Home Blog Page 247

बाढ़ में मवेशियों पर सबसे ज्यादा मार, प्रशासन ने चारा और इलाज का दिया आश्वासन

0

भागलपुर: भागलपुर में आई बाढ़ का असर इंसानों के साथ-साथ मवेशियों पर भी गहराई से देखने को मिल रहा है। कई राहत शिविरों में इंसानों से ज्यादा संख्या में गाय, भैंस और बकरियां मौजूद हैं। गरीब परिवारों के लिए ये मवेशी उनकी सबसे बड़ी पूंजी हैं, लेकिन अब तक कई जगहों पर इनके लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था नहीं हो पाई है। भूख से व्याकुल जानवरों की कराह और भैंसों की उदास आंखें प्रशासन का ध्यान खींच रही हैं।

भागलपुर के एसडीएम ने बताया कि जहां-जहां बाढ़ पीड़ितों के शिविर लगाए गए हैं, वहां लोगों के रहने, खाने और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोग अपने मवेशियों को साथ लेकर आते हैं, और प्रशासन इनके लिए चारे की आपूर्ति भी कर रहा है।

इसके अलावा, शिविरों में जानवरों के इलाज के लिए दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य देखभाल की विशेष व्यवस्था की जा रही है, ताकि बाढ़ पीड़ित लोगों के साथ उनके मवेशियों को भी किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आने वाले दिनों में चारे की कमी दूर करने और पशुओं की देखभाल में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।

एकचारी में 12 वर्षीय बच्ची पर बर्बरता, छह आरोपी गिरफ्तार, आठ फरार

0

भागलपुर (पीरपैंती): एकचारी थाना क्षेत्र के एकचारी गांव में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ हुई बर्बरता ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि आठ अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

डीएसपी-2 डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि घटना के संबंध में कुल 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों में जोगिंद्र मंडल, सोनू कुमार, राजेश कुमार, महेंद्र मंडल, मनोज मंडल और राधे मंडल शामिल हैं। जांच में खुलासा हुआ कि यह घटना जोगिंद्र मंडल के घर पर हुई थी और गांव के मुखिया अगहनु मंडल ने ही पीड़िता पर गर्म रॉड दागने का निर्देश दिया था।

घटना के बाद बच्ची को पहले पीरपैंती रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में उसे मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की हालत इस समय सामान्य है, लेकिन स्वास्थ्य में विशेष सुधार नहीं हुआ है।

पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और आश्वासन दिया है कि सभी दोषियों को जल्द कानून के कटघरे में लाया जाएगा। इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और लोग पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

NH-80 पर बाढ़ पीड़ितों का आक्रोश, बरारी मुखिया ने दो घंटे में राहत का दिया आश्वासन

0

भागलपुर: गंगा के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। रविवार को बरारी पंचायत के रानी तालाब बाबूपूर मोड़ के पास बाढ़ पीड़ितों ने अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-80) पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि उनके घर पिछले पांच दिनों से पानी में डूबे हैं, लेकिन अब तक किसी तरह की सरकारी मदद नहीं पहुंची।

मामले की जानकारी मिलते ही प्रखंड स्तर के पदाधिकारी, बरारी पंचायत के मुखिया जयकरण पासवान और अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि दो घंटे के भीतर राहत सामग्री और अस्थायी ठिकाने उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

मुखिया जयकरण पासवान ने कहा, “हम बाढ़ पीड़ितों के साथ हैं और हर संभव मदद की जाएगी।” हालांकि, पीड़ितों ने चेतावनी दी कि यदि वादे के मुताबिक सहायता तुरंत नहीं मिली, तो वे पुनः सड़क जाम करने को मजबूर होंगे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बाढ़ के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब है, और पीने के पानी से लेकर भोजन तक की भारी किल्लत हो रही है। घटना के बाद कुछ समय में NH-80 पर यातायात बहाल हो गया, लेकिन लोगों की नाराजगी और सरकारी इंतजामों पर सवाल बरकरार हैं।

गोपालपुर में गंगा कटाव का कहर, जलमीनार बहते हुए कैमरे में कैद

0

भागलपुर (नवगछिया): गंगा के तेज कटाव ने गोपालपुर प्रखंड में तबाही मचा दी है। तीनटंगा गांव का एक बड़ा हिस्सा नदी में समा गया, वहीं गांव का जलमीनार भी कटाव की चपेट में आकर ध्वस्त हो गया। यह पूरी घटना ग्रामीणों ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद की, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे जलमीनार पहले धीरे-धीरे झुकता है और फिर तेज आवाज के साथ गंगा की धार में समा जाता है।

कटाव के कारण गांव की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। जलमीनार के बहने से ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है। भयावह कटाव से सहमे ग्रामीण अपने घर-बार छोड़कर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और प्रभावित परिवारों के लिए राहत एवं पुनर्वास कार्य की तैयारी की जा रही है। फिलहाल, गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ कटाव की रफ्तार भी तेज होती जा रही है, जिससे आस-पास के अन्य गांव भी खतरे के घेरे में आ गए हैं।

नाथनगर के लालूचक में बाढ़ का तांडव, मगरमच्छ के हमले में 5 घायल

0

भागलपुर: नाथनगर प्रखंड के लालूचक मोहल्ले में बाढ़ का कहर जारी है। गंगा के बढ़ते जलस्तर से इलाका पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे ग्रामीण अपने घर छोड़कर महाशय ड्यौरी में शरण लेने को मजबूर हैं।

इस बीच रविवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। घरों से सामान निकालने के दौरान बाढ़ के पानी में घुसे एक मगरमच्छ ने पांच लोगों पर हमला कर दिया। सभी घायलों का इलाज स्थानीय निजी क्लीनिक में किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक बच्चे को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के पानी में जंगली जीवों की मौजूदगी से स्थिति और भयावह हो गई है। प्रशासन और वन विभाग की टीम को इसकी सूचना दे दी गई है।

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रभावित इलाके में राहत और सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत बढ़ाया जाए, ताकि लोग भयमुक्त होकर अपने घरों में लौट सकें।

भागलपुर में सूर्य घर योजना के तहत 100 घरों में सोलर इंस्टॉलेशन पूरा

0

भागलपुर: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के तहत भागलपुर में 100 घरों में सोलर पैनल इंस्टॉलेशन कार्य पूरा हो गया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुभम इंटरप्राइजेज ने शहर के एक निजी होटल में भव्य ग्राहक मिलन समारोह का आयोजन किया।

कार्यक्रम में सहायक विद्युत अभियंता प्रणव कुमार मिश्रा ने उपस्थित उपभोक्ताओं को योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इच्छुक लाभार्थी योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसमें बैंक लोन की सुविधा भी उपलब्ध है।

शुभम इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर संजय कुमार शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह योजना न केवल उपभोक्ताओं को बिजली बिल में बचत का अवसर देगी, बल्कि स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को भी बढ़ावा देगी।

योजना का उद्देश्य घरों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता को सशक्त बनाना है। समारोह में कई लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और सौर ऊर्जा के फायदे गिनाए।

मुख्यमंत्री ने 1.12 करोड़ से अधिक पेंशनधारियों के खातों में ₹1247.34 करोड़ की राशि हस्तांतरित

0

भागलपुर सहित पूरे बिहार के लाभार्थियों को मिली बढ़ी हुई ₹1100 मासिक पेंशन की सौगात

पटना/भागलपुर: मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज अपने 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 12 लाख से अधिक पेंशनधारियों के बैंक खातों में ₹1247.34 करोड़ की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से हस्तांतरित की।
उन्होंने जुलाई माह से पेंशन राशि ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 प्रति माह करने की घोषणा के बाद दूसरी किस्त भी जारी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वृद्धजन, दिव्यांगजनों एवं विधवा महिलाओं के लिए पेंशन राशि बढ़ाकर उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। जुलाई माह की पेंशन राशि पहले ही सभी लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई थी, अब अगस्त माह की राशि भी समय से पहले हस्तांतरित कर दी गई है।

बिहार में संचालित प्रमुख सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएँ और लाभार्थी:

  • इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना – 35,62,501 लाभार्थी, ₹391.98 करोड़ हस्तांतरित
  • इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना – 6,35,553 लाभार्थी, ₹70.69 करोड़ हस्तांतरित
  • इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना – 1,10,744 लाभार्थी, ₹12.68 करोड़ हस्तांतरित
  • लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना – 8,74,433 लाभार्थी, ₹97.16 करोड़ हस्तांतरित
  • मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना – 9,72,057 लाभार्थी, ₹107.58 करोड़ हस्तांतरित
  • मुख्यमंत्री निःशक्तता पेंशन योजना – 5,03,557 लाभार्थी, ₹568.24 करोड़ हस्तांतरित

भागलपुर जिले का आंकड़ा
भागलपुर में कुल 3,20,076 पेंशनधारियों के खातों में ₹35,70,39,300 की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इसमें वृद्धावस्था, विधवा, निःशक्तता और लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा योजना के सभी लाभार्थी शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ समाज कल्याण विभाग के प्रधान सचिव, जिला अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में पेंशनधारी लाभार्थी जुड़े। मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से समय पर बैंक खाते की जाँच करने और पेंशन राशि का सही उपयोग करने की अपील की।

भागलपुर के 3.20 लाख पेंशनधारियों के खाते में ₹35.70 करोड़ की राशि हस्तांतरित

0

भागलपुर: समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों को बड़ी राहत देते हुए पेंशन राशि ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 प्रति माह कर दी गई है। इसी क्रम में आज समीक्षा भवन, भागलपुर में पेंशन राशि हस्तांतरण कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी, जिला परिषद अध्यक्ष मिथुन यादव, डीपीओ आईसीडीएस, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, डायरेक्टर डीआरडीए एवं वरिष्ठ पेंशनधारियों ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पेंशनधारियों का शॉल और पौधा देकर सम्मान भी किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि भागलपुर जिले के 3,20,076 पेंशनधारियों के खातों में ₹35,70,39,300 की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है। उन्होंने लाभार्थियों को मोबाइल पर राशि की प्राप्ति की पुष्टि करने का आग्रह किया।

योजना अनुसार लाभार्थियों की संख्या:

  • इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना – 1,12,062
  • मुख्यमंत्री वृद्धावस्था पेंशन योजना – 1,31,954
  • इंदिरा गांधी विधवा पेंशन योजना – 15,912
  • लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा योजना – 23,205
  • इंदिरा गांधी निःशक्तता पेंशन योजना – 2,590
  • बिहार निःशक्तता पेंशन योजना – 34,353

कुल 3,20,076 लाभार्थी अब प्रतिमाह ₹1100 की पेंशन प्राप्त करेंगे, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार की उम्मीद है।

भजन-कीर्तन और भव्य भंडारे से गूंजा भागलपुर, रक्षा बंधन पर श्याम दरबार का आयोजन

0

भागलपुर:  रक्षा बंधन के अवसर पर डाटबाट हाई स्कूल के समीप भव्य श्याम दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बाहर से आए प्रसिद्ध कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजनों की मधुर धुनों से पूरा माहौल श्रद्धा और उत्साह से भर उठा।

आयोजक गुड्डू घोष ने बताया कि इस तरह के श्याम भजन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, जिसमें बाहर से विशेष कलाकारों को आमंत्रित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस मौके पर सदन कुमार घोष, मदन कुमार घोष, अमित कुमार, जीत नारायण, अंकित कुमार, अन्वी,कबीर  समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

भागलपुर में गंगा का कहर: सुल्तानगंज जलमग्न, एनएच-80 पर 2 फीट पानी, बड़े वाहनों की आवाजाही बंद

0

भागलपुर: बिहार का बाढ़ से पुराना नाता एक बार फिर सामने आ गया है। गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर ने भागलपुर में तबाही मचा दी है। सुल्तानगंज प्रखंड पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। हालात इतने गंभीर हैं कि एनएच-80 भी गंगा के पानी में डूब गया है। अकबरनगर के पास सड़क पर करीब 2 फीट पानी बह रहा है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

सबौर की ओर भी पानी तेजी से चढ़ रहा है। निर्माणाधीन पुलिया के दोनों ओर सड़क पर पानी चढ़ने की स्थिति बन गई है। एक तरफ से सड़क को बंद कर दिया गया है और केवल छोटे वाहनों को प्रवेश की अनुमति है, जबकि बड़े वाहनों पर रोक लगा दी गई है। बंगाल और झारखंड से आने वाले ट्रकों को सबौर होकर प्रवेश पर प्रतिबंधित कर दिया गया है। वर्तमान में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 74 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है और इसमें और बढ़ोतरी का अनुमान है।

स्थानीय निवासी राजू कुमार ने बताया कि घरों में पानी घुसने से खाना बनाना मुश्किल हो गया है और छत पर तंबू लगाकर रहना पड़ रहा है। सुखा भोजन ही सहारा है और सरकारी मदद की प्रतीक्षा जारी है।