Patna News: बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और निर्बाध बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के तहत अब जलापूर्ति केंद्रों और जल मीनारों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। इसके लिए सरकार ने ₹48.09 करोड़ की राशि की स्वीकृति दी है।
बिजली पर निर्भरता होगी कम, मिलेगा सुगम पेयजल
इस महत्वपूर्ण निर्णय से पारंपरिक बिजली पर ग्रामीण जलापूर्ति की निर्भरता काफी हद तक कम हो जाएगी। सौर ऊर्जा के उपयोग से बिजली कटौती या खराबी के दौरान भी जलापूर्ति केंद्रों का संचालन सुचारू रूप से हो सकेगा। इससे ग्रामीण परिवारों को नल के माध्यम से नियमित और सुगम पेयजल उपलब्ध कराने में बहुत मदद मिलेगी।
सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
बिहार सरकार का मुख्य उद्देश्य राज्य के हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। इस दिशा में जलापूर्ति केंद्रों पर 5 किलोवाट के ऑन-ग्रिड सोलर पैनल लगाने का यह निर्णय मील का पत्थर साबित होगा।


