Home Blog Page 290

भागलपुर: विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति को लेकर बैठक, लापरवाह बीएलओ पर होगी कार्रवाई

0

Bhagalpur News: विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

गणना प्रपत्र अपलोड नहीं करने वालों पर सख्त निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा अब तक गणना प्रपत्र अपलोड नहीं किए गए हैं, उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश जारी किए गए हैं।

आईसीडीएस कर्मियों की कार्यप्रगति पर निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी ने आईसीडीएस (समेकित बाल विकास सेवा) के जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को कर्मियों के कार्यों की सख़्ती से निगरानी और अनुश्रवण सुनिश्चित करने का आदेश दिया।

शहरी क्षेत्र में पदाधिकारी की कमी पर समाधान
बैठक में बताया गया कि शहरी क्षेत्र में शिक्षा पदाधिकारी नहीं होने के कारण पुनरीक्षण कार्यक्रम की निगरानी में समस्या आ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी (सदर) को अस्थायी रूप से नगर क्षेत्र का दायित्व सौंपने के निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिए।

स्लो प्रगति वाले प्रखंडों से मांगा गया स्पष्टीकरण
समीक्षा के क्रम में यह भी पाया गया कि सुल्तानगंज और भागलपुर सदर के बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों के अधीन गणना प्रपत्र भरने के कार्य में अपेक्षाकृत धीमी प्रगति हो रही है। जिलाधिकारी ने दोनों पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण की मांग करने के निर्देश दिए।

उपस्थित अधिकारीगण
बैठक में अपर समाहर्ता भागलपुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी तथा वरीय उप समाहर्ता श्रीमती अंकिता कुमारी उपस्थित थीं।

भागलपुर: प्रमंडल स्तरीय वॉलीबॉल टीम का गठन, 20 खिलाड़ियों का हुआ चयन

0

खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रमंडल स्तरीय वॉलीबॉल टीम के गठन की प्रक्रिया आज भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड वॉलीबॉल कोर्ट पर सम्पन्न हुई। इस अवसर पर बांका और भागलपुर जिले के कुल 100 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के दौरान कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद 20 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जो आगामी 12 जुलाई को पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पटना में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में भाग लेंगे। चयनित खिलाड़ी इसके बाद जुलाई के अंतिम सप्ताह में बेगूसराय जिले के भगवानपुर ब्लॉक में आयोजित U-19 बिहार वॉलीबॉल लीग में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।

चयन प्रतियोगिता का उद्घाटन
चयन प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और अनुशासन, समर्पण एवं कड़ी मेहनत के महत्व पर बल दिया।

चयन पैनल में शामिल रहे विशेषज्ञ
टीम चयन की प्रक्रिया अजय राय, मृणाल किशोर और कुणाल भारती जैसे अनुभवी चयनकर्ताओं की निगरानी में हुई। प्रतियोगिता के दौरान भागलपुर जिला वॉलीबॉल संघ के उपाध्यक्ष निखिल राय भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और चयन प्रक्रिया की सराहना की।

खिलाड़ियों में उत्साह और जोश
चयन प्रक्रिया के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। यह आयोजन न सिर्फ प्रतिभाओं की पहचान का माध्यम बना, बल्कि युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धा की भावना को भी बढ़ावा देने वाला साबित हुआ।

भागलपुर: विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान में जुटीं जीविका दीदियाँ, घर-घर जाकर कर रहीं सहयोग

0

भागलपुर जिले में चल रहे विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में जीविका दीदियाँ सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे घर-घर जाकर न केवल लोगों को जागरूक कर रही हैं, बल्कि योग्य मतदाताओं से गणना प्रपत्र भरवाकर, आवश्यक दस्तावेजों के साथ उनका संग्रहण भी कर रही हैं। यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 25 जून से 26 जुलाई तक चलाया जा रहा है।

प्रशिक्षित हैं 1842 सामुदायिक संगठन कार्यकर्ता
प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक अभिषेक कुमार ने जानकारी दी कि जिले के 1842 सामुदायिक संगठन कार्यकर्ताओं को अभियान के लिए प्रशिक्षित किया गया है। उन्हें प्रपत्र भरने की प्रक्रिया एवं दस्तावेजों से संबंधित सभी जानकारी दी गई है, ताकि वे जनसाधारण की सही तरीके से सहायता कर सकें। अगले तीन दिनों में सभी घरों से प्रपत्र संग्रहित कर लेने का लक्ष्य है।

स्थानीय स्तर पर सक्रिय हैं सामुदायिक उत्प्रेरक
इस्माईलपुर प्रखंड के परबत्ता पंचायत में सामुदायिक उत्प्रेरक (सीएम) निशा कुमारी ने बताया कि वह जीविका समूहों से जुड़े सभी परिवारों के घर जाकर फॉर्म एकत्र कर रही हैं। एक दिन पहले लोगों को फॉर्म और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई थी। अब बीएलओ के साथ मिलकर फॉर्म की जाँच कर उन्हें बीएलओ ऐप पर अपलोड किया जा रहा है।

अभियान का समयबद्ध कार्यक्रम

  • घर-घर सर्वेक्षण: 25 जून से 26 जुलाई 2025 तक
  • ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन: 1 अगस्त 2025
  • दावे एवं आपत्तियाँ दाखिल करने की अवधि: 1 अगस्त से 1 सितंबर 2025
  • अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 30 सितंबर 2025

इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन के सभी संबंधित विभागों के कर्मियों को भी प्रशिक्षित किया गया है। भागलपुर में चल रहा यह समन्वित प्रयास आगामी चुनावों को निष्पक्ष एवं समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

श्रावणी मेला को लेकर प्रशासन मुस्तैद, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर रहेगा विशेष ध्यान

0

भागलपुर : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला अब कुछ ही दिनों में शुरू होने वाला है और इसे लेकर भागलपुर जिला प्रशासन ने तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ी है। जिला प्रशासन का दावा है कि इस बार का मेला पहले से अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगा।

जिलाधिकारी ने खुद संभाली कमान
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि श्रावणी मेला को सफल और स्मरणीय बनाने के लिए सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि इस बार कांवरियों को कोई परेशानी न हो। हर सुविधा समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।”

सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हृदयकांत ने जानकारी दी कि मेला क्षेत्र में कई अस्थायी थानों की स्थापना की जा रही है। पूरे इलाके को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित बल की तैनाती की जाएगी।

तकनीक से होगी निगरानी, श्रद्धालुओं की सुविधा में इजाफा
आधुनिक तकनीकों की मदद से भीड़ प्रबंधन, दिशा-निर्देश, ट्रैफिक नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं पर नजर रखी जाएगी। डिजिटल सूचना केंद्रों, सहायता डेस्क और मोबाइल स्वास्थ्य इकाइयों की व्यवस्था भी की जा रही है।

भक्ति, सुरक्षा और सुविधा का संगम
श्रावणी मेला सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धा और आस्था का विराट संगम है। प्रशासन की कोशिश है कि इस बार यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए न सिर्फ सुरक्षित हो, बल्कि उन्हें हर स्तर पर एक सुखद अनुभव दे।

अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासनिक तैयारियां ज़मीनी स्तर पर श्रद्धालुओं की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती हैं।

Bhagalpur News: लाठी के जौहर और आस्था का संगम, मोहर्रम पर निकला भव्य ताजिया जुलूस

0

भागलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में मोहर्रम का पर्व परंपरा, श्रद्धा और सौहार्द के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर शनिवार को पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाला गया, जिसमें विभिन्न इलाकों से भारी संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस में शरीक लोगों ने धार्मिक आस्था के साथ मोहम्मद साहब और इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद किया।

जुलूस का मुख्य आकर्षण रहा पैकड़ों द्वारा प्रस्तुत किया गया पारंपरिक लाठी प्रदर्शन, जिसने उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया। पैकड़ों ने अलग-अलग अंदाज़ में लाठी भांजते हुए अपने शौर्य और अनुशासन का परिचय दिया। यह प्रदर्शन न सिर्फ भीड़ के आकर्षण का केंद्र रहा, बल्कि मोहर्रम की जीवंत परंपरा को भी मजबूती से प्रस्तुत किया।

जुलूस मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल हर मोर्चे पर मुस्तैद दिखे। जगह-जगह दंडाधिकारियों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और मेडिकल टीम की उपस्थिति ने आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखा।

धार्मिक सौहार्द की मिसाल
मोहर्रम के मौके पर हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों ने मिलकर सहयोग किया, जिससे गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत झलक सामने आई।

श्रावणी मेला: अजगैबीनाथ धाम पहुंचे पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, बोले – बाबा की नगरी को मिलेगी छह लेन सड़क, कांवरियों को हर सुविधा मिलेगी

0

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारियों का जायजा लेने शनिवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन अजगैबीनाथ धाम, सुल्तानगंज पहुंचे। इस दौरान स्थानीय विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल और एनडीए कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-माला, अंगवस्त्र और बुके देकर भव्य स्वागत किया।

मंत्री के आगमन के अवसर पर विधायक ने शाहकुंड प्रखंड स्थित अतिथि गृह के जिर्णोद्धार की मांग करते हुए उन्हें एक मांग पत्र सौंपा, जिस पर मंत्री नितिन नवीन ने शीघ्र कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।

इसके उपरांत मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की और मेला क्षेत्र का भौतिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि कांवरियों की सुविधा सर्वोपरि है। कांवरिया पथ पर जल्द ही बालू बिछाने का कार्य प्रारंभ होगा ताकि यात्रियों को पैदल चलने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। साथ ही, अजगैबीनाथ धाम में मरिन ड्राइव की तर्ज पर छह लेन की भव्य सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जिससे सुल्तानगंज की कनेक्टिविटी और आकर्षण दोनों बढ़ेगा।

नाम बदलने की मांग पर दिया सकारात्मक संकेत
सुल्तानगंज का नाम बदलकर “अजगैबीनाथ धाम” किए जाने की स्थानीय मांग पर मंत्री ने कहा, “यह तो होना ही चाहिए। बाबा की नगरी को उसकी आध्यात्मिक पहचान मिलनी ही चाहिए।”

मंत्री ने यह भी कहा कि बाबा अजगैबीनाथ की नगरी पर उनकी विशेष कृपा है और सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि श्रावणी मेला इस वर्ष श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक, भव्य और स्मरणीय बने।

कहलगांव के नंदलालपुर में सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत, बाइक सवार पर नशे में टक्कर मारने का आरोप

0

कहलगांव थाना क्षेत्र के नंदलालपुर गांव में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 75 वर्षीय बुजुर्ग रामदास सिंह की मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब रामदास सिंह अपने घर के सामने रोज की तरह टहल रहे थे। तभी गांव का ही एक युवक तेज रफ्तार बाइक से आकर उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद घायल अवस्था में उन्हें आनन-फानन में मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि बाइक सवार युवक नशे की हालत में था और अत्यधिक लापरवाही से वाहन चला रहा था।

घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है। रामदास सिंह एक सम्मानित और मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जो इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।

फिलहाल परिजनों ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है, लेकिन मामले को लेकर स्थानीय लोग आक्रोशित हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जानकारी ली जा रही है और यदि शिकायत मिलती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Crime News: खिरीबांध में नशेड़ियों का कहर, महादलित युवक की बेरहमी से पिटाई; दो घायल

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीपुर खिरीबांध गांव के महादलित टोले में शुक्रवार  देर शाम नशे की हालत में धुत कुछ युवकों ने महादलित समुदाय के एक युवक पर लोहे की रॉड और कैची से हमला कर दिया। इस हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवक गांव के पास स्थित एक बगीचे में नियमित रूप से नशा करने के लिए इकट्ठा होते हैं। शुक्रवार को भी यही स्थिति बनी, लेकिन इस बार बात इतनी बिगड़ी कि उन्होंने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान सिर और पेट पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही बाईपास थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार, पुलिस बल और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से कुछ संदिग्धों की पहचान की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

थाना अध्यक्ष प्रभात कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को फिलहाल शांत करा लिया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि नशेड़ियों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके।

स्थानीय लोगों की मांग:
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के समीप स्थित बगीचे में होने वाली नशाखोरी पर रोक लगाई जाए और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

Crime News: छेड़छाड़ विवाद में चाकूबाजी, तीन गंभीर रूप से घायल; पुलिस ने शुरू की जांच

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र स्थित सुधी मुखिया चौक पर शुक्रवार देर शाम छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक झड़प और चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना में मोहम्मद इमरान के दो बेटे मोहम्मद शरीफ और मोहम्मद शफीक, तथा मोहम्मद एजाज की पत्नी नूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला किया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही हबीबपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार रावत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को काबू में लिया। घायलों को तत्काल जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और हमलावरों की पहचान के लिए छानबीन शुरू कर दी गई है। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसे पुलिस ने जांच में शामिल कर लिया है। वीडियो फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

Bhagalpur News: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी, जिलाधिकारी ने कई प्रखंडों का किया निरीक्षण

0

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने और इसकी गति को बढ़ाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-भागलपुर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा विभिन्न प्रखंडों में चल रहे कार्यों का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया गया।

सैनो पंचायत (जगदीशपुर) में बीएलओ कार्य का अवलोकन

निरीक्षण की शुरुआत जगदीशपुर प्रखंड के सैनो पंचायत से की गई, जहां जिलाधिकारी ने बीएलओ (BLO) द्वारा गणना प्रपत्र भरने और उसे ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने फील्ड में जाकर दस्तावेजों की शुद्धता, समयबद्धता और डिजिटल प्रणाली में अद्यतन करने की स्थिति की समीक्षा की।

तरछा दामूचक पंचायत (गोराडीह) में निरीक्षण

इसके बाद उन्होंने गोराडीह प्रखंड अंतर्गत तरछा दामूचक पंचायत में भी बीएलओ के कार्यों की निगरानी की। उन्होंने अधिकारियों से प्रपत्र की उपलब्धता, सत्यापन की गुणवत्ता, और क्षेत्र में चल रहे पुनरीक्षण की प्रगति की जानकारी ली।

मध्य विद्यालय बाबूपुर, सबौर में बैठक

सबौर प्रखंड के मध्य विद्यालय बाबूपुर, पोद्दार टोला में आयोजित बीएलओ की बैठक में शामिल होकर गणना प्रपत्र भरने के तरीकों, डेटा एंट्री प्रक्रिया और समयसीमा के अनुपालन पर विशेष रूप से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बीएलओ को निर्देशित किया कि सभी गतिविधियाँ पारदर्शिता और सटीकता के साथ पूरी की जाएं।

गोराडीह प्रखंड में संग्रह कार्य का अवलोकन

अंत में, गोराडीह प्रखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत गणना प्रपत्र संग्रह कार्य की स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने मौके पर उपस्थित बीएलओ से काम की गुणवत्ता, ग्रामीणों के सहयोग और सत्यापन प्रक्रिया पर भी फीडबैक लिया।

पारदर्शी और समावेशी मतदाता सूची की दिशा में प्रयास

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिया कि यह अभियान राजनीतिक रूप से निष्पक्ष, तकनीकी रूप से सुदृढ़ और जनसमावेशी होना चाहिए, ताकि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।