Home Blog Page 180

शॉर्ट सर्किट से उजड़ी रोज़ी-रोटी: पीरपैंती के प्यालापुर में किराना दुकान में भीषण आग, लाखों का नुकसान

0

भागलपुर/ पीरपैंती: भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड अंतर्गत प्यालापुर गांव में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक किराना दुकान में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते-ही-देखते पूरी दुकान और उससे सटे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये मूल्य का किराना सामान, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामग्री पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्यालापुर निवासी झामु पोद्दार की किराना दुकान में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से चिंगारी उठी, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटों और धुएं ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। आसपास के लोगों ने तुरंत दुकानदार को बाहर निकाला और आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि ग्रामीणों के प्रयास नाकाफी साबित हुए।

आग दुकान से होते हुए पास स्थित गोदाम तक फैल गई, जहां बड़ी मात्रा में रखा किराना सामान और अन्य सामग्री जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। घटना के दौरान गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे आग और भी भयावह होती चली गई और नुकसान कई गुना बढ़ गया।

इसी बीच घटना की जानकारी मिलते ही पीरपैंती के विधायक मुरारी पासवान मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

काफी विलंब से मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थिति का जायजा लिया और आग पूरी तरह बुझने की पुष्टि की। विधायक मुरारी पासवान ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित दुकानदार को हर संभव सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया है।

समृद्धि यात्रा में मुजफ्फरपुर को ऐतिहासिक सौगात, मुख्यमंत्री ने 853 करोड़ की 172 योजनाओं का किया उद्घाटन

0

Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज मुजफ्फरपुर जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत कुल 853 करोड़ रुपये की लागत से 172 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन, शिलान्यास एवं कार्यारंभ किया, जिससे जिले के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने मुशहरी प्रखंड के चांदनी चौक (एनएच-28) से बखरी पथ (एनएच-57) तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 15 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी सड़क परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। इसके साथ ही पूर्वी मुजफ्फरपुर में रिंग रोड निर्माण, गोबरसही चौक से माड़ीपुर तक आरओबी निर्माण, मधौल-रामदयालु पथ चौड़ीकरण, सबहा चौक से मरीचा पथ निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी गई।

निरीक्षण के क्रम में यह भी बताया गया कि मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड का नाम अमर शहीद बैकुंठ शुक्ल के नाम पर किया गया है, जिसका लगभग 63 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना की।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने अहियापुर स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण के निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य (फेज-2) का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस फेज के तहत प्रशासनिक भवन, निबंधन कार्यालय, कैंटीन, वर्कर रेस्ट शेड, शौचालय, लोडिंग एवं वेडिंग प्लेटफॉर्म सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने बाजार समिति परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी अवलोकन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका से जुड़ी 27,628 स्वयं सहायता समूहों को 406 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। जीविका दीदियों ने महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में महिलाओं की भागीदारी अहम है और सरकार उन्हें हर संभव सहयोग देती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 853 करोड़ रुपये की योजनाओं में 212 करोड़ की 47 योजनाओं का उद्घाटन, 194 करोड़ की 89 योजनाओं का शिलान्यास और 447 करोड़ की 36 योजनाओं का कार्यारंभ शामिल है। जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे !

डेयरी क्रांति से बदलेगा बिहार, हर गांव तक पहुंचेगा रोजगार और समृद्धि: CM नीतीश कुमार

0

पटना/सिवान: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि डेयरी व्यवसाय बिहार में रोजगार सृजन और आमदनी बढ़ाने का मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्वेत क्रांति के जरिए राज्य के गांव–गांव में समृद्धि लाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के क्रम में राजेन्द्र स्टेडियम, सीवान में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए यह बातें कहीं।

समीक्षात्मक बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी और रोजगार देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। इसी उद्देश्य से उद्योगों की स्थापना के साथ-साथ डेयरी सेक्टर को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सीवान जिले के सभी 1,528 गांवों में दुग्ध उत्पादन समितियों का गठन किया जाएगा और जिले की सभी 293 पंचायतों में ‘सुधा’ दुग्ध बिक्री केंद्र खोले जाएंगे। इससे न केवल किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। सात निश्चय-3 के अंतर्गत ‘कृषि में प्रगति, प्रदेश की समृद्धि’ को प्रमुख उद्देश्य के रूप में रखा गया है। इसी कड़ी में वर्ष 2024 से 2029 तक के लिए चौथा कृषि रोड मैप तेजी से लागू किया जा रहा है। इसके साथ ही मखाना उत्पादन एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए अलग से रोड मैप तैयार किया गया है। हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की दिशा में भी कार्यों को और गति दी जा रही है।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृत सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तेज़ी से किया जाए। सात निश्चय-2 के तहत चल रही योजनाओं को बेहतर ढंग से पूरा करने और सात निश्चय-3 की नई योजनाओं पर समयबद्ध तरीके से काम शुरू करने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारें तथा सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए राज्य में उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज और सुविधाएं दी जा रही हैं। साथ ही, युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्टार्टअप नीति लागू की गई है, जिससे वे अपना स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें।

उन्होंने सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य नागरिकों के दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करना और सुविधाओं को बेहतर बनाना है। सरकार लगातार इस दिशा में काम कर रही है ताकि बिहार के नागरिकों का जीवन और अधिक सुगम हो सके।

बैठक के दौरान सीवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने प्रगति यात्रा, सात निश्चय-2 एवं सात निश्चय-3 से जुड़ी योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विभिन्न विभागों के मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।

सीवान में विकास की रफ्तार तेज, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के तहत 202 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास–उद्घाटन

0

Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज सीवान जिले का व्यापक दौरा कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को तय समयसीमा में योजनाएं पूरी करने के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सीवान जिले को कुल 202 करोड़ रुपये की विकासात्मक योजनाओं की बड़ी सौगात दी। इनमें 157 करोड़ रुपये की 40 योजनाओं का शिलान्यास तथा 45 करोड़ रुपये की 31 योजनाओं का उद्घाटन रिमोट के माध्यम से किया गया।

राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, मैरवा के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सुविधाओं का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉलों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभुकों को सांकेतिक चेक एवं स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए। तेल प्रसंस्करण इकाई के लिए सूर्यान्स एफपीओ को 9.90 लाख रुपये, फार्म मशीनरी बैंक के लिए मुकेश कुमार को 8 लाख रुपये तथा झोपड़ी मशरूम इकाई के लिए धर्मेंद्र राम को 89,750 रुपये की अनुदान राशि दी गई।

कार्यक्रम में कृषि सखियों ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी और बताया कि सरकार द्वारा उन्हें 5 हजार रुपये प्रतिमाह की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। सीवान जिले के 11 प्रखंडों में कुल 23 कृषि सखियां इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं।

इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित सीवान–आंदर पथ के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण का लगभग 24 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य तेजी से जारी है। इसके अलावा पचरुखी बाईपास, विभिन्न राज्य उच्च पथों के चौड़ीकरण, आरओबी निर्माण, घाघरा नदी पर पुल एवं पहुंच पथ, मैरवा ग्रिड उपकेन्द्र, प्रेक्षागृह निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगति पर हैं।

मुख्यमंत्री ने पंचमंदिरा पोखरा, सीवान में जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत कराए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया और मत्स्य बीज संचयन का कार्यारंभ किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विभिन्न विभागों के मंत्री, वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समृद्धि यात्रा के माध्यम से सीवान जिले में विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।

समृद्धि यात्रा: सारण की धरती से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गिनाईं उपलब्धियां और भविष्य की योजनाएं

0

Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के क्रम में आज सारण जिले के छपरा स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड मैदान में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 में पहली बार एनडीए सरकार बनने के बाद से बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है और राज्य लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या उन्हें 2005 से पहले का बिहार याद है, जब शाम के बाद घर से निकलना मुश्किल था, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति बदहाल थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बिहार में भय और असुरक्षा का माहौल नहीं है। प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द कायम है। हिंदू-मुस्लिम तनाव को खत्म करने के लिए वर्ष 2006 से कब्रिस्तानों की घेराबंदी और 2016 से पुराने मंदिरों की घेराबंदी का कार्य किया गया। शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बड़े पैमाने पर स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए।

उन्होंने बताया कि सात निश्चय योजना के तहत हर घर बिजली, नल का जल, शौचालय और पक्की सड़क का लक्ष्य पूरा किया गया। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली दी जा रही है। सात निश्चय-2 के तहत युवाओं को 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया, जिसमें अब तक 10 लाख सरकारी नौकरी और 40 लाख रोजगार दिए जा चुके हैं। अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है।

मुख्यमंत्री ने सात निश्चय-3 का विस्तृत खाका पेश करते हुए कहा कि 2025 से 2030 तक रोजगार, उद्योग, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। महिला सशक्तीकरण के तहत महिला रोजगार योजना में आर्थिक सहायता, सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र, कृषि विपणन निगम, आदर्श विद्यालय, डिग्री कॉलेज, बेहतर अस्पताल, एक्सप्रेस-वे, सोलर पैनल, पर्यटन और स्पोर्ट्स सिटी जैसी योजनाएं शामिल हैं।

सारण जिले के विकास पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक, मेडिकल कॉलेज, आईटीआई, पुल-पुलियों और सड़कों का जाल बिछाया गया है। आगामी योजनाओं में छपरा में एलिवेटेड पथ, नए रेल ओवर ब्रिज, चौड़ी सड़कें, सोनपुर हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र का विकास और औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना शामिल है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। मुख्यमंत्री का स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने माला पहनाकर भव्य स्वागत किया।

CM नीतीश कुमार को मिला ISO 9001:2015 प्रमाणन, प्रशासनिक सुधारों को अंतर्राष्ट्रीय मान्यता

0

Patna: बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा किए गए व्यापक सुधारों और नवाचारों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी मान्यता मिली है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बुधवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक ISO 9001:2015 प्रमाणन का प्रमाण-पत्र भेंट किया गया। यह प्रमाण-पत्र इंडियन रजिस्टर क्वालिटी सिस्टम्स (IRQS) के प्रतिनिधियों द्वारा प्रदान किया गया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वर्ष 2005 से सामान्य प्रशासन विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में विभाग ने कार्य प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए कई अहम सुधार किए हैं। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप सामान्य प्रशासन विभाग को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्रदान किया गया है। यह प्रमाणन 12 जनवरी 2026 को दिया गया है, जो वर्ष 2029 तक मान्य रहेगा।

सूत्रों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में सामान्य प्रशासन विभाग ने कार्यस्थल के नवीनीकरण, कार्यालयों के सुव्यवस्थितीकरण, प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण, फाइल निस्तारण की समयबद्ध व्यवस्था, पारदर्शी कार्य प्रणाली और नवाचार को लेकर लगातार प्रयास किए। इन सुधारों का उद्देश्य आम जनता को बेहतर, तेज और विश्वसनीय प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना रहा है। ISO 9001:2015 प्रमाणन गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का अंतर्राष्ट्रीय मानक है, जो यह दर्शाता है कि विभाग की कार्यप्रणाली वैश्विक गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरती है।

प्रमाण-पत्र प्राप्त होने के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, अनुशासन और निरंतर सुधार का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रमाणन से अन्य विभागों को भी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार और गुणवत्ता मानकों को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मोहम्मद सोहैल, विशेष सचिव संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इंडियन रजिस्टर क्वालिटी सिस्टम्स की ओर से डीजीएम श्री तरुण स्वरूप और श्री आफताब आलम ने प्रमाणन प्रक्रिया की जानकारी दी।

ISO प्रमाणन मिलने से बिहार सरकार की प्रशासनिक छवि को मजबूती मिली है और यह कदम सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

समृद्धि यात्रा में सारण को मिली 538 करोड़ की योजनाओं की सौगात, 45 योजनाओं का शिलान्यास और 24 का उद्घाटन

0

Patna News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज सारण जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन के स्पष्ट निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सारण जिले को कुल 538 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी, जिसमें 451 करोड़ रुपये की 45 योजनाओं का शिलान्यास तथा 87 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।

मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान जीविका महिला संकुल संघ द्वारा संचालित दीदी का सिंचाई घर सह प्रशिक्षण सह उत्पादन केंद्र का अनावरण एवं उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने केंद्र का निरीक्षण किया और महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना उनके आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है। अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्र से जुड़ी 60 महिलाएं सिंचाई से संबंधित गतिविधियों में कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं में आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती आई है।

मुख्यमंत्री ने प्रखंड कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान जीविका द्वारा संचालित 11,985 स्वयं सहायता समूहों को परियोजना एवं बैंकों के माध्यम से 2 अरब 7 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। साथ ही बिहार लघु उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री विवाह मंडप योजना, जीविका कैडरों का मानदेय भुगतान, किसान सलाहकार मानदेय वृद्धि, पौधा संरक्षण के अंतर्गत 694 पदों का सृजन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभुकों को बढ़ी हुई पेंशन राशि, कलाकार पेंशन योजना के तहत 3,000 रुपये मासिक, शिक्षकों की नियुक्ति में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी गई।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), छपरा के शिलान्यास का अनावरण एवं उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न भवनों, प्रशिक्षण कक्षाओं, मैकेनिकल, डीजल और इलेक्ट्रिकल कार्यशालाओं का निरीक्षण कर छात्रों से बातचीत की और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सारण जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और जनहित को सर्वोपरि रखने का निर्देश दिया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री, संबंधित मंत्रीगण, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

समृद्धि यात्रा के माध्यम से सारण जिले में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है, जिससे आमजन को बुनियादी सुविधाओं के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार मिल रहा है।

‘मेड इन भागलपुर’ से बनेगी नई पहचान, जीआई टैग्ड उत्पादों के प्रमोशन को लेकर अहम बैठक

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के लिए गौरव की बात है कि यहां के चार पारंपरिक और विशिष्ट उत्पादों—कतरनी चावल, जर्दालू आम, तसर सिल्क और मंजूषा पेंटिंग—को जीआई टैग प्राप्त हुआ है। इन उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा उत्पादकों को सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को समीक्षा भवन, भागलपुर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की।

इस बैठक में संबंधित पदाधिकारी, किसान, बुनकर, व्यापारी और मंजूषा कलाकार शामिल हुए। सभी हितधारकों के साथ गहन विचार-विमर्श कर जीआई टैग्ड उत्पादों के उत्पादन, गुणवत्ता, पैकेजिंग, प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक के उपरांत मीडिया को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि भागलपुर को यह बहुत बड़ी सौगात मिली है। जीआई टैग मिलने से इन उत्पादों की विशिष्ट पहचान बनी है और अब इन्हें सही रणनीति के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसानों, बुनकरों और कलाकारों को बेहतर लाभ कैसे मिले, इसी उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चर्चा के दौरान सामने आए बिंदुओं में जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर से संभव है, उन्हें तुरंत हल किया जाएगा, जबकि जिन विषयों के लिए राज्य स्तर की आवश्यकता होगी, उनके प्रस्ताव सरकार को भेजे जाएंगे और उस पर लगातार फॉलोअप किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि फिलहाल कतरनी चावल और तसर सिल्क को विशेष रूप से टारगेट किया गया है। इन दोनों उत्पादों के प्रमोशन और एक्सपोर्ट पर प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।

डॉ. चौधरी ने कहा कि सबसे पहले उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा। इसके बाद आधुनिक पैकेजिंग और प्रोसेसिंग पर ध्यान दिया जाएगा, ताकि बाजार में इनकी मांग बढ़े। अंतिम चरण में इन्हें मार्केट से लिंक किया जाएगा, जिससे उत्पादकों को सीधा फायदा मिल सके।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि भागलपुर के जीआई टैग्ड उत्पादों की ब्रांडिंग “मेड इन भागलपुर” के नाम से की जाएगी। इससे न सिर्फ इन उत्पादों को नई पहचान मिलेगी, बल्कि भागलपुर जिले को भी देश और दुनिया में एक विशिष्ट स्थान प्राप्त होगा।

यह पहल भागलपुर की सांस्कृतिक विरासत, कृषि और हस्तशिल्प को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

खेल, गीत और मस्ती से सजा फर्स्ट स्टेप प्री स्कूल का पिकनिक डे

0

Bhagalpur News: शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास को समर्पित अलीगंज रोड स्थित फर्स्ट स्टेप प्री स्कूल ने अपनी 10वीं वर्षगांठ को बेहद यादगार अंदाज़ में मनाया। इस खास अवसर पर मंगलवार को स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों को सिकंदरपुर स्थित वी गार्डन में पिकनिक पर ले जाया गया, जहां पूरा परिसर बच्चों की खुशियों, हंसी और उल्लास से सराबोर नजर आया।

पिकनिक के दौरान बच्चों के लिए फुटबॉल, क्रिकेट, दौड़ प्रतियोगिता, डांस और गीत-संगीत जैसे कई मनोरंजक और शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ इन गतिविधियों में हिस्सा लिया। खासकर म्यूजिकल डांस और खेल प्रतियोगिताओं ने बच्चों के चेहरे पर अलग ही चमक ला दी।

स्कूल की प्रिंसिपल ब्यूटी चौधरी ने बताया कि अभिभावकों के विश्वास, सहयोग और प्यार के कारण फर्स्ट स्टेप प्री स्कूल ने अपने 10 सफल वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल के सैकड़ों विद्यार्थी आज शहर के प्रतिष्ठित विद्यालयों में अध्ययन कर रहे हैं, जो हमारे लिए गर्व की बात है।
उन्होंने यह भी कहा कि खेलकूद और ऐसी रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों का मानसिक और शारीरिक विकास होता है और स्कूल का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है।

पिकनिक के दौरान बच्चों ने तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मस्ती और चहचहाहट ने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया। इस आयोजन से अभिभावक भी काफी खुश और संतुष्ट नजर आए।

इस सफल कार्यक्रम में स्कूल की शिक्षिकाएं नम्रता चौधरी, दीपा कुमारी, करिश्मा शर्मा, रुचिरा जैन, निधि कुमारी और रीता की सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने बच्चों की देखरेख और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

फर्स्ट स्टेप प्री स्कूल की यह पहल न सिर्फ बच्चों के लिए यादगार रही, बल्कि शिक्षा के साथ खुशहाल बचपन की मिसाल भी बन गई। 🌈✨

सरस्वती पूजा को लेकर भागलपुर में जिला शांति समिति की अहम बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, बिना लाइसेंस नहीं निकलेगा जुलूस

0

Bhagalpur News: सरस्वती पूजा के दौरान जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिला शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने की। बैठक में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ जिला शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्पष्ट कहा कि सरस्वती पूजा विद्या की देवी की आराधना का पर्व है, इसलिए इसका आयोजन पूरी श्रद्धा, शांति और अनुशासन के साथ किया जाए। उन्होंने बताया कि बड़े पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। कृत्रिम तालाबों में जहां पानी की समस्या रहती है, वहां नगर निगम और संबंधित निकाय पानी की व्यवस्था करेंगे।

डीएम ने विशेष रूप से कहा कि सरस्वती पूजा में बड़ी संख्या में छोटे बच्चे शामिल रहते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि उनके बीच कोई असामाजिक या उन्मादी तत्व न घुसे। नशा या शराब सेवन की सूचना तुरंत स्थानीय पदाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया। विसर्जन के दौरान 18 वर्ष से ऊपर के युवाओं को ही पानी में उतरने की अनुमति होगी। महत्वपूर्ण घाटों पर बिजली की समुचित व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा करते हुए सभी थानों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में डीजे संचालकों से बॉन्ड डाउन करवा लें। साथ ही जर्जर बिजली तारों को समय रहते बदलने और पूजा अवधि में नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने का निर्देश बिजली विभाग को दिया गया। पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नगर निगम द्वारा कराया जाएगा।

वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि सभी पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। लाइसेंस हेतु केवल एक आवेदन में 10–15 सदस्यों का नाम, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड देना होगा। इससे जिले में पूजा पंडालों का एक डाटा बेस तैयार रहेगा, जिससे आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।

एसएसपी ने कहा कि डीजे, भड़काऊ और अश्लील गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी थानों द्वारा पहले ही पेन ड्राइव या सीडी की जांच की जाएगी। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आग्रह किया कि 24 जनवरी तक प्रतिमा विसर्जन करा लिया जाए, विशेष परिस्थिति में 25 जनवरी को अपराह्न 4 बजे तक अनिवार्य रूप से विसर्जन पूरा किया जाए।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने की चेतावनी देते हुए एसएसपी ने कहा कि अफवाह मिलने पर उसे फॉरवर्ड न करें, बल्कि तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। जुलूस में नशे की हालत, हथियार, लाठी-डंडा लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने भी अपने विचार रखे। जिला शांति समिति के सदस्यों ने बहुमूल्य सुझाव देते हुए इस वर्ष भी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।