Home Blog Page 265

विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा: भागलपुर में परिवार नियोजन विशेष सेवा शिविरों का आयोजन, मलिन बस्तियों पर विशेष फोकस

0

भागलपुर: विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा (11 से 31 जुलाई 2025) के तहत भागलपुर जिले में शहरी मलिन बस्तियों से लेकर विभिन्न प्रखंडों तक परिवार नियोजन विशेष सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण के साथ-साथ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना है।

जिला सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने जानकारी दी कि सुल्तानगंज, कहलगांव, बिहपुर, नवगछिया समेत कई प्रखंडों और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (अर्बन पीएचसी), अतिरिक्त पीएचसी (एपीएचसी) गंगानियां, तिलकपुर, रसीदपुर, मिश्रपुर, कुमैठा, करहरिया एवं हेल्थ सब सेंटर उधाडीह में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में आईयूसीडी, अंतरा इंजेक्शन, छाया, ओसीपी, और कंडोम जैसी आधुनिक गर्भनिरोधक सेवाएं महिलाओं को प्रदान की जा रही हैं।

शिविरों के आयोजन में तकनीकी सहयोग दे रही संस्था पीएसआई इंडिया के जिला प्रतिनिधि रितु तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षित डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा न केवल सेवाएं दी जा रही हैं, बल्कि स्वास्थ्य परामर्श के ज़रिए महिलाओं की अन्य जिज्ञासाओं का समाधान भी किया जा रहा है।

जिला सामुदायिक उत्प्रेरक (DCM) भरत ने बताया कि पखवाड़ा के दौरान प्रत्येक मंगलवार को मलिन बस्तियों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां स्वास्थ्य सेवाओं के प्रचार-प्रसार और लाभार्थियों तक पहुंचने में पीएसआई इंडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिविरों में सब डर्मल इंप्लांट, महिला बंध्याकरण, पुरुष नसबंदी जैसे स्थायी साधनों को लेकर भी परामर्श और रेफरल की सुविधा दी जा रही है।

मुख्य उद्देश्य
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल जनसंख्या वृद्धि पर नियंत्रण पाना है, बल्कि महिलाओं को सुरक्षित गर्भनिरोधक उपायों की जानकारी देना और मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।

भागलपुर में गंगा का जलस्तर घटा, निचले इलाकों में राहत की सांस, प्रशासन अब भी अलर्ट

0

भागलपुर: भागलपुर में पिछले कई दिनों से गंगा नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि के बाद अब लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जलस्तर में कमी आने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि खतरा पूरी तरह टला नहीं है, इसलिए सतर्कता बरतना जरूरी है।

जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अब भी अलर्ट मोड में हैं। अधिकारियों की टीमें लगातार जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही संवेदनशील और जलभराव प्रभावित इलाकों में निगरानी और राहत कार्यों की तैयारियों को तेज कर दिया गया है।

प्रशासन की ओर से नावों, राहत सामग्री, आवश्यक दवाओं और टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। निचले क्षेत्रों में स्थित लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल सरकारी सूचना पर ही भरोसा करें। किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर और बचाव दल सक्रिय हैं।

अजगैबीनाथ धाम: नए कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार ने संभाला कार्यभार, जलजमाव की समस्या को दूर करने का दिया आश्वासन

0

सुल्तानगंज (भागलपुर): सुल्तानगंज नगर परिषद क्षेत्र में मंगलवार को नवपदस्थापित कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर नगर सभापति राज कुमार गुड्डू, नगर परिषद के वार्ड पार्षदगण और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बुके और अंगवस्त्र भेंट कर नए पदाधिकारी का भव्य स्वागत किया।

पदभार ग्रहण करते ही श्री कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सुल्तानगंज क्षेत्र, विशेषकर अजगैबीनाथ धाम और उसके आसपास के इलाकों में हो रही जलजमाव की समस्या को वे अपनी पहली प्राथमिकता में रखेंगे और इसके स्थायी समाधान हेतु शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने उपस्थित वार्ड पार्षदों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को लिखित रूप में प्रस्तुत करें, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

नगर सभापति राज कुमार गुड्डू ने भी मीडिया से बात करते हुए कहा कि नगर परिषद जलजमाव की समस्या को लेकर गंभीर है और जल्द ही इससे स्थायी मुक्ति दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर कई पार्षद मौजूद थे, जिनमें संजय चौधरी, विनोद रजक, विभूति कुमार विकल्प, राधा देवी, रीना देवी, रूबी देवी, मो. इजराइल, बीबी गुलशन आरा सहित अन्य वार्ड पार्षद एवं नगर परिषद कर्मचारी शामिल थे।

राष्ट्रीय जनता दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भागलपुर को मिली दोहरी भागीदारी, रामविलास पासवान और अरुण कुमार यादव मनोनीत

0

भागलपुर: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नवगठित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भागलपुर को बड़ी राजनीतिक भागीदारी मिली है। भागलपुर के पूर्व विधायक रामविलास पासवान एवं प्रदेश महासचिव अरुण कुमार यादव को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मनोनीत किया गया है। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से भागलपुर जिले के राजद कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।

राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव, राज्यसभा सांसद संजय यादव सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा इस मनोनयन पर भागलपुर जिला राष्ट्रीय जनता दल ने आभार व्यक्त किया है।

राजद भागलपुर इकाई ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है और विश्वास जताया है कि दोनों नेता राष्ट्रीय मंच पर जिले की सशक्त आवाज़ बनकर उभरेंगे।

राजद परिवार की ओर से दी गई बधाई में यह संदेश शामिल था:

“हम राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जी एवं समस्त वरिष्ठ नेतृत्व का हृदय से आभार प्रकट करते हैं, जिन्होंने भागलपुर की नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताया।”

नाथनगर पुलिस की कार्रवाई: 13.21 ग्राम ब्राउन शुगर और डिजिटल तराजू के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार

0

भागलपुर: भागलपुर जिला अंतर्गत नाथनगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रत्नुचक इलाके में छापेमारी कर 13.21 ग्राम ब्राउन शुगर, एक डिजिटल तराजू और एल्यूमिनियम फॉइल का पैकेट बरामद किया है। इस मामले में आरोपी चंदन कुमार राय को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों, आर्म्स व अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि रत्नुचक निवासी चंदन कुमार राय अपने घर से ब्राउन शुगर का व्यापार करता है।

नगर पुलिस अधीक्षक और नगर-02 के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान चंदन कुमार राय के घर से कुल 27 पिन्च ब्राउन शुगर बरामद किया गया, जिसमें एक पिन्च का वजन 8.30 ग्राम और एक प्लास्टिक पाउच में 4.91 ग्राम ब्राउन शुगर शामिल है। कुल मिलाकर 13.21 ग्राम नशीला पदार्थ, एक डिजिटल तराजू और एल्यूमिनियम फॉइल का पैकेट जब्त किया गया।

बरामद सामग्री:

  • ब्राउन शुगर: 13.21 ग्राम
  • डिजिटल तराजू: 01
  • एल्यूमिनियम फॉइल पैकेट: 01

गिरफ्तार अभियुक्त:
चंदन कुमार राय, पिता – स्व. राजाराम राय, साकिन – रत्नुचक, थाना – नाथनगर, जिला – भागलपुर।

नाथनगर व महिला थाना की संयुक्त कार्रवाई में दुष्कर्म का आरोपी मात्र आधे घंटे में गिरफ्तार

0

भागलपुर: भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज आधे घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई नाथनगर थाना एवं महिला थाना की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई को पीड़िता के परिजन द्वारा एक लिखित आवेदन दिया गया, जिसमें यह आरोप लगाया गया था कि पास में ही रहने वाले एक युवक ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया है। आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर महिला थाना कांड संख्या 47/25 के तहत उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक नगर एवं उप पुलिस अधीक्षक नगर-02 के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई की गई। नाथनगर थाना अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह एवं महिला थाना अध्यक्ष लूसी कुमारी ने घटनास्थल का तत्काल निरीक्षण किया। तत्पश्चात आरोपी अजीत शर्मा (उम्र लगभग 24 वर्ष, निवासी नाथनगर, भागलपुर) को मात्र आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

एफएसएल टीम द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं और पीड़िता का विधिवत चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाया जाएगा।

यूट्यूबर पर धोखाधड़ी और पुलिस को धमकाने का मामला दर्ज, ब्लैकमेलिंग और फर्जी वीडियो बनाने का आरोप

0

भागलपुर: जिले के जोगसर थाना में सोशल मीडिया से जुड़े एक व्यक्ति के खिलाफ गंभीर आरोपों में केस दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष कृष्णानंद कुमार सिंह द्वारा 27 जुलाई को सीजेएम कोर्ट में दर्ज कराए गए इस मामले में धोखाधड़ी, सरकारी कार्य में बाधा, जबरन वसूली, ब्लैकमेलिंग और पुलिस को डराने-धमकाने जैसे आरोप शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शराब तस्करी के एक मामले में पुलिस पर पैसे लेकर आरोपी को छोड़ने का झूठा आरोप लगाया और एक मनगढ़ंत वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की कोशिश की। मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कराई गई, जिसमें अरुण भगत ने बयान दिया कि उन्हें बरगलाकर वीडियो बनाया गया और फिर ₹50,000 की मांग कर ब्लैकमेल किया गया।

थानाध्यक्ष का आरोप है कि पैसे न देने पर सोशल मीडिया के ज़रिए झूठे वीडियो और अफवाहें फैलाकर उन्हें बदनाम करने की साजिश की गई। यही नहीं, आरोपी पर नर्सिंग होम संचालक से मरीज की मौत के बाद उगाही करने का भी मामला सामने आया है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, जोकसर थाना में दर्ज पुराने शराब तस्करी के एक मामले में भी इसी आरोपी द्वारा पीड़ितों से संपर्क कर सौदेबाजी की बात सामने आई है। यह पूरे घटनाक्रम को एक पूर्वनियोजित साजिश का हिस्सा माना जा रहा है।

हालांकि, दूसरी ओर, सोशल मीडिया से जुड़े जिस व्यक्ति पर आरोप लगाए गए हैं, उसका कहना है कि यह सब उसे फंसाने की एक साजिश है और वह जल्द ही अपने पक्ष में सबूत पेश करेगा।

नाथनगर में रिश्तों को किया शर्मसार: युवती से अनुचित व्यवहार की कोशिश, आरोपी चाचा पुलिस हिरासत में

0

भागलपुर:  भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसाईदासपुर गांव में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है। गांव की एक किशोरी के साथ उसी के पड़ोसी रिश्तेदार द्वारा अनुचित हरकत करने का प्रयास किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी घर के पास फूल तोड़ने गई थी, तभी मौका पाकर आरोपी ने उसके साथ अशोभनीय व्यवहार करने की कोशिश की। हालांकि पीड़िता ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए शोर मचा दिया, जिससे आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

गांव के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और स्थानीय लोगों ने गुस्से के चलते पहले उसकी पिटाई की, फिर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही नाथनगर थाना की पुलिस और सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। वहीं पुलिस ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में सख्त कानून और त्वरित न्याय की आवश्यकता को दर्शाती हैं। पुलिस प्रशासन ने भी आश्वासन दिया है कि पीड़िता को हर संभव न्याय और सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

अजगैविनाथ धाम में दो दिन से बारिश के बाद जलजमाव, हजारों घरों में घुसा पानी, नगर परिषद सुल्तानगंज की खुली पोल

0

सुल्तानगंज/भागलपुर: श्रावणी मेला की आस्था और श्रद्धा का केंद्र अजगैविनाथ धाम इन दिनों बदहाल व्यवस्था के कारण संकट में है। लगातार दो दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने नगर परिषद सुल्तानगंज की तैयारियों की पोल खोल कर रख दी है। नगर क्षेत्र के दर्जनों वार्डों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हजारों घरों में पानी घुस गया है।

वार्ड 12, 13, 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27 और 28 के लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर साल यही स्थिति बनती है, लेकिन इस बार हालात बेहद गंभीर हैं। सड़कों पर नाले जैसा बहता पानी, घरों के भीतर घुटनों तक भरा जल, और गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों के साथ दौरा कर रहे राजद के नगर अध्यक्ष अफरोज आलम और वार्ड 13 के प्रतिनिधि शहनबाज काज़मी ने कहा कि यह समस्या सिर्फ बारिश की नहीं है, बल्कि नगर परिषद की लंबे समय से चली आ रही लापरवाही का नतीजा है। न नाले बने, न सड़कों का कायाकल्प हुआ, न ही जल निकासी के पुख्ता उपाय किए गए। उन्होंने कहा,

“यह जलजमाव दो दिन की बारिश का नहीं, बल्कि वर्षों की अनदेखी का परिणाम है। लोग अपने घरों में कैद हो गए हैं और व्यापारी वर्ग, खासकर मुस्लिम समुदाय के दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।”

श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं का आगमन होता है, लेकिन ऐसे हालात में धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा झटका लग सकता है। दुकानदारों ने बताया कि जब उनके घर ही जलमग्न हैं, तो वे दुकान खोलकर क्या करेंगे और किसके लिए कमाएंगे?

भागलपुर: युवक की संदिग्ध हालात में मिली लाश, शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका

0

भागलपुर: जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हुसैनाबाद कोवाली मैदान में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव संदिग्ध हालत में बरामद किया गया। मृतक की पहचान छोटू कुरैशी के रूप में हुई है। शव के शरीर पर कई स्थानों पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे पुलिस को हत्या की आशंका है।

घटना की जानकारी मिलते ही बबरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार ने बताया कि, “शव की पहचान हो चुकी है। हत्या अथवा अन्य किसी कारण को लेकर जांच की जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।” उन्होंने यह भी बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए और तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। मृतक के परिजन रहमान कुरैशी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि छोटू घर से किसी काम के लिए निकला था लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। उन्हें आशंका है कि उनके बेटे की हत्या किसी रंजिश या साजिश के तहत की गई है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जा सके।

मुख्य बिंदु:

  • युवक की संदिग्ध हालात में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी
  • मृतक की पहचान छोटू कुरैशी के रूप में हुई
  • शरीर पर मिले कई गहरे जख्म, हत्या की आशंका
  • फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी
  • परिजनों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज

बाइट:

  • रहमान कुरैशी, परिजन – “यह हत्या है, हमें इंसाफ चाहिए।”
  • राकेश कुमार, सिटी डीएसपी-2 – “हत्या सहित सभी एंगल से जांच की जा रही है।”