Home Blog Page 263

“बेटा… उठ जा” — आरा में 15 वर्षीय किशोर ने की आत्महत्या, मां की ममता चीखती रही लेकिन लौट न सका मोहित

0

आरा/बिहार: नवादा थाना क्षेत्र के गोढना रोड मोहल्ले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है जिसने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। समाहरणालय में होमगार्ड के पद पर कार्यरत चांदनी कुमारी के 15 वर्षीय बेटे मोहित राज ने घर की छत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना न सिर्फ एक मां की ममता को झकझोर देने वाली है, बल्कि समाज को भी सोचने पर मजबूर करती है।

परिजनों ने जब तक मोहित को फंदे पर लटका देखा, तब तक काफी देर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर रवि रंजन ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मोहित, संतोष कुमार शर्मा और चांदनी कुमारी का इकलौता पुत्र था। जानकारी के अनुसार, आत्महत्या से ठीक पहले मोहित ने किसी व्यक्ति को फोन किया था। इसके बाद वह छत पर गया और खुदकुशी कर ली। अब यह कॉल किसे किया गया और उस बातचीत में क्या हुआ—यह जांच का विषय है।

लेकिन जो दृश्य लोगों को सबसे ज्यादा झकझोर गया, वह था मां चांदनी का अपने बेटे को मुंह से ऑक्सीजन देने की कोशिश करना। वह लगातार अपने मृत बेटे को झकझोरती रहीं, पुकारती रहीं —
“बेटा, उठ जा… देख, मां आई है… सांस ले ले…”
पर बेटे की सांसें थम चुकी थीं।

मां का विश्वास अभी भी टूटा नहीं था। उन्होंने अपने बेटे के शव के पास मां भगवती से रो-रोकर गुहार लगाई—
“मां, तू सबकी सुनती है… आज मेरे बेटे को लौटा दे…”
यह उम्मीद लिए उन्होंने CPR तक देने की कोशिश की, लेकिन नियति ने उनके सारे प्रयास विफल कर दिए।

इस दर्दनाक घटना से मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसर गया है। हर कोई यही पूछ रहा है कि आखिर 15 साल के उस मासूम बच्चे के जीवन में ऐसा क्या दर्द था जिसने उसे यह आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर कर दिया?

पुलिस अब मामले की गहन जांच में जुटी है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और मोहल्ले में हर कोई गमगीन है।

तिलकामांझी में प्रवासी महिलाओं संग शिवचर्चा, महिला सशक्तिकरण पर हुई चर्चा

0

भागलपुर: तिलकामांझी मंडल में बुधवार को महिला मोर्चा की ओर से एक विशेष बैठक और शिवचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान से आई प्रवासी महिला दीदी शिवांगी सिंह और आशीष वर्मा ने भाग लिया। उनका स्वागत अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों को लेकर संवाद स्थापित करना था।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष सोमनाथ शर्मा ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में महिलाएं पहले से अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर महसूस कर रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने महिलाओं के हित में कई योजनाएं चलाई हैं जैसे कि जीविका योजना, उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण योजना, और शराबबंदी जैसे कदम, जिससे महिलाओं के आत्म-सम्मान को बढ़ावा मिला है।

प्रवासी महिला शिवांगी सिंह ने कहा कि अब बिहार आने में डर नहीं लगता, यह राज्य में बदले हुए माहौल का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने महिलाओं के लिए वास्तविक सुरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित किया है। आशीष वर्मा ने भागलपुर की महिलाओं के उत्साह की सराहना की और कहा कि वे उनकी समस्याएं सरकार तक पहुंचाएंगी ताकि नीतिगत स्तर पर समाधान हो सके।

बैठक की अध्यक्षता मंडल उपाध्यक्ष जोशी भारती ने की, संचालन मंडल उपाध्यक्ष अनीता सिंह ने किया, और धन्यवाद ज्ञापन मंडल महामंत्री बबीता मिश्रा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में भाजपा नेत्री श्वेता सिंह, उपाध्यक्ष दीपक मिश्रा, लाडली कुमारी, पूनम सिंह समेत सैकड़ों महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

गंगा का जलस्तर घटा, अब डेंगू और टाइफाइड का खतरा; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में

0

भागलपुर: भागलपुर में गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है। जहां एक ओर इससे बाढ़ की आशंका कम हुई है, वहीं दूसरी ओर डेंगू और टाइफाइड जैसी संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए गए हैं।

मॉडल सदर अस्पताल में विशेष रूप से 10 बेड का डेंगू वार्ड तैयार किया गया है। अस्पताल प्रभारी डॉ. राजू कुमार ने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए सभी जरूरी दवाएं और संसाधन प्रयाप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। हालांकि अब तक डेंगू का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए विभाग पूरी तैयारी में जुटा है।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे अपने घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, पानी जमा न होने दें और मच्छरदानी अथवा रिपेलेंट का उपयोग करें। विभाग की टीमों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित निगरानी और छिड़काव कार्य के निर्देश भी दिए गए हैं।

गौरतलब है कि मानसून के बाद गंदा और रुका हुआ पानी मच्छरों के लिए प्रजनन का उपयुक्त माध्यम बनता है, जिससे डेंगू और टाइफाइड जैसे संक्रमण तेजी से फैल सकते हैं। ऐसे में समय रहते सतर्कता और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

नाथनगर विकास से कोसों दूर: राजद विधायक पर लोजपा नेता अमर कुशवाहा का तीखा हमला

0

भागलपुर: नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के हालात पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता और पूर्व प्रत्याशी अमर कुशवाहा ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने वर्तमान राजद विधायक अशरफ अली सिद्दीकी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि नाथनगर 15 साल पीछे चला गया है और यहां विकास नाम की कोई चीज़ नहीं बची है।

अमर कुशवाहा ने कहा,

“नाथनगर विधानसभा आज भी बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहा है। यह क्षेत्र हर साल बाढ़ की चपेट में आता है, लेकिन राहत और मुआवज़ा सिर्फ कागज़ों तक सीमित रहता है। पीड़ितों को कोई लाभ नहीं मिलता। राजद विधायक ने अपने स्वास्थ्य का हवाला देकर वर्षों से क्षेत्र की उपेक्षा की है।”

लोजपा नेता ने जनता से आह्वान किया कि वे आगामी चुनाव में एक ‘रिटायर्ड’ और निष्क्रिय विधायक को घर बैठाएं और किसी ऐसे उम्मीदवार को चुनें जो विकास की गारंटी दे सके।

कुशवाहा ने आरोप लगाया कि बाढ़ राहत कार्यों में भी भ्रष्टाचार चरम पर है और क्षेत्रीय जनता को लूट और उपेक्षा के अलावा कुछ नहीं मिला।

“अब वक्त आ गया है कि नाथनगर की जनता जागे और ऐसे जनप्रतिनिधियों को बाहर का रास्ता दिखाए जो सिर्फ नाम के विधायक हैं। जनता को चाहिए कि वो विकासवादी सोच वाले उम्मीदवारों का समर्थन करे।”
– अमर कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) नेता

नाथनगर के कई इलाकों में स्थानीय लोगों ने भी कुशवाहा की बातों से सहमति जताते हुए कहा कि क्षेत्र की हालत वर्षों से जस की तस बनी हुई है।

भागलपुर का ‘स्मार्ट सिटी’ सपना टूटा, नगर निगम बना ‘नरक निगम’

0

भागलपुर: एक ओर जहां भागलपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के दावे किए जा रहे हैं, वहीं ज़मीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। नगर निगम की लापरवाही के कारण शहरवासी नारकीय हालात में जीने को मजबूर हैं। वार्ड संख्या 38 इसका सबसे बड़ा उदाहरण बन चुका है, जहां गंदगी और जलजमाव ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है।

लोहापट्टी चौक पर गंदगी का अंबार, कीचड़ और सड़ांध से भरी सड़कों ने इलाके को ‘बीमार मोहल्ला’ में बदल दिया है। हल्की बारिश में ही यह इलाका तालाब में तब्दील हो जाता है। राहगीरों को पैदल चलना भी भारी पड़ रहा है, आए दिन कोई न कोई दुर्घटना का शिकार हो रहा है।

स्थानीय भाजपा नेता दिलीप मिश्रा ने वार्ड 38 का दौरा कर नगर निगम की कार्यशैली पर कड़ी नाराज़गी जाहिर की। उन्होंने कहा:

“भागलपुर को स्मार्ट सिटी बनाने की बात करना एक दिखावा मात्र है। वार्ड 38 की स्थिति देखकर लगता है कि नगर निगम खुद शहर को नरक में बदलने पर तुला हुआ है। जनता त्रस्त है और जिम्मेदार लोग मौन हैं।”
– दिलीप मिश्रा, बीजेपी नेता

स्थानीय निवासियों ने भी बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं आता, न ही सफाई की समुचित व्यवस्था है।

इस स्थिति को देखकर यह सवाल उठना लाजिमी है:
क्या भागलपुर वाकई स्मार्ट सिटी है, या फिर सिर्फ कागज़ों पर?

कृषि भवन, नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री से बिहार व उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्रियों की अहम बैठक

0

नई दिल्ली: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आज कृषि भवन, नई दिल्ली में बिहार के उप मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री  विजय कुमार सिन्हा और उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री  सूर्यप्रताप शाही ने शिष्टाचार मुलाकात की। बैठक में दोनों राज्यों के मंत्रियों ने क्षेत्रीय कृषि विकास, किसानों के कल्याण और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसान हित सर्वोपरि है और राज्यों के सुझावों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोनों मंत्रियों से आग्रह किया कि 2 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इस दिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त देशभर के करोड़ों किसानों को हस्तांतरित करेंगे। श्री चौहान स्वयं पटना (बिहार) में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

बैठक के दौरान श्री सूर्यप्रताप शाही ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसानों के नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई से बढ़ाकर 15 अगस्त तक करने का अनुरोध किया, जिस पर श्री चौहान ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। श्री विजय कुमार सिन्हा ने भी बिहार के किसानों की समस्याएं साझा करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए।

बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव श्री देवेश चतुर्वेदी सहित मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सरकार द्वारा यह पहल कृषि क्षेत्र में राज्यों और केंद्र के बीच समन्वय को मजबूत करने तथा किसानों के हित में त्वरित फैसले लेने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस्माइलपुर में तीन स्थानों पर सुशासन सखी चौपाल, अपर्णा कुमारी ने नीतीश सरकार की उपलब्धियों को बताया ऐतिहासिक

0

भागलपुर: भागलपुर जिले के इस्माइलपुर प्रखंड में जदयू महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव सुश्री अपर्णा कुमारी के नेतृत्व में तीन स्थानों पर सुशासन सखी चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को बिहार सरकार की योजनाओं और विकासात्मक उपलब्धियों की जानकारी दी गई।

सुश्री अपर्णा कुमारी ने चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासन को “ऐतिहासिक और बदलावकारी” बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने बिहार को शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सड़क, बिजली, पेयजल, कानून व्यवस्था सहित सभी क्षेत्रों में नई दिशा दी है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि नीतीश कुमार का नेतृत्व बिहार को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले गया है, और महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, जो राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।

चौपाल में शामिल महिलाओं ने अपनी स्थानीय समस्याएं साझा कीं, जिनके समाधान का आश्वासन भी अपर्णा कुमारी ने मौके पर दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाना और महिला सहभागिता को बढ़ावा देना रहा।

श्रावणी मेले में झलकी आस्था और देशभक्ति की अनूठी मिसाल, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ कांवर बना आकर्षण का केंद्र

0

भागलपुर (सुल्तानगंज): श्रावणी मेले में इस बार भक्तिभाव के साथ देशभक्ति की भी अनोखी छवि देखने को मिली। झारखंड के टाटानगर से आए 51 कांवरियों के दल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नामक एक विशेष कांवर के साथ बाबाधाम (देवघर) के लिए रवाना होकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।

यह कांवर केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं था, बल्कि देश के प्रति समर्पण और भारतीय सेना के शौर्य का संदेश देने वाला एक चलता-फिरता प्रतीक भी बना।

‘ऑपरेशन सिंदूर’: कांवर में देश की ताक़त और श्रद्धा का संगम

यह कांवर मिसाइल आकृति में डिज़ाइन किया गया था, जिसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया। इसकी सजावट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों को प्रमुखता से दर्शाया गया था। कांवर की बाहरी बनावट में भारतीय सेना के शौर्य, मिशन की सफलता, और युवाओं की देशभक्ति भावनाओं को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया।

दल का नेतृत्व कर रहे पंकज कुमार मिश्रा ने बताया:

“मैं 1992 से कांवर यात्रा कर रहा हूं। इस साल का कांवर देश के युवाओं को समर्पित है। इसे तैयार करने में 45 दिन लगे हैं। यह श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति का मिलाजुला रूप है।”

नारे और संदेश से गूंजा वातावरण

यात्रा के दौरान पूरा जत्था “भारत माता की जय” और “बोल बम” के नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति और भक्ति से सराबोर करता रहा। यह कांवर श्रद्धालुओं और दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।

पिछले वर्ष की थी ‘शिव-पार्वती’ थीम

पंकज मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने शिव-पार्वती आकृति वाला कांवर बनाया था, लेकिन इस वर्ष उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के ज़रिए देश के प्रति नमन और युवाओं को प्रेरणा देने की कोशिश की है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया बाराबर (वाणावर) क्षेत्र के विकास कार्यों का निरीक्षण, श्रद्धालुओं से की मुलाकात

0

जहानाबाद /पटना: मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने आज जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड अंतर्गत ऐतिहासिक बाराबर (वाणावर) क्षेत्र का दौरा कर वहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वाणावर श्रावणी मेला में आए श्रद्धालुओं का स्वागत किया और उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने बाबा सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचकर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया और उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि

“श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।”

प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने पर बल

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बाराबर गुफाएं भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर हैं, जिन्हें संरक्षित करना हमारी ज़िम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन गुफाओं का विकास कार्य पर्यटन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बाराबर गुफाओं का इतिहास

  • बाराबर गुफाएं भारतीय उपमहाद्वीप की सबसे प्राचीन चट्टानों को काटकर बनाई गई गुफाओं में गिनी जाती हैं।
  • इनका निर्माण मौर्य सम्राट अशोक और उनके उत्तराधिकारी दशरथ के शासनकाल (तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व) में हुआ था।
  • गुफाएं प्रमुखतः आजीवक संप्रदाय के साधुओं के लिए बनाई गई थीं।
  • प्रमुख गुफाएं: कार्णचौपर गुफा, लोमस ऋषि गुफा, सुदामा गुफा, विश्वज्योति गुफा।
  • इन गुफाओं में चिकनी पॉलिशिंग और ध्वनि की गूंज इन्हें ध्यान-साधना के लिए उपयुक्त बनाती है।

50 करोड़ की विकास योजना जारी

मुख्यमंत्री द्वारा वर्ष 2025 की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित ₹50 करोड़ की समग्र विकास योजना के तहत बाराबर क्षेत्र में निम्न कार्य किए जा रहे हैं:

  • गुफाओं तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का निर्माण
  • पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण
  • लघु संग्रहालय का पुनर्निर्माण एवं नवीनीकरण
  • स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रधान सचिव  दीपक कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी  गोपाल सिंह, पुलिस महानिरीक्षक (मगध प्रक्षेत्र)  क्षत्रनील सिंह, जिलाधिकारी  अलंकृता पांडेय, पुलिस अधीक्षक  विनीत कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

भागलपुर में बकाया नहीं चुकाने पर नीलामपत्र वाद में व्यक्ति को भेजा गया जेल

0

भागलपुर: भागलपुर जिला प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बकाया राशि नहीं चुकाने के मामले में एक व्यक्ति को जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई नीलामपत्र वाद संख्या 15/2019-20 के तहत की गई है। न्यायालय, श्री कुन्दन कुमार (अपर समाहर्त्ता, आपदा प्रबंधन)-सह-नीलामपत्र पदाधिकारी, भागलपुर ने संजय मंडल को 31 अक्टूबर 2025 तक या बकाया भुगतान होने तक जेल में रखने का आदेश पारित किया है।

क्या है मामला?

संजय मंडल, पिता- स्वर्गीय सरयू मंडल, निवासी मकान नंबर 97, उर्दू बाजार रोड, थाना- ततारपुर, भागलपुर के खिलाफ ₹1,99,099 की बकाया राशि को लेकर नीलामपत्र वाद दायर था। कई अवसरों पर राशि चुकाने के लिए कहा गया, लेकिन भुगतान नहीं हुआ।

अदालत ने 28 जून 2025 को बॉडी वारंट जारी किया था, जिसके आधार पर 30 जुलाई 2025 को ततारपुर थाना प्रभारी ने संजय मंडल को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

बिना समाधान के भेजा गया जेल

जज के समक्ष पेश किए जाने पर संजय मंडल न तो बकाया चुका सके और न ही कोई समाधान प्रस्तावित कर पाए। इस पर न्यायालय ने कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा (दीवानी जेल), भागलपुर भेजने का आदेश दिया।

प्रशासनिक सख्ती का संकेत

यह कार्रवाई जिला प्रशासन की ओर से राजस्व वसूली और वित्तीय अनुशासन के प्रति सख्त रुख को दर्शाती है। नीलामपत्र वादों में टालमटोल करने वाले बकायेदारों के लिए यह स्पष्ट संदेश है कि अब लापरवाही पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।