Home Blog Page 226

ईशीपुर बाराहाट में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 176 लीटर विदेशी शराब बरामद, शराब माफिया गिरफ्तार

0

भागलपुर जिले के ईशीपुर बाराहाट थाना पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने एक कुख्यात शराब माफिया को भी गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में 176.25 लीटर से अधिक विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है।

डीएसपी 2 डॉ. अर्जुन कुमार गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि ईशीपुर बाराहाट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत धुनियाचक (हरदेवचक यादव टोला) निवासी गौतम कुमार, पिता स्व. रामकृष्ण यादव, अपने घर में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का भंडारण कर उसका कारोबार कर रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान गौतम कुमार के घर से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लंबे समय से शराब के धंधे में सक्रिय था और उसका नेटवर्क काफी बड़ा है। डीएसपी ने बताया कि आरोपी पर पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। वर्ष 2018 और 2020 में भी उसके खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज हो चुका है।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मनीष कुमार के साथ उपनिरीक्षक नंदन महतो, एएसआई चंदन कुमार मालाकार एवं पुलिस बल के जवान मनीष कुमार, अजीत कुमार, अजीत कुमार मंडल, संजीव कुमार समेत कई अधिकारी शामिल थे। डीएसपी डॉ. गुप्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मद्यनिषेध अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत केस दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। साथ ही शराब के इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

पुलिस की यह सफलता जिले में शराब माफियाओं के लिए एक कड़ा संदेश है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। लगातार हो रही कार्रवाई से पुलिस का यह अभियान और सख्त होता जा रहा है, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

पटना में गैंगवार की साजिश नाकाम: पुलिस ने दबिश देकर देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और आरोपी को दबोचा

0

Bihar News: पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए गैंगवार की साजिश को विफल कर दिया। नगर पुलिस अधीक्षक, पूर्वी पटना के नेतृत्व में मिली गुप्त सूचना के आधार पर 1 सितम्बर की शाम ग्राम नीमा में छापेमारी की गई। ग्रामीणों द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, रोहित कुमार उर्फ चमक उर्फ पंडित और सिद्धार्थ शर्मा उर्फ रिद्धि शर्मा गैंग के बीच गोलीबारी हुई थी। इस गोलीबारी में रोहित कुमार के पेट में गोली लगने की भी सूचना है।

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी उभरे रविदास उर्फ रामचन्द्र रविदास, निवासी साओ-नीमा, को धर दबोचा गया। छापेमारी के क्रम में उसके घर से एक देसी कट्टा, 6 जिंदा कारतूस और 3 मिस फायर कारतूस बरामद किए गए। इस सफलता के बाद इलाके में दहशत फैलाने वाले अपराधियों की कमर टूटती नजर आ रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर धनरूआ थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने तत्परता दिखाई। आलोक कुमार (थानाध्यक्ष), आलोक कुमार (अपर थानाध्यक्ष), नकी अहमद, राजेश कुमार, पंकज रोशन और अंकित कुमार समेत पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। सटीक रणनीति और साहसिक कार्रवाई की बदौलत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी।

पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ धनरूआ थाना कांड सं.–525/25 दिनांक–01.09.25 धारा–25 (1-बी) ए/26 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और इस गैंगवार से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है।

इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गैंगवार और आपराधिक घटनाओं के कारण वे दहशत में थे। अब पुलिस की तत्परता से अपराधियों के हौसले पस्त होंगे और क्षेत्र में शांति कायम होगी।

बरामदगी:

  • एक देसी कट्टा
  • 06 जिंदा कारतूस
  • 03 मिस फायर कारतूस

गिरफ्तार आरोपी:

  • उभरे रविदास उर्फ रामचन्द्र रविदास, निवासी साओ–नीमा, धनरूआ थाना, पटना

इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पटना पुलिस अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए पूरी तरह सक्रिय और प्रतिबद्ध है।

भागलपुर में पिकअप से 233 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

0

भागलपुर: मद्य निषेध विभाग की सक्रियता से मंगलवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। निरीक्षक मनोज कुमार यादव के नेतृत्व में की गई छापेमारी में एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब जब्त की गई।

जानकारी के अनुसार, बरारी बैरियर के समीप जीरो माइल की ओर जाने वाली सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप (निबंधन संख्या BR33F-6634) को रोककर जांच की गई। वाहन चालक की गतिविधियों पर संदेह होने पर टीम ने वाहन की बारीकी से तलाशी ली। जांच के क्रम में पिकअप में बने तहखाने से 233.280 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।

बरामदगी के तुरंत बाद घटनास्थल पर ही जब्ती सूची तैयार की गई और वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद मामले को आगे की कार्रवाई हेतु मद्य निषेध थाना, सदर को सौंपा गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने किया बिहार राज्य जीविका निधि का शुभारंभ, 105 करोड़ रुपये का ट्रांसफर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताया आभार

0

पटना: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर 105 करोड़ रुपये की राशि जीविका निधि में ट्रांसफर की। कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार और उनकी सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार का विकास केंद्र सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘संकल्प’, 1 अणे मार्ग से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है कि प्रधानमंत्री जी के हाथों जीविका निधि का शुभारंभ हुआ है। इस कदम से स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों को लोन की राशि आसानी से उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने इसके लिए 1,000 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जिसमें से आज 105 करोड़ रुपये की राशि सीधे बैंक खाते में भेजी गई है। खुशी की बात यह है कि केंद्र सरकार भी इसके लिए 110 करोड़ रुपये की सहायता देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 नवम्बर 2005 को सरकार बनने के बाद से ही महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। वर्ष 2006 में पंचायतों और 2007 में नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर शुरुआत की गई। 2013 से पुलिस में और 2016 से सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं के लिए सुनिश्चित किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर ‘जीविका’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी। तब से अब तक स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़कर लगभग 11 लाख हो चुकी है, जिनसे 1 करोड़ 40 लाख से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। वहीं, वर्ष 2024 से शहरी क्षेत्रों में भी 37 हजार समूह बनाए गए हैं, जिनसे करीब 3 लाख 85 हजार महिलाएं जुड़ चुकी हैं।

महिलाओं के रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने हाल ही में शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का भी उल्लेख किया। इस योजना के तहत हर घर की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये की राशि दी जाएगी और सफल उद्यम चलाने वाली महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता मिलेगी। यह योजना सितम्बर 2025 से लागू हो रही है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के अन्य महत्वपूर्ण निर्णयों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वृद्धजन, दिव्यांगजन और विधवा महिलाओं की पेंशन राशि 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है। वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुँचाने के बाद अब सभी घरों को मुफ्त बिजली देने का फैसला लागू हो चुका है। वर्ष 2020 में युवाओं को 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया था। अब तक 10 लाख से अधिक नौकरियाँ और 39 लाख रोजगार उपलब्ध कराए जा चुके हैं। चुनाव से पहले 50 लाख से अधिक रोजगार और नौकरी दी जाएगी। अगले 5 वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का संकल्प लिया गया है।

बिहार को केंद्र सरकार से भी लगातार सहयोग मिल रहा है। जुलाई 2024 के बजट में राज्य को सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण के लिए विशेष आर्थिक सहायता दी गई। फरवरी 2025 के बजट में मखाना बोर्ड की स्थापना, नए एयरपोर्ट और पश्चिमी कोसी नहर जैसी योजनाओं के लिए वित्तीय मदद का ऐलान किया गया। साथ ही इस वर्ष ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स’ के आयोजन का जिम्मा बिहार को मिला, जो राज्य के लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री हाल के दिनों में कई बार बिहार आए और विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका निधि से महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और राज्य के समग्र विकास में उनकी भागीदारी और भी मजबूत होगी।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड से संबंधित एक वीडियो फिल्म भी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उप मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री  विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव  दीपक कुमार, मुख्य सचिव  प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी  गोपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां शामिल हुईं।

भागलपुर में पीरपैंती ताप विद्युत परियोजना का हुआ मुआयना, अधिकारियों ने की समीक्षा

0

भागलपुर जिले के विकास और ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को लेकर बड़ी पहल के तहत पीरपैंती ताप विद्युत परियोजना का जायजा लेने ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार के सचिव एवं बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (BSPGCL) के प्रबंध निदेशक ने मंगलवार को भागलपुर का दौरा किया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुआयने के दौरान अधिकारियों ने परियोजना स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया और चल रहे कार्यों की जानकारी ली। मनोज कुमार सिंह सचिव, ऊर्जा विभाग ने कहा कि यह परियोजना न केवल बिहार बल्कि पूरे पूर्वी भारत के लिए ऊर्जा आपूर्ति को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए ताकि परियोजना निर्धारित समय सीमा में शुरू हो सके।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि जिला प्रशासन पूरी तरह इस परियोजना को सफल बनाने के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि परियोजना के लिए आवश्यक सभी प्रशासनिक सहयोग दिया जा रहा है। वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि परियोजना स्थल और उसके आसपास शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेन्द्र प्रसाद ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। स्थानीय लोगों को भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार से जोड़ने की योजना है। इससे भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों का आर्थिक विकास भी होगा।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं, जैसे बिजली उत्पादन क्षमता, पर्यावरणीय प्रभाव और तकनीकी तैयारियों की समीक्षा की। यह भी तय किया गया कि परियोजना कार्यों की प्रगति पर नियमित मॉनिटरिंग होगी और किसी भी तरह की बाधा को तुरंत दूर किया जाएगा।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र में बिजली की उपलब्धता बेहतर होगी और उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। इससे भागलपुर जिले की पहचान ऊर्जा उत्पादन के नए केंद्र के रूप में होगी।

झाझा के कैदी साबिर मियां का भागलपुर कैंप जेल में निधन, 23 साल से काट रहे थे उम्रकैद

0

भागलपुर: भागलपुर कैंप जेल में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे झाझा निवासी कैदी साबिर मियां उर्फ लुटानिया मियां का निधन हो गया। 23 साल से जेल में बंद साबिर मियां की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें मायागंज अस्पताल लाया गया। लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, साबिर मियां झाझा जिले के रहने वाले थे और हत्या के मामले में उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। जेल प्रशासन ने बताया कि उनकी तबीयत कई दिनों से खराब चल रही थी। सोमवार को स्थिति बिगड़ने पर उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

साबिर मियां की पत्नी शहनाज खातून ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से उन्हें सूचना दी गई थी कि उनके पति की तबीयत खराब हो गई है। जब वह मायागंज अस्पताल पहुँचीं, तो उन्होंने देखा कि साबिर मियां अब इस दुनिया में नहीं रहे। परिजनों के अनुसार, लंबे समय तक जेल में रहने और लगातार बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण उनकी स्थिति कमजोर होती चली गई थी।

साबिर मियां के पीछे तीन बेटियां और एक बेटा हैं। परिवारजन का कहना है कि बीते कुछ वर्षों से उनकी तबीयत काफी खराब रहती थी, लेकिन जेल के भीतर उन्हें बेहतर इलाज नहीं मिल पाया। वहीं जेल प्रशासन ने इस मामले पर फिलहाल मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इस घटना के बाद परिजनों में गम का माहौल है। वहीं स्थानीय स्तर पर लोग यह चर्चा भी कर रहे हैं कि जेल में कैदियों के स्वास्थ्य की निगरानी और इलाज की व्यवस्था को और बेहतर करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

बिहार बंद: प्रधानमंत्री की मां पर विवादित टिप्पणी के खिलाफ बीजेपी सड़कों पर, भागलपुर में भी दिखेगा असर

0

Bihar/Bhagalpur: दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर राजनीति गरमा गई है। इस विवादित टिप्पणी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में गुरुवार को बिहार बंद का आह्वान किया है। भाजपा नेताओं ने इसे न केवल प्रधानमंत्री का, बल्कि देश की हर मां का अपमान बताया है।

भागलपुर में भी इस बंद का असर देखने को मिलेगा। भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार साह ने जानकारी दी कि बंद को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता लगातार आम जनता से अपील कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता जगह-जगह माइकिंग कर लोगों से बंद में सहयोग की गुहार लगा रहे हैं।

भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदैव महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। इज्जत घर योजना, उज्ज्वला योजना और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी अनेक योजनाओं के माध्यम से मोदी सरकार ने महिलाओं को समाज और परिवार में मजबूत स्थान दिलाया है। ऐसे में उनकी मां पर की गई टिप्पणी राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ने वाली है।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने राहुल गांधी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बयान सिर्फ नरेंद्र मोदी का नहीं, बल्कि देश की हर मां का अपमान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ऐसे मामलों में न तो चुप बैठेगी और न ही चुप्पी साधने देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस बंद को पूरी तरह सफल बनाने में जुटें और कांग्रेस नेताओं को उनके असंवेदनशील बयान का करारा जवाब दें।

बंद के दौरान भागलपुर समेत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे। बाजार, दुकानें और यातायात पर बंद का असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा ने शांतिपूर्ण बंद की अपील करते हुए लोगों से कहा है कि यह आंदोलन केवल सम्मान और संस्कार की रक्षा के लिए है।

भागलपुर ब्रेकिंग: वंदे भारत एक्सप्रेस पर फिर हुआ पथराव, क्षतिग्रस्त हुई खिड़कियां, यात्रियों में अफरातफरी

0

भागलपुर: भागलपुर-मंदारहिल रेलखंड पर एक बार फिर वंदे भारत एक्सप्रेस पर शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। यह घटना पंजवारा रोड हॉल्ट के समीप घटी, जहां जमालपुर-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया। पथराव के कारण ट्रेन के कोच C-4 की दो खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं। अचानक हुई इस घटना से ट्रेन के अंदर यात्रियों में अफरातफरी मच गई और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूत्रों के अनुसार, ट्रेन पर पथराव होते ही यात्री घबरा गए। हालांकि, ट्रेन को एस्कॉर्ट कर रही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने स्थिति को तुरंत संभाल लिया और सीनियर अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ट्रेन को पंजवारा रोड हॉल्ट के पास थोड़ी देर के लिए रोका गया और आवश्यक जांच की गई। हालात सामान्य होने के बाद ट्रेन को पुनः गंतव्य हावड़ा की ओर रवाना कर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह शरारत 11 से 12 साल के बच्चों की लग रही है। हालांकि, इस संबंध में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों की पहचान कर उन्हें चिन्हित किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकत न केवल रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को भी खतरे में डालती है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी वंदे भारत एक्सप्रेस पर भागलपुर में पथराव की घटना हो चुकी है। यह ट्रेन शुरू में भागलपुर से हावड़ा तक संचालित होती थी, लेकिन 17 अगस्त से इसका विस्तार कर जमालपुर से हावड़ा तक कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद भी ट्रेन को लगातार शरारती तत्वों का निशाना बनाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पथराव की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए रेलवे और प्रशासन को संयुक्त रूप से सख्त कदम उठाने चाहिए। वहीं यात्रियों ने भी मांग की है कि ऐसी वारदातों को रोकने के लिए ट्रेन मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाए।

रेलवे विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

भागलपुर की जीविका दीदियों ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद, कहा – महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन की नई दिशा

0

भागलपुर: बिहार में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर 105 करोड़ रुपए की राशि जीविका निधि में ट्रांसफर की गई। इस पहल से राज्यभर की 11 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लगभग 1 करोड़ 40 लाख जीविका दीदियों को सीधा लाभ मिलेगा।

भागलपुर की जीविका दीदियों ने इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद दिया। दीदियों का कहना है कि इस योजना से न केवल महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी, बल्कि उनके आत्मनिर्भर बनने का सपना भी साकार होगा। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और महिलाएं राज्य के विकास में मजबूती से योगदान दे सकेंगी।

जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं ने कहा कि सरकार की यह पहल महिलाओं को घर-परिवार की सीमाओं से बाहर निकालकर समाज और बाजार में अपनी पहचान बनाने का अवसर दे रही है। इससे वे पारंपरिक व्यवसायों के साथ-साथ आधुनिक आर्थिक गतिविधियों में भी भागीदारी कर पाएंगी।

भागलपुर की एक जीविका दीदी ने बताया कि पहले महिलाओं के पास पूंजी की कमी सबसे बड़ी समस्या थी, जिसके कारण वे छोटे व्यवसाय या उत्पादन कार्य शुरू नहीं कर पाती थीं। अब इस निधि से उन्हें ऋण और पूंजी आसानी से उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं।

इस अवसर पर जीविका दीदियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि जब तक दोनों नेता सक्रिय रहेंगे, देश और बिहार में विकास का कार्य निरंतर आगे बढ़ता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस योजना से न केवल महिलाओं को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी लाभ होगा।

इस योजना के शुभारंभ ने ग्रामीण महिलाओं के बीच उत्साह और आत्मविश्वास को और मजबूत कर दिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि आने वाले समय में जीविका दीदियां किस तरह से नए-नए क्षेत्रों में सफलता की मिसाल कायम करती हैं।

सुंदरपुर बाजार में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, एनटीपीसी उद्घाटन से पहले प्रशासन सख्त

0

भागलपुर/पीरपैंती: पीरपैंती नगर पंचायत क्षेत्र के सुंदरपुर बाजार में सोमवार को नगर प्रशासन ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह कार्रवाई आगामी 15 सितंबर को एनटीपीसी के उद्घाटन को देखते हुए की गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई केंद्रीय और राज्य मंत्रियों के आने की संभावना है। सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने बाजार की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने का सख्त कदम उठाया।

नगर कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी के नेतृत्व में उल्टा पुल से लेकर स्टेशन चौक तक अभियान चलाया गया। इस दौरान मुख्य सड़क पर बने अस्थायी और स्थायी दोनों तरह के अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन ने बुलडोजर का इस्तेमाल करते हुए कई दुकानों के आगे बढ़े शेड और सड़क तक फैले निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद मुख्य सड़क पर जगह खाली हुई और लंबे समय से लगने वाली जाम की समस्या में काफी हद तक राहत मिली।

पूनम कुमारी ने बताया कि एनटीपीसी उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि सड़क और सार्वजनिक जगहों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने पहले ही चेतावनी दी थी, जिसके बावजूद कई दुकानदारों ने अतिक्रमण हटाने में लापरवाही बरती। अंततः मजबूरी में प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

अभियान के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत की सांस ली। वाहन चालकों ने कहा कि सड़क चौड़ी होने से यातायात सुचारु हुआ है और बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो गई है। लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन इसी तरह लगातार कार्रवाई करेगा, ताकि स्थायी रूप से अतिक्रमण की समस्या से छुटकारा मिल सके।

नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने आगे बताया कि प्रशासन का अगला अभियान शेरमारी चौक से लेकर अस्पताल मोड़ तक चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम लगातार जारी रहेगी और किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि बड़े कार्यक्रम से पहले ही प्रशासन शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए पूरी तरह गंभीर है।