Home Blog Page 224

भारत और कोरिया का मुकाबला 2-2 से ड्रॉ, हीरो मेन्स एशिया कप राजगीर बिहार 2025 में रोमांचक भिड़ंत

0

राजगीर: हीरो मेन्स एशिया कप राजगीर बिहार 2025 के सुपर 4 के पहले मुकाबले में भारत और कोरिया के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जो आखिरकार 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। भारत के लिए हार्दिक सिंह (8’) और मनदीप सिंह (53’) ने गोल किए, जबकि कोरिया के लिए जिहुन यांग (12’) और ह्योनहोंग किम (14’) ने गोल दागे।

बारिश के कारण मैच देर से शुरू हुआ लेकिन भारतीय टीम ने गीली पिच पर शानदार आक्रामक शुरुआत की। शुरुआती मिनटों में भारत को लगातार मौके मिले और आठवें मिनट में हार्दिक सिंह ने बेहतरीन सोलो रन करते हुए गोलकीपर को चकमा देकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि कोरिया ने तेजी से वापसी की और 12वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर जिहुन यांग ने गोल दागकर स्कोर बराबर कर दिया। सिर्फ दो मिनट बाद ह्योनहोंग किम ने पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैगफ्लिक मारकर कोरिया को 2-1 की बढ़त दिलाई।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने कई मौके बनाए, लेकिन कोरियाई डिफेंस मजबूत दीवार की तरह खड़ी रही। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और जर्मनप्रीत सिंह ने मौके बनाए, परंतु गोलकीपर के शानदार बचाव ने भारत को बराबरी करने से रोके रखा।

तीसरे क्वार्टर में भी भारत ने आक्रामक रुख बनाए रखा। मनप्रीत सिंह और अभिषेक के शॉट गोलपोस्ट से बाहर चले गए। क्वार्टर के अंत में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन हरमनप्रीत का ड्रैगफ्लिक डिफेंडर ने लाइन पर ही रोक दिया।

निर्णायक चौथे क्वार्टर में भारत ने लगातार दबाव बनाया। 49वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन मौका भुनाया नहीं जा सका। इसके तुरंत बाद मनदीप सिंह का जोरदार शॉट गोलकीपर ने बचा लिया। आखिरकार 53वें मिनट में सुखजीत सिंह ने बेहतरीन पास देकर मनदीप सिंह को गोल करने का सुनहरा मौका दिया और उन्होंने स्कोर 2-2 कर दिया। अंतिम क्षणों में दोनों टीमों को मौके मिले, लेकिन गोल न हो सका और मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ।

भारत अब सुपर 4 में अपने अगले मुकाबले में गुरुवार, 4 सितंबर को शाम 7:30 बजे मलेशिया से भिड़ेगा। वहीं अन्य मैचों में जापान ने चीनी ताइपे को 2-0 से हराया और मलेशिया ने चीन को 2-0 से मात दी।

मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। साथ ही अमेरिका, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स, यूरोप और नॉर्थ अमेरिका के दर्शक Watch.Hockey पर लाइव मैच का आनंद ले सकते हैं।

पत्रकार कांतेश पर कायराना हमला: लोकतंत्र पर सीधा वार, प्रेस क्लब भागलपुर ने दी आंदोलन की चेतावनी

0

Bhagalpur News: भागलपुर में गुरुवार को बिहार बंद की कवरेज के दौरान प्रेस क्लब भागलपुर के कार्यकारी सदस्य एवं निर्भीक पत्रकार कांतेश पर कुछ असामाजिक तत्वों और एनडीए समर्थक कार्यकर्ताओं ने हमला बोल दिया। न केवल उन्हें गालियां दी गईं, बल्कि धक्का-मुक्की और हाथापाई करते हुए उनका चश्मा तक तोड़ दिया गया। यह सिर्फ एक पत्रकार पर हमला नहीं, बल्कि लोकतंत्र और पत्रकारिता की आत्मा को कुचलने का दुस्साहस है।

प्रेस क्लब भागलपुर ने इस नृशंस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर सीधा प्रहार बताया है। प्रेस क्लब ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो पत्रकार बिरादरी आंदोलन की राह पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी। प्रेस क्लब ने प्रशासन को आगाह किया है कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पत्रकार समाज की आवाज जनता की आवाज होती है। यदि पत्रकारों को डराकर, धमकाकर या पीटकर चुप कराने की कोशिश होगी तो यह सीधे-सीधे आम जनता की अभिव्यक्ति की आज़ादी पर हमला है। प्रेस क्लब का कहना है कि कांतेश पर हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि पूरी पत्रकारिता को दबाने की साजिश है।

भागलपुर प्रेस क्लब ने साफ कहा है कि लोकतंत्र चौथे स्तंभ पर खड़ा है और अगर पत्रकार असुरक्षित रहेंगे तो लोकतंत्र का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा। ऐसे कायराना कृत्यों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों को हर हाल में सजा दिलाई जाएगी और यदि प्रशासन ने ढिलाई दिखाई तो पत्रकार बिरादरी निर्णायक संघर्ष छेड़ेगी।

यह घटना इस बात का प्रमाण है कि लोकतंत्र तभी सुरक्षित रह सकता है जब पत्रकार स्वतंत्र और निर्भीक होकर सच लिख और बोल सकें। प्रेस क्लब ने इस मामले में समाज के हर वर्ग और संगठनों से अपील की है कि वे इस लड़ाई में पत्रकारों के साथ खड़े हों।

— प्रेस क्लब, भागलपुर

दरभंगा टिप्पणी विवाद: भागलपुर में एनडीए का जबरदस्त विरोध, बिहार बंद का दिखा असर

0

भागलपुर:  दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता जी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी ने पूरे बिहार में सियासी हलचल मचा दी है। इस विवादास्पद बयान के विरोध में एनडीए ने बिहार बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर भागलपुर में भी देखने को मिला। सुबह से ही एनडीए के कार्यकर्ता और नेता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए।

भागलपुर शहर के कई इलाकों में दुकानें बंद कराई गईं, वहीं सड़क पर उतरकर कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान एनडीए के कई वरिष्ठ नेता भागलपुर में मौजूद रहे। राज्यसभा की पूर्व सदस्य एवं जदयू नेत्री कहकशां परवीन, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह, दीपक चौहान, कुश पांडे और रोहित पांडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विरोध मार्च में शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की मां को लेकर अभद्र टिप्पणी कर विपक्षी नेताओं ने न केवल राजनीतिक मर्यादा का उल्लंघन किया है बल्कि पूरे देश की भावनाओं को आहत किया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह केवल प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत प्रहार नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा पर सीधा हमला है।

एनडीए नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह नारेबाजी की और प्रशासन से मांग की कि संबंधित व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

बिहार बंद के असर से भागलपुर में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। कई मुख्य बाज़ारों में दुकानें बंद रहीं और सार्वजनिक परिवहन आंशिक रूप से ठप रहा। आम लोग सुबह से ही असुविधा झेलते दिखे। हालांकि पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय रहा और स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश करता रहा।

गौरतलब है कि दरभंगा से सामने आई अभद्र टिप्पणी को लेकर बिहार भर में आक्रोश फैल गया है। एनडीए नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र में विचारों से विरोध होना चाहिए, लेकिन किसी की मां या परिवार को अपमानित करना न केवल असंवेदनशील है बल्कि राजनीति को कलंकित करने वाला कदम है।

भागलपुर में हुए इस विरोध प्रदर्शन ने साफ कर दिया कि यह मुद्दा अब केवल एक जिले या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे बिहार में इसे लेकर माहौल गरमा चुका है। एनडीए नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी करती है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

🌾 बिहार में कृषि विभाग की राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक, किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर

0

पटना: कृषि विभाग, बिहार के प्रधान सचिव पंकज कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कृषि भवन, पटना स्थित सभागार में राज्यस्तरीय मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी प्रमंडलों एवं जिलों के कृषि पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में खरीफ (शारदीय) फसल आच्छादन, बिहान ऐप पर डेटा अपलोड की स्थिति, डीजल अनुदान, आकस्मिक फसल योजना, वर्षापात की स्थिति और कृषि इनपुट अनुदान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रधान सचिव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कृषि इनपुट से संबंधित सभी आवेदन का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बीज वितरण योजना का उद्देश्य किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना है, ताकि फसलों की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि हो। इसके प्रभाव का आकलन फसल मौसम के बाद आच्छादन और उत्पादन के आंकड़ों के आधार पर किया जाएगा।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें डिजिटल क्रॉप सर्वे, बीज वितरण, मिलेट्स बीज वितरण, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, बीज एवं मृदा उपचार, पौधा संरक्षण, प्राकृतिक खेती, कृषि सखी प्रशिक्षण, ढैचा बीज वितरण कार्यक्रम और परंपरागत कृषि विकास योजना शामिल थीं। इसके साथ ही वर्मी पीट इकाई, गोबर/बायोगैस इकाई, कार्बनिक एवं रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

प्रधान सचिव ने निर्देश दिया कि कृषि विभाग के फार्मों में बीज प्रत्यक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को उन्नत बीज और नई तकनीकों की जानकारी व्यावहारिक रूप से मिल सके। उन्होंने जोर दिया कि सरकार का लक्ष्य सभी योजनाओं का लाभ किसानों तक पारदर्शी और समय पर पहुँचाना है, जिससे खेती अधिक लाभकारी बने और किसानों की आय निरंतर बढ़ सके।

बैठक में बिहार राज्य बीज निगम लि. के प्रबंध निदेशक निर्मल कुमार, कृषि निदेशक  नितिन कुमार सिंह, संयुक्त सचिव  मनोज कुमार सहित मुख्यालय एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के वरीय पदाधिकारीगण मौजूद रहे।

जल व स्वच्छता क्षेत्र में कौशल विकास से सृजित हो रहे रोजगार के नए अवसर : दीपक आनंद

0

पटना: राजधानी पटना के होटल चाणक्य में बुधवार को बिहार कौशल विकास मिशन (बीएसडीएम) और यूनिसेफ़ के संयुक्त तत्वावधान में “स्वच्छ जीवन, सुरक्षित भविष्य” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में श्रम संसाधन विभाग के सचिव-सह-बीएसडीएम के सीईओ दीपक आनंद ने कहा कि बिहार सरकार ने सात निश्चय, जल-जीवन-हरियाली, हर घर नल का जल और स्वच्छ भारत मिशन जैसे अभियानों से जल और स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पानी और सफाई की स्थिति में सुधार न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है बल्कि आर्थिक अवसर, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने में भी अहम भूमिका निभाता है।

दीपक आनंद ने कहा कि जल और स्वच्छता क्षेत्र में व्यावसायिक कौशल विकास रोजगार और हरित आजीविका के नए रास्ते खोल रहा है। बीएसडीएम युवाओं, विशेषकर ग्रामीण महिलाओं और लड़कियों को प्रशिक्षण देने के लिए विशेष कार्यक्रम चला रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसमें विशेष सचिव आलोक कुमार, श्रमायुक्त-सह-एसीईओ राजेश भारती, यूनिसेफ़ बिहार की मुख्य क्षेत्रीय अधिकारी मार्गरेट ग्वाडा और सीआईएमपी के निदेशक डॉ. राणा सिंह शामिल रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छिंदवाड़ा जिला पंचायत (मध्यप्रदेश) के सीईओ अग्रिम कुमार भी जुड़े और उन्होंने “वाश ऑन व्हील” अभियान की जानकारी साझा की।

यूनिसेफ़ की मार्गरेट ग्वाडा ने कहा कि बिहार की सबसे बड़ी ताकत इसकी युवा आबादी है। यदि इन्हें जल, स्वच्छता और हाइजिन से जुड़े कौशल में प्रशिक्षित किया जाए तो बिहार पूरे देश में एक आदर्श मॉडल बन सकता है।

कार्यशाला में पीएचईडी, ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, जीविका और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। पैनल चर्चा में विशेषज्ञों ने कहा कि प्रशिक्षित पेशेवरों का एक मजबूत कैडर जल, स्वच्छता और स्वास्थ्य प्रणालियों की स्थिरता के लिए आवश्यक है। इसमें तकनीकी दक्षताओं जैसे प्लंबिंग, राजमिस्त्री, विद्युत कार्य और सफाई सेवाओं के साथ-साथ प्रबंधकीय कौशल का होना भी अनिवार्य है, ताकि अवसंरचना का निर्माण और रखरखाव बेहतर तरीके से हो सके।

वक्ताओं ने कहा कि कौशल विकास को रोजगार से जोड़ना जरूरी है ताकि प्रशिक्षित युवा केवल सीखने तक सीमित न रहें, बल्कि उन्हें स्थायी रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण भी मिल सके। इस दिशा में उद्योग विभाग, बीएसडीएम और निजी क्षेत्र की सक्रिय भागीदारी अहम है।

कार्यक्रम का समापन बिहार कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक मनीष शंकर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन से हुआ।

पटना मेट्रो रेल परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, मंत्री जीवेश कुमार ने लिया तैयारियों का जायजा

0

पटना: राजधानी पटना में मेट्रो रेल परियोजना अब अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। जल्द ही पटना की सड़कों पर मेट्रो रेल दौड़ती नज़र आएगी। बुधवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश कुमार ने पटना मेट्रो परियोजना के दो अहम स्थलों – मेट्रो डिपो और जीरो माइल मेट्रो स्टेशन – का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

मेट्रो डिपो के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने आधुनिक रौलिंग स्टॉक (मेट्रो ट्रेन) का अवलोकन किया और इसके संचालन एवं रख-रखाव के लिए निर्मित विशेष सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो सिर्फ एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि राजधानी के लिए आधुनिक विकास का प्रतीक बनेगी।

वहीं, जीरो माइल मेट्रो स्टेशन पर मंत्री ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। यहां यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली, एस्केलेटर, लिफ्ट, टिकटिंग सिस्टम और आरामदायक प्रतीक्षालय बनाए जा रहे हैं। स्टेशन को यात्री-केंद्रित डिज़ाइन पर आधारित कर विकसित किया जा रहा है ताकि लोगों को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके।

इस मौके पर नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव सह पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (PMRCL) के प्रबंध निदेशक अभय कुमार सिंह ने मंत्री को अब तक की प्रगति और आगामी परिचालन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेट्रो संचालन के विभिन्न चरणों की प्लानिंग को तेजी से लागू किया जा रहा है।

निरीक्षण के बाद मंत्री जीवेश कुमार ने कहा कि, “पटना मेट्रो का लक्ष्य राजधानी को सुरक्षित, तेज, सस्ती और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है। यह प्रोजेक्ट न सिर्फ शहरवासियों के जीवन को आसान बनाएगा बल्कि पटना को आधुनिक शहरों की श्रेणी में खड़ा करेगा।”

पटना मेट्रो रेल परियोजना से राजधानी के यातायात दबाव को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी और आने वाले दिनों में लोग आरामदायक, प्रदूषण-रहित और समयबद्ध यात्रा का अनुभव करेंगे।

नितेश चौबे बने भाजपा युवा मोर्चा विजयमित्रा मंडल अध्यक्ष, समाजसेवा को बताया अपना धर्म

0

भागलपु: भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के विजयमित्रा मंडल अध्यक्ष के रूप में नितेश चौबे की को माणिक सरकार स्थित आवास पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समाजसेवा में उनके सात वर्षों के सक्रिय योगदान और सामाजिक जुड़ाव को देखते हुए भाजपा जिला एवं प्रदेश नेतृत्व की सहमति से यह महत्वपूर्ण घोषणा की गई।

सम्मान समारोह के दौरान युवा मोर्चा अध्यक्ष नितेश चौबे ने कहा कि यह पद उनके जीवन का केवल सम्मान ही नहीं बल्कि सबसे बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा की सात वर्षों की यात्रा ने उन्हें यह सिखाया है कि “समाज की सेवा ही सच्ची पूजा है।” राजनीति उनकी पहचान हो सकती है, लेकिन समाजसेवा ही उनका धर्म रहेगा।

उन्होंने भाजपा नेतृत्व और अपने शुभचिंतकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सहयोग, समर्थन और स्नेह ही उनकी वास्तविक पूंजी है। नितेश चौबे ने संकल्प लिया कि वे आजीवन समाजहित और राष्ट्रहित के मार्ग पर कार्य करते रहेंगे।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम में मनोज कुमार, अर्जित घोष, कुमार नीरज, नितेश पांडे, प्रियवर, आकाश, गौतम, संदीप शर्मा, कुश मिश्रा, आयुष सिंह, अंकित, असित, गोलू, अभिषेक और नितेश साह समेत कई कार्यकर्ताओं ने नितेश चौबे को शुभकामनाएँ दीं और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई।

भागलपुर में विन्नी केक का नया आउटलेट शुरू, अब मिलेगा ताज़ा केक और बर्गर का स्वाद

0

Bhagalpur News: भागलपुर शहर के खानपान प्रेमियों के लिए एक खुशखबरी है। खरमनचक रोड पर विन्नी केक का नया आउटलेट क आज धूमधाम से शुभारंभ किया गया। आउटलेट का उद्घाटन प्रोपराइटर जितेंद्र कुमार और बबीता कुमारी ने फिता काटकर किया। इस अवसर पर शहर के कई गणमान्य लोग, स्थानीय व्यापारी और आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेत्री जिया गोस्वामी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने यहां के केक और पेस्ट्री का स्वाद चखा तो वह बेहद लाजवाब और ताजगी से भरपूर लगा। उन्होंने भागलपुरवासियों से अपील की कि वे परिवार और दोस्तों के साथ यहां आकर स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लें।

कंपनी के ओपनिंग इंचार्ज मनीष कुमार ने बताया कि यह भागलपुर का दूसरा आउटलेट है, लेकिन इसकी खासियत यह है कि यहां सभी आइटम्स ग्राहकों के सामने ताज़ा तैयार किए जाते हैं। इससे लोगों को न सिर्फ बेहतरीन स्वाद मिलेगा, बल्कि भोजन की गुणवत्ता पर भी पूरा भरोसा रहेगा।

स्थानीय लोगों और समारोह में आए मेहमानों का कहना था कि विन्नी केक का यह नया आउटलेट भागलपुर के खानपान संस्कृति में एक नई पहचान जोड़ेगा। इससे न केवल केक और पेस्ट्री के शौकीनों को फायदा होगा, बल्कि शहर में क्वालिटी और विकल्पों की विविधता भी बढ़ेगी। खासकर बच्चों और युवाओं के बीच यह जगह पार्टी और गेट-टुगेदर के लिए एक आकर्षण का केंद्र बन सकती है।

प्रोपराइटर जितेंद्र कुमार और बबीता कुमारी ने कहा कि उनका लक्ष्य भागलपुर के लोगों को बेहतर स्वाद और उच्च क्वालिटी की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने वादा किया कि ग्राहकों की पसंद और सुझावों को हमेशा प्राथमिकता दी जाएगी।

उद्घाटन समारोह में मौजूद मेहमानों ने भी उम्मीद जताई कि इस आउटलेट के खुलने से भागलपुर के लोगों को शहर से बाहर गए बिना बड़े शहरों जैसा स्वाद और माहौल मिलेगा।

नए विन्नी केक आउटलेट के शुभारंभ ने शहरवासियों में उत्साह का माहौल पैदा कर दिया है। यह निश्चित ही आने वाले दिनों में भागलपुर के खानपान प्रेमियों की पसंदीदा जगहों में शामिल हो जाएगा।

नवगछिया से अमृतसर तक सीधी रेल सुविधा, सांसद अजय कुमार मंडल ने दिखाई हरी झंडी

0

नवगछिया: नवगछिया के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए नवगछिया रेलवे स्टेशन पर पहली बार न्यू तिनसुकिया–अमृतसर एक्सप्रेस (15933/15934) का ठहराव सुनिश्चित हुआ। इस अवसर पर   सांसद अजय कुमार मंडल ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सांसद अजय कुमार मंडल के निरंतर प्रयास और रेल मंत्रालय की स्वीकृति से यह ठहराव संभव हो सका है। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि इस सुविधा से नवगछिया, भागलपुर सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब लोग आसानी से नवगछिया से सीधे पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों तक की यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात बताया।

सांसद ने इस महत्वपूर्ण ठहराव की स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री  अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और रेल मंत्री की संवेदनशीलता और सहयोग से ही नवगछिया जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र को यह सुविधा मिल पाई है।

इस अवसर पर मौजूद सैकड़ों लोगों ने सांसद अजय कुमार मंडल का आभार जताते हुए कहा कि यह ठहराव नवगछिया क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी। इसके पूरा होने से क्षेत्र का विकास और तेज होगा तथा व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।

हरी झंडी दिखाने के अवसर पर बड़ी संख्या में एनडीए के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे। इनमें जदयू प्रदेश महासचिव सह गोपालपुर विधानसभा प्रभारी महिला प्रकोष्ठ अर्पणा कुमारी, जदयू मछुआ आयोग की सदस्या रेणु देवी, जदयू जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल थे।

इस ऐतिहासिक पल में शामिल आम लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सभी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि नवगछिया से इस नई कनेक्टिविटी से क्षेत्र के युवाओं, विद्यार्थियों, व्यवसायियों और आम यात्रियों को लाभ होगा।

गयाजी में पितृपक्ष मेला-2025 की तैयारियों का सीएम नीतीश ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु दिये सख्त निर्देश”

0

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज गयाजी पहुंचकर विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने पितृपक्ष मेला महासंगम-2025 की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने फल्गू नदी के घाटों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मेला की संपूर्ण तैयारियों की जानकारी दी और पितृपक्ष मेला पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पितृपक्ष मेला महासंगम 6 सितम्बर से 21 सितम्बर तक आयोजित होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी घाटों और वेदियों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। आवासन, साफ-सफाई, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति, वृद्ध एवं दिव्यांगजन के लिए विशेष आवागमन व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के लिए कार्य समितियां बनाई गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पितृपक्ष मेला की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को देखते हुए राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। उन्होंने निर्देश दिया कि घाटों, तालाबों और रास्तों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। तालाबों की स्वच्छता और पानी की निकासी पर विशेष ध्यान देने को कहा। मुख्यमंत्री ने बताया कि फल्गू नदी में जलस्तर बनाए रखने के लिए गयाजी डैम का निर्माण कराया गया है, ताकि पिंडदानियों को तर्पण करने में कोई परेशानी न हो। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया।

पंडा समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि गयाजी में गंगाजल पहुंचाकर उन्होंने ऐतिहासिक कार्य किया है। समीक्षा बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि पितृपक्ष मेला के दौरान श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा दी जाएगी।

बैठक में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार, सहकारिता मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, राजस्व मंत्री संजय सरावगी, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, विधायक मनोरमा देवी, विधान पार्षद कुमुद वर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।