तातारपुर थाना क्षेत्र के लालकोठी की घटना; रंगबाज़ी केस उठाने का दबाव बना रहे अपराधियों ने बोला हमला, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार।
Crime News: भागलपुर तातारपुर थाना क्षेत्र के लालकोठी में रंगदारी का केस वापस न लेने और मकान बेचने का दबाव बना रहे बेखौफ अपराधियों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। सरकारी बोरिंग से पानी लेने के दौरान हुए इस हमले में बदमाशों ने लोहे की खंती से हमला कर युवक को बुरी तरह पीटने का प्रयास किया। हालांकि, पीड़ित के भाई के अपनी लाइसेंसी राइफल लेकर मौके पर पहुंचते ही सभी अपराधी भाग निकले। इस घटना के संबंध में पीड़ित सुमित कुमार (पिता: श्री विभानंद राय) ने तातारपुर थाना पुलिस को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
केस उठाने और मकान बेचकर भागने की दे रहे थे धमकी
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, पीड़ित सुमित कुमार लालकोठी में पुराने थाने के पास अपना नया मकान बनवा रहे हैं। क्षेत्र का नामजद आरोपी अजय मिश्रा और उसका गैंग उनसे लगातार रंगदारी की मांग कर रहा था। इस मामले में अजय मिश्रा और उसके गुंडों के खिलाफ तातारपुर थाने में प्राथमिकी (कांड संख्या- 120/26) पहले से दर्ज है। इसी दुश्मनी में अजय मिश्रा के गुर्गे बार-बार सुमित पर केस उठाने या लालकोठी से मकान बेचकर भाग जाने की धमकी दे रहे थे।
पानी चलाने के विवाद में घेरा, लोहे की खंती से हमला
घटना सोमवार (5 अक्टूबर 2026) की शाम करीब 5:27 बजे की है। सुमित अपने घर के पास स्थित सरकारी बोरिंग पर पानी खत्म होने के कारण उसे चलाने गए थे। वहां पहले से मौजूद संजीव कुमार मंडल उर्फ संजू मंडल (पिता: मोतीलाल मंडल) उनसे उलझ गया और रंगबाज़ी का केस उठाने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान संजीव मंडल का पक्ष लेते हुए कई अन्य अपराधी हथियार लेकर मौके पर आ पहुंचे। इनमें:
- दीपक कुमार (पिता: विरेंद्र कुमार सिंह, निवासी: पुरानी दुर्गा स्थान, सुलतानगंज) – हाथ में लोहे की खंती लिए
- सदानंद सिंह (पिता: गुलाब सिंह, निवासी: मनियारपुर, मधुसुदनपुर)
- समुद्र मंडल उर्फ संजय कुमार (पिता: स्व. चमकलाल मंडल, निवासी: कोसकीनाथ झा लेन, चंपानगर)
- कुमार किसलय (पिता: नामअज्ञात, निवासी: लालकोठी)
- इनके साथ 3 से 4 अन्य अज्ञात हमलावर शामिल थे।
सबने मिलकर सुमित को घेर लिया और जानलेवा हमला कर दिया।
लाइसेंसी हथियार लेकर दौड़ा भाई, तो छूटे बदमाशों के पसीने
घटनस्थली पर चीख-पुकार सुनकर सुमित के भाई संदीप कुमार राय मौके की ओर दौड़े। संदीप को अपनी लाइसेंसी राइफल के साथ आते देख सभी हमलावर डर के मारे बदहवास होकर वहां से भाग खड़े हुए।
घटना के बाद पीड़ित ने तातारपुर थाना पहुंचकर सभी नामजद और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए छानबीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है।


