Bihar News: बिहार में गंगा नदी के उफान और जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से भागलपुर और नवगछिया अनुमंडल के कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण (एरियल सर्वे) किया और बाढ़ की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
आसमान से जलमग्न इलाकों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर के जरिए भागलपुर शहर से लेकर नवगछिया के दूर-दराज़ वाले बाढ़ प्रभावित इलाकों का बारकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलजमाव, डूबे हुए गांवों और तटबंधों की स्थिति को देखा। सर्वेक्षण के बाद उन्होंने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की तथा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
“पीड़ितों को न हो परेशानी, समय पर हों सभी आवश्यक इंतज़ाम”
सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों तक सूखा राशन, पीने का शुद्ध पानी, पॉलिथीन शीट्स और आवश्यक दवाएं समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था और स्वास्थ्य शिविरों के संचालन पर विशेष जोर दिया गया।
राहत कार्यों में ढिलाई पर सख्त रुख, आमजन की सुरक्षा प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को पूरी तत्परता के साथ मुस्तैद रहने का निर्देश देते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को एहतियाती कदम उठाने और नावों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और आमजन की सुरक्षा एवं मदद के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है।


