उल्टा पुल जामा मस्जिद के पास पुलिस की रेड; बबरगंज का रहने वाला अभिषेक आनंद गिरफ्तार, मोबाइल बरामद
Crime News: भागलपुर में युवाओं को नशे की लत से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे “स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर” विशेष महाअभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। मोजाहिदपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 209 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को धर दबोचा है।
गुप्त सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) भागलपुर के निर्देशानुसार जिले भर में अवैध मादक पदार्थों के हॉट-स्पॉट्स पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी कड़ी में 14 अक्टूबर को मोजाहिदपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उल्टा पुल जामा मस्जिद के पास कुछ लोग अवैध स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं।
सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-2) व मोजाहिदपुर थानाध्यक्ष रवि शंकर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
भागने की कोशिश की, पुलिस ने खदेड़कर दबोचा
गठित पुलिस टीम जब उल्टा पुल जामा मस्जिद के समीप पहुँची, तो पुलिस बल को देखकर संदिग्ध भागने लगे। सशस्त्र पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान अभिषेक आनंद (पिता- स्व. मनोज प्रसाद सिंह), निवासी- महेशपुर अलीगंज, थाना- बबरगंज, जिला- भागलपुर के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 209 ग्राम स्मैक और 01 मोबाइल फोन बरामद किया गया।
अन्य संलिप्त तस्करों की तलाश जारी
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके साथ ही, इस नशीले कारोबार के नेटवर्क से जुड़े अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
- पु.अ.नि. सह-थानाध्यक्ष रवि शंकर (मोजाहिदपुर थाना)
- स.अ.नि. कादीर हुसैन (मोजाहिदपुर थाना)
- सिपाही 1644 दीनबंधु भारती (मोजाहिदपुर थाना)
- सिपाही 2097 संदीप कुमार (मोजाहिदपुर थाना)
- गृहरक्षक 362658 प्रिंसी कुमारी (मोजाहिदपुर थाना)


