Home Blog Page 330

भागलपुर में रंगदारी नहीं देने पर अंधाधुंध फायरिंग, पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल, एक आरोपी गिरफ्तार

0

Crime News: बिहार के भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानीसराय गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब आधा दर्जन से अधिक अपराधियों ने रंगदारी नहीं देने और पुरानी रंजिश के चलते अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस वारदात में गांव निवासी मुनिलाल मंडल और उनकी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साहस का परिचय देते हुए एक हमलावर को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके से पुलिस को 10 जिंदा कारतूस और एक देसी कट्टा बरामद हुआ है।

घायल मुनिलाल मंडल की पत्नी शीला देवी ने बताया कि यह हमला पुरानी दुश्मनी का नतीजा है। उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले सरस्वती पूजा के दौरान उनके छोटे भाई के साथ गांव के अंता मंडल और शिवम कुमार ने मारपीट की थी, जिसमें मुनिलाल ने बीच-बचाव किया था। तभी से आरोपी रंजिश रखे हुए थे और शनिवार को इसी कारण से हमला किया गया।

इस मामले में डीएसपी राकेश कुमार ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि बाकी फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। घायल मुनिलाल मंडल और उनकी पुत्री का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

मशाल कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय स्तर से राज्य स्तर तक खेल प्रतिभाओं की हो रही पहचान

0

Bhagalpur News: खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे मशाल कार्यक्रम के तहत भागलपुर जिले में व्यापक स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत खिलाड़ियों की प्रतिभा की पहचान कर उन्हें राज्य स्तरीय मंच तक पहुँचाना है।

कार्यक्रम के अंतर्गत एथलेटिक्स, साइक्लिंग, फुटबॉल, वॉलीबॉल और कबड्डी जैसे पाँच प्रमुख खेलों में प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। इनका आयोजन विद्यालय स्तर से प्रारंभ होकर CRC (संकुल), प्रखंड, जिला और अंततः राज्य स्तर तक किया जा रहा है।

प्रतियोगिता की संरचना और उद्देश्य

  • विद्यालय स्तर पर चयनित खिलाड़ी CRC स्तर पर हिस्सा ले रहे हैं।
  • CRC प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
  • जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर भेजा जाएगा।
  • उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षण व छात्रवृत्ति के माध्यम से दी जाएगी विशेष सहायता।

कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है।

गुरुकुल इंटर विद्यालय नाथनगर में हुआ आयोजन

नाथनगर स्थित गुरुकुल इंटर विद्यालय में मशाल कार्यक्रम के तहत CRC स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के उपरांत विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित प्रमुख अतिथियों में शामिल रहे:

  • जय नारायण कुमार – जिला खेल पदाधिकारी
  • डॉ. मृत्युंजय कुमार – प्राचार्य, गुरुकुल इंटर विद्यालय
  • मनीष कुमार – वार्ड पार्षद, नाथनगर
  • शिव शंकर सिंह एवं निवेदिता – शिक्षा प्रेमी
  • मीनू कुमारी – मंच संचालक
  • शुभम कुमार – बिहार राज्य खेल प्राधिकरण से नियुक्त प्रशिक्षक

प्रशासनिक सहयोग और दिशा-निर्देश

इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। कार्यक्रम के क्रियान्वयन में जिला शिक्षा पदाधिकारी  राजकुमार शर्मा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी बबीता कुमारी, देवनारायण पंडित, नीतीश कुमार, आनंद कुमार सहित अनेक अधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अनेक खिलाड़ियों ने कहा कि उन्हें विद्यालय और शिक्षकों से भरपूर सहयोग मिल रहा है और वे भविष्य में भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में बिहार बना अग्रणी राज्य: ग्रामीण विकास मंत्री

0


Bhagalpur News: बिहार की महिलाएं आज आत्मनिर्भरता की नई ऊँचाइयों को छू रही हैं। राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जीविका योजना ने ग्रामीण महिलाओं के जीवन में एक सकारात्मक क्रांति ला दी है। शनिवार को भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड में आयोजित “महिला संवाद कार्यक्रम” के दौरान राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि “बिहार ऐसा पहला राज्य है, जहां जीविका दीदियों का अपना बैंक बन चुका है। अब महिलाओं को आर्थिक जरूरतों के लिए किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना होगा।”

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप राज्य में आज 10 लाख 36 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं। पहले जहाँ महिलाएं घर की चारदीवारी तक ही सीमित थीं, वहीं अब वे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी भागीदारी दर्ज करा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने दो महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं:

  1. जीविका निधि हेतु एक अलग सहकारी बैंक की स्थापना।
  2. सभी प्रखंड सह अंचल कार्यालयों की सफाई व्यवस्था का कार्य जीविका दीदियों को सौंपना, जिससे उन्हें रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

महिलाओं की सफलता की कहानियाँ बनी प्रेरणा स्रोत

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और अपने जीवन में आए बदलावों की प्रेरक कहानियाँ साझा कीं।
अंजना कुमारी, जिन्होंने समूह से ऋण लेकर मसाला एवं खाद्य प्रसंस्करण का व्यवसाय शुरू किया, आज प्रति माह 12 से 15 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं।

वहीं कृष्णा भारती, जो पहले जीविका में सामुदायिक उत्प्रेरक थीं, अब गृह रक्षा वाहिनी की सदस्य बन चुकी हैं। उन्होंने कहा, “सरकार द्वारा दिए गए आरक्षण और जीविका के अनुभव ने मेरी जिंदगी बदल दी। आज मैं खरीक थाना में अपनी सेवा दे रही हूं।”

जिले में 35वें दिन भी चला संवाद कार्यक्रम

भागलपुर जिले में आज लगातार 35वें दिन महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें 30 स्थानों पर बैठकें की गईं। इन बैठकों में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए और सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाई गई।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिए गए कई अहम निर्णय, बिहार प्रदेश इकाई समेत पूरे जिले की कमिटी भंग

0

● स्वच्छ एवं निष्पक्ष पत्रकारिता हमारा उद्देश्य- आनंद कौशल
_ हम लगातार बढ़ रहे अपने लक्ष्य की ओर- डॉ अमित रंजन

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में बिहार कमिटी को किया गया भंग

● मनोकामना सिंह बने बिहार के संयोजक और नमन मिश्रा सह संयोजक

पटना 24 मई 2025: वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की विस्तारित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को राजधानी पटना के होटल अंब्रेला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता WJAI के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने की जबकि संचालन राष्ट्रीय महासचिव डॉ अमित रंजन ने किया। बैठक में जहां पिछले राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के सभी एजेंडे की संपुष्टि की गई वहीं कई अहम निर्णय लिए गए। इसके साथ ही राष्ट्रीय महासचिव डॉ0 अमित रंजन ने महासचिव के प्रतिवेदन के साथ WJAI के महत्वपूर्ण उपलब्धियों के बारे में बताया। बैठक के दौरान राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मंजेश कुमार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के साथ वर्तमान वित्तीय वर्ष के आय व्यय की जानकारी दी।

बिहार इकाई और जिला इकाईयां भंग
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में सर्वसम्मति से WJAI की बिहार राज्य प्रदेश कमिटी के साथ ही सभी जिला कमिटी को भंग कर दिया गया।

WJAI का विस्तार एवं समन्वय

बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि बिहार के सभी जिलों में सदस्यता अभियान चलाते हुए नई कमिटि का गठन शीघ्र किया जाये। बिहार कमिटी एवं बिहार के जिलों में कमिटी निर्माण के लिए बिहार प्रभारी मधूप मणि पिक्कू के नेतृत्व में संयोजक, सह संयोजक और समंवयक की नियुक्ति भी की गयी जो अपनी कार्य प्रगति से राष्ट्रीय कमिटी को अवगत करवाते रहेंगे। बिहार के लिए मनोकामना सिंह को संयोजक, नमन मिश्रा को सह संयोजक और राजू नारायण पाठक को समंवय की जिम्मेदारी दी गई। इसके साथ अन्य राज्यों की कमिटि से समन्वय स्थापित करने और अन्य वैसे राज्य जहां अभी तक कमेटी गठित नहीं की जा सकी है वहां कमेटी गठित करने की रणनीति तैयार की गई।

स्थापना दिवस समारोह का निर्णय
WJAI के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय लिया गया कि दिसम्बर के अंतिम सप्ताह में WJAI का दो दिवसीय स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं दिल्ली प्रदेश इकाई द्वारा जुलाई अगस्त में प्रस्तावित कार्यक्रम को राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने स्वीकृति दी है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस वर्ष राष्ट्रीय कार्यकारिणी के चुनाव कराए जाने पर भी सहमति बनी जिसकी घोषणा अगले बैठक के बाद की जाएगी।

स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देना हमारा लक्ष्य

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष आनंद कौशल ने कहा कि हमें यह गौरव प्राप्त है कि वेब मीडिया के लिए WJSA देश की सबसे बड़ी स्व नियामक इकाई हैं जिसे भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने निबंधन दिया है। हमारा मुख्य उद्देश्य वेब मीडिया को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाना है और इस कड़ी में हमने कई ऐतिहासिक सफलता भी हासिल की है। हमारा लक्ष्य है कि हमारे सभी सदस्य स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देते हुए सरकारी गाइडलाइंस के अनुसार अपना काम करें।

हम बढ़ रहे अपने लक्ष्य की ओर

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव डॉ अमित रंजन ने कहा कि वेब मीडिया की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बने इसके लिए हमने कई कदम उठाए हैं और हमें खुशी है कि सरकार हमारी मांगों को स्वीकृति भी दे रही है। उन्होंने सदस्यों से आग्रह किया कि ऐसा कुछ भी ना करें जो नियमों के प्रतिकूल हो और पत्रकारिता की छवि को धूमिल करता हो। संगठन के सदस्यों के लिए WJAI के डूज डांट्स और MIB द्वारा समय समय पर जारी गाईडलाईंस का पूर्णतया अनुपालन करने की अनिवार्यता बताई।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ लीना, राष्ट्रीय सचिव चंदन कुमार, राष्ट्रीय सचिव मधुप मणि पीकू, राष्ट्रीय सचिव विवेक कुमार यादव,
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मंजेश कुमार, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव मिथिलेश मिश्रा, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव नलिनी भारद्वाज, राष्ट्रीय कार्यालय सचिव अकबर इमाम, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष मनोकामना सिंह, राष्ट्रीय सह कार्यालय सचिव राम बालक राय, राजू नारायण पाठक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार सिन्हा, गणपत आर्यन, आदित्य झा, बालकृष्ण, शुभम समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।

तेज प्रताप यादव ने किया अपने रिश्ते का खुलासा, अनुष्का यादव के साथ 12 साल पुराने प्यार को दी सार्वजनिक मंजूरी

0

Patna News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने पहली बार अपने निजी जीवन को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने और अनुष्का यादव के रिश्ते को सार्वजनिक किया है। यह खबर सामने आते ही इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है।

तेज प्रताप ने अपने पोस्ट में लिखा कि वे और अनुष्का पिछले 12 वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और प्यार करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि वे काफी समय से इस रिश्ते को दुनिया के सामने लाना चाहते थे, लेकिन अब उन्हें यह सही मौका लगा।

“हर किसी की जिंदगी में एक ऐसा शख्स होता है जो उसे मुकम्मल बनाता है। अनुष्का वही हैं मेरे लिए,” तेज प्रताप ने लिखा।

तस्वीर में तेज प्रताप और अनुष्का एक-दूसरे के साथ बेहद खुश नजर आ रहे हैं, जिससे उनके मजबूत और गहरे रिश्ते की झलक मिलती है।

क्या जल्द बंध सकते हैं शादी के बंधन में?

तेज प्रताप के इस भावुक और खुले ऐलान के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या यह रिश्ता अब जल्द ही किसी नई मंजिल, यानी शादी की ओर बढ़ेगा? अभी इस बारे में कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं और बधाइयों का तांता लग गया है।

नवगछिया में पुलिस-एसटीएफ मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी ढेर, भारी मात्रा में गोलीबारी

0

Crime News:  नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक कुख्यात अपराधी ढेर हो गया। यह मुठभेड़ मुरली चौक से लगभग 500 मीटर दूर मछली जलकर के पास स्थित एक खेत में हुई।

मृत अपराधी की पहचान नवगछिया के कुख्यात अपराधी गुरुदेव मंडल उर्फ फूफा के रूप में की गई है। सूचना मिलने पर नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार, एसडीपीओ ओम प्रकाश कुमार, और सर्किल इंस्पेक्टर बृजेश कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मौके पर कुल सात अपराधी मौजूद थे, जिनमें से छह अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गए। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी।

घटना के बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो साक्ष्य इकट्ठा कर रही है। मृत अपराधी के शव को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जहां पूरे प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्त में ले लिया जाएगा। इस मुठभेड़ को क्षेत्र में अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

सीसीटीएनएस एवं नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आयोजित

0

Bhagalpur News: जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य भारत सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों के जिला स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण से संबंधित रणनीति पर विचार करना था।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर श्री हृदय कांत एवं पुलिस अधीक्षक नवगछिया सुश्री प्रेरणा कुमार ने बताया कि सभी थानों को सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम) से जोड़ने की प्रक्रिया तेज़ी से चल रही है। अधिकांश थाने जुड़ चुके हैं, शेष बचे थानों को शीघ्र ही जोड़ा जाएगा। यह प्रणाली आईसीजेएस (Interoperable Criminal Justice System) के तहत पुलिस, न्यायालय, अभियोजन, फॉरेंसिक एवं किशोर न्याय बोर्ड को एक मंच पर लाने का कार्य करेगी, जिससे मामलों का त्वरित निष्पादन संभव हो सकेगा।

प्रमुख बिंदु:

  • सभी अनुसंधान पदाधिकारियों एवं थाना अध्यक्षों को मोबाइल एवं लैपटॉप प्रदान किए गए हैं ताकि वे साक्ष्य, एफआईआर, चार्जशीट आदि को डिजिटल रूप में अपलोड कर सकें।
  • ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से फॉरेंसिक टीम द्वारा प्रमाण अपलोड किए जाएंगे जो न्यायालय में सुनवाई के दौरान उपयोगी होंगे।
  • तीनों नए कानूनों के बेहतर क्रियान्वयन हेतु जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे और एक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना पर भी चर्चा की गई।
  • भागलपुर एवं नवगछिया में अभियोजन भवन के लिए स्थल चिन्हित करने का प्रस्ताव आया।
  • जिले में चार हाई-टेक फॉरेंसिक वैन उपलब्ध हैं तथा भागलपुर स्थित एफएसएल कार्यालय में फॉरेंसिक सामग्री के संरक्षण की व्यवस्था है।
  • मल्टी वीसी परियोजना के अंतर्गत बंदियों की इलेक्ट्रॉनिक उपस्थिति हेतु न्यायालय कक्षों के निर्माण पर चर्चा की गई।
  • भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 472 और 479 तथा ई-प्रिजन प्रणाली की कार्यशीलता की समीक्षा की गई।
  • नए कानूनों के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सहयोग से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जिला अभियोजन पदाधिकारी-सह-सदस्य सचिव, फॉरेंसिक निदेशक, नवगछिया एवं भागलपुर के कारा अधीक्षक, लोक अभियोजक, एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक

0

Bhagalpur News: श्रावणी मेला 2025 की व्यापक तैयारियों को लेकर आज भागलपुर के समीक्षा भवन में जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने मेला को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए अपने-अपने विभागीय तैयारियों की जानकारी दी।

बैठक में बताया गया कि श्रावणी मेला 11 जुलाई 2025 से प्रारंभ होगा, लेकिन बंगाल से आने वाले कांवरिया एक सप्ताह पूर्व ही आने लगते हैं। इसे देखते हुए पेयजल, साफ-सफाई, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय से पहले सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

प्रमुख बिंदु:

  • कांवरिया पथ: 14 किलोमीटर लंबा है, जिसका अंतिम पड़ाव धांधी बेलारी है।
  • साफ-सफाई व शौचालय: सुल्तानगंज नगर परिषद एवं पीएचइडी द्वारा 615 शौचालयों की व्यवस्था, जिसमें 217 स्थायी और 247 अस्थायी शामिल हैं। सफाई तीन शिफ्टों में होगी।
  • पेयजल: 12 आरओ वाटर कूलर एवं 17 स्थानों पर भेट लगाए जाएंगे।
  • सुरक्षा: SDRF की 4 टीमें गंगा नदी में मोटर बोट के साथ तैनात रहेंगी। घाटों पर बैरिकेडिंग की जाएगी।
  • स्वास्थ्य सेवा: 13 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगेंगे, मेला क्षेत्र में CCTV लगाए जाएंगे।
  • सूचना एवं जनसंपर्क: धांधी बेलारी, सीढ़ी घाट, कृष्णगढ़ सहित विभिन्न स्थलों पर सूचना केंद्र एवं विभागीय प्रदर्शनी की व्यवस्था होगी।
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम: प्रतिदिन संध्या में नमामि गंगे घाट एवं धांधी बेलारी में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
  • बिजली व्यवस्था: 43 ट्रांसफॉर्मर के माध्यम से दो फीडर से आपूर्ति, सात स्थानों पर तकनीकी कर्मचारी तैनात होंगे।
  • यातायात व्यवस्था: तिलकपुर एवं मशदी में पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे, बड़े वाहनों के लिए अलग स्थल चिन्हित करने की आवश्यकता।
  • संचार व जागरूकता: सरकारी योजनाओं के प्रचार हेतु होर्डिंग और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी समर्पण भाव से कार्य करें। उन्होंने कहा कि “कांवरिया पथ पर दुकानों के बीच उचित अंतर रखा जाए जिससे आवागमन सुगम रहे।”

बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, पुलिस उपाधीक्षक समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार से की मुलाकात, बिहार में रेलवे परियोजनाओं पर हुई चर्चा

0

Bihar News: केंद्रीय रेल, संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज पटना स्थित एक अणे मार्ग में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य में रेलवे के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और विभिन्न रेल परियोजनाओं की प्रगति को लेकर सार्थक चर्चा हुई।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब बिहार में रेलवे क्षेत्र में कई महत्त्वपूर्ण परियोजनाएं तेजी से क्रियान्वित की जा रही हैं, जिनमें स्टेशन पुनर्विकास, वैगन निर्माण एवं ओवरहालिंग क्षमता में वृद्धि, तथा रेलवे प्रशिक्षण संस्थानों का उन्नयन शामिल है। दोनों नेताओं ने इन परियोजनाओं की प्रभावशीलता और उनके राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान को लेकर विचार-विमर्श किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यहित में रेलवे के माध्यम से हो रहे विकास कार्यों की सराहना की तथा केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

बिहार में रेलवे विकास को मिली नई रफ्तार: जमालपुर वर्कशॉप में वैगन पीओएच परियोजना की आधारशिला

0

Munger News: बिहार में रेलवे के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया जब केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जमालपुर लोकोमोटिव वर्कशॉप में वैगन पीओएच (Periodical Overhauling) क्षमता वृद्धि परियोजना की आधारशिला रखी। यह परियोजना 78.96 करोड़ रुपये की लागत से क्रियान्वित की जाएगी, जिससे वर्कशॉप की ओवरहालिंग क्षमता 545 से बढ़कर 800 वैगन प्रति माह हो जाएगी।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर केंद्रीय पंचायती राज, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं  विजय कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे।

इससे पूर्व  रेल मंत्री पटना पहुंचे, जहां उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात कर राज्य में रेलवे परियोजनाओं पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने पटना से जमालपुर तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेलवे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जमालपुर स्टेशन और वर्कशॉप को मिला उन्नयन का पैकेज

जमालपुर स्टेशन पर चल रहे 30 करोड़ रुपये की लागत वाले पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण कर श्री वैष्णव ने आवश्यक निर्देश दिए। वहीं वर्कशॉप में उन्होंने बॉक्सएन वैगन, बीएलसीएस वैगन तथा शौचालय युक्त ब्रेक वैन के निर्माण, 140 टन क्रेन, 8-व्हीलर टावर कार और जमालपुर जैक जैसे विशिष्ट उत्पादों का निरीक्षण किया।

केंद्रीय रेल मंत्री ने वर्कशॉप में कर्मचारियों के उत्साहपूर्वक स्वागत के बीच IRIMEE (Indian Railway Institute of Mechanical and Electrical Engineering) का भी दौरा किया। यहां उन्होंने “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” नामक विकास पुस्तिका का विमोचन किया, जिसमें वेल्डिंग, न्यूमेटिक्स, हाइड्रोलिक्स और मेक्ट्रोनिक्स जैसे तकनीकी विषयों पर विस्तृत कार्य योजनाएं शामिल हैं। IRIMEE और वर्कशॉप के समग्र उन्नयन पर कुल 350 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

तकनीकी प्रशिक्षण को मिलेगा नया आयाम

रेल मंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2026 से IRIMEE में रेलवे अधिकारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विषयों पर कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे संस्थान देश का एक उत्कृष्ट तकनीकी शिक्षा केंद्र बनेगा।

रेलवे बजट में ऐतिहासिक वृद्धि

श्री वैष्णव ने बताया कि 2009 से 2014 के बीच बिहार को रेलवे विकास के लिए औसतन 1,132 करोड़ रुपये सालाना मिलते थे, जो अब बढ़कर 10,066 करोड़ रुपये हो चुके हैं — यानी करीब 9 गुना की वृद्धि। इस अवधि में नई रेल लाइनों के निर्माण और विद्युतीकरण में भी अभूतपूर्व प्रगति हुई है। 2014 से 2024 के बीच बिहार में 1,832 किमी नई रेल लाइनें और 3,020 किमी ट्रैक का विद्युतीकरण किया गया है, जिससे राज्य का 100% विद्युतीकरण पूरा हुआ।

नेताओं ने जताया आभार

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने रेल मंत्री की दूरदृष्टि और योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह विकास के प्रति समर्पण का परिचायक है। बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्रियों सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में रेलवे के योगदान के लिए आभार जताया।

इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि, जिनमें विधायक प्रणव कुमार, अजय कुमार सिंह, राजीव कुमार सिन्हा, लाल मोहन गुप्ता, पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह तथा पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक  मिलिन्द देउस्कर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।