Home Blog Page 284

भागलपुर: सुंदरवती महिला महाविद्यालय में एबीवीपी द्वारा मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन, छात्राओं ने सीखी आत्मनिर्भरता की कला

0

भागलपुर:  सावन माह के शुभ अवसर पर सुंदरवती महिला महाविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के द्वारा एक रचनात्मक एवं प्रेरणादायक मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में कॉलेज की अनेक छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और पारंपरिक मेहंदी कला का सुंदर प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था। छात्राओं ने अपने हाथों पर खुद मेहंदी लगाकर यह संदेश दिया कि आत्मविश्वास और कौशल से हर कार्य को स्वयं करना संभव है। उन्होंने यह भी साझा किया कि सावन में मेहंदी के लिए बाजार पर निर्भरता घटाने और खर्च कम करने के लिए इस तरह के आयोजन अत्यंत उपयोगी हैं।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने छात्राओं के बीच रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा दिया।

कॉलेज प्रशासन एवं एबीवीपी की इस पहल को छात्राओं और अभिभावकों ने सराहा, और भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों की अपेक्षा जताई।

श्रावणी मेला 2025: सुल्तानगंज में पहली बार टेंट सिटी की शुरुआत, कांवड़ियों को मिलेगा मुफ्त विश्राम स्थल

0

सुल्तानगंज (भागलपुर):  श्रावणी मेला को लेकर इस बार सुल्तानगंज में ऐतिहासिक पहल की गई है। पहली बार भागलपुर जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए टेंट सिटी का निर्माण कराया गया है। सावन माह के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर जलाभिषेक के लिए निकलने वाले लाखों कांवड़ियों को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा तैयार की गई है।

यह टेंट सिटी खास तौर पर उन कांवड़ियों के लिए है जो लंबी दूरी तय कर सुल्तानगंज पहुंचते हैं और विश्राम की आवश्यकता महसूस करते हैं। यहां निशुल्क ठहरने की व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, नियमित साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति और प्राथमिक उपचार केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, टेंट सिटी का उद्देश्य कांवड़ियों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित विश्राम स्थल प्रदान करना है, जिससे उनकी यात्रा और भी सहज और श्रद्धामय हो सके।

श्रद्धालुओं ने इस पहल का स्वागत किया है और इसे जिला प्रशासन की एक सकारात्मक और जनहितकारी पहल बताया है। टेंट सिटी की निगरानी एवं संचालन के लिए विशेष टीम भी नियुक्त की गई है, ताकि कोई असुविधा न हो।

सहरसा: पतरघट सीओ और कंप्यूटर ऑपरेटर 20,000 रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

0

सहरसा:  निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सहरसा जिले के पतरघट अंचल कार्यालय से सीओ राकेश कुमार एवं कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के डीएसपी विंध्याचल प्रसाद ने बताया कि पीड़ित कैलाश यादव अपनी बहन द्रोपदी देवी के नाम 61.98 डिसमिल जमीन का दाखिल-खारिज करवाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया और अंचलाधिकारी राकेश कुमार से संपर्क साधा। आरोप है कि सीओ ने इसके एवज में 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी और रकम कंप्यूटर ऑपरेटर राहुल कुमार को देने का निर्देश दिया।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो के सब-इंस्पेक्टर मनिकांत सिंह ने शिकायत की सत्यता की पुष्टि की और इसके बाद एक विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। टीम ने कार्यालय में ही दोनों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी ब्यूरो की सतत पहल का हिस्सा है।

श्रावणी मेला 2025: सुल्तानगंज में गंगा स्नान के दौरान कांवरिया और आपदा मित्र डूबे, शव की खोजबीन जारी

0

भागलपुर (सुल्तानगंज): विश्वप्रसिद्ध श्रावणी मेला के दुसरे दिन सुल्तानगंज में गंगा स्नान के दौरान दो दर्दनाक हादसे सामने आए। नमामि गंगे घाट पर एक आपदा मित्र जबकि कमरगंज घाट पर एक कांवरिया गंगा में डूब गए। घंटों बीत जाने के बाद भी शवों का पता नहीं चल पाया है, जिससे परिजनों और कांवरियों में आक्रोश व्याप्त है।

नमामि गंगे घाट पर डूबे आपदा मित्र अभय राज, उम्र 23 वर्ष, निवासी शाहाबाद वार्ड संख्या 24, नगर परिषद सुल्तानगंज, को अंचल पदाधिकारी द्वारा घाट पर तैनात किया गया था। अभय के छोटे भाई नीरभय कुमार ने बताया कि सुबह गंगा घाट से सूचना मिली कि उनके भाई डूब गए हैं। घटनास्थल पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि अभय का कपड़ा और चप्पल किनारे पड़े हैं, लेकिन कई घंटे बाद भी खोजबीन शुरू नहीं हो पाई।

उधर, कमरगंज गंगा घाट पर कांवरिया गोविंद गुप्ता (उम्र 19 वर्ष), निवासी थाना धनहा, जिला पश्चिम चंपारण, गंगा स्नान के दौरान डूब गए। उनके पिता नगिलाल गुप्ता ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि काफी समय बीतने के बावजूद गोविंद की तलाश शुरू नहीं हुई है, जिससे नाराज होकर कांवरियों ने सड़क जाम कर दिया।

घटना की सूचना पर सुल्तानगंज विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, पूर्व एमएलसी डॉ. संजीव कुमार पोद्दार एवं सीओ रवि कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मिलकर सांत्वना दी और अधिकारियों को जल्द से जल्द शवों की खोजबीन का निर्देश दिया।

एसडीआरएफ हवलदार रविन्द्र कुमार पासवान ने बताया कि तलाशी अभियान जारी है, लेकिन गैस सिलेंडर की कमी के कारण अभियान में बाधा आ रही है। सिलेंडर के पटना से पहुंचने के बाद खोजबीन फिर से शुरू की जाएगी।

पूर्व एमएलसी प्रत्याशी डॉ. संजीव कुमार ने घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि मेला उद्घाटन के ठीक एक दिन बाद ही इस तरह की घटनाएं सुरक्षा इंतज़ामों की पोल खोलती हैं।

इन दोनों घटनाओं से श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। कांवरियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी साफ देखी जा रही है। प्रशासन ने जल्द ही तलाशी तेज करने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सत्येन्द्र नारायण सिन्हा की जयंती पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, राजकीय समारोह में कई गणमान्य हुए शामिल

0

पटना: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सत्येन्द्र नारायण सिन्हा की जयंती के अवसर पर आज राजधानी पटना स्थित श्रीकृष्णापुरी स्थित सत्येन्द्र नारायण सिन्हा पार्क में एक राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

राज्य के इस पूर्व प्रमुख नेता के प्रति सम्मान जताते हुए समारोह में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री  विजय कुमार सिन्हा,
विधानसभा अध्यक्ष  नंद किशोर यादव,
जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री  विजय कुमार चौधरी,
परिवहन मंत्री श्रीमती शीला कुमारी,
विधान पार्षद  संजय कुमार सिंह (गांधी जी),
विधान पार्षद श्रीमती कुमुद वर्मा सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव  कुमार रवि, पटना के पुलिस महानिरीक्षक  जितेन्द्र राणा, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा की उपस्थिति रही।

राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि:
इस अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों ने आरती पूजन, भजन-कीर्तन, बिहार गीत और देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध हुआ।

राजनीतिक और सामाजिक जीवन में योगदान:
स्व. सत्येन्द्र नारायण सिन्हा को बिहार के प्रखर राजनेता, समाजसेवी और दूरदृष्टा योजनाकार के रूप में जाना जाता है। उन्होंने राज्य के विकास और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी जयंती पर आयोजित यह श्रद्धांजलि समारोह उनकी स्मृति को नमन करने का एक सशक्त माध्यम बना।

Bhagalpur News: रोटरी विक्रमशिला पिंक क्लब द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, सानू की स्मृति में 40 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान

0

भागलपुर: रोटरी विक्रमशिला पिंक क्लब द्वारा आज पटल बाबू रोड स्थित रोटरी ऑफिस में पूर्व अध्यक्षा रोटेरियन अंजना प्रकाश के बेटे क्षितिज प्रकाश (सानू) की पुण्यतिथि पर चौथे वर्ष लगातार स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि और सामाजिक सेवा का प्रतीक बना।

कार्यक्रम की शुरुआत सानू की तस्वीर पर पुष्पांजलि और माल्यार्पण के साथ की गई। इसके बाद क्लब की सक्रिय सदस्य रोटेरियन मृदुला घोष ने, अपने जन्मदिन के दिन भी, सबसे पहले रक्तदान कर सभी को प्रेरित किया। उनके इस gesture ने कार्यक्रम को एक नई ऊर्जा प्रदान की।

रक्तदान करने वालों में प्रमुख नाम रहे:

  • चार्टर अध्यक्ष चन्दना चौधरी
  • पूर्व अध्यक्ष किरण गोस्वामी
  • सचिव तब्बसुम परवेज
  • दिलीप, रिमझिम, प्रियंका, अमन, आर्यन, अभिराज, अमृता, गौतम साह, शुभम, आदित्य राज, रौशन आदि

कुल मिलाकर 40 से अधिक लोगों ने इस रक्तदान शिविर में भाग लिया, जिनमें से लगभग 45 प्रतिशत रक्तदाताओं की भागीदारी महिलाएं थीं। यह नारी सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम कहा जा सकता है।

मौके पर उपस्थित रहे:
क्लब अध्यक्ष सुधा पांडे, पूर्व अध्यक्ष बबीता साह, गायत्री सिंह, रोशनी शर्मा, कमला साहू, अर्चना साहा, रंजीता जैसवाल, बिजय आनंद, शेखर पांडे सहित ग्लोकल ब्लड बैंक की टीम – वाजिद अंसारी, अरुण झा, शीला आदि।

कार्यक्रम की सफलता क्लब के सेवा भाव, संगठन क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की मजबूत मिसाल बनकर सामने आई। इस पुनीत अवसर पर क्लब ने यह संकल्प दोहराया कि आगे भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों को नियमित रूप से जारी रखा जाएगा।

Patna News: मुख्यमंत्री ने SDRF मुख्यालय और एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को बताया राज्य की जरूरत, कहा – विकास में नहीं हो कोई देरी

0

पटना: मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने आज पटना जिले के बिहटा क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के निर्माणाधीन मुख्यालय परिसर का दौरा किया, जिसके बाद वे बिहटा-दानापुर एलिवेटेड सड़क परियोजना की प्रगति का जायजा लेने पहुँचे।

SDRF मुख्यालय का निरीक्षण:
मुख्यमंत्री ने SDRF मुख्यालय के प्रशासनिक भवन के प्रथम और तृतीय तल का मुआयना कर निर्माण की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। SDRF के इस अत्याधुनिक परिसर में शामिल हैं:

  • प्रशासनिक भवन
  • ऑडिटोरियम
  • प्रशिक्षण केंद्र
  • बाढ़ राहत के लिए राष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल
  • जवानों के लिए बैरक
  • डॉक्टरों व कर्मियों के लिए आवास
  • खेल-कूद की पूरी व्यवस्था

भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने SDRF परिसर के प्रस्तावित मॉडल की विस्तृत जानकारी दी और बताया कि अधिकांश भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने सोलर पैनल स्थापना पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी सरकारी भवनों की तरह SDRF मुख्यालय पर भी सौर ऊर्जा का उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने SDRF परिसर तक सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

बिहटा-दानापुर एलिवेटेड रोड परियोजना की समीक्षा:
बाद में मुख्यमंत्री ने बिहटा-दानापुर एलिवेटेड फोरलेन सड़क के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की। यह परियोजना पटना-बक्सर फोरलेन का अहम हिस्सा है और दानापुर रेलवे स्टेशन से शुरू होकर कोईलवर ब्रिज तक फैली हुई है।

परियोजना की प्रमुख विशेषताएं:

  • कुल लंबाई: 25.081 किलोमीटर
  • लागत: ₹1969.39 करोड़
  • निर्माण एजेंसी: सीईगल इंडिया लिमिटेड
  • प्रारंभ तिथि: 11 मार्च 2024
  • निर्धारित समापन तिथि: 6 सितंबर 2026
  • अब तक की प्रगति: 30.07 प्रतिशत
  • कुल पिलर: 387 (289 निर्माणाधीन)
  • 4 बड़े पुल, 10 छोटे पुल, 37 पुलिया, 1 अंडरपास

इस परियोजना का पहला चरण निर्धारित समय से दो महीने पहले पूरा किया जा चुका है, जो एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। यह सड़क न केवल कोईलवर से दानापुर तक तेज और सुगम यात्रा को सुनिश्चित करेगी, बल्कि बिहटा हवाई अड्डे को बेहतर कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगी।

उपस्थित गणमान्य अधिकारी:
इस निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, पथ निर्माण सचिव संदीप पुदुकलकट्टी, पटना प्रमंडल आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., एसएसपी कार्तिकेय के. कुमार और SDRF कमांडेंट राजेश कुमार सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

रोटरी विक्रमशिला और विक्रमशिला पिंक क्लब का संयुक्त स्थापना समारोह भव्य रूप से संपन्न, तीन पीढ़ियों की भागीदारी बनी आयोजन की खास पहचान

0

Bhagalpur News: भागलपुर के पटल बाबू रोड स्थित अशोका ग्रैंड होटल में रोटरी विक्रमशिला एवं रोटरी विक्रमशिला पिंक क्लब का संयुक्त स्थापना समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ रोटेरियन मृदुला घोष द्वारा गणेश वंदना से हुआ, जिसने पूरे समारोह को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

इस मौके पर चार्टर अध्यक्ष रोटेरियन प्रवीन सिंह, उप जिलापाल रोटेरियन राम बिनोद सिंह, डॉ. वर्षा सिन्हा और डॉ. प्रसून कुमार का पारंपरिक स्वागत अंगवस्त्र, पौधा और रोटरी लेपल पिन से किया गया। 2024-25 के अध्यक्ष बिजय आनंद और बबीता साह ने अपने कार्यकाल का रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए सभी सदस्यों का आभार जताया और उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

समारोह में रोटरी विक्रमशिला के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रोटेरियन सानी ने संभाली, जबकि विक्रमशिला पिंक क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन सुधा पांडे बनीं। दोनों को रोटरी कॉलर पहनाकर विधिवत रूप से पदभार सौंपा गया। उप जिलापाल राम बिनोद सिंह ने रोटरी का 4-वे टेस्ट पढ़ा और नव-निर्वाचित अध्यक्षों, सचिवों और अन्य पदाधिकारियों को शपथ दिलाई।

नई योजनाओं की झलक:
अध्यक्ष सुधा पांडे ने 2025-26 सत्र के लिए कई नवाचारपूर्ण योजनाओं की घोषणा की, जिनमें प्रमुख हैं –

  • हरित भविष्य अभियान: हर सदस्य द्वारा 10 पेड़ लगाना
  • एक क्लब – एक स्कूल के तहत शिक्षा एवं डिजिटल साक्षरता
  • जल स्वावलंबन मिशन: वर्षा जल संचयन
  • वरिष्ठ नागरिक सेवा योजना
  • महिला सशक्तिकरण एवं हुनर आधारित प्रशिक्षण
  • निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन
  • 15% सदस्य वृद्धि और युवा मेंटरशिप प्रोग्राम

इस मौके पर रोटरी विक्रमशिला में सोनू जैसवाल और दीपक साह, तथा विक्रमशिला पिंक क्लब में सिमरन सिंह, सीमा कुमारी और भक्ति को लेपल पिन पहनाकर सदस्यता दिलाई गई।

तीन पीढ़ियों का अद्भुत संगम:
इस समारोह की खास बात यह रही कि रोटरी विक्रमशिला के चार्टर अध्यक्ष प्रवीन सिंह, उनके बेटे रोटेरियन सानी (नव निर्वाचित अध्यक्ष), और उनके पोते विहान (2 वर्षीय) — तीनों पीढ़ियों ने एक साथ रोटरी की सदस्यता और भूमिका निभाई। विहान को पॉल हैरिस फेलोशिप (PHF) से सम्मानित किया गया, जो कि भागलपुर के रोटरी इतिहास में एक उल्लेखनीय पल बन गया।

कार्यक्रम का मंच संचालन बिजय आनंद ने किया और समापन वक्तव्य चार्टर अध्यक्ष चन्दना चौधरी ने दिया। उन्होंने कहा –
“रोटरी एक विचार है – सेवा से समाज बदलने का। आइए, हम सब मिलकर इस विचार को साकार करें – मजबूत संगठन, स्थायी सेवा और उज्ज्वल भविष्य के लिए।”

उपस्थित गणमान्य:
कार्यक्रम में रोटेरियन किरण गोस्वामी, गायत्री सिंह, चन्दना चौधरी, अंजना प्रकाश, रीना कुमारी, रोशनी शर्मा, कमला साहू, अर्चना साहा, रंजीता जैसवाल, शालिनी, अमित आनंद, प्रशांत बैनर्जी, राजेश साह समेत बड़ी संख्या में रोटरी सदस्य मौजूद रहे।

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2025 में तेजी लाने को लेकर भागलपुर में जिला निर्वाचन पदाधिकारी की बैठक

0

Bhagalpur News: विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2025 के तहत भागलपुर में मतदान केंद्र, प्रखंड और विधानसभा स्तर पर चल रहे गणना प्रपत्र संग्रहण कार्य में गति लाने को लेकर समीक्षा भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की।

बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से उनके क्षेत्रों में गणना प्रपत्र की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदत्त विहित प्रपत्र पर वितरण, संग्रहण और अपलोडिंग की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया गया।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि 156-भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में अन्य क्षेत्रों की तुलना में संग्रहण की प्रगति धीमी है। इसे देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी (सदर)-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, भागलपुर को निर्देशित किया गया कि वे अपने बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर कार्य में तेजी लाएं।

बैठक में नगर आयुक्त श्री शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता श्री जतिन कुमार, अपर समाहर्ता श्री दिनेश राम समेत सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

श्रावणी मेला 2025: सुल्तानगंज में सूचना केंद्र का उद्घाटन, खोए हुए श्रद्धालुओं को मिलाने में निभाएगा अहम भूमिका

0

भागलपुर:  विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2025 के अंतर्गत नमामि गंगे घाट पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा स्थापित सूचना केंद्र का उद्घाटन आज भागलपुर  जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री हृदयकांत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक, जनसंपर्क, श्री नागेंद्र कुमार गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

यह सूचना केंद्र श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्थापित किया गया है, खासकर उन परिस्थितियों में जब लोग भीड़ में अपने परिजनों या साथियों से बिछुड़ जाते हैं। ऐसे में यह केंद्र गुमशुदा व्यक्तियों और उनके परिजनों को मिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

भागलपुर जिले में कुल पांच प्रमुख सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं:

  1. नमामि गंगे घाट
  2. सीढ़ी घाट
  3. कृष्णगढ़
  4. प्रखंड कार्यालय परिसर, सुल्तानगंज
  5. धांधी बेलारी

इन केंद्रों पर खोए हुए व्यक्ति अपने परिजनों या साथियों की जानकारी देकर सहायता मांग सकते हैं। सूचना केंद्र की टीम यह जानकारी तत्काल बांका और मुंगेर जिलों के सूचना केंद्रों को अग्रसारित करती है, ताकि व्यापक स्तर पर खोज संभव हो सके। इसके अलावा केंद्रों पर घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार नाम पुकार की जाती है, जिससे गुमशुदा व्यक्ति जल्द से जल्द अपनों से मिल सके।

जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि यह सुविधा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा की दिशा में एक बड़ा कदम है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी सूचना केंद्रों की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि यह तंत्र मेले के सुचारू संचालन में बड़ी भूमिका निभाएगा।