Home Blog Page 289

जगदीशपुर में युवक ने की आत्महत्या, 6 महीने पहले हुई थी शादी

0

भागलपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैनी दिन नगर गांव से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां 26 वर्षीय मोहम्मद अल्ताफ ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं।

मोहम्मद अल्ताफ की शादी लगभग छह महीने पहले बीबी आशिया से हुई थी। वह बैंगलोर में एक निजी कंपनी में काम करता था और करीब 15 दिन पहले छुट्टी पर अपने गांव आया था। गांव लौटने के कुछ ही दिनों बाद अल्ताफ ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि अल्ताफ ने ऐसा क्यों किया, इसका कोई ठोस कारण सामने नहीं आया है। न ही उसने किसी तरह का सुसाइड नोट छोड़ा है। ऐसे में आत्महत्या की असली वजह अभी रहस्य बनी हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवक शांत स्वभाव का था और हाल के दिनों में किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं मिली थी।

घटना की सूचना मिलते ही जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और परिवार तथा आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

गांव के एक बुजुर्ग निवासी ने बताया, “अल्ताफ होनहार लड़का था, उसकी शादी भी हाल में हुई थी। यह घटना हमारे लिए सदमे से कम नहीं है।”


नवगछिया में स्मैक पीने के दौरान विवाद, युवक की गोली मारकर हत्या

0

भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे के दौरान रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात तेतरी दोनिया टोला स्थित काली मंदिर के पास, संजय सिंह के ईंट भट्ठा के समीप एक बगीचे में घटी।

मृतक की पहचान दोनिया टोला निवासी सुभाष राय के 28 वर्षीय पुत्र साजन कुमार के रूप में की गई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि साजन अपने कुछ साथियों के साथ बगीचे में बैठकर स्मैक पी रहा था। इस दौरान पुराने बकाया रुपये को लेकर बहस इतनी बढ़ गई कि साथियों ने उस पर दो गोलियां चला दीं—एक गोली दाहिनी ओर पेट में और दूसरी बाईं ओर पेट में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल साजन को आनन-फानन में नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के छोटे भाई राहुल कुमार ने बताया कि वह भी उस वक्त भाई के साथ था, लेकिन साजन के कहने पर वह कुछ देर के लिए घर गया था। उसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
वहीं, पिता सुभाष राय का दावा है कि उनके बेटे की हत्या की साजिश पहले से रची जा चुकी थी। उन्होंने दो दिन पहले ही कुछ संदिग्धों को आपस में इस साजिश की चर्चा करते सुना था, जिसकी जानकारी उन्होंने स्थानीय लोगों को भी दी थी।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। नवगछिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


Patna News: वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया- डिजिटल पत्रकारों के अधिकार और गरिमा की एक सशक्त आवाज़

0

भारत में वेब पत्रकारिता के बढ़ते प्रभाव और बदलते मीडिया परिदृश्य के बीच, “वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI)” एक सशक्त और संगठित मंच के रूप में सामने आया है। पिछले एक दशक में डिजिटल मीडिया और वेब पत्रकारिता ने भारतीय मीडिया जगत में क्रांतिकारी परिवर्तन लाए हैं। खबरों की तेजी, आम जनता तक सीधी पहुंच, वैकल्पिक विमर्श और स्थानीय मुद्दों को राष्ट्रीय पटल पर लाने में वेब पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। लेकिन इन उपलब्धियों के बावजूद वेब माध्यम में काम कर रहे पत्रकारों को अक्सर मान्यता, सुरक्षा, प्रशिक्षण और संरचनात्मक सहयोग की कमी का सामना करना पड़ता है।

वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI)” का गठन उद्देश्य

ऐसे समय में “वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI)” का गठन इस आवश्यकता की पूर्ति के उद्देश्य से किया गया, ताकि वेब पत्रकारों को एक ऐसा मंच मिल सके जो उनकी आवाज़ बने, उनके अधिकारों की रक्षा करे, और उनके कार्यक्षेत्र को गरिमा, सम्मान और सुरक्षा प्रदान करे।

MIB से संबद्धता

WJAI ने अपने संघर्ष के बदौलत भारत सरकार की नई डिजिटल मीडिया पॉलिसी के अंतर्गत अपने स्व नियमन इकाई को सम्बद्ध कराया। WJAI के अंतर्गत वेब जर्नलिस्ट्स स्टैंडर्ड ऑथोरिटी को मिनिस्ट्री ऑफ इनफॉर्मेशन ब्रॉडकास्टिंग से मान्यता मिली। आज देश के कई पोर्टल इसके माध्यम MIB से सम्बद्ध है।

संगठन की भूमिका:

WJAI एक गैर-राजनीतिक, स्वायत्त और राष्ट्रव्यापी संगठन है, जो विशेष रूप से डिजिटल मीडिया और वेब पत्रकारिता में संलग्न पत्रकारों के हितों की रक्षा और उन्नयन हेतु कार्य करता है। यह संगठन न केवल पत्रकारों की पेशेवर समस्याओं को उठाता है, बल्कि उन्हें नैतिक पत्रकारिता के दायरे में प्रशिक्षित और जागरूक भी करता है। WJAI आज के समय में वेब पत्रकारों के लिए एक सशक्त, भरोसेमंद और संवेदनशील मंच बनकर सामने आया है, जो न केवल पत्रकारों को संगठित करता है, बल्कि उन्हें सम्मान, सुरक्षा और प्रशिक्षण भी देता है। यदि आप वेब पत्रकारिता से जुड़े हैं तो निश्चित तौर पर आपको इस संगठन से जुड़ना चाहिए, ये आपके लिए एक सुनहरा मौका होगा।

सदस्यता प्रक्रिया:

संगठन से जुड़ना बेहद सरल और पारदर्शी है:

  • इच्छुक वेब पत्रकार [ऑनलाइन सदस्यता फॉर्म] भर सकते हैं या संपर्क टीम से फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
  • आवश्यक दस्तावेज जैसे शैक्षणिक योग्यता, कार्यानुभव, पहचान पत्र और आचरण प्रमाण पत्र साथ में संलग्न करना अनिवार्य है।
  • ये दस्तावेज WJAI के आधिकारिक ईमेल या व्हाट्सएप नंबर पर भेजे जा सकते हैं।
  • दस्तावेजों की जांच एवं अनुमोदन के बाद सदस्यता दी जाती है।
  • शुल्क: ₹600 (प्रथम वर्ष) और ₹100 (हर आगामी वर्ष का नवीनीकरण शुल्क) निर्धारित है।

सदस्य बनने की योग्यता:

वेब पत्रकारिता में गुणवत्ता बरकरार रहे इसलिए संस्था वैसे सदस्यों को हीं जोड़ती है जिनकी न्यूनतम स्नातक डिग्री साथ में कम-से-कम 5 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव हो। पत्रकारिता या जनसंचार का कोर्स किए हुए व्यक्ति को प्राथमिकता भी देती है।

संगठन की विशिष्टताएं:

यह देश का पहला संगठन है जो पत्रकारों को जोड़ने से पूर्व आचरण प्रमाण पत्र (Character Certificate) की अनिवार्यता सुनिश्चित करता है, जिससे संगठन में पारदर्शिता और नैतिकता बनी रहे।

संगठन समय-समय पर प्रशिक्षण, वेबिनार, कार्यशाला, कानूनी सलाह एवं सुरक्षा सहायता भी उपलब्ध कराता है।

WJAI राज्य और जिला स्तर पर इकाइयों के माध्यम से पत्रकारों की समस्याओं का स्थानीय समाधान भी सुनिश्चित करता है। वर्तमान समय में WJAI के 200 से ऊपर सदस्य पूरे देश में हैं और कई राज्यों में इसकी इकाई वेब जर्नलिस्ट्स के हितों के लिए काम कर रही है।

फर्जी पत्रकारिता, प्रेस कार्ड के दुरुपयोग और मीडिया में गिरते नैतिक स्तर के खिलाफ संगठन सजगता से लड़ाई लड़ता है।

सुल्तानगंज में प्रखंड स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन, बच्चों में दिखा उत्साह

0

सुल्तानगंज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देशानुसार प्रदेश भर में आयोजित प्रखंड स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता के अंतर्गत सुल्तानगंज के कृष्णानंद स्टेडियम में सोमवार को खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल एवं नगर सभापति राज कुमार गुड्डू ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय बच्चों और विद्यालय के छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल देखा गया।

दौड़ से हुई शुरुआत, कई खेलों का हुआ आयोजन

प्रतियोगिता की शुरुआत प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा दौड़ में भाग लेकर की गई। इसके बाद साइकिल रेस, वॉलीबॉल, कबड्डी समेत विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ।

प्रत्येक खेल में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में खेल के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा देखी गई।

शिक्षा और खेल अधिकारियों की सहभागिता

इस अवसर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रेखा भारती, प्रखंड संसाधन केंद्र के संचालक कृष्णा कुमार, शिक्षक राकेश कुमार सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने छात्रों को खेल के प्रति जागरूक रहने और भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

श्रावणी मेला: सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन में राजकीय थाना का उद्घाटन, कांवरियों की सुरक्षा पर विशेष जोर

0

सुल्तानगंज विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला की तैयारी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। सोमवार को रेल एसपी रमण कुमार चौधरी ने सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन परिसर में राजकीय थाना का विधिवत उद्घाटन किया।

रेल एसपी ने फीता काट कर थाने का उद्घाटन किया और मौके पर मौजूद मीडिया से बातचीत में बताया कि श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह थाना स्थापित किया गया है, ताकि यात्रियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा मुहैया कराई जा सके।

बेहतर सुरक्षा के लिए पूरी तैयारी

रेल एसपी रमण कुमार चौधरी ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना अत्यंत आवश्यक था। उन्होंने बताया कि इस बार कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

उपस्थित रहे अधिकारी

इस अवसर पर रेल डीएसपी मनीष यादव, स्टेशन मास्टर गिरीश कुमार, साथ ही आरपीएफ व जीआरपीएफ के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर और नए थाने का निरीक्षण भी किया और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की।

प्रशांत किशोर का बड़ा खुलासा: BJP प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर मेडिकल कॉलेज कब्जे और हत्या की साजिश के गंभीर आरोप

0

पटना: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने सोमवार को पटना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किशनगंज स्थित माता गुजरी मेडिकल कॉलेज (MGM) को लेकर उन्होंने बताया कि यह अल्पसंख्यक सिख समुदाय द्वारा स्थापित मेडिकल कॉलेज है, जिस पर जायसवाल ने अवैध तरीके से कब्जा कर रखा है।

PK ने कहा कि दिलीप जायसवाल, जो कभी इसी कॉलेज में क्लर्क थे, पिछले 25 वर्षों से सत्ता और संपर्कों का दुरुपयोग करते हुए कॉलेज पर काबिज हैं। उन्होंने सरदार मोलेश्वर सिंह के परिवार को ट्रस्ट से बाहर कर दिया और राजेश शाह हत्याकांड में उनकी कथित संलिप्तता की भी बात कही। PK ने आरोप लगाया कि जांच करने वाले पुलिस अधिकारी की पत्नी को उसी कॉलेज से MBBS की डिग्री मिली जिससे जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं।

मोलेश्वर सिंह परिवार की गुहार: “हमारे पिता को हटाकर कब्जा किया गया”

कॉलेज के संस्थापक सरदार मोलेश्वर सिंह के पुत्र गुरुदयाल सिंह और पुत्री अमृत कौर ने भावुक होकर कहा कि उनके पिता को साजिशन हटाकर दिलीप जायसवाल ने ट्रस्ट और कॉलेज पर कब्जा कर लिया। उन्होंने कहा कि इस मामले में उन्हें जान का खतरा है और उन्होंने CBI व ED जांच की मांग की है।

राजनीतिक चुप्पी पर सवाल

प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया कि राजद, भाजपा और जदयू तीनों पार्टियां इस मामले पर चुप क्यों हैं? उन्होंने कहा, “जब व्यक्तिगत लाभ की बात आती है तो सभी पार्टियां साथ हो जाती हैं।” PK ने दावा किया कि राबड़ी देवी ने दिलीप जायसवाल को “मुंह बोला भाई” कहा था और पिछले दो दशकों में 50 से अधिक नेताओं और अफसरों के बच्चों को मेडिकल कॉलेज में मैनेजमेंट कोटे से एडमिशन दिलवाया गया, इसलिए कोई इनके खिलाफ नहीं बोल रहा।

कानूनी पहलू: ट्रस्ट एक्ट का उल्लंघन

वरिष्ठ अधिवक्ता वाई बी गिरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दिलीप जायसवाल ट्रस्ट एक्ट और रजिस्ट्रेशन एक्ट का उल्लंघन कर MGM कॉलेज के डायरेक्टर बने हैं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट में कम से कम दो-तिहाई सदस्य सिख समुदाय से होने चाहिए, लेकिन इसकी अनदेखी की गई है।

गिरी ने राजेश शाह हत्याकांड का जिक्र करते हुए बताया कि शाह की बहन ने कोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा है कि दिलीप जायसवाल हत्या के लिए जिम्मेदार हैं, इसके बावजूद उन्हें क्लीन चिट दी गई। उन्होंने ऐलान किया कि वह इस मामले को कोर्ट में चुनौती देंगे।

जन सुराज की मांग

  1. सरदार मोलेश्वर सिंह के परिवार को ट्रस्ट और कॉलेज का स्वामित्व लौटाया जाए
  2. राजेश शाह हत्याकांड की निष्पक्ष और दोबारा जांच कराई जाए
  3. दिलीप जायसवाल तत्काल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दें
  4. पूरे प्रकरण की CBI/ED से जांच कराई जाए
  5. आयुष्मान योजना के तहत कॉलेज द्वारा की जा रही फर्जीवाड़े की जांच हो

PK का एलान: सड़क से संसद तक लड़ाई

प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया कि जन सुराज पार्टी इस पूरे मामले को लेकर कोर्ट और जनता दोनों के बीच लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जल्द ही कॉलेज में आयुष्मान कार्ड के नाम पर किए गए करोड़ों के घोटाले का भी पर्दाफाश किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, पूर्व विधायक किशोर कुमार, पूर्व उप सेना प्रमुख एस.के. सिंह, महासचिव सुभाष सिंह कुशवाहा, पूर्व आईपीएस आर.के. मिश्रा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

Patna News: मुख्यमंत्री ने 7468 नवनियुक्त एएनएम को सौंपा नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती

0

मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने आज ‘संवाद’ सभागार (मुख्यमंत्री सचिवालय, पटना) में आयोजित एक भव्य समारोह में 7468 नवनियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (एएनएम) को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के स्वास्थ्य तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

मुख्यमंत्री ने प्रतीक स्वरूप मोना कुमारी,  नीलू कुमारी,  अमृता कुमारी,  प्रिया सिन्हा एवं  रीमा कुमारी को मंच पर नियुक्ति पत्र देकर सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि सभी नई नियुक्त महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करेंगी और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती प्रदान करेंगी।”

कार्यक्रम के दौरान विकास आयुक्त सह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव  प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्यमंत्री  विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री  मंगल पांडेय, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव  अमृत लाल मीणा, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक  सुहर्ष भगत एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

यह नियुक्ति राज्य सरकार की उस नीति का हिस्सा है जिसके अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं तक आम लोगों की सुलभ पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। नवनियुक्त एएनएम ग्रामीण क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, प्रसवपूर्व जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महती भूमिका निभाएंगी।

रोटरी क्लब भागलपुर द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 259 लाभार्थियों को मिला लाभ

0

भागलपुर समाजसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए रोटरी क्लब भागलपुर ने रविवार को डाटबट विद्यालय परिसर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर केंद्रित एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें जरूरी चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराना था।

प्रमुख चिकित्सकों का नेतृत्व

स्वास्थ्य शिविर का नेतृत्व प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सौम्या गुप्ता, अध्यक्ष – मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य समिति, और जाने-माने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. देव आनंद ने किया। इनके साथ अनुभवी चिकित्सकों की एक टीम मौजूद रही, जिन्होंने शिविर में आने वाले प्रत्येक लाभार्थी की गहन जांच की और उचित परामर्श दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

इस शिविर में कुल 259 लाभार्थियों ने भाग लिया। सभी को निशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक दवाएं प्रदान की गईं। इसके अलावा बच्चों को चॉकलेट व बिस्कुट, जबकि उनके परिवारों को साबुन एवं डिटर्जेंट पाउडर वितरित किए गए, जिससे उन्हें स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिल सके।

स्वच्छता जागरूकता पर विशेष सत्र

शिविर में एक स्वच्छता जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने उपस्थित जनसमूह को व्यक्तिगत साफ-सफाई, घरेलू स्वच्छता तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम के विषय में विस्तृत जानकारी दी। इसका उद्देश्य माताओं और परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक और जिम्मेदार बनाना था।

सभी का मिला सहयोग

रोटरी क्लब भागलपुर ने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, दानदाताओं, सहयोगी संस्थाओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब ने यह भी स्पष्ट किया कि यह आयोजन रोटरी इंटरनेशनल के सात सेवा क्षेत्रों में से एक – मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य – के तहत किया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो समाज में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में प्रयासरत है।

भागलपुर: मोहर्रम की दशमी पर निकला ताजिया जुलूस, गम और अकीदत के बीच उमड़ा जनसैलाब

0

भागलपुर में आज मोहर्रम की दसवीं तारीख पर भव्य ताजिया जुलूस निकाला गया, जिसमें गम, श्रद्धा और भाईचारे का भावनात्मक संगम देखने को मिला। जुलूस की शुरुआत कोतवाली चौक से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरते हुए शाहजंगी मैदान में सम्पन्न हुआ।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़
ताजिया जुलूस में भाग लेने और उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर उमड़ पड़े। पूरा शहर मातमी रंग में डूबा रहा, और जुलूस के मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा दस्तूर के मुताबिक मर्सिए और नोहे पढ़े गए।

कड़ी सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल
शहर में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन कैमरों से निगरानी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम की लगातार मॉनिटरिंग की, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

प्रशासन की मुस्तैदी रही काबिले तारीफ
जुलूस के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहा। शांति समिति के सदस्यों, स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला, जिससे मोहर्रम का यह पावन आयोजन बिना किसी अव्यवस्था के सम्पन्न हो सका।

सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल
इस मौके पर शहरवासियों ने आपसी सहयोग और साम्प्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की। मोहर्रम के जुलूस ने न सिर्फ गम और अकीदत का संदेश दिया, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूती प्रदान की।

भागलपुर के निखिल आनंद ने सीए फाइनल में रच दिया इतिहास, ऑल इंडिया रैंक 20 हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

0

भागलपुर की मिट्टी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी ऊंचाई हासिल की जा सकती है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) द्वारा घोषित सीए फाइनल परीक्षा परिणाम में भागलपुर के निखिल आनंद ने ऑल इंडिया रैंक 20 प्राप्त कर जिले और राज्य का नाम देशभर में रोशन कर दिया है।

खरमनचक से लेकर ऑल इंडिया तक का सफर
निखिल भागलपुर के खरमनचक मोहल्ले का रहने वाला है और बीते कुछ वर्षों से कोलकाता में रहकर सीए की पढ़ाई कर रहा था। उनकी यह सफलता महज एक परीक्षा पास करने की उपलब्धि नहीं, बल्कि अनुशासन, कठिन परिश्रम और आत्म-समर्पण की मिसाल है। निखिल छुट्टियों में घर आने पर भी सेल्फ स्टडी में डबल टाइम लगाया करते थे।

परिवार की मेहनत और भावनाएं भी हुईं सफल
रिजल्ट घोषित होते ही निखिल के घर पर बधाइयों का तांता लग गया। पूरे मोहल्ले में उत्सव जैसा माहौल है। माँ पूनम भावुक होकर कहती हैं, “बेटा शुरू से पढ़ाई में तेज था और आज उसका सपना पूरा हो गया।” वहीं पिता संदीप कुमार सालारपुरिया बताते हैं, “निखिल को पढ़ाई की इतनी लगन थी कि वह रात-रात भर पढ़ाई करता था। हमने कभी उस पर दबाव नहीं डाला, उसने खुद ही लक्ष्य तय किया और उसे हासिल किया।”

सपना था AIR-1, मिला AIR-20—फिर भी संतुष्ट हूं: निखिल
अपनी सफलता पर निखिल आनंद ने कहा, “मैंने AIR-1 के लिए तैयारी की थी, लेकिन AIR-20 हासिल हुआ। मैं इससे बेहद खुश हूं। यह सफलता भगवान, मेरे माता-पिता और दोस्तों के सहयोग के बिना संभव नहीं थी। सीए की पढ़ाई आसान नहीं होती, लेकिन अगर मन में ठान लें, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं।”

प्रेरणा बना भागलपुर का बेटा
निखिल की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरा भागलपुर जिला गौरवांवित है। यह सफलता जिले के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है कि लक्ष्य कितना भी बड़ा क्यों न हो, मेहनत और आत्मविश्वास से उसे हासिल किया जा सकता है।