बताया गया कि इस मॉडल वार्ड की शुरुआत से अब प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें पहले जैसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

गौरतलब है कि पहले प्रसव के दौरान मरीजों को एक वार्ड से दूसरे वार्ड में भेजा जाता था, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस नई पहल से स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद की जा रही है।

नक्सलियों ने पंचायत समिति सदस्य पवन कुमार यादव से मांगी 10 लाख की रंगदारी, न देने पर दी जान से मारने की धमकी

0

Bihar News: भागलपुर जिले के असरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमैठा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य पवन कुमार यादव से नक्सलियों द्वारा 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।

पवन कुमार यादव ने बताया कि गुरुवार सुबह वे अपनी बच्ची की परीक्षा दिलाने भागलपुर गए थे। दोपहर लगभग दो बजे जब वे घर लौटे और दरवाजा खोला तो उन्हें एक चिट्ठी मिली। चिट्ठी में “लाल सलाम” लिखते हुए नक्सलियों ने 10 लाख रुपये की मांग की है और राशि 30 तारीख तक काली पहाड़ी, जमालपुर पहुंचाने को कहा गया है।

चिट्ठी में यह भी धमकी दी गई है कि यदि राशि नहीं दी गई तो उनके पिता और पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी।

घटना की सूचना मिलते ही असरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों की तलाश में जुटी है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पंचायत समिति सदस्य और उनके परिवार में घटना के बाद से दहशत का माहौल है। प्रशासन से उन्होंने सुरक्षा की मांग की है।

दिल्ली सड़क हादसे में बिहार के चार लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मर्माहत, परिजनों को मिलेगा 2-2 लाख रुपये की सहायता

0

Bihar News:  दिल्ली के द्वारिका सेक्टर-23 में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार के गया जिले के रहने वाले चार लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया।

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक को 2-2 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, अन्य विभागों द्वारा अनुमन्य सभी सहायता राशियाँ भी आश्रित परिवारों को प्रदान की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने इस दुःखद अवसर पर शोक संतप्त परिवारों को ईश्वर से धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मृतकों के पार्थिव शरीर को उनके मूल निवास स्थान तक सम्मानपूर्वक पहुंचाया जाए।

इसके लिए मुख्यमंत्री ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को आदेश दिया है कि वे दिल्ली सरकार से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रबंध करें। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।

शहीद संतोष यादव को श्रद्धांजलि देने नवगछिया पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, परिजनों से की मुलाकात

0

Bhagalpur News: बिहार के इस्माईलपुर भिट्ठा गांव में देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद संतोष यादव को श्रद्धांजलि देने गुरुवार की देर शाम नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पहुंचे। शहीद के घर पहुंचकर तेजस्वी यादव ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया।

तेजस्वी यादव ने शहीद की मां और पत्नी से मुलाकात कर परिवार की स्थिति और जरूरतों की जानकारी ली। मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि शहीद संतोष यादव की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राजद परिवार शहीद के परिवार के साथ हमेशा खड़ा रहेगा।

तेजस्वी यादव ने अपने पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के निर्देश का हवाला देते हुए कहा, “लालू जी ने कहा है कि बिहार में जहां-जहां शहीद हुए हैं, वहां जाकर उनके परिजनों से मिलो और उनका दर्द समझो।”

नेता प्रतिपक्ष ने बिहार सरकार से मांग की कि इस्माईलपुर भिट्ठा गांव को जोड़ने वाली सड़क की स्थिति अत्यंत दयनीय है, जिसे अविलंब दुरुस्त किया जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी मांग रखी कि उस सड़क का नाम शहीद संतोष यादव के नाम पर रखा जाए।

तेजस्वी यादव ने सरकार से यह भी अपील की कि शहीद संतोष यादव के परिवार में से किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, और सरकार द्वारा घोषित 50 लाख रुपये की सहायता राशि को तुरंत परिजनों तक पहुंचाया जाए।

शहीद संतोष कुमार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई, गांव में गमगीन माहौल

0

Bhagalpur News:   देश की रक्षा करते हुए जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले में शहीद हुए इस्माइलपुर अंचल के बिहटा इस्माइलपुर गांव निवासी वीर जवान संतोष कुमार को आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। शहीद का पार्थिव शरीर जब तिरंगे में लिपटा गांव पहुंचा, तो पूरा इलाका गम और गर्व के भाव से भर उठा।

दोपहर करीब 1 बजे उनके पैतृक गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया। इसके बाद सशस्त्र बलों के जवानों ने अंगी भूत सैन्य रीति-नीति के अनुसार फायरिंग कर सलामी दी।

अंतिम संस्कार के समय पूरा गांव शोकाकुल था, लेकिन हर किसी की आंखों में देश के इस वीर सपूत के प्रति गर्व भी झलक रहा था। गांव से लेकर जिला प्रशासन तक सभी ने शहीद के बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर नवगछिया की पुलिस अधीक्षक सुश्री प्रेरणा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी  ऋतुराज प्रताप सिंह, और प्रखंड के अन्य पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

शहीद संतोष कुमार की बहादुरी और देशभक्ति हमेशा युवाओं को प्रेरित करती रहेगी। बिहार के भागलपुर ज़िले ने एक और सपूत को देश के नाम समर्पित कर दिया।

भागलपुर को मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत दो नए प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियम की सौगात

0

Bhagalpur News: खेल प्रेमियों के लिए एक खुशखबरी है। बिहार सरकार के खेल विभाग द्वारा मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत भागलपुर के दो और प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई है। अब खरीक प्रखंड के उच्च विद्यालय, खरीक और इस्माइलपुर प्रखंड के परबता क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त आउटडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

इन स्टेडियमों के निर्माण पर लगभग दो-दो करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। स्टेडियम में दर्शक दीर्घा, चारों ओर चहारदीवारी, दो व्हीकल गेट, महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए पृथक चेंजिंग रूम, टॉयलेट ब्लॉक, समरसेबल पानी टंकी युक्त नल, बिजली कनेक्शन, वायरिंग, पंखा और पवेलियन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने जानकारी दी कि इन दो स्वीकृतियों के साथ ही भागलपुर जिले के 15 प्रखंडों में स्टेडियम निर्माण का लक्ष्य पूरा हो गया है। इसके अलावा नारायणपुर प्रखंड के उच्च विद्यालय नागर में भी स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव भेजा गया है, जिसकी स्वीकृति अगले सप्ताह तक मिलने की संभावना जताई जा रही है।

अपर मुख्य सचिव, खेल विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार, पूर्व में निर्मित स्टेडियमों में खेल गतिविधियों को सक्रिय रूप से संचालित करने का निर्देश सभी जिला खेल पदाधिकारियों को दिया गया है। इन गतिविधियों का संचालन संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक के नेतृत्व में किया जाएगा।

इस पहल से भागलपुर जिले में युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा मिलेगा, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

।

शारदीय खरीफ महाभियान 2025 का भव्य शुभारंभ, किसानों की आय और उत्पादकता बढ़ाने पर ज़ोर

0

Bhagalpur News:  शारदीय खरीफ महाभियान 2025 के अंतर्गत कृषि क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत करते हुए भागलपुर में कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम कृषि भवन परिसर में संपन्न हुआ, जिसकी मेज़बानी कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (ATMA) ने की। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देना, फसल उत्पादन को वैज्ञानिक पद्धतियों से बढ़ाना और किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।

उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने अपने संबोधन में कहा, “ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से हम यह विश्लेषण कर सकते हैं कि कौन-सी फसल में अधिक उत्पादकता की संभावना है और किस प्रकार किसानों की आमदनी को बढ़ाया जा सकता है। भागलपुर की मिट्टी सब्जी और मक्का उत्पादन के लिए अत्यंत उपयुक्त है, जिसे और विकसित करने की आवश्यकता है।”

इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान शामिल हुए। किसानों को आधुनिक खेती, फसल प्रबंधन और विपणन की नवीनतम तकनीकों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

बिहार सरकार की बड़ी पहल: मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना के तहत 16,100 किसानों को मिला 91.91 करोड़ रुपये का अनुदान

0

Bihar News:  बिहार सरकार के लघु जल संसाधन विभाग द्वारा सात निश्चय-2 के महत्वपूर्ण घटक “हर खेत तक सिंचाई का पानी” को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना का प्रभावशाली क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत राज्यभर के किसानों को निजी नलकूप अधिष्ठापन के लिए अनुदान प्रदान किया जा रहा है, जिससे खेतों तक सुचारू सिंचाई सुनिश्चित की जा सके।

विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अब तक 16,100 किसानों को कुल 91.91 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का वितरण किया जा चुका है। योजना के तहत कुल 35,000 निजी नलकूपों की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित है, जिससे लगभग 1.75 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा से जोड़ा जाएगा।

अब तक की उपलब्धियाँ:

  • 23,397 किसानों ने नलकूप अधिष्ठापित कर ऑनलाइन पोर्टल पर दावा प्रस्तुत कर दिया है।
  • इससे 1,16,985 हेक्टेयर भूमि में सिंचाई क्षमता विकसित की गई है।
  • अनुदान वितरण प्रक्रिया तेजी से जारी है, जबकि शेष दावों की स्थल जांच की जा रही है।

विभाग ने उन किसानों से विशेष रूप से आग्रह किया है, जिन्होंने अभी तक दावा प्रस्तुत नहीं किया है, कि वे त्वरित रूप से ऑनलाइन दावा करें ताकि उन्हें अनुदान का लाभ समय पर मिल सके। इसके लिए विभाग द्वारा व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

महत्वपूर्ण सूचना:
जिन किसानों के आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं, वे नलकूप की स्थापना के पश्चात संबंधित दस्तावेजों के साथ mwrd.bihar.gov.in पर जाकर अनुदान हेतु दावा अपलोड कर सकते हैं।

प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने संभाला नालंदा विश्वविद्यालय के कुलपति का दायित्व, कहा – “नालंदा को बनाएंगे वैश्विक बौद्धिक केंद्र”

0

Bihar News: प्रसिद्ध अर्थशास्त्री और नीति विश्लेषक प्रोफेसर सचिन चतुर्वेदी ने नालंदा विश्वविद्यालय के नए कुलपति के रूप में अपना कार्यभार औपचारिक रूप से ग्रहण कर लिया है। कार्यभार ग्रहण समारोह में विश्वविद्यालय के अंतरिम कुलपति प्रो. अभय के. सिंह, फैकल्टी सदस्य और शोधार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने प्रो. चतुर्वेदी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रो. चतुर्वेदी ने नालंदा विश्वविद्यालय के ध्येय वाक्य “अनो भद्राः क्रतवो यन्तु विश्वतः” का उल्लेख करते हुए कहा, “यह मंत्र हमें वैश्विक दृष्टिकोण अपनाते हुए भारतीय बौद्धिक परंपरा को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। नालंदा की परंपरा सदैव समावेशी संवाद, वैश्विक दृष्टि और विद्वत्ता की संवाहक रही है।”

प्रो. चतुर्वेदी वर्तमान में दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित थिंक-टैंक RIS (रिसर्च एंड इन्फॉर्मेशन सिस्टम फॉर डेवलपिंग कंट्रीज) के महानिदेशक हैं। डेवलपमेंट इकोनॉमिक्स, दक्षिण-दक्षिण सहयोग और नीति निर्माण के क्षेत्र में उनका व्यापक योगदान रहा है। वे भारतीय रिजर्व बैंक के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने 22 से अधिक पुस्तकें लिखी हैं और NeST व FIDC जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों की स्थापना कर भारत की बौद्धिक उपस्थिति को वैश्विक स्तर पर सशक्त किया है।

प्रो. चतुर्वेदी ने नालंदा विश्वविद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा, “हाल के वर्षों में नालंदा ने एक विशिष्ट शैक्षणिक संस्थान के रूप में पहचान बनाई है। यहाँ का उत्कृष्ट अकादमिक वातावरण विद्यार्थियों के समग्र बौद्धिक विकास के लिए अनुकूल है।”

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया नालंदा यात्रा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि, “यह यात्रा विश्वविद्यालय की दिशा को नई ऊर्जा देने वाली रही है और यह दर्शाती है कि नालंदा की ऐतिहासिक विरासत आज भी प्रेरणास्रोत बनी हुई है, विशेषकर एशिया के परिप्रेक्ष्य में।”

प्रो. चतुर्वेदी ने कहा कि वह शिक्षा की परिवर्तनकारी शक्ति में विश्वास रखते हैं और अपने अनुभवों के आधार पर भारतीय ज्ञान परंपरा को समाजोपयोगी बनाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा, “नालंदा के पुनरुत्थान में योगदान देना मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। मैं सभी के साथ मिलकर कार्य करने के लिए उत्सुक हूं और आश्वस्त हूं कि हमारे सामूहिक प्रयासों से नालंदा वैश्विक विमर्शों का सशक्त केंद्र बनकर उभरेगा।।

प्रधानमंत्री ने देशभर के 103 अमृत रेलवे स्टेशनों का किया उद्घाटन, भागलपुर का पीरपैंती स्टेशन भी शामिल

0

Bhagalpur News:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजस्थान के बीकानेर से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 103 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक मौके पर बिहार के भागलपुर जिले का पीरपैंती रेलवे स्टेशन भी शामिल रहा, जिसे 18.93 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।

इन स्टेशनों के विकास पर कुल 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है और ये 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 86 जिलों में फैले हुए हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित ये स्टेशन न केवल यात्री सुविधाओं को बढ़ाएंगे बल्कि स्थानीय पहचान और सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजेंगे।

पीरपैंती स्टेशन की खासियतें:

  • आधुनिक प्रतीक्षालय और कार्यकारी लाउंज
  • महिलाओं के लिए विश्राम कक्ष
  • आकर्षक प्रवेश द्वार और भव्य फुट ओवर ब्रिज
  • इनडोर और आउटडोर डिजिटल डिस्प्ले स्क्रीन
  • अत्याधुनिक साइनेज सिस्टम
  • दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधा
  • स्थानीय कला और ऐतिहासिक विरासत से प्रेरित वास्तुशिल्प डिज़ाइन

प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को इस अवसर पर बधाई देते हुए कहा, “ये स्टेशन नए भारत के विकास की बुनियाद हैं। इससे न सिर्फ यात्रियों को विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा, बल्कि यह स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी बढ़ावा देगा।”

पीरपैंती स्टेशन के कायाकल्प के बाद स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। लोग स्टेशन के नए रूप को देखकर गर्व महसूस कर रहे हैं और इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ा उपहार मान रहे हैं।