Home Blog Page 324

चलती कार में अचानक लगी आग, धू-धू कर जल गई पूरी गाड़ी — बाल-बाल बचे तीन लोग

0

Banka News: धोरैया प्रखंड अंतर्गत घोघा–पंजवारा स्टेट हाईवे (एसएच 84) पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बेलडीहा और अहिरो गांव के बीच एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार तीन लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।

घटना उस समय हुई जब कार सवार भागलपुर से गोड्डा की ओर जा रहे थे। कार के मालिक, अमित कुमार (निवासी: बूढ़ानाथ चौक, भागलपुर) ने बताया कि, “चलती गाड़ी में अचानक एसी ने काम करना बंद कर दिया। जैसे ही मैंने कार रोकी, इंजन की ओर से धुआं निकलने लगा और कुछ ही सेकंड में कार ने आग पकड़ ली।”

कार में सवार अन्य दो लोग भी किसी तरह पीछले दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इस दौरान कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह से धू-धू कर जलने लगी। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन विभाग को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।

जांच के आदेश: प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण एसी सिस्टम में तकनीकी खराबी बताया जा रहा है, लेकिन पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पोखर में नहाने के दौरान दर्दनाक हादसा: तीन मासूमों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

0

Banka News: जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भादरिया पंचायत के गंगापुर गढ़ैल गांव से शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। सुल्तानपुर मोड़ के समीप स्थित हथका पोखर में नहाने के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार संध्या करीब 4:00 बजे की है, जब बच्चे गर्मी से राहत पाने के लिए पोखर में नहाने गए थे।

हादसे में मृत बच्चों की पहचान मुकेश हरिजन की पुत्री स्वीटी कुमारी, हीरालाल दास के पुत्र धर्मेंद्र कुमार और फंटूश दास के पुत्र अमन कुमार के रूप में हुई है। डूबने के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चों को पोखर से बाहर निकाला गया और परिजन उन्हें तत्काल अमरपुर रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन डॉक्टर ज्योति भारती ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

डॉ. ज्योति भारती ने बताया, “तीनों बच्चों को जब अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी सांसे थम चुकी थीं। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट है कि उनकी मौत डूबने से हुई है।”

इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध है।

प्रशासन से अपील: स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पोखर के आसपास सुरक्षा के इंतज़ाम करने और बच्चों को सतर्क करने की दिशा में कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

पटना जंक्शन पर महिला यात्री और महिला टीटीई में झड़प, वीडियो हुआ वायरल

0

Patna News: पटना जंक्शन पर शुक्रवार को उस समय हंगामा मच गया जब टिकट जांच के दौरान एक महिला यात्री और चार महिला टीटीई के बीच कहासुनी हो गई। यह पूरा मामला वहां मौजूद लोगों ने कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना जंक्शन के निकास द्वार (एक्जिट गेट) की है, जहां चार महिला टिकट जांच कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान एक महिला यात्री अपने छोटे बच्चे के साथ स्टेशन से बाहर निकल रही थी। टीटीई द्वारा टिकट दिखाने की मांग पर महिला यात्री ने आपत्ति जताई और दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ओर से तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर उपस्थित रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तत्काल हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और समझा-बुझाकर विवाद को रफा-दफा किया।

रेलवे प्रशासन ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर पूरी घटना की समीक्षा की जा रही है। इस घटनाक्रम ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

रेलवे यात्रियों से अपील कर रहा है कि टिकट जांच के दौरान सहयोग करें ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

विश्व पर्यावरण दिवस 2025: मालदा टाउन स्टेशन पर “प्लास्टिक प्रदूषण को नकारें” विषयक नुक्कड़ नाटक से जागरूकता का संदेश

0

विश्व पर्यावरण दिवस 2025 के उपलक्ष्य में पूर्वी रेलवे / मालदा डिवीजन द्वारा मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर एक विशेष नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करें” पर आधारित यह कार्यक्रम पर्यावरण के प्रति जागरूकता और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु आयोजित किया गया।

इस जागरूकता अभियान का संचालन मंडल रेल प्रबंधक  मनीष कुमार गुप्ता के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन (E&HM) विभाग के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक श्री प्रदीप दास ने की।

स्काउट्स और गाइड्स के प्रदर्शन ने यात्रियों का ध्यान खींचा

कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने रचनात्मक कहानी, संवाद और अभिनय के माध्यम से यात्रियों को एकल-उपयोग प्लास्टिक के पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों से अवगत कराया और टिकाऊ विकल्पों को अपनाने का संदेश दिया।

इन नुक्कड़ नाटकों ने न केवल यात्रियों बल्कि रेलवे कर्मचारियों को भी गहराई से प्रभावित किया, जिससे स्वच्छ भारत अभियान और हरित रेलवे की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी और व्यवहार परिवर्तन की भावना उत्पन्न हुई।

जन भागीदारी से मजबूत हुआ हरित रेलवे का संकल्प

रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और आम यात्रियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे मालदा डिवीजन की पर्यावरणीय स्थिरता और स्वच्छ परिवहन तंत्र के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता उजागर हुई।

भारतीय रेलवे: केवल यात्रा नहीं, सतत विकास का माध्यम

यह पहल इस बात की पुष्टि करती है कि भारतीय रेलवे केवल देश की धड़कन नहीं, बल्कि सतत विकास का प्रतीक भी है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखें, एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचें और ऐसे हर कदम में भागीदार बनें जो पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दे।

पटना एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी से मुलाकात, बोले – “उनके क्रिकेट कौशल की पूरे देश में हो रही है प्रशंसा”

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना पर आईपीएल सनसनी वैभव सूर्यवंशी और उनके परिवार से मुलाकात की। कार्यक्रम स्थल से रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने युवा क्रिकेटर और उनके माता-पिता से गर्मजोशी से बातचीत की और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स (पूर्व Twitter) अकाउंट पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा –

“पटना एयरपोर्ट पर, युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी और उनके परिवार से मुलाकात की। उनके क्रिकेट कौशल की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है! उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।”

महज 14 साल में आईपीएल में शतक, बना सबसे युवा रिकॉर्डधारी

वैभव सूर्यवंशी ने महज 14 साल की उम्र में आईपीएल में शतक बनाकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया था। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 2024 की नीलामी में 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने अब तक 7 मैचों में 1 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से कुल 252 रन बनाए हैं।

भारत की अंडर-19 टीम में चयन, इंग्लैंड दौरे के लिए होंगे रवाना

सूर्यवंशी को उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते भारत की अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है। वे 24 जून से 23 जुलाई तक इंग्लैंड दौरे पर रहेंगे, जहां वे 50 ओवर का अभ्यास मैच, पांच एकदिवसीय मुकाबले और दो बहु-दिवसीय मैच खेलेंगे।

प्रधानमंत्री पहले भी कर चुके हैं वैभव की सराहना

इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के उद्घाटन कार्यक्रम में वैभव की सराहना करते हुए कहा था,

“हम सभी ने आईपीएल में बिहार के बेटे वैभव सूर्यवंशी का शानदार प्रदर्शन देखा है। उन्होंने इतनी कम उम्र में ही बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है।”

प्रधानमंत्री ने यह भी जोड़ा,

“उनके खेल के पीछे कड़ी मेहनत है, लेकिन स्थानीय स्तर पर खेलने के अवसरों ने उन्हें निखारा है। इसका मतलब है – ‘जो जितना खेलेगा, वो उतना खिलेगा।’”

सूर्यवंशी के नाम कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड

  • सबसे कम उम्र में आईपीएल में शतक (14 वर्ष)
  • किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक – 35 गेंदों में (यूसुफ पठान का रिकॉर्ड टूटा)
  • सबसे कम उम्र में लिस्ट-A अर्धशतक – 12 वर्ष 284 दिन (विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25)
  • सबसे तेज युवा टेस्ट शतक – ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 58 गेंदों में
  • ACC U19 एशिया कप फाइनल में दो महत्वपूर्ण अर्धशतक और भारत की जीत में अहम भूमिका

एक प्रेरणादायक कहानी जो बिहार और भारत के लिए गर्व की बात है

बिहार के बेटे वैभव सूर्यवंशी की ये उपलब्धियां न केवल राज्य बल्कि देश भर के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। प्रधानमंत्री के साथ उनकी यह मुलाकात उनके करियर में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ती है।

पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन, बिहटा सिविल एनक्लेव का शिलान्यास; प्रधानमंत्री के साथ राज्यपाल और मुख्यमंत्री हुए शामिल

0

Patna News: बिहार में हवाई संपर्क को नया विस्तार देते हुए आज जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना के नए टर्मिनल भवन का भव्य उद्घाटन और बिहटा हवाई अड्डे के सिविल एनक्लेव का शिलान्यास किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान, और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार मौजूद रहे।

उद्घाटन और शिलान्यास के क्षण

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने समारोह स्थल पर फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने बिहटा में प्रस्तावित सिविल एनक्लेव की आधारशिला भी रखी। यह कार्यक्रम न केवल आधारभूत संरचना के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि बिहार के विकास के नए द्वार खोलने वाला साबित होगा।

हवाई संपर्क, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया बल

नए टर्मिनल भवन के शुरू होने से राज्य की हवाई संपर्कता सुदृढ़ होगी और टूरिज्म सेक्टर को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही राज्य की अर्थव्यवस्था, रोज़गार, और समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी। बिहटा सिविल एनक्लेव की स्थापना पटना के बढ़ते यातायात दबाव को संतुलित करने में भी मददगार होगी।

प्रधानमंत्री का स्वागत

इससे पहले पटना हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का पुष्प गुच्छ भेंटकर गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण मुलाकात भी हुई, जो राज्य और केंद्र के बीच समन्वय को दर्शाता है।

भागलपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं की अहम बैठक, विधानसभा चुनाव जीतने की बनी रणनीति

0

Bhagalpur News: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति पर विमर्श करना था।

तिलकामांझी मंडल के तत्वावधान में आयोजित बैठक

बैठक का आयोजन तिलकामांझी मंडल के तहत किया गया, जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सोमनाथ शर्मा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसे भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह, पूर्व जिलाध्यक्ष रोहित पांडे, और भाजपानेत्री डॉ. प्रीति शेखर ने संयुक्त रूप से संपन्न किया।

मजबूत संगठन और सीधा जनसंपर्क होगा प्राथमिकता

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवार की प्रचंड जीत सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। नेताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय बनाए रखने और जनता से सीधे संवाद को प्राथमिकता देने की बात कही।

नेताओं ने किया कार्यकर्ताओं का आह्वान

नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अब पूरी तरह से चुनावी मोड में आ जाएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करें।

भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने कहा:
“अब समय आ गया है कि हर कार्यकर्ता अपनी भूमिका को समझे और एकजुट होकर भाजपा को मजबूत बनाए। बूथ जीतेंगे तो चुनाव जीतेंगे।”

माहौल में दिखा उत्साह और प्रतिबद्धता

बैठक में शामिल सभी कार्यकर्ताओं ने पूरी निष्ठा और जोश के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का संकल्प लिया। यह बैठक भाजपा की सांगठनिक सक्रियता और चुनावी तैयारियों के प्रति गंभीरता को दर्शाती है।

एनएच-31 पर अनियंत्रित पिकअप पेड़ से टकराई, सतर्क बाइक सवार की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

0

Bhagalpur News: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 (एनएच-31) पर आज एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब एक अनियंत्रित पिकअप वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। यह हादसा मकनपुर चौक, अनुमंडल पदाधिकारी के आवास के ठीक सामने हुआ। इस दौरान ठीक पीछे से आ रहे बाइक सवार अमरदीप ठाकुर की सतर्कता और धीमी गति ने उन्हें एक बड़ी दुर्घटना से बचा लिया।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप चालक को चलाते समय झपकी आ गई थी। जैसे ही वाहन चौराहे पर लगे स्पीड ब्रेकर के पास पहुँचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी ने अचानक यू-टर्न लेते हुए एक पेड़ से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि पिकअप नवगछिया से पूर्णिया की ओर जा रही थी।

उसी समय पीछे से बाइक पर आ रहे अमरदीप ठाकुर (पिता – दयानंद ठाकुर, निवासी – कुमादपुर, थाना – रंगरा चौक) ने स्थिति को भांपते हुए बाइक की गति धीमी रखी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होने से बच गए।

थोड़ी सी सतर्कता ने बचाई जान

हालांकि अमरदीप ठाकुर को मामूली चोटें आई हैं, और उनकी बाइक पर लदे फल सड़क पर बिखर गए, लेकिन उनकी सतर्कता ने उन्हें एक संभावित गंभीर दुर्घटना से बचा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।

बयान – अमरदीप ठाकुर (घायल बाइक सवार)

“मैं धीरे चल रहा था, तभी अचानक पिकअप सामने यू-टर्न लेते हुए पेड़ से टकरा गई। शुक्र है कि मेरी रफ्तार कम थी, वरना कुछ भी हो सकता था।”

10 लाख की लूट का खुलासा: नवगछिया पुलिस ने कुख्यात अपराधी को किया गिरफ्तार, हथियार और नकदी बरामद

0

Bhagalpur News: नवगछिया पुलिस ने हाल ही में एक बड़ी लूट कांड का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अपराध की दुनिया में खलबली मचा दी है। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने एक व्यापारी से ₹10 लाख 10 हजार की लूट की थी। आरोपी के पास से हथियार, नकदी और लूट के समय इस्तेमाल की गई सामग्री भी बरामद की गई है।

यह घटना नवगछिया थाना क्षेत्र के गुदरिया स्थान के पास की है, जहाँ दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात अपराधियों ने व्यापारी आनंद सिंह से हथियार के बल पर भारी रकम लूट ली थी। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी और व्यापारियों में असुरक्षा की भावना गहरा गई।

तेजी से की गई पुलिस कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया थाना में कांड संख्या 150/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी अनुसंधान (सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस) और स्थानीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू की।

इस जांच के आधार पर पुलिस ने प्रमोद कुमार उर्फ परमानंद मंडल (निवासी – नया टोला चौहरी, थाना – मधुसूदनपुर, जिला – भागलपुर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

बरामदगी और आपराधिक इतिहास

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने:

  • ₹35,000 नकद
  • एक देसी कट्टा
  • एक जिंदा कारतूस
  • लूटा गया थैला
  • घटना के समय पहना गया गमछा

बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रमोद कुमार पहले से ही नवगछिया, खगड़िया और जमुई जिलों में लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन मामलों में वांछित रहा है।

जनता में लौट रहा है विश्वास

इस बड़ी गिरफ्तारी के बाद स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने नवगछिया पुलिस की तत्परता की सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसी मुस्तैदी से अपराधियों में भय और आम जनता में विश्वास कायम होता है।

बयान:

ओम प्रकाश, एसडीपीओ नवगछिया, भागलपुर ने बताया:
“पुलिस टीम ने बेहद प्रोफेशनल अंदाज़ में काम करते हुए आरोपी की पहचान की और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। हम आगे भी ऐसे मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम करेंगे।”

प्रधानमंत्री को धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, चाचा को फंसाने के लिए रची थी साजिश

0

Bhagalpur News:  प्रधानमंत्री को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भागलपुर जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक ने यह साजिश अपने ही चाचा को फंसाने के लिए रची थी।

घटना सुलतानगंज थाना क्षेत्र के महेशी गांव की है, जहां निवासी समीर कुमार रंजन को प्रधानमंत्री के बिहार दौरे के दौरान धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में समीर ने सुरक्षा एजेंसियों के समक्ष चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसने यह धमकी अपने चाचा मंटू चौधरी को फंसाने के इरादे से भेजी थी।

जानकारी के अनुसार, समीर ने धमकी भरा संदेश भेजने के लिए अपने चाचा के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया और VPN (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) के जरिए मैसेज भेजा, जिससे उसकी पहचान छिपी रहे। जैसे ही सुरक्षा एजेंसियों को धमकी की सूचना मिली, उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुलतानगंज क्षेत्र की लोकेशन को ट्रेस किया और स्थानीय पुलिस को मामले की जांच का जिम्मा सौंपा।

विधि-व्यवस्था डीएसपी चंद्र भूषण ने बताया कि धमकी मिलने के बाद मंटू चौधरी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में जब स्थिति स्पष्ट हुई तो यह सामने आया कि असली दोषी समीर है, जिसने व्यक्तिगत रंजिश में अपने ही चाचा को फंसाने के लिए यह खतरनाक कदम उठाया।

मंटू चौधरी, जो पढ़े-लिखे नहीं हैं, ने पुलिस को बताया कि उनका समीर के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते समीर ने यह साजिश रची और गंभीर अपराध को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस समीर से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की कानूनी जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अन्य संभावित पहलुओं की जांच में जुटी हैं।