Home Blog Page 223

बांध में डूबने से 25 वर्षीय नवविवाहित महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड के सनोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत तैलोधा पंचायत के धनोखर गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। गांव के बांध में डूबने से 25 वर्षीय नवविवाहित महिला कंचन कुमारी की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका की पहचान धनोखर निवासी वरुण तांति की बेटी कंचन कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुबह-सुबह कंचन गांव के पूरब स्थित हेटला बहियार शौच करने गई थी। शौच के बाद वह पानी लेने के लिए झुकी और फिसलकर गहरे पानी में जा गिरी। लंबे समय तक घर नहीं लौटने पर उसकी मां खोजने निकली तो बांध किनारे चप्पल देख उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। ग्रामीणों की मदद से खोजबीन की गई और बाद में कंचन का शव पानी से बाहर निकाला गया।

परिजनों ने बताया कि कंचन की शादी दो वर्ष पूर्व झारखंड के गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र के घोरिकितता गांव निवासी पूरण तांति से हुई थी। करीब छह माह पहले ही उसने एक बेटे को जन्म दिया था। इस बीच उसका पति मजदूरी के सिलसिले में गुजरात में रह रहा था, जबकि कंचन मायके धनोखर में ही रह रही थी। हादसे की खबर मिलते ही पति और ससुराल पक्ष को भी सूचित कर दिया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही सनोखर थाना के एएसआई गितेश कुमार महिला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस दुखद घटना से परिवार गहरे सदमे में है। मृतका की मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पंचायत के मुखिया शिव कुमार साह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने तत्काल राहत स्वरूप परिवार को तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

गांव में इस घटना को लेकर शोक की लहर है। लोग कंचन की असामयिक मृत्यु को बेहद दुखद बताते हुए परिवार को धैर्य रखने की सलाह दे रहे हैं।

कार्यपालक सहायकों का कैंडल मार्च, 11 सूत्री मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

0

भागलपुर: बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ, जिला इकाई भागलपुर के बैनर तले शुक्रवार को कार्यपालक सहायकों ने अपनी 11 सूत्री मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने समाहरणालय गेट के समीप कैंडल जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी उपेक्षा पर गहरा आक्रोश जताया।

संघ के उपाध्यक्ष राहुल चौहान ने कहा कि कार्यपालक सहायकों की समस्याओं को लेकर लंबे समय से सरकार से गुहार लगाई जा रही है। सबसे अहम मांग वेतनमान निर्धारण की है, जिसे अब तक सरकार ने पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कार्यपालक सहायकों का योगदान राजपत्रित कर्मचारियों की तरह है, लेकिन उन्हें उचित वेतन और सम्मान नहीं मिल रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर सरकार वेतनमान उपलब्ध नहीं करा सकती है तो कम से कम न्यूनतम मजदूरी इतनी तय करे कि परिवार का भरण-पोषण सुचारु रूप से हो सके। लेकिन अब तक सरकार ने हमारी मांगों की अनदेखी की है, जिससे मजबूर होकर कर्मचारियों को सड़क पर उतरना पड़ा है।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है। जबकि वे लंबे समय से विभिन्न विभागों में अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा से दे रहे हैं। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक सरकार उनकी 11 सूत्री मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।

संघ की ओर से चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा और राज्यभर में कार्यपालक सहायक एकजुट होकर सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेंगे।

कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में कार्यपालक सहायक शामिल हुए और सरकार से अपनी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की अपील की। कर्मचारियों ने यह भी कहा कि शिक्षक दिवस के मौके पर जब पूरे देश में गुरुजनों को सम्मानित किया जा रहा है, उसी समय कार्यपालक सहायक सड़क पर अपने हक की लड़ाई लड़ने को विवश हैं।

शिक्षक दिवस पर जिले के 15 श्रेष्ठ शिक्षकों को किया गया सम्मानित

0

भागलपुर: शिक्षक दिवस के अवसर पर भागलपुर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से समीक्षा भवन में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के 15 श्रेष्ठ शिक्षकों को “श्रेष्ठ शिक्षक सम्मान” प्रदान कर उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी डॉ. चौधरी द्वारा भारत के महान शिक्षाविद और द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। जिलाधिकारी ने शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि “शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं। शिक्षा केवल ज्ञान का आदान-प्रदान नहीं है, बल्कि यह संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम है।”

इस कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के कई वरीय अधिकारी भी उपस्थित थे जिनमें जिला शिक्षा पदाधिकारी  राजकुमार शर्मा, डीपीओ लेखा एवं नियोजन  बबीता कुमारी, डीपीओ स्थापना  अमरेन्द्र पांडे, डीपीओ सेकेंडरी  विनय सुमन सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व अधिकारी शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साह और गरिमा से परिपूर्ण रहा।

सम्मानित शिक्षकों के नाम इस प्रकार हैं:

  1. शिल्पी कुमारी – M.S. Saino, प्रखंड जगदीशपुर
  2. तृप्ति कुमारी – M.S. Mukheria, प्रखंड जगदीशपुर
  3. सुनील कुमार ठाकुर – M.S. Athgama, प्रखंड खरीक
  4. भारती झा – M.S. Saino, प्रखंड जगदीशपुर
  5. गौरव कुमार गणेश ठाकुर – U.M.S. Bihpur Purab, प्रखंड बिहपुर
  6. शंकर कुमार राम – M.S. Masdi East, प्रखंड सुल्तानगंज
  7. ओम प्रकाश – M.S. Dogachchi, प्रखंड नाथनगर
  8. डॉ. नसीबा परवीन – U.M.S. Garhotia, प्रखंड गोराडी
  9. सुचित्रा स्तुती – M.S. Maheshamunda Hindi, प्रखंड कहलगांव
  10. नजीर नसर – P.S. Yadavtola Lakshmipur, प्रखंड इस्माइलपुर
  11. राजश्री कुमारी – M.S. Pannuchak Ghogha, प्रखंड कहलगांव
  12. रानी कुमारी – Madhusudan Sarvodaya H.S., प्रखंड बिहपुर
  13. पूजा कुमारी – S.D.M.L.G.H. Mirjanhat, नगर निगम भागलपुर
  14. अलका कुमारी – M.S. Khagra, प्रखंड नवगछिया
  15. शशि शेखर गुप्ता – M.S. Athgama, प्रखंड खरीक

शिक्षकों को सम्मानित कर जिला प्रशासन ने उनके योगदान को सराहा और नई पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रेरित किया।

नवगछिया की महिला रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों ने लोगों से की मदद की अपील

0

भागलपुर: नवगछिया से एक महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रेखा कुमारी सिंह, पति  अवधेश कुमार सिंह, ग्राम-गुरैली निवासी, उम्र लगभग 48 वर्ष, 3 सितंबर 2025 की शाम से लापता हैं।

परिजनों के मुताबिक, रेखा कुमारी उस दिन भागलपुर के सबौर रोड स्थित ज्योति बिहार कॉलोनी, शिव मंदिर के पास अपने भाई के आवास पर थीं। वहीं से अचानक उनका कोई पता नहीं चला। परिवार और रिश्तेदारों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला।

लापता महिला का हुलिया इस प्रकार बताया गया है—

  • उम्र: लगभग 48 वर्ष
  • रंग: सांवला
  • कद: 5 फीट 5 इंच
  • परिधान: नारंगी और हरे रंग की साड़ी

परिवार ने कहा है कि महिला की गुमशुदगी से घर में गहरी चिंता और तनाव का माहौल है। पति अवधेश कुमार सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि अगर किसी को भी उनकी पत्नी के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत संपर्क करें।

इसके लिए मोबाइल नंबर 7488906220 और 7903558101 जारी किए गए हैं। परिजनों ने यह भी घोषणा की है कि सूचना देने वाले को उचित इनाम दिया जाएगा।परिजनों ने प्रशासन से भी सहयोग की मांग की है l

भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया, कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने खेला 250वां अंतर्राष्ट्रीय मैच

0

राजगीर (बिहार): हीरो मेन्स एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 के सुपर-4 चरण में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को 4-1 से मात दी। राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले की शुरुआत भले ही भारत के लिए चुनौतीपूर्ण रही हो, लेकिन खिलाड़ियों ने बेहतरीन वापसी कर जीत अपने नाम की। यह दिन कप्तान हरमनप्रीत सिंह के लिए भी खास रहा, जिन्होंने अपने करियर का 250वां अंतर्राष्ट्रीय मैच खेला।

मुकाबले की शुरुआत में ही मलेशिया ने आक्रामक खेल दिखाया। दूसरे ही मिनट में शफीक हसन ने गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारत ने पहले क्वार्टर में मौके बनाए लेकिन गोल करने में नाकाम रहा और पहला क्वार्टर मलेशिया के पक्ष में समाप्त हुआ।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपनी लय पकड़ी। लगातार पेनल्टी कॉर्नर के दबाव के बाद मनप्रीत सिंह (17’) ने रिबाउंड पर गोल कर स्कोर बराबर किया। कुछ ही मिनट बाद सुखजीत सिंह (19’) ने शानदार गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। हाफ टाइम से पहले शिलानंद लाकड़ा (24’) ने दिलप्रीत सिंह की पास पर गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में मलेशिया ने वापसी की कोशिश की और एक पेनल्टी कॉर्नर भी अर्जित किया, लेकिन भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक ने शानदार बचाव किया। इसके बाद विवेक सागर प्रसाद (38’) ने मनप्रीत सिंह के असिस्ट पर गोल कर भारत को 4-1 की मजबूत बढ़त दिलाई।

चौथे क्वार्टर में मलेशिया ने लगातार दबाव बनाया लेकिन भारतीय डिफेंस, कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व में, मजबूत खड़ा रहा और विरोधियों को कोई मौका नहीं दिया। अंततः भारत ने 4-1 से यह अहम जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ भारत ने सुपर-4 में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अब टीम का अगला मुकाबला शनिवार, 6 सितम्बर को शाम 7:30 बजे चीन के खिलाफ खेला जाएगा।

अन्य मुकाबलों में बांग्लादेश ने कज़ाकिस्तान को 5-1 से हराया, जबकि चीन ने कोरिया को 3-0 से मात दी। टूर्नामेंट के सभी मैच Sony Sports Network पर लाइव प्रसारित किए जा रहे हैं। वहीं अमेरिका, यूके, नीदरलैंड्स और यूरोप सहित नॉर्थ अमेरिका के दर्शक Watch.Hockey प्लेटफ़ॉर्म पर मुकाबलों का आनंद ले सकते हैं।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पूरे किए 250 अंतर्राष्ट्रीय मैच, हॉकी इंडिया ने दी बधाई

0

राजगीर (बिहार): भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान और दिग्गज ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने अपने करियर में एक और ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया। हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 में सुपर-4 के मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ खेलते हुए उन्होंने 250वां अंतर्राष्ट्रीय मैच पूरा किया। इस अवसर पर राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

मैच से पहले टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने उन्हें 250वां जर्सी भेंट किया। इस भावुक पल पर हरमनप्रीत ने कहा, “यह मेरे लिए बेहद खास और यादगार अवसर है। मुझे अपने करियर के दौरान हॉकी प्रशंसकों से जो प्यार और समर्थन मिला है, उसके लिए मैं आभारी हूं। लगातार दो ओलंपिक पदक जीतना और अपनी बेटी को मैच में मुझे चीयर करते देखना मेरी जिंदगी के सबसे खास लम्हों में से हैं। मैं भारतीय हॉकी की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहूँगा।”

हरमनप्रीत का अंतर्राष्ट्रीय सफर 2015 में शुरू हुआ था। पदार्पण वर्ष में ही उन्होंने भारतीय जूनियर टीम के साथ मलेशिया में जूनियर एशिया कप और 2016 जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीता। 2016 में लंदन में चैंपियंस ट्रॉफी में उन्होंने रजत पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा बने। 2017 में ढाका एशिया कप में स्वर्ण पदक और एफआईएच वर्ल्ड लीग (2016-17) में कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

इसके बाद 2018 में ब्रेडा चैंपियंस ट्रॉफी (रजत), जकार्ता एशियाई खेल (कांस्य) और मस्कट एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (स्वर्ण) में भी शानदार प्रदर्शन किया। वह 2016 रियो ओलंपिक, 2020 टोक्यो ओलंपिक (कांस्य) और 2024 पेरिस ओलंपिक (कांस्य) में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कप्तान के तौर पर उन्होंने 2023 एशियाई खेलों और चेन्नई एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने बधाई देते हुए कहा, “भारत के लिए 250 मैच खेलना एक बड़ी उपलब्धि है। खुशी की बात है कि हरमनप्रीत ने यह मील का पत्थर घरेलू मैदान और अहम टूर्नामेंट में हासिल किया। वह न सिर्फ भारत की शान हैं बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा भी हैं।”

हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोला नाथ सिंह ने भी उन्हें बधाई देते हुए कहा कि हरमनप्रीत जैसे खिलाड़ियों ने अपने समर्पण और मेहनत से भारत का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है।

हरमनप्रीत का यह ऐतिहासिक पल भारतीय हॉकी इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो गया है।

ईद-ए-मिलाद-उन-नबी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी राज्यवासियों को शुभकामनाएँ

0

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मुहम्मद साहब के जन्मदिन ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन न केवल मुस्लिम समुदाय बल्कि पूरे मानव समाज के लिए प्रेरणा का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पैगम्बर हजरत मुहम्मद साहब की तालीम पूरी इंसानियत की तरक्की और भलाई के लिए थी। उनका पैगाम प्रेम, सहिष्णुता, शांति और विश्व बंधुत्व पर आधारित था, जो आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि पैगम्बर साहब के दिखाए रास्ते पर चलकर इंसानियत को मजबूत बनाया जा सकता है और समाज में आपसी भाईचारे को और प्रगाढ़ किया जा सकता है।

श्री कुमार ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द्र और सहिष्णुता के साथ मनाएँ। उन्होंने कहा कि त्योहारों का असली उद्देश्य समाज में एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ाना है। ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का अवसर हमें यही सिखाता है कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्यवासी इस पावन अवसर पर न केवल खुशी और उमंग के साथ पर्व मनाएँगे बल्कि समाज में अमन-चैन और भाईचारे के संदेश को भी आगे बढ़ाएँगे। उन्होंने कहा कि बिहार की गंगा-जमनी तहजीब इसी आपसी सद्भाव और एकता की पहचान है, जिसे हर हाल में बनाए रखना जरूरी है।

शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिक्षकों को दी बधाई, डॉ. राधाकृष्णन को किया नमन

0

पटना: शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक नमन किया और राज्यभर के शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक समाज के मेरूदण्ड होते हैं और इन्हें हर स्तर पर आदर एवं सम्मान मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक शिक्षक केवल ज्ञान का संचारक ही नहीं होता, बल्कि वह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को भी आकार देता है। शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही भविष्य की पीढ़ी सही दिशा प्राप्त करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य के सभी शिक्षक राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी को और सशक्त करेंगे।

श्री कुमार ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में देशप्रेम, भाईचारा और सद्भाव की भावना विकसित होनी चाहिए। शिक्षकों की यह जिम्मेदारी है कि वे आने वाली पीढ़ी को इस तरह तैयार करें कि उनके अंदर देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा उत्पन्न हो। उन्होंने कहा कि योग्यता, ज्ञान, विज्ञान और व्यक्तित्व की शक्ति से ही विद्यार्थी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य के शिक्षकों के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की और कहा कि समाज में उनके योगदान का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए बच्चों को न केवल पढ़ाई में बल्कि जीवन मूल्यों की शिक्षा देकर एक सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सहयोग करेंगे।

बिहार पुलिस की बड़ी उपलब्धि: जनवरी से जुलाई 2025 तक 2.28 लाख अभियुक्तों की गिरफ्तारी

0

पटना: बिहार पुलिस ने वर्ष 2025 के पहले सात महीनों (जनवरी से जुलाई) में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस अवधि में कुल 2,28,188 अभियुक्तों/अभियोजनियों की गिरफ्तारी की गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में कहीं अधिक है।

अपराधियों पर नकेल

इस अवधि में पुलिस ने 8,823 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किया। वहीं, 141 कुख्यात अपराधियों को भी सलाखों के पीछे भेजा गया। फिजूलखर्ची के मामलों में 28 अपराधी पकड़े गए।

हथियार और विस्फोटक बरामद

पुलिस ने सात महीनों में अवैध गतिविधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,625 अवैध हथियार जब्त किए, जिनमें से 38 नियमित हथियार और 16,301 कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा, 66 बम और 114 डिटोनेटर भी बरामद किए गए। 159 किलो विस्फोटक और 36 मिनीगन फैक्ट्रियां का उद्भेदन पुलिस के सतर्कता अभियान का हिस्सा रहा।

नशीले पदार्थ और अवैध शराब पर कार्रवाई

बिहार पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी पर भी कड़ा प्रहार किया। जनवरी से जुलाई 2025 तक 56,840 किलो गांजा, 2,072 ग्राम हेरोइन और 3,15,900 आईसी तथा 17,000 एनसी नकली नोट बरामद किए गए। इसके अलावा, 20,96,168 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जो शराबबंदी कानून के तहत पुलिस की सख्त कार्रवाई को दर्शाता है।

अवैध वाहन और विदेशी मुद्रा जब्ती

इस अवधि में पुलिस ने 14,704 अवैध/बरामद वाहन जब्त किए। साथ ही, 8,78,68,017 आईसी और 28,68,305 एनसी नकद राशि, 7.428 किलोग्राम सोना और 251.02 किलोग्राम चांदी सहित अन्य विदेशी मुद्राएं भी बरामद की गईं।

पिछले वर्ष की तुलना में बड़ी सफलता

वर्ष 2024 में जनवरी से जुलाई तक कुल 3,35,704 गिरफ्तारी हुई थी, जिसका औसत प्रतिमाह 27,975 था। जबकि वर्ष 2025 में इसी अवधि में 2,28,188 गिरफ्तारी हुईं, जो औसत 32,598 प्रति माह है। यह आँकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाता है और बिहार पुलिस की सक्रियता का प्रमाण है।

पितृपक्ष मेला 2025: गया में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, 8025 अतिरिक्त बल तैनात

0

Patna News: विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक पितृपक्ष मेला 2025 का आयोजन गया जिले में 6 सितंबर से 21 सितंबर तक किया जाएगा। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर अभूतपूर्व तैयारियां की हैं। भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा और संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

इस बार कुल 8025 प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मियों की तैनाती विभिन्न जिलों से की गई है। केवल गया जिला और रेल जिला पटना के लिए ही विशेष इंतज़ाम किए गए हैं।

गया जिला में तैनाती

पितृपक्ष मेला के दौरान गया जिला में व्यापक सुरक्षा घेरे की व्यवस्था की गई है। यहाँ कुल

  • 395 पुलिस पदाधिकारी
  • 1600 हवलदार/सिपाही
  • 800 गृह रक्षक

प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा मुख्यालय से 5 कंपनी सशस्त्र बल (4 सामान्य + 1 दंगा रोधी), 2 द्रुत अभियानी बल और 2 अश्रु गैस दस्ते भेजे गए हैं। मगध क्षेत्रीय रिजर्व से 1 दंगा निरोधक कंपनी और विशेष सुरक्षा दल, पटना से 2 बम निरोधक दस्ते भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

रेल जिला पटना में तैनाती

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेल जिला पटना में भी अतिरिक्त सुरक्षा बलों की नियुक्ति की गई है। यहाँ के लिए मुख्यालय से 1 कंपनी (डीआईजी रिजर्व लाठी बल), 20 पुलिस पदाधिकारी और 100 गृह रक्षक तैनात किए जाएंगे।

सख्त निगरानी और सोशल मीडिया पर नज़र

प्रशासन ने साफ़ निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया पर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही साम्प्रदायिक या आपसी विवाद की किसी भी संभावना को रोकने के लिए धारा-126 बीएनएस (बी.एन.एस.एस.) के तहत समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।

प्रशासन की चुनौती और संकल्प

गया का पितृपक्ष मेला धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। लाखों श्रद्धालु यहाँ अपने पितरों की मोक्ष की कामना के लिए पहुँचते हैं। इतने बड़े आयोजन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण कार्य है। लेकिन इस बार की गई सुरक्षा तैयारियां और अतिरिक्त बलों की तैनाती यह सुनिश्चित करेंगी कि श्रद्धालु सुरक्षित और निश्चिंत वातावरण में अपने धार्मिक कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।