Home Blog Page 259

सावन की अंतिम सोमवारी पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, उत्तरवाहिनी गंगा में लाखों शिवभक्तों ने लगाई डुबकी

0

भागलपुर/सुल्तानगंज: सावन की अंतिम सोमवारी पर रविवार को सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर हो उठा। बिहार, झारखंड, नेपाल, बंगाल और छत्तीसगढ़ से आए लाखों कांवरियों एवं डाक बमों ने मूसलधार बारिश के बीच उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। “हर हर महादेव”, “बोल बम” के जयकारों से सम्पूर्ण नगरी गुंजायमान हो उठी।

सुबह से ही गंगा घाट पर कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। श्रद्धालु भक्त गंगा जल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए पैदल व वाहनों से रवाना हुए। यह धार्मिक यात्रा आस्था, साधना और संकल्प का अद्भुत संगम बन गई।

सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर

सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। गंगा घाट से लेकर कच्ची कांवर पथ तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, अंचलाधिकारी रवि कुमार और वीडियो संजीव कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए।

वहीं, नगर परिषद सुल्तानगंज द्वारा पूरे नगर और घाट क्षेत्रों में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। कांवरियों और डाक बमों में भारी उत्साह और धार्मिक ऊर्जा देखने को मिली।

सुल्तानगंज पुलिस को बड़ी सफलता: विदेशी शराब और हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

0

सुल्तानगंज, भागलपुर: श्रावणी मेला के 23वें दिन सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने नवादा गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब और अवैध हथियार बरामद किया है। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

डीएसपी ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी नवनीश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नवादा गांव में मनी कुमार उर्फ सिट्टु यादव के घर में शराब और हथियार का अवैध भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद छापेमारी की गई।

छापेमारी में जो बरामद हुआ:

  • एक देसी पिस्तौल
  • दो जिंदा कारतूस
  • 12 बोतल ब्लेंडर फुल (9 लीटर)
  • 17 बोतल RS HOP (6.375 लीटर)
  • 40 बोतल मैजिक मोमेंट हाफ (15 लीटर)

आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जारी

छापेमारी के दौरान आरोपी मनी कुमार उर्फ सिट्टु यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह बरामदगी बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून के तहत एक गंभीर मामला मानी जा रही है।

छापेमारी दल में शामिल रहे अधिकारी

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, पुलिस निरीक्षक संजय कुमार, प्रणव कुमार, सिपाही वीरेंद्र कुमार, राज कुमार और अन्य बीएचजी जवानों की सक्रिय भूमिका रही।

Banka News: साड़ी में पैर फंसने से गिरी महिला, इलाज के दौरान मौत — पति से अलग रह रही थी मृतका

0

बांका जिले के शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र में 26 जुलाई को हुए एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय खुशबू कुमारी की इलाज के दौरान आज मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह एक टेंपो से उतर रही थीं और उनकी साड़ी वाहन के किसी हिस्से में फंस गई, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वे सिर के बल गिर पड़ीं।

हादसे के बाद बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत

गंभीर रूप से घायल खुशबू कुमारी को तत्काल कुर्मा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें भागलपुर स्थित मायागंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टर्स के मुताबिक सिर में गंभीर चोट के कारण उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी।

पति से अलग होकर मां के साथ रह रही थीं खुशबू

मृतका की मां कनकलता देवी ने बताया कि खुशबू की शादी करीब सात साल पहले सोनू मिश्रा नामक युवक से हुई थी, लेकिन शादी के एक साल बाद ही पति ने उन्हें छोड़ दिया और फिर कभी कोई संपर्क नहीं किया। तब से खुशबू अपनी मां के साथ बांका जिले के मिर्जापुर पंचायत अंतर्गत घरडाका गांव में रह रही थीं। उनकी कोई संतान भी नहीं थी।

शोक में डूबा क्षेत्र, सहायता की मांग

इस घटना से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने दुख प्रकट करते हुए प्रशासन से मांग की है कि मृतका के परिजनों को सरकार की ओर से उचित सहायता और न्याय मिले। मृतका की मां ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है और अब यह हादसा उनके लिए गहरा सदमा बन गया है।

मृतका की मां कनक लता देवी ने कहा:
“मेरी बेटी बहुत संघर्ष कर रही थी। पति ने छोड़ दिया, लेकिन उसने कभी हार नहीं मानी। अब भगवान ने भी उसे हमसे छीन लिया। सरकार से मदद की उम्मीद है।”

Banka News: एचपीवी टीका लगने के बाद बीमार पड़ीं डेढ़ दर्जन छात्राएं, अस्पताल में मची अफरा-तफरी

0

बांका जिले के अमरपुर शहर स्थित आदर्श मध्य विद्यालय में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीकाकरण कार्यक्रम उस समय हड़कंप में बदल गया जब टीका लगने के बाद करीब डेढ़ दर्जन छात्राएं अचानक बीमार पड़ गईं। बच्चियों को एंबुलेंस में भर-भर कर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे अस्पताल परिसर में भी अफरा-तफरी मच गई।

टीका लगते ही बच्चियों को होने लगी तकलीफ

एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम आदर्श मध्य विद्यालय बालक, अमरपुर में आयोजित किया गया था। टीका लगने के कुछ ही देर बाद रानी कुमारी, सोनाक्षी, आयुषी, खुशी खातून, नेहा कुमारी, साक्षी, चांदनी सहित कई छात्राओं को पेट दर्द, सांस लेने में दिक्कत और उल्टी जैसी परेशानियां होने लगीं। अचानक बिगड़ी तबीयत को देख स्कूल परिसर में भी तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अस्पताल में एक साथ पहुंचे कई मरीज, मची भगदड़ जैसी स्थिति

स्थानीय प्रशासन की मदद से सभी बीमार छात्राओं को रेफरल अस्पताल, अमरपुर में भर्ती कराया गया। जैसे ही यह सूचना अभिभावकों को मिली, वे बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचने लगे। एक समय ऐसा आया जब अस्पताल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। भीड़ और अफरा-तफरी के कारण स्थिति को नियंत्रित करने में स्वास्थ्यकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

डॉक्टर का बयान: गर्मी और भीड़ से बिगड़ी स्थिति

अस्पताल प्रभारी डॉ. सुनील चौधरी ने स्थिति पर सफाई देते हुए बताया कि टीका सुरक्षित है, लेकिन भीषण गर्मी, भीड़भाड़ और सीमित स्थान के कारण बच्चियों की तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

छात्रा ने बताई अपनी स्थिति

एक छात्रा ने बताया, “टीका लगने के थोड़ी देर बाद अचानक पेट में दर्द और चक्कर आने लगे। फिर हमें अस्पताल लाया गया। अब ठीक महसूस हो रहा है।”

साधु के भेष में आया ठग, महिला से गले की चैन लेकर हुआ फरार — इशाकचक थाना क्षेत्र की घटना

0

भागलपुर शहर के इशाकचक थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली ठगी की घटना सामने आई है, जहां एक महिला को अंधविश्वास के जाल में फंसा कर ठग ने गले की चैन लेकर फरार हो गया। यह वारदात न केवल अपराध का मामला है, बल्कि सामाजिक चेतना और जागरूकता की भी एक बड़ी सीख है।

टहलने के दौरान मिला ‘साधु’, फिर दिया धोखा

पीड़िता आशा देवी रोजाना की तरह शनिवार की सुबह टहलने के लिए सैनडिस्क कंपाउंड पहुंची थीं। तभी एक अज्ञात युवक साधु के वेश में उनके पास आया। महिला के अनुसार, युवक ने बताया कि उनके घर पर कोई बड़ा संकट आने वाला है। घबराई महिला ने जब इसका समाधान पूछा, तो उस युवक ने उन्हें अपने गले की सोने की चैन उतारकर देने को कहा, ताकि वह कुछ ‘मंत्र’ पढ़कर संकट को टाल सके।

अंधविश्वास का शिकार बनी महिला

महिला ने डर और अंधविश्वास के कारण अपनी सोने की चैन उतारकर जैसे ही युवक को दी, वह अचानक मौके का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया। जब तक महिला कुछ समझ पाती, वह व्यक्ति आंखों से ओझल हो चुका था। इस घटना से महिला गहरे सदमे में आ गईं।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने इशाकचक थाना को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सैनडिस्क कंपाउंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर उस युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने ठग को जल्द पकड़ने का भरोसा दिलाया है।

तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मन्नत लेकर सुल्तानगंज से डाक बम बने शिवभक्त, बोले- बाबा जरूर पूरी करेंगे मनोकामना

0

Sultanganj News: पवित्र सावन माह में सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा तट पर कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बाबा भोलेनाथ को प्रसन्न करने और अपनी मनोकामनाएं पूरी कराने के लिए श्रद्धालु अपने-अपने तरीके से कांवड़ यात्रा पर निकल रहे हैं। इसी आस्था और विश्वास की मिसाल बने हैं पटना जिले के मसौढ़ी विधानसभा क्षेत्र के निवासी सुबोध कुमार, जो इस बार खास मकसद के साथ बाबा धाम की यात्रा कर रहे हैं।

राजद समर्थक शिवभक्त की अलग आस्था

सुबोध कुमार खुद को राजद (राष्ट्रीय जनता दल) का समर्पित समर्थक बताते हैं। उनका मानना है कि इस बार बिहार के अगले मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ही बनेंगे। यही कामना लेकर वे सुल्तानगंज से देवघर तक की पैदल डाक बम यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने बताया कि वह कई वर्षों से सावन में गंगाजल लेकर बाबा बैद्यनाथ के दरबार में जलाभिषेक कर रहे हैं, लेकिन इस बार उनकी आस्था के साथ राजनीति भी जुड़ी है।

105 किलोमीटर की डाक बम यात्रा, 24 घंटे में जलाभिषेक का संकल्प

सुबोध कुमार ने इस बार डाक बम की कठिन और तीव्र गति वाली यात्रा का संकल्प लिया है, जिसमें वे सुल्तानगंज से देवघर की लगभग 105 किलोमीटर की दूरी 24 घंटे के भीतर पूरी कर बाबा को जल अर्पित करेंगे। पूरी तरह राजद के रंग में रंगे सुबोध के कंधे पर कांवड़ के साथ तेजस्वी यादव की तस्वीरें और नारे लगे हुए हैं। उन्होंने कहा, “भोलेनाथ मेरे आराध्य हैं, और मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार बाबा मेरी मन्नत जरूर पूरी करेंगे। बिहार को तेजस्वी यादव के रूप में एक युवा और कर्मठ मुख्यमंत्री मिलेगा।”

आस्था, राजनीति और आंचलिक भावनाएं

सावन में आमतौर पर श्रद्धालु परिवार की सुख-शांति, संतान, स्वास्थ्य या समृद्धि की मन्नतें मांगते हैं, लेकिन सुबोध की यह विशेष यात्रा इस बात को दर्शाती है कि बिहार में राजनीति और भक्ति किस तरह सामाजिक भावनाओं में रची-बसी है। जहां एक ओर सुल्तानगंज की गंगा तट पर धार्मिक उल्लास चरम पर है, वहीं दूसरी ओर बाबा के दरबार तक राजनीति की आस्था भी पहुंच चुकी है।

ज़मीन की लालच ने उजाड़ दिया पूरा घर: भाई ने की भाई की हत्या, मां की भी संदिग्ध मौत, हथकड़ी में बेटे ने दी मां को मुखाग्नि

0

भागलपुर जिले के कोहड़ा गांव से एक ऐसी हृदयविदारक कहानी सामने आई है, जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। महज डेढ़ कट्ठा ज़मीन के लिए भाई ने अपने सगे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी, और कुछ ही दिनों बाद मां की भी रहस्यमयी स्थिति में मौत हो गई। इस एक टुकड़े ज़मीन ने रिश्तों, भावनाओं और एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया।

भाई बना भाई का हत्यारा

21 जुलाई को कोहड़ा गांव में ज़मीन विवाद को लेकर छोटे भाई सुमित ने अपने ही बड़े भाई सुजीत की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या के बाद सुमित ने खुद थाने जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गांववालों का कहना है कि वर्षों से दोनों भाइयों के बीच ज़मीन को लेकर तनाव चल रहा था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह विवाद जानलेवा साबित होगा।

मां की रहस्यमयी मौत, हत्या का आरोप

इस दुखद घटना के महज 12 दिन बाद एक और हादसे ने गांववालों को स्तब्ध कर दिया। मृतक सुजीत और आरोपी सुमित की मां की भी अचानक संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। परिजनों ने इसे सामान्य मृत्यु मानने से इनकार कर दिया है। उनका आरोप है कि सुजीत की पत्नी ने ही सास की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के वक्त घर में सिर्फ वही मौजूद थी, जिससे संदेह और गहरा गया है। हालांकि, मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी।

हथकड़ी में बेटे ने दी मां को मुखाग्नि

शनिवार को जब मां का अंतिम संस्कार बरारी श्मशान घाट पर किया गया, तब एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने हर आंख को नम कर दिया। हत्या के आरोप में जेल में बंद सुमित को पुलिस कस्टडी में अंतिम संस्कार के लिए लाया गया। बाएं हाथ में हथकड़ी थी, लेकिन कांपते हुए दाएं हाथ से उसने अपनी मां को मुखाग्नि दी। वहां मौजूद लोग यह दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए — एक मां की विदाई उसी बेटे के हाथों हुई जो अब भाई की हत्या का अभियुक्त है।

रिश्तों पर भारी लालच

इस घटना ने समाज को एक बार फिर सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जब इंसानी रिश्तों से ऊपर लालच आ जाता है, तो अंजाम कितना भयावह होता है। एक मां जिसने अपने बेटों को पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी की विदाई अब अपराध और शर्म के साए में हो रही है। गांव में अब मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

डीआरएम ने किया सुल्तानगंज स्टेशन का निरीक्षण, गंदगी देख लगाई फटकार, सुविधाओं को जल्द दुरुस्त करने का निर्देश

0

भागलपुर/सुल्तानगंज: श्रावणी मेला के 23वें दिन मालदा डिवीजन के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने शनिवार को अपने सैलून ट्रेन से सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था, शौचालय, पेयजल, कांवरिया सेवा शिविर और रेल सुरक्षा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में स्टेशन परिसर में गंदगी पाए जाने पर डीआरएम ने रेल अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

जनप्रतिनिधियों ने रखी मांगें:

निरीक्षण के दौरान बांका सांसद प्रतिनिधि पवन केसान और स्टेशन सलाहकार समिति सदस्य विकास कुमार कर्ण ने डीआरएम को अंग वस्त्र भेंट कर स्वागत किया और साथ ही कई अहम मांगें रखीं, जिनमें शामिल हैं:

  • वंदे भारत ट्रेन का सुल्तानगंज स्टेशन पर ठहराव
  • डीलक्स शौचालय की व्यवस्था
  • दक्षिण और पश्चिम क्षेत्र के यात्रियों के लिए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण
  • स्टेशन परिसर तक पहुंचने के लिए सुगम रास्ता

डीआरएम ने क्या कहा:

मीडिया से बातचीत में डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने कहा कि:

“सुल्तानगंज स्टेशन पर जगह की कमी के कारण कई कार्य रुके हुए हैं। अगर बिहार सरकार जमीन उपलब्ध कराए तो यात्री शेड, डीलक्स शौचालय जैसे कार्य तेजी से पूरे किए जा सकते हैं।“

उन्होंने बताया कि:

  • वंदे भारत ट्रेन के ठहराव का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा जाएगा।
  • प्लेटफॉर्म नंबर 3 को जल्द चालू किया जाएगा।
  • स्टेशन की मौजूदा सुविधाओं को बेहतर करने के लिए निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
  • जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारी:

इस अवसर पर अजगैबीनाथ मंडल के भाजपा अध्यक्ष प्रवीण कुमार, स्टेशन मास्टर गिरीश कुमार सिंह, आरपीएफ, जीआरपी, और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने 71 पुलिस वाहनों को दिखाई हरी झंडी, राज्य में ट्रैफिक सिस्टम होगा और सशक्त

0

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को 01 अणे मार्ग से पुलिस उपाधीक्षक यातायात एवं यातायात थानों के लिए आवंटित 71 नए पुलिस वाहनों का लोकार्पण किया और उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य बिहार में यातायात नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावशाली बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत में वाहनों का निरीक्षण किया और उनकी तकनीकी कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने कहा कि —

“इन नए वाहनों की उपलब्धता से पुलिस की कार्यक्षमता और दक्षता में इजाफा होगा। यह कदम राज्य में यातायात प्रबंधन और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मील का पत्थर साबित होगा।“

प्रमुख उद्देश्य:

  • राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर यातायात नियंत्रण को मजबूत बनाना
  • दुर्घटनाओं की रोकथाम और तत्काल प्रतिक्रिया
  • सड़क सुरक्षा अभियान को नई गति देना
  • ट्रैफिक नियमों के पालन पर प्रभावी निगरानी

पर्यावरण का भी संदेश

कार्यक्रम के आरंभ में पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख गणमान्य:

  • उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
  • उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा
  • जल संसाधन व संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी
  • मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा
  • मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ
  • गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी
  • अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात) सुधांशु शेखर
  • अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन
  • पुलिस महानिरीक्षक, पटना रेंज जितेन्द्र राणा
  • वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना कार्तिकेय के. शर्मा
  • एवं अन्य वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारीगण

वोटर सूची से नाम कटने पर कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह का बड़ा आरोप: कहा– “भाजपा ने 244612 वोटरों का नाम काटा नहीं, बल्कि चोरी कर लिया”

0

भागलपुर में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और आयोग की मिलीभगत से जिले के 244612 वोटरों का नाम वोटर सूची से जानबूझकर हटा दिया गया, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ एक बड़ा खिलवाड़ है।

प्रवीण सिंह ने कहा कि,

“एक साल पहले जिन वोटरों से भाजपा ने चुनाव जीता, अब उन्हीं को मृत या अयोग्य बताकर सूची से बाहर कर दिया गया है। बिना किसी मृत्यु प्रमाण पत्र के हजारों नाम काट दिए गए हैं। बाहर कमाने गए मजदूरों का नाम भी सूची से गायब कर दिया गया है, जिससे वे अब सरकारी लाभ से भी वंचित हो जाएंगे।”

उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी प्रक्रिया दलित, महादलित और पिछड़ा वर्ग के वोटरों को लक्ष्य कर की गई है, जो महागठबंधन का मजबूत वोटबैंक माने जाते हैं।

प्रवीण सिंह ने कहा कि यह सिर्फ नाम काटना नहीं बल्कि “वोट की चोरी” है। अगर जल्द ही सभी वैध वोटरों के नाम वापस सूची में नहीं जोड़े गए, तो कांग्रेस और महागठबंधन मिलकर बड़ा आंदोलन करेगा।

प्रमुख बिंदु:

  • 244612 वोटरों के नाम सूची से हटाए गए
  • बिना प्रमाणपत्र के मृतक बताकर नाम काटे गए
  • प्रवासी मजदूरों और पिछड़े तबकों को टारगेट किया गया
  • कांग्रेस ने इसे ‘वोट की चोरी’ करार दिया
  • आंदोलन की चेतावनी