Bhagalpur News: भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर जिले भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुल्तानगंज थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध देसी पिस्टल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया गया जाल
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि अपराध नियंत्रण, अवैध शराब, मादक पदार्थों और अवैध हथियारों की बरामदगी को लेकर पुलिस लगातार अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में 4 सितंबर को सुल्तानगंज थाना पुलिस को एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिली कि कोलगामा स्थित शिव मंदिर के समीप एक संदिग्ध युवक किसी बड़ी और गंभीर घटना को अंजाम देने की नीयत से अवैध हथियार लेकर घूम रहा है।
पुलिस टीम ने कोलगामा शिव मंदिर के पास की छापेमारी
गुप्त सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए तुरंत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। सशस्त्र बलों के साथ गठित पुलिस टीम ने बिना देर किए कोलगामा शिव मंदिर के आसपास के इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल ने खदेड़कर धर दबोचा।
तलाशी में मिला देसी पिस्टल, कानूनी कार्रवाई शुरू
पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से एक देसी पिस्टल बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही हथियार को जब्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किस घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था और उसने हथियार कहां से खरीदा था। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


