Home Blog Page 273

खगड़िया में दर्दनाक हादसा: आहर में डूबने से 4 छात्रों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक

0

बिहार के खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र स्थित मलपा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में चार छात्रों की जान चली गई। सभी छात्र गांव के निकट एक आहर (छोटा जलाशय) में नहाने गए थे, जहां दुर्भाग्यवश वे डूब गए।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। मुख्यमंत्री ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी तरह खड़ी है।

सरकार की ओर से त्वरित सहायता के तहत मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रत्येक को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि वह पीड़ित परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करें।

यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जलाशयों के पास सुरक्षा उपायों की आवश्यकता को रेखांकित करती है।

बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में श्रावण सोमवार पर भव्य श्रृंगार एवं भजन संध्या का आयोजन

0

भागलपुर: पवित्र श्रावण मास के दूसरे सोमवार को भागलपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा बूढ़ानाथ मंदिर में भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य श्रृंगार किया गया। इस शुभ अवसर पर भागलपुर के प्रथम डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चेयरमैन और भूतपूर्व नगरपालिका अध्यक्ष बाबू योगेन्द्र नारायण सिंह की पुण्यतिथि पर एक स्मृति भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर डॉ. वसुंधरा लाल, उप महापौर सलहाऊदीन हसन, नागरिक परिषद बिहार सरकार के महामंत्री रतन कुमार मंडल, पूर्व महापौर डॉ. वीना यादव, पूर्व उपमहापौर प्रीति शेखर, भाजपा नेता रोहित पांडे, तथा कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के संयोजक, वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व पार्षद बीरेंद्र नारायण सिंह (मनोज माइकल) ने बताया कि यह आयोजन प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है और बाबा बूढ़ानाथ की नगरी को भक्ति से सराबोर कर देता है।

इस वर्ष आयोजन का मुख्य आकर्षण रहा – मनमोहक आकाशीय लाइटिंग और कोलकाता के कलाकारों द्वारा तैयार पुलों की सजावट, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन संध्या में गायक चेतन चौबे की प्रस्तुति पर श्रोता झूम उठे और पूरा वातावरण ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंज उठा।

मंच संचालन युवा समाजसेवी मोहित सिंह ने किया और मुख्य यजमान मनोरमा सिंह एवं उनकी पुत्रवधू संवेदना सिंह ने अतिथियों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस भव्य आयोजन में अभय बर्मन, आशीष पांडे, चंदन पांडे, मुकुल सिंह, सुबोध सिंह, ऋषिकेश मिश्रा, सहित अनेक श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजन समिति में राकेश कुमार ठाकुर, कन्हैया कपूर, गौतम साह, सिद्धांत राय, आयुष आनंद, रितेश आनंद, नंदू कुमार की सक्रिय भूमिका रही।

भागलपुर सांसद ने लोकसभा में उठाया बिहार के शैक्षणिक विकास का मुद्दा, विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रगति पर मांगा जवाब

0

भागलपुर: भागलपुर सांसद अजय कुमार मंडल ने 21 जुलाई को लोकसभा में दो अहम तारांकित प्रश्नों के माध्यम से बिहार के उच्च शिक्षा क्षेत्र के विकास पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

प्रश्न संख्या 32 के तहत, सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त उद्यम में बिहार में नए शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना पर जानकारी मांगी। इसके उत्तर में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकान्त मजूमदार ने बताया कि विगत छह वर्षों (2019–2024) के दौरान बिहार में किसी नए मॉडल डिग्री कॉलेज को मंजूरी नहीं दी गई है। हालांकि, रूसा 2.0 के तहत 2018 में अररिया, कटिहार, पूर्णिया और गया जिलों में चार मॉडल डिग्री कॉलेजों को 12 करोड़ रुपये की लागत से मंजूरी दी गई थी, जिनमें से पूर्णिया कॉलेज का कार्य पूर्ण हो चुका है।

प्रश्न संख्या 223 के तहत, सांसद श्री मंडल ने कहलगांव स्थित प्रस्तावित विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की प्रगति, भूमि अधिग्रहण, वित्तीय स्वीकृति और डीपीआर की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी।

उत्तर में शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2024 में बिहार सरकार ने कहलगांव के मलकपुर और अंतिचक में कुल 205.05 एकड़ भूमि की पेशकश की थी, जिसे मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है। हालांकि अब तक भूमि का अधिग्रहण नहीं हुआ है। स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, दिल्ली द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है, लेकिन इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है। चूँकि विश्वविद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया अभी प्रारंभिक चरण में है, अब तक कोई निधि जारी नहीं की गई है।

सांसद मंडल ने सरकार से अनुरोध किया कि ऐतिहासिक और बौद्धिक धरोहर विक्रमशिला की गरिमा के अनुरूप विश्वविद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

मालदा मंडल में रेलवे दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चलाया जा रहा विशेष जागरूकता अभियान

0

मालदा/पूर्व रेलवे: पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा मवेशी टकराव (Cattle Run Over – CRO), मानव टकराव (Human Run Over – HRO), अलार्म चेन पुलिंग (ACP) तथा चलती ट्रेनों पर पथराव जैसी घटनाओं की रोकथाम हेतु संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जा रहा है।

हाल ही में मालदा मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा भागलपुर-नाथनगर खंड, साहिबगंज स्टेशन, हंसडीहा सेक्शन और विभिन्न ट्रेनों में गहन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान आम जनता को रेलवे ट्रैक पर मवेशी चराने, बच्चों को ट्रैक के पास खेलने देने, एवं अनधिकृत रूप से पटरियां पार करने के खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके अलावा ट्रेनों पर पथराव, ट्रैक पर कचरा या वस्तुएं फेंकने, सिग्नल उपकरणों से छेड़छाड़ और रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों को अपराध की श्रेणी में रखते हुए इनके दुष्परिणामों और रेलवे अधिनियम के तहत सख्त कानूनी दंड के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।

मालदा मंडल ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस उद्देश्य से संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे रेलवे संपत्ति की रक्षा और आम नागरिकों का सहयोग सुनिश्चित हो सके।

अजगैबीनाथ गंगा घाट पर स्नान के दौरान 15 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत, परिजनों में कोहराम

0

सुल्तानगंज, भागलपुर: सावन के दूसरे सोमवारी के अवसर पर सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ गंगा घाट पर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान 15 वर्षीय समरजीत कुमार की डूबने से मौत हो गई। वह मैट्रिक का छात्र था और भागलपुर जिले के शिवनंदनपुर निवासी राज कुमार यादव का पुत्र बताया जा रहा है।

परिजनों के अनुसार, समरजीत अपने दोस्तों के साथ सावन की आस्था के तहत गंगा स्नान के लिए घाट गया था। स्नान करते समय गहरे पानी में जाने से वह डूब गया। आसपास के लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई।

मामले की सूचना पुलिस को मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना से शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजन गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर बेहाल हैं।

सावन के इस पावन महीने में घाट पर भारी भीड़ रहती है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था की कमी एक बार फिर सवालों के घेरे में है।

भागलपुर कोर्ट में ऊर्जा विभाग और पूर्व सचिव संजीव हंस पर टाइटल सूट, 10 करोड़ मुआवजे की मांग

0

भागलपुर: भागलपुर व्यवहार न्यायालय में ऊर्जा विभाग के पूर्व प्रधान सचिव संजीव हंस, उनके रिश्तेदार दामोदर झुनझुनवाला और कई विभागीय अधिकारियों के खिलाफ टाइटल सूट (मामला संख्या 365/2025) दायर किया गया है। याचिका में बिहार सरकार और ऊर्जा विभाग से ₹10 करोड़ का मुआवजा भी मांगा गया है।

यह मामला डीएन सिंह रोड निवासी और खलीफाबाग चौक स्थित कृष्णा सिल्क की संचालिका मंजू देवी झुनझुनवाला ने दाखिल किया है। उनकी ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभय कांत झा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में विस्तृत जानकारी दी।

पति के निधन के बाद शुरू हुआ उत्पीड़न

मंजू देवी ने याचिका में आरोप लगाया है कि वर्ष 2020 में उनके पति के निधन के बाद संजीव हंस और उनके देवर ने साजिशन उन्हें परेशान करना शुरू किया। उन पर बिजली चोरी और अन्य झूठे आरोप लगाए गए, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और व्यवसाय को नुकसान पहुंचा।

इन अधिकारियों को बनाया गया पक्षकार

  • बिहार सरकार के मुख्य सचिव
  • ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव
  • साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के प्रबंध निदेशक
  • मायागंज विद्युत कार्यालय के कार्यपालक अभियंता
  • मोजाहिदपुर विद्युत सब-स्टेशन के सहायक अभियंता

भ्रष्टाचार की शिकायत पर नहीं हुई सुनवाई

अधिवक्ता झा ने बताया कि मंजू देवी ने विभागीय भ्रष्टाचार के खिलाफ कई बार शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे उन्हें बदनाम और प्रताड़ित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि समय रहते संज्ञान लिया जाता, तो “संजीव हंस अब तक जेल में होते।”

“यह सिर्फ एक महिला की लड़ाई नहीं, व्यवस्था की जवाबदेही की मांग है”

प्रेस वार्ता में अधिवक्ता झा ने कहा कि यह याचिका न केवल मंजू देवी की प्रतिष्ठा और न्याय की लड़ाई है, बल्कि प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को स्थापित करने की दिशा में एक गंभीर प्रयास है।

मामला कोर्ट की निगरानी में विचाराधीन

चूंकि इस प्रकरण में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और कई शीर्ष विभागीय अधिकारी प्रतिवादी हैं, यह मामला भागलपुर सहित पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गया है। कोर्ट में कानूनी प्रक्रिया के तहत सुनवाई जारी है।

भागलपुर में ASD मतदाता डाटा का होगा पुनः सत्यापन, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश

0

भागलपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 के तहत मतदाता सूची में दर्ज ASD (Absent, Shifted, Dead) यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृतक मतदाताओं के डाटा का पुनः सत्यापन किया जाएगा। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (EROs) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में हुई समीक्षा बैठक में गणना प्रपत्र संग्रहण एवं अपलोड कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के ERO से कार्य की स्थिति की जानकारी ली गई।

प्रमुख निर्देश:

  • ASD डाटा का पुनः सत्यापन नगर क्षेत्र में BLO, BLA, वार्ड पार्षद और सहायक कर्मियों द्वारा किया जाएगा।
  • ग्रामीण क्षेत्रों में यह कार्य BLO, BLA, पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविका/सहायिका व अन्य सहायक कर्मियों के सहयोग से मतदान केंद्र वार बैठक के माध्यम से संपन्न होगा।
  • पूर्व में भी BLO द्वारा ASD सूची का सत्यापन किया गया था, जिसे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराया गया था ताकि वे अपने BLA से पुनः सत्यापन करवा सकें।

बैठक में नगर आयुक्त श्री शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता श्री जतिन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री निलेश कुमार, नोडल पदाधिकारी सुश्री अंकिता कुमारी सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नवगछिया और कहलगांव अनुमंडलों से संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

यह पहल आगामी चुनावों में मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

पैरोल से जेल वापसी के दौरान भावुक हुए पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह, कहा – “प्यार रहा तो जल्द लौटूंगा”

0

छपरा: पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह अपने छोटे भाई दीनानाथ सिंह के निधन के बाद पैरोल पर जेल से बाहर आए थे। भाई के श्राद्धकर्म संपन्न होने के बाद जब वह वापस जेल लौटने लगे, तो भावुक हो उठे। विदाई के समय उन्होंने भावभीनी बातों से लोगों की आंखें नम कर दीं।

श्राद्धकर्म के पश्चात मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“मेरे भाई की मृत्यु के बाद श्मशान घाट से लेकर श्राद्ध तक हर कदम पर आप लोगों ने मुझे जो साथ और स्नेह दिया है, उसे मैं जीवन भर एक कर्ज के रूप में मानूंगा। ईश्वर ने अगर ताकत दी, तो यह कर्ज जरूर चुकाऊंगा।”

प्रभुनाथ सिंह इतने भावुक हो गए कि उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने आगे कहा,
“मेरे भाई को जो मरणोपरांत सम्मान मिला, वह शायद ही किसी आम आदमी को मिलता है। आप सभी की उपस्थिति ने मुझे यह विश्वास दिया है कि मेरी जेल से वापसी में देर नहीं होगी। जब लौटूंगा, तो आप सभी का यह प्यार और भरोसा जरूर लौटाऊंगा। मैं किसी का कर्ज लेकर मरने वाला नहीं हूं।”

जेल वापसी के समय हजारों की भीड़ उन्हें विदा करने के लिए उमड़ पड़ी। लोगों ने प्रभुनाथ सिंह की जल्द रिहाई की कामना की और समर्थन जताया।

बाइट – प्रभुनाथ सिंह, पूर्व सांसद
“जिस तरह से आम जनता ने मेरा साथ दिया है, वह मेरी ताकत है। यही विश्वास है कि मैं जल्द जेल से बाहर आऊंगा।”

गंगा घाट पर 108 फीट का कांवर बना आकर्षण का केंद्र, 12 वर्षों से निभा रहे अनोखी भक्ति परंपरा

0

सुलतानगंज, भागलपुर: सावन का पवित्र महीना भले ही समाप्ति की ओर बढ़ रहा हो, लेकिन बाबा भोलेनाथ के प्रति शिवभक्तों का जोश और श्रद्धा कम होने का नाम नहीं ले रही है। इसी श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नज़ारा इन दिनों सुलतानगंज गंगा घाट पर देखने को मिल रहा है, जहां 108 फीट लंबा कांवर भक्तों और दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

यह कांवर पटना के योगीपुर, कंकड़बाग से आए हुए 80 कांवरियों के एक विशेष जत्थे द्वारा लाया गया है, जो लगातार पिछले 12 वर्षों से इसी भव्य रूप में सुलतानगंज से देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम तक जल लेकर जाते हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इस विशेष कांवर को कंधा लगाने से संतान की प्राप्ति होती है।

श्रद्धालु मंटू कुमार ने बताया, “हर साल हम यही कांवर लेकर निकलते हैं। बाबा भोलेनाथ की कृपा से कई परिवारों को संतान सुख प्राप्त हुआ है। यह कांवर हमारे विश्वास और समर्पण का प्रतीक है।”

वहीं श्रद्धालु संगीता देवी कहती हैं, “इस कांवर को देखने मात्र से मन में असीम श्रद्धा और शक्ति का संचार होता है। यह सिर्फ एक कांवर नहीं, आस्था का प्रतीक है।”

गंगा घाट पर उपस्थित लोग न केवल इस विशाल कांवर को देखकर चकित हो जाते हैं, बल्कि इसकी महत्ता और भक्ति भावना को देखकर भावविभोर भी हो जाते हैं। सावन की इस पावन बेला में, यह नजारा निश्चित रूप से शिवभक्तों के लिए प्रेरणा और आस्था का प्रतीक बन गया है।

सुपरस्टार पूजा चटर्जी ने भोले के भजनों से बांधा समां, नमामि गंगे घाट पर हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम

0

भागलपुर/सुल्तानगंज: सावन माह की पवित्रता और भक्ति भाव से ओतप्रोत दूसरे सोमवारी को सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सांस्कृतिक संध्या में भक्ति की अनूठी छटा देखने को मिली। इस विशेष अवसर पर भोजपुरी सुपरस्टार पूजा चटर्जी ने भगवान भोलेनाथ को समर्पित भजनों की अद्भुत प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया।

पूजा चटर्जी ने “भोले भंडारी” और अन्य लोकप्रिय गीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच संचालन की भूमिका उदघोषिका अंकिता पल्लव ने निभाई, जिन्होंने अपने सधे अंदाज से कार्यक्रम को प्रभावशाली बनाया।

संगीत संयोजन में ढोल पर आदित्य राज और सत्य राज, ड्रम पर पप्पू गुप्ता, की-बोर्ड पर जिम्मी गुप्ता और संभव कुमार ने शानदार तालमेल दिखाया।

कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के कर्मचारी राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रोता, कांवरिया एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। यह आयोजन सावन की धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक समृद्धि को भी दर्शाता है।