Home Blog Page 227

कहलगांव में बीजेपी विधायक पवन यादव का विवाद, युवक से धक्का-मुक्की और अपशब्द का वीडियो वायरल

0

भागलपुर: भागलपुर जिले के कहलगांव से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक पवन यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक युवक से धक्का-मुक्की और अपशब्द कहते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह विवाद उस समय हुआ जब युवक ने विधायक से विकास योजनाओं को लेकर सवाल पूछ लिया।

https://www.facebook.com/share/v/191cdvFpnk/

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने विधायक से क्षेत्र की सड़कों और अन्य विकास कार्यों पर सवाल किया। इसी दौरान विधायक पवन यादव भड़क गए और युवक को धक्का देते हुए अपशब्द कहने लगे। मौके पर मौजूद लोग स्थिति को संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि विधायक और युवक के बीच तनातनी बढ़ गई थी।

इस घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो चुका है। वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने बीजेपी विधायक पर हमला बोलते हुए कहा है कि जनता से सवाल पूछने का हक हर नागरिक को है, लेकिन विधायक का इस तरह व्यवहार करना जनप्रतिनिधि की गरिमा के खिलाफ है। कांग्रेस और आरजेडी नेताओं ने मांग की है कि पार्टी को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं, स्थानीय लोगों के बीच भी यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। कुछ लोग विधायक के आचरण की आलोचना कर रहे हैं तो वहीं उनके समर्थक इसे विपक्ष द्वारा फैलाया गया प्रोपेगेंडा बता रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि वीडियो को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है और वास्तविक स्थिति कुछ अलग थी।

हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल यह वीडियो तेजी से शेयर हो रहा है और लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग विधायक के रवैये पर नाराजगी जता रहे हैं और जनता से जुड़े सवालों का जवाब देने की बजाय टालमटोल करने का आरोप लगा रहे हैं।

फिलहाल इस मामले में विधायक पवन यादव की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन वीडियो के वायरल होने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है और आने वाले दिनों में इस पर सियासी घमासान तेज होने की संभावना है।

अश्विनी चौबे का बड़ा हमला, कहा – “ट्रंप के देश में खलबली, भारत बनेगा स्वावलंबी”

0

भागलपुर: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने मंगलवार को भागलपुर में प्रेस से बातचीत के दौरान कांग्रेस और आरजेडी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने विपक्षी दलों को भ्रष्टाचार और गद्दारी का प्रतीक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक नीति भारत को आत्मनिर्भर और मजबूत अर्थव्यवस्था की दिशा में ले जा रही है।

अश्विनी चौबे ने कहा कि “ट्रंप के देश में भूचाल आने वाला है, वहां खलबली मच गई है। दुनिया भारत की ओर विकल्प के रूप में देख रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज स्वावलंबन की ओर अग्रसर है।” उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पोखरण परमाणु परीक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय अमेरिका ने भारत को आंख दिखाई थी, लेकिन अटल जी ने स्वावलंबन और दृढ़ निश्चय से उसका जवाब दिया।

कांग्रेस और आरजेडी पर वार करते हुए चौबे ने आपातकाल की घटनाओं को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि “आपातकाल के समय जयप्रकाश नारायण को स्वीट पॉइजन किसने दिया और बिहार के दिग्गज नेता ललित नारायण मिश्र की हत्या किसने कराई? यह सवाल कांग्रेस और आरजेडी को जवाब देना होगा।” उन्होंने बताया कि यह कोई मनगढ़ंत आरोप नहीं है, बल्कि तत्कालीन जस्टिस तारकुंडे की रिपोर्ट इसका सबूत है।

बिहार विधानसभा चुनावों से जुड़े सवाल पर अश्विनी चौबे ने स्पष्ट किया कि वे न तो भागलपुर से और न ही शाहनवाज हुसैन चुनाव लड़ेंगे। दोनों नेता संगठन और पार्टी के प्रचार कार्य में पूरी तरह से समर्पित रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ही उम्मीदवार तय करेगी और सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव में योगदान देंगे।

वहीं, कांग्रेस और आरजेडी के “वोट चोर, गद्दी छोड़” नारे पर पलटवार करते हुए चौबे ने कहा कि सही नारा होना चाहिए – “चारा चोर, बिहार छोड़, नेशनल हेराल्ड में हेराफेरी करने वाले भारत छोड़, पाकिस्तान की भाषा बोलने वाले गद्दार भारत छोड़।” उन्होंने विपक्षी दलों पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहार और देश की जनता इनके छलावे को अच्छी तरह पहचान चुकी है।

बीजेपी नेता ने कहा कि भ्रष्टाचार और गद्दारी करने वालों की राजनीति अब खत्म होने वाली है और जनता विकास और स्वावलंबन की राजनीति को मजबूती देगी।

अश्विनी चौबे का कांग्रेस और आरजेडी पर करारा हमला, कहा – “चारा चोर बिहार छोड़, पाकिस्तान की बात करने वाले भारत छोड़”

0

भागलपुर: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और भारत सरकार के पूर्व मंत्री अश्विनी चौबे ने मंगलवार को भागलपुर में प्रेस से बातचीत के दौरान कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विपक्षी दलों पर भ्रष्टाचार, गद्दारी और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा।

अश्विनी चौबे ने कांग्रेस और आरजेडी द्वारा दिए गए नारे “वोट चोर, गद्दी छोड़” पर पलटवार करते हुए कहा कि असल में “चारा चोर, बिहार छोड़” और “भारत में रहकर पाकिस्तान की बात करने वाले गद्दार भारत छोड़” जैसे नारे ज्यादा सही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के नेताओं ने लंबे समय तक बिहार और देश को गुमराह किया और भ्रष्टाचार की राजनीति की है।

बीजेपी नेता ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर सीधा तंज कसते हुए कहा, “चोर मचाए शोर, कुछ वैसा ही हाल बिहार में राहुल और तेजस्वी का है। ये दोनों नेता वोट अधिकार यात्रा और रैली के नाम पर केवल जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं।”

अश्विनी चौबे ने कहा कि पहले के दौर में जब बूथ लूट और हत्याएं होती थीं, उस समय किसका शासन था यह बिहार की जनता अच्छी तरह जानती है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं, वही उस समय लोकतंत्र को रौंदने का काम कर रहे थे।

उन्होंने कांग्रेस पर भी हमला बोलते हुए नेशनल हेराल्ड मामले का जिक्र किया और आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा घोटालों और हेरा-फेरी से राजनीति को कलंकित किया है। वहीं आरजेडी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चारा घोटाले के दाग आज भी बिहार की राजनीति को शर्मसार करते हैं।

बीजेपी नेता ने साफ कहा कि भ्रष्टाचार और देशविरोधी मानसिकता रखने वाले किसी भी हाल में देश और बिहार की राजनीति में स्वीकार्य नहीं हो सकते। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे नेताओं की सच्चाई को पहचानें और विकास एवं ईमानदारी की राजनीति को मजबूती दें।

भागलपुर में छात्रों के दो गुटों में भिड़ंत, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, पुलिस ने तीन छात्रों को हिरासत में लिया

0

भागलपुर: भागलपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मारवाड़ी पाठशाला के समीप मंगलवार को अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया, जब छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई और दोनों ओर से लाठी-डंडे के साथ ईंट-पत्थर चलने लगे। इस झगड़े के कारण इलाके में दहशत फैल गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद की शुरुआत आपसी कहासुनी से हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। छात्र एक-दूसरे पर लाठियों से हमला करने लगे और सड़क पर ईंट-पत्थर बरसाने लगे। मारपीट और पथराव से आसपास का माहौल काफी देर तक तनावग्रस्त रहा। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए झगड़ रहे छात्रों को खदेड़ा और मौके से तीन छात्रों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि झगड़े की असली वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन शामिल थे। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

घटना के बाद से इलाके में सन्नाटा पसरा है और लोग सहमे हुए हैं। अभिभावक भी इस तरह की वारदात से चिंतित हैं। उनका कहना है कि शिक्षा संस्थानों में पढ़ाई-लिखाई के बजाय इस तरह के झगड़े होना समाज और बच्चों के भविष्य दोनों के लिए नुकसानदायक है।

फिलहाल पुलिस की कड़ी निगरानी में स्थिति सामान्य है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहर में छात्र गुटबाजी और आपसी रंजिश की समस्या को उजागर कर दिया है।

खगड़िया में चलती ट्रेन से गिरकर मजदूर की मौत, तमिलनाडु जा रहा था युवक

0

खगड़िया: खगड़िया जिले के महेशखुटं स्टेशन के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। औलीया थाना क्षेत्र के बिहपुर निवासी 35 वर्षीय दिलीप कुमार मालाकार की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसे के बाद न केवल परिवार में बल्कि पूरे गांव में मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार दिलीप कुमार मजदूरी करने के लिए तमिलनाडु जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह बिहपुर स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। यात्रा के दौरान जब ट्रेन महेशखुटं स्टेशन के पास पहुंची, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा। गिरते ही उसे गंभीर चोटें आईं और आसपास अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और रेलकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल दिलीप को तुरंत गोगरी जमालपुर अस्पताल पहुंचाया। वहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। हालांकि, उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।

मृतक दिलीप अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। वह तमिलनाडु में मजदूरी कर अपनी पत्नी, बच्चों और माता-पिता का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन बदहवास हैं और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

स्थानीय लोगों ने रेल प्रशासन और सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब मजदूर अपने परिवार का पेट पालने के लिए दूर-दराज के राज्यों में काम करने जाते हैं और इस तरह की घटनाएं उनके जीवन को उजाड़ देती हैं।

हादसे के बाद से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। परिजन बार-बार बेसुध हो रहे हैं और पड़ोसी उन्हें ढांढस बंधाने में लगे हैं। इस घटना ने एक बार फिर प्रवासी मजदूरों की मजबूरी और उनकी कठिनाइयों को उजागर कर दिया है।

SIR को लेकर भागलपुर में राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित

0

भागलपुर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा भवन स्थित वार रूम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि SIR के अंतर्गत दावा और आपत्ति दर्ज कराने का आज अंतिम दिन है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूट गया है तो उसका नाम जोड़ने के लिए दावा प्रस्तुत करें। इसी प्रकार यदि किसी मृतक या अनुपस्थित व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज है, तो उसे हटाने के लिए शपथ पत्र के साथ आपत्ति दर्ज की जा सकती है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों की सक्रिय भूमिका अपेक्षित है, ताकि आने वाले चुनावों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती श्वेता कुमारी के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने अपने सुझाव साझा किए और मतदाता सूची को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने में सहयोग देने का आश्वासन दिया।

जिला प्रशासन ने आम मतदाताओं से भी आग्रह किया है कि वे अपने मताधिकार को सुनिश्चित करने के लिए समय पर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में योगदान दें।

🇮🇳 एशिया कप राजगीर 2025: भारत का गोलों का तूफ़ान, कजाकिस्तान 15-0 से परास्त, तीन खिलाड़ियों की हैट्रिक

0

राजगीर (नालंदा): भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हीरो एशिया कप राजगीर बिहार 2025 में रविवार को धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए कजाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 15-0 से परास्त कर दिया। इस जीत के साथ भारत ने पूल ए में लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया और पहले ही सुपर-4 चरण में अपनी जगह पक्की कर ली थी।

इस मैच की सबसे बड़ी खासियत रही कि भारत के तीन खिलाड़ियों ने हैट्रिक जमाई। टीम के लिए अभिषेक, सुखजीत सिंह और जगराज सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम की उम्मीदों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

अभिषेक की आक्रामक शुरुआत

मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक तेवर दिखाए। 5वें मिनट में अभिषेक ने सर्कल के बाहर से जोरदार हिट लगाकर पहला गोल दागा। इसके बाद 8वें मिनट में भी उन्होंने सटीक स्ट्राइक करते हुए भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। पहले क्वार्टर के अंतिम पलों में कप्तान हरमनप्रीत का शॉट भले रोका गया, लेकिन तुरंत बाद अभिषेक ने सुखजीत को पास दिया और उन्होंने तीसरा गोल कर दिया। भारत ने पहले क्वार्टर में ही 3-0 की मजबूत बढ़त बना ली।

दूसरे क्वार्टर में बरसे गोल

दूसरे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा और भी बढ़ गया। 20वें मिनट में अभिषेक ने शानदार कौशल दिखाते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद 24वें मिनट में जगराज ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। 26वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत ने स्कोर शीट पर अपना नाम दर्ज कराया। 29वें मिनट में अमित रोहिदास ने भी गोल किया और हाफ टाइम तक भारत 7-0 से आगे हो गया।

तीसरे क्वार्टर में डिफेंस टूटा

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसे जगराज ने गोल में बदला। इसके तुरंत बाद मंदीप के शानदार पास पर राजिंदर सिंह ने गोल कर दिया। 32वें मिनट में सुखजीत ने भी दूसरा गोल कर दिया। जल्द ही उन्होंने 38वें मिनट में अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत का स्कोर 11-0 पहुंच गया।

चौथे क्वार्टर में भी नहीं थमी गोलों की झड़ी

चौथे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों का अटैक जारी रहा। 47वें मिनट में जगराज ने पेनल्टी स्ट्रोक से तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की। अंतिम पलों में संजय (54’), दिलप्रीत सिंह (55’) और अभिषेक (59’) ने लगातार तीन गोल दागकर स्कोर 15-0 कर दिया।

अन्य मुकाबलों के नतीजे

दिन के अन्य मैचों में कोरिया ने बांग्लादेश को 5-1 से हराया, मलेशिया ने चीनी ताइपे पर 15-0 की बड़ी जीत दर्ज की, जबकि चीन और जापान का मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा।

भारतीय टीम का आत्मविश्वास बुलंद

इस शानदार जीत के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास चरम पर है। सुपर-4 चरण में पहुंचकर भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह खिताब जीतने के लिए पूरी तरह तैयार है। खिलाड़ियों की धारदार फॉर्म और टीमवर्क ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

पटना में बनेगा पाँच सितारा ITC होटल, पर्यटन को मिलेगी नई पहचान

0

पटना: राजधानी पटना में पर्यटन और आतिथ्य सेवाओं को नई उड़ान देने की दिशा में बिहार सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। होटल पाटलिपुत्र अशोक की भूमि पर जन निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत प्रतिष्ठित ITC Hotels द्वारा पाँच सितारा होटल का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए आज बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC), चयनित एजेंसी कुमार इंफ्राट्रेड और ITC Hotels के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह मौजूद रहे।

पटना को मिलेगा लग्जरी पर्यटन का हब

पर्यटन मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार राजधानी पटना में कुल तीन पाँच सितारा होटलों का निर्माण करवा रही है, जिनमें सबसे पहले होटल पाटलिपुत्र अशोक की भूमि पर 140 से अधिक कमरों वाला टॉप लग्जरी होटल बनेगा। यह होटल आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और आने वाले चार वर्षों में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री ने इसे “बिहार के पर्यटन क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर” बताया।

निविदा प्रक्रिया और साझेदारी

पर्यटन सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि इस परियोजना के लिए कुमार इंफ्राट्रेड एंटरप्राइजेज प्रा. लि. को पहले ही लेटर ऑफ अवार्ड जारी किया जा चुका था। कंपनी ने होटल पाटलिपुत्र अशोक की 1.5 एकड़ भूमि पर होटल निर्माण के लिए ITC Hotels को चुना है। निविदा प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई जिसमें पाँच कंपनियों ने भाग लिया। अंततः कुमार इंफ्राट्रेड ने सर्वाधिक वार्षिक लाइसेंस प्रीमियम (₹7.57 करोड़+GST) की पेशकश कर परियोजना हासिल की।

अन्य परियोजनाएं भी होंगी शुरू

श्री सिंह ने बताया कि पटना के गांधी मैदान स्थित बांकीपुर बस स्टैंड परिसर में भी पाँच सितारा होटल निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। वहीं, बीरचंद पटेल पथ स्थित सुल्तान पैलेस पर हेरिटेज को ध्यान में रखते हुए विशेष समिति बनाई गई है। इसके अलावा, राजगीर में दो, वैशाली में एक और वाल्मीकिनगर में भी फाइव स्टार होटल बनाने की योजना पर काम चल रहा है।

ITC और निवेशकों का विश्वास

कुमार इंफ्राट्रेड के निदेशक मनीष कुमार ने कहा कि आज से ही बोधगया में ITC होटल का संचालन शुरू हो चुका है और पटना में यह साझेदारी पर्यटन क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाएगी। वहीं, ITC Hotels समूह के एचडी अनिल चड्ढा ने भरोसा जताया कि तय चार साल की अवधि में यह होटल बनकर तैयार हो जाएगा।

रोजगार और आर्थिक अवसर

इस परियोजना से न केवल बिहार की राजधानी को वैश्विक स्तर पर आतिथ्य सेवाओं में पहचान मिलेगी, बल्कि हजारों युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर भी प्राप्त होंगे। पर्यटन उद्योग के विस्तार से स्थानीय व्यवसायों, हस्तशिल्प और खानपान उद्योग को भी सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर पर्यटन सचिव  लोकेश कुमार सिंह, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक  नंदकिशोर, पर्यटन निदेशक सह विशेष सचिव  उदयन मिश्रा, महाप्रबंधक  चंदन चौहान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में डॉ. अजय सिंह को मिला बेस्ट कम्युनिटी इंपैक्ट अवॉर्ड

0

ऑक्सफोर्ड के मेयर लुईस ऑप्टन ने किया सम्मानित

Bhagalpur News: भागलपुर के प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ एवं समाजसेवी डॉ. अजय सिंह को लंदन स्थित प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित 14वें वर्ल्ड लीडर्स समिट 2025 में बेस्ट कम्युनिटी इंपैक्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। 31 अगस्त 2025 को आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विश्व के 30 देशों से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। यह आयोजन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के केबले कॉलेज के ओ’रियली हॉल में हुआ, जहां सामाजिक, साहित्य, चिकित्सा और विज्ञान क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 100 व्यक्तियों को चयनित कर सम्मानित किया गया।

समाजसेवा के लिए विशिष्ट पहचान

डॉ. सिंह न केवल एक कुशल चिकित्सक हैं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से भी गहराई से जुड़े हैं। वे जीवन जागृति सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और भागलपुर जिला शतरंज संघ, इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के अध्यक्ष तथा इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, भागलपुर शाखा के वाइस चेयरमैन के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। चिकित्सकीय व्यस्तता के बावजूद वे लगातार समाज सेवा में समय देते हैं। यही कारण है कि अंग क्षेत्र ही नहीं, अब उनका कार्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा जा रहा है।

समाज में जागरूकता फैलाने के प्रयास

डॉ. सिंह के प्रयासों में सड़क दुर्घटना पीड़ितों की मदद, डूबने की घटनाओं में बचाव, आगजनी से बचाव, सर्पदंश जैसी स्थितियों में अंधविश्वास छोड़कर आधुनिक इलाज अपनाने के लिए प्रेरित करना, महिलाओं में कैंसर की प्रारंभिक पहचान की जागरूकता और सीपीआर तकनीक के माध्यम से आम जनों को जीवन रक्षक कौशल सिखाना शामिल है। इन्हीं सतत प्रयासों के कारण उन्हें विश्व स्तर पर यह सम्मान हासिल हुआ।

सम्मान समारोह का क्षण

ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित समारोह में ऑक्सफोर्ड के मेयर लुईस ऑप्टन ने डॉ. अजय सिंह को मोमेंटो, मेडल और यूनिवर्सिटी का पिन प्रदान किया। इस अवसर पर मेयर ने कहा – “अवेयरनेस ही बदलाव का सबसे बड़ा साधन है और बिहार जैसे राज्य से यहां तक पहुंचना गर्व की बात है।”

आभार व्यक्त किया

सम्मान पाकर डॉ. सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि उनके परिवार, विशेषकर उनकी पत्नी शिखा सिंह, जीवन जागृति सोसायटी के सदस्यों और अंग क्षेत्र की जनता के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ समाज की सेवा के लिए प्रेरित करेगा।

खगड़िया का कुख्यात 1 लाख का इनामी अपराधी STF के हत्थे चढ़ा, कर्नाटक से हुई गिरफ्तारी

0

Bihar News: अपराध जगत में सक्रिय और खगड़िया जिले का कुख्यात अपराधी अंततः पुलिस की पकड़ में आ गया। बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 1 लाख रुपये के इनामी एवं वांछित अपराधी मनोज़ सदा को कर्नाटक राज्य से गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी STF की सतत निगरानी और रणनीतिक ऑपरेशन का परिणाम है।

15 से अधिक गंभीर मामले दर्ज

मनोज़ सदा, जो पूर्व में नक्सली संगठन से भी जुड़ा रहा है, के खिलाफ सहरसा, दरभंगा और खगड़िया जिलों के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े 15 से अधिक संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहा यह अपराधी बिहार पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।

हत्याओं में शामिल रहा है मनोज़ सदा

पुलिस रिकार्ड के अनुसार, वर्ष 2020 में सहरसा जिले के सलखुआ चिरैया थाना क्षेत्र के वेलादी निवासी रामानंद यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या में मनोज़ सदा की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद वर्ष 2025 में अलौली थाना क्षेत्र के परशुराम कुमार की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसमें भी यह अपराधी मुख्य आरोपी रहा। इन घटनाओं से क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ था।

STF की सटीक रणनीति

बिहार STF को लंबे समय से इस इनामी अपराधी की तलाश थी। विभिन्न राज्यों में छापेमारी और खुफिया जानकारी इकट्ठा करने के बाद आखिरकार कर्नाटक राज्य से इसे धर दबोचा गया। गिरफ्तारी के बाद STF ने स्पष्ट किया कि अपराध की दुनिया में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

अपराधियों के लिए सख्त संदेश

इस गिरफ्तारी से साफ है कि बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठा रही है। STF की इस सफलता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अपराध कितना भी बड़ा क्यों न हो, कानून के शिकंजे से बच पाना नामुमकिन है।

स्थानीय लोगों ने STF और पुलिस टीम की इस बड़ी उपलब्धि की सराहना की है। उनका कहना है कि ऐसे कुख्यात अपराधियों की गिरफ्तारी से इलाके में शांति और सुरक्षा का माहौल बनेगा।