Home Blog Page 187

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने की सौहार्दपूर्ण मुलाक़ात

0

नई दिल्ली, 11 दिसम्बर 2025—बिहार चुनाव के बाद आज नई दिल्ली में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाक़ात की। यह भेंट न केवल आत्मीय रही बल्कि राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक गौरव की भावनाओं से परिपूर्ण रही। श्री चौबे ने मुलाक़ात को अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से उन्हें नई ऊर्जा और उत्साह प्राप्त हुआ है।

इस अवसर पर श्री चौबे ने पटना के गांधी मैदान में 6 जुलाई 2025 को आयोजित भगवान परशुराम जन्म महोत्सव के दौरान सनातन महाकुंभ में पूजित भगवान श्रीराम की दैदीप्यमान प्रतिमा प्रधानमंत्री जी को ससम्मान समर्पित की। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा न केवल आस्था का प्रतीक है बल्कि भारत की सनातन परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का अमिट चिह्न भी है।

कला और संस्कृति के सम्मान में उन्होंने अंग प्रदेश की विशिष्ट मंजूषा पेंटिंग, मिथिला की विख्यात मधुबनी पेंटिंग और दोनों कलाओं की भव्यता को समाहित करता हुआ मिश्रित अंग वस्त्र भी प्रधानमंत्री को भेंट किया। ये उपहार बिहार की समृद्ध लोक—कला परंपरा तथा उसकी ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक हैं।

इसके साथ ही श्री चौबे ने अपनी पुस्तकें— “सनातन संग भारत, सनातन संवाद” और “केदारनाथ की त्रासदी (त्रिनेत्र)” —की प्रति प्रधानमंत्री को भेंट कीं। ये पुस्तकें भारतीय संस्कृति, धर्मचिंतन और राष्ट्रीय चेतना को नई दृष्टि प्रदान करती हैं।

बैठक के दौरान राष्ट्रहित, विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और जनसेवा से जुड़े अनेक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। श्री चौबे ने कहा कि यह मुलाक़ात सौहार्द, प्रेरणा और देश की उन्नति के प्रति प्रतिबद्धता का अनुपम संगम रही। प्रधानमंत्री द्वारा प्रदत्त आशीर्वाद ने उन्हें जनता की सेवा के प्रति और अधिक दृढ़ संकल्पित किया है।

सुल्तानगंज में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, आठ उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज, बकाया राशि लाखों में

0

Bhagalpur News: भागलपुर के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में बिजली चोरी और बकाया बिल भुगतान में लापरवाही पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कनीय विद्युत अभियंता अरविंद कुमार के निर्देश पर की गई विशेष जांच और छापेमारी के बाद आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विभाग की टीम ने विभिन्न मोहल्लों में लगातार बढ़ते बकाया और चोरी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाए हैं।

जांच के दौरान जिन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई हुई है, उनमें जहांगीर मोहल्ले की सीता देवी पर 5,915 रुपये, रंजीत कुमार पर 30,763 रुपये का बकाया पाया गया। कमरगंज क्षेत्र में रोशन कुमार पर 35,008 रुपये, उपेंद्र यादव पर 36,182 रुपये और नंदू प्रसाद यादव पर 24,624 रुपये का भारी बकाया दर्ज हुआ। इसी तरह फतेहपुर की रिंकू देवी पर 14,315 रुपये, सुनील कुमार पर 13,895 रुपये और मसदी के अर्जुन यादव पर 9,675 रुपये की बकाया राशि बकाया पाई गई।

बिजली विभाग ने स्पष्ट रूप से बताया कि बिना बिल भुगतान और अवैध तरीके से बिजली का उपयोग पूरी तरह अपराध की श्रेणी में आता है। इसलिए कनीय अभियंता अरविंद कुमार के नेतृत्व में सुल्तानगंज के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसके आधार पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस भेजा जा रहा है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। बिजली चोरी करने वालों और बकाया राशि जमा न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई सुल्तानगंज और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रणाली को सुचारू और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

भागलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 18 वर्षीय युवक नयन कुमार की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ 18 वर्षीय युवक नयन कुमार की सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब नयन अपने घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नयन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन नयन को आनन-फानन में कहलगांव सदर अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन उनकी हालत नाज़ुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने काफी प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने नयन को मृत घोषित कर दिया।

18 वर्षीय नयन कुमार साहू पर गांव निवासी रोहिण हरिजन के पुत्र थे। पांच भाई-बहनों में नयन ही परिवार के इकलौते भाई थे और वही घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य भी थे। बाहर जाकर मजदूरी कर वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से आहत हैं और क्षेत्र में ग़म का माहौल बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार बाइक सवार की तलाश जारी है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से होने वाली मौतों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

IAS इंटरव्यू तैयारी के लिए NACS का IGP लॉन्च: बिहार–झारखंड के अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर, दिल्ली और पटना में पहली बार ऑफलाइन मॉक इंटरव्यू

0

Patna News: UPSC सिविल सेवा साक्षात्कार की तैयारी कर रहे बिहार–झारखंड के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। NACS (North Association of Civil Servants) ने UPSC CSE Mains 2024–25 में सफल हुए अभ्यर्थियों के लिए बहुप्रतीक्षित इंटरव्यू गाइडेंस प्रोग्राम (IGP) की आधिकारिक शुरुआत कर दी है। इस वर्ष कार्यक्रम को और प्रभावी बनाते हुए, पहली बार दिल्ली के साथ-साथ पटना में भी ऑफलाइन मॉक इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। वहीं, देश–विदेश में रहने वाले अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन मॉक पहले की तरह जारी रहेगा।

NACS ने बताया कि बिहार और झारखंड के वे सभी अभ्यर्थी जो नवंबर में घोषित UPSC मेन्स परीक्षा में सफल हुए हैं, वे संगठन की वेबसाइट पर जाकर निशुल्क रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद उन्हें इंटरव्यू की संपूर्ण प्रक्रिया—मार्गदर्शन, क्लासेस और मॉक इंटरव्यू—का लाभ मिलेगा।


NACS: अभ्यर्थियों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन देने का दशक–भर का अनुभव

2014 में 1983 बैच के IAS अधिकारी श्री बी. के. प्रसाद और बिहार–झारखंड के वरिष्ठ सिविल सेवकों द्वारा स्थापित NACS का उद्देश्य केवल प्रशासनिक अधिकारियों को एक मंच प्रदान करना ही नहीं, बल्कि अपने गृह राज्य के युवाओं को सिविल सेवा में आगे बढ़ाने के लिए संगठित प्रयास करना भी है। इसी मिशन के तहत संस्था वर्षों से अभ्यर्थियों को निःशुल्क प्रिलिम्स, मेंस और इंटरव्यू गाइडेंस उपलब्ध कराती आ रही है।


⭐ IGP 2024–25 की प्रमुख विशेषताएँ

यह कार्यक्रम देश के सबसे वैज्ञानिक, सुदृढ़ और प्रभावी इंटरव्यू गाइडेंस प्लेटफॉर्म में गिना जाता है। इस वर्ष की प्रमुख खूबियाँ—

1. पूरी तरह निःशुल्क व अधिकारी–चालित कार्यक्रम

IAS, IPS, IFS, IRS और अन्य सेवाओं के अधिकारी स्वयं अभ्यर्थियों को प्रशिक्षित करते हैं।

2. दिल्ली और पटना में ऑफलाइन मॉक इंटरव्यू

पहली बार दो शहरों में ऑफलाइन पैनल—जिससे स्थानीय अभ्यर्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

3. विशेषज्ञ पैनल की क्लासेस

हॉबी, कैडर, वैकल्पिक विषय, अंतरराष्ट्रीय मुद्दे, समसामयिक विषय, व्यक्तित्व विकास और इंटरव्यू शिष्टाचार पर विशेष सत्र।

4. हर अभ्यर्थी के लिए व्हाट्सऐप सपोर्ट ग्रुप

जहां वरिष्ठ अधिकारी सीधे डाउट लेते हैं—इसे NACS की सबसे मजबूत USP माना जाता है।

5. सफलता का शानदार रिकॉर्ड

पिछले वर्ष पंजीकृत 58 अभ्यर्थियों में से 30+ अभ्यर्थियों का अंतिम चयन—लगभग 55% की सफलता दर।


देशभर के 1000+ अधिकारी कार्यक्रम से जुड़े — 100 से अधिक वरिष्ठ अधिकारी पैनल में

इस वर्ष IGP में सहयोग के लिए 1000 से अधिक अधिकारी तैयार हैं, जिनमें 100+ वरिष्ठ अधिकारी पैनलिस्ट के रूप में शामिल होंगे। कुछ प्रमुख नाम—

  • बी. के. प्रसाद (IAS, 1983 बैच)
  • अरुण कुमार (IPS, 1985 बैच)
  • अमिता प्रसाद (IAS, 1985 बैच)
  • परवेज हयात (IPS, 1984 बैच)

NACS टीम का वक्तव्य

संतोष कुमार (IAS, 2014 बैच), संयोजक ने कहा—
“सभी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं, रजिस्ट्रेशन जारी है और टीम पूरी तरह से अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए तैयार है।”

कार्यक्रम के समन्वयक विजय कुमार (IRTS) और गुंजन मिश्रा (IPTAFS) ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष चयन दर और भी अधिक होगी और बिहार–झारखंड से अधिक संख्या में युवा सिविल सेवा में प्रवेश करेंगे।


अभ्यर्थियों के लिए यह अवसर बेहद महत्वपूर्ण

सिविल सेवा इंटरव्यू को देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में माना जाता है। ऐसे में, NACS का IGP अभ्यर्थियों के आत्मविश्वास, ज्ञान और व्यक्तित्व को निखारने का अनोखा मंच है।
बिहार–झारखंड के उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा मौका है—
रजिस्ट्रेशन करें, जुड़ें, और अपने सपने को IAS में बदलने का निर्णायक कदम उठाएँ।


CM नीतीश कुमार का सुधा फुलवारीशरीफ डेयरी प्रोजेक्ट पर औचक निरीक्षण

0

Patna News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना डेयरी प्रोजेक्ट, सुधा फुलवारीशरीफ का विस्तृत निरीक्षण किया। प्रोडक्शन हॉल से लेकर आइसक्रीम प्लांट, दही कोल्ड रूम और आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट तक उन्होंने हर सेक्शन में जाकर कामकाज की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्पादों की गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक के उपयोग और उत्पादन क्षमता पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

इसके बाद कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने डेयरी विकास, दुग्ध समितियों के विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना पर अधिकारियों से सीधे फीडबैक लिया।

“दुग्ध समितियों का नेटवर्क बढ़ाएँ, किसानों को स्थायी आमदनी मिलेगी” — मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ खेती और पशुपालन है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामस्तर पर दुग्ध सहकारी समितियों का तेजी से विस्तार करें।
उन्होंने कहा—
“जितने अधिक लोग दुग्ध समितियों से जुड़ेंगे, उतनी ही उनकी आय बढ़ेगी। इससे रोजगार भी पैदा होगा और बिहार दुग्ध उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।”

उन्होंने डेयरी प्लांट की क्षमता बढ़ाने, प्रोक्यूरमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और कर्मचारियों के लिए आवास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

कॉम्फेड की बड़ी उपलब्धियाँ और विस्तार की महत्वाकांक्षी योजना

बैठक में कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक ने बताया—

  • बिहार में 21,000+ ग्रामस्तरीय दुग्ध सहकारी समितियाँ सक्रिय हैं।
  • इनसे 7.5 लाख पशुपालक जुड़े हैं, जिनमें 25% यानी 1.9 लाख महिलाएँ शामिल हैं।
  • प्रतिदिन 22 लाख किलोग्राम दूध संग्रह किया जाता है, जो आवश्यकता पड़ने पर 30 लाख किलोग्राम तक पहुँच जाता है।
  • कॉम्फेड की कुल दूध प्रसंस्करण क्षमता अब 54 लाख लीटर प्रतिदिन है।

उन्होंने बताया कि नालंदा डेयरी में स्थापित UHT सुविधा से सुधा दूध की सप्लाई देश भर में बढ़ी है। पूर्वोत्तर राज्यों से लेकर भारतीय सेना तक सुधा का टेट्रा पैक दूध भेजा जा रहा है।

सुधा—ब्रांड जिसने बिहार को देशभर में पहचान दिलाई

सुधा प्रतिदिन

  • 18 लाख लीटर पाउच दूध बेच रहा है
  • और 3.5 लाख लीटर विभिन्न दुग्ध उत्पाद तैयार कर रहा है।

सुधा के घी, पनीर, आइसक्रीम, फ्लेवर्ड मिल्क और मिठाइयाँ पूरे देश में लोकप्रिय हैं। मार्च 2025 में कॉम्फेड ने 5 MT घी अमेरिका और 8 MT गुलाबजामुन कनाडा निर्यात कर बिहार को वैश्विक बाजार में नई पहचान दी।

किसानों की तरक्की—सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि रोड मैप के लागू होने के बाद से राज्य में दूध उत्पादन में बड़ा उछाल आया है।
उन्होंने कहा—
“किसानों और पशुपालकों की तरक्की से ही बिहार की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। सरकार हर स्तर पर उनकी सहायता जारी रखेगी।”

निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारी

निरीक्षण के दौरान पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की अपर मुख्य सचिव एवं कॉम्फेड की अध्यक्ष डॉ. एन. विजयलक्ष्मी, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. एवं अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया अंशदान, राज्यवासियों से भी की योगदान की अपील

0

Patna News: सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 01 अणे मार्ग स्थित अपने कार्यालय में सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार से मुलाकात की। इस दौरान ब्रिगेडियर कुमार ने मुख्यमंत्री को सशस्त्र सेना झंडा दिवस का फ्लैग लगाया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बिहार स्टेट एक्स सर्विसमैन बेनेवोलेंट फंड में अंशदान कर देश के वीर सैनिकों और शहीदों के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए बहादुर सैनिकों द्वारा दिए गए बलिदान अमर हैं। उन्होंने कहा कि हमारे जवान बाह्य और आंतरिक खतरों से देश की रक्षा अपने जीवन की परवाह किए बिना करते हैं। उनकी वीरता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा ही राष्ट्र को मजबूत बनाती है। उन्होंने राज्य के सभी नागरिकों से अपील की कि वे भी बिहार स्टेट एक्स सर्विसमैन बेनेवोलेंट फंड में उदारतापूर्वक अंशदान करें। मुख्यमंत्री ने कहा, “आपका दिया गया हर अंशदान उन बहादुर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक होगा जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूर्व सैनिकों के कल्याण एवं पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। झंडा दिवस सिर्फ एक समारोह नहीं बल्कि उन शूरवीरों का स्मरण है जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा में अपना आज बलिदान कर दिया, ताकि हम सभी का कल सुरक्षित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे जिनमें जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अरविंद कुमार चौधरी, गृह विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, सैनिक कल्याण निदेशालय के निदेशक ब्रिगेडियर मृगेन्द्र कुमार, कर्नल संतोष कुमार त्रिपाठी और कर्नल मनोज कुमार शामिल थे।

सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से सैनिक कल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि यह दिन उन जांबाजों को सम्मान देने का अवसर है जिनकी वजह से देश सुरक्षित है। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया कि वे सैनिकों और पूर्व सैनिकों के परिवारों को सहयोग करने के लिए आगे आएं और झंडा दिवस की वास्तविक भावना को सार्थक बनाएं।

भागलपुर पुलिस लाइन में जवानों को दिलाई गई विशेष शपथ, नई सरकार के सख्त कानून-व्यवस्था मिशन की झलक

0

Bhagalpur News: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में प्रशासनिक सतर्कता लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में भागलपुर पुलिस लाइन में शनिवार को एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां पुलिस जवानों को अनुशासन, जवाबदेही और ईमानदारी की विशेष शपथ दिलाई गई। यह केवल एक नियमित ट्रेनिंग नहीं, बल्कि राज्य की नई लॉ-एंड-ऑर्डर पॉलिसी का प्रतीकात्मक संदेश माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने जवानों को स्पष्ट रूप से यह संकल्प दिलाया कि वे जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे, किसी भी प्रकार के दबाव में नहीं आएंगे और बिना पक्षपात के अपने कर्तव्यों का पालन करेंगे। शपथ में भ्रष्टाचार से दूर रहने, अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस, और संविधान के प्रति निष्ठा की बातों को विशेष रूप से शामिल किया गया।

इस विशेष प्रशिक्षण में जवानों को भीड़ नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, संवेदनशील मामलों में व्यवहारिक संवाद, आपात स्थिति प्रबंधन और कानून की बारीकियों पर व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विभाग में यह नई ऊर्जा और सख्त प्रतिबद्धता बिहार की बदलती प्रशासनिक नीति की दिशा स्पष्ट करती है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि नई सरकार ने संदेश दे दिया है—“कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं।” भागलपुर जैसे संवेदनशील जिले के लिए यह ट्रेनिंग न केवल आवश्यक है, बल्कि आने वाले दिनों में अपराध पर लगाम कसने में बेहद कारगर साबित होगी।

स्थानीय लोगों का मानना है कि पुलिस के इस अनुशासनात्मक कार्यक्रम से जनता का भरोसा और मजबूत होगा और इससे बेहतर कानून-व्यवस्था की उम्मीद बढ़ी है। पुलिस और जनता के बीच विश्वास की नई कड़ी बनाने में यह शपथ कार्यक्रम अहम भूमिका निभाएगा।

भागलपुर में युवक की रॉड से पीट-पीटकर हत्या, आरोपी परिवार सहित फरार; फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

0

Bhagalpur News: भागलपुर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। साहेबगंज चर्च रोड पर 22 वर्षीय कुंदन यादव उर्फ बुच्चो यादव को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। रॉड से की गई इस निर्मम पिटाई में युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक कंपनी यादव का बेटा था और पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था।

इस वारदात का आरोप पड़ोसी शंकर महतो पर लगाया गया है, जो घटना के तुरंत बाद अपने परिवार के साथ फरार हो गया। जैसे ही हत्या की खबर फैली, इलाके में अफरा-तफरी मच गई और माहौल भयभीत हो गया। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थोड़ी ही देर में सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की बारीकी से जांच की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीकों से साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।

कुंदन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी शंकर महतो और उसके परिवार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को कानून के कठोरतम प्रावधानों के तहत कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

उधर, मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार न्याय की मांग कर रहा है और इलाके में इस जघन्य हत्या को लेकर आक्रोश का माहौल है।

स्मैक के पैसों को लेकर ट्रक ड्राइवर की निर्मम हत्या, चार दिन बाद खलासी गिरफ्तार—पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

0

Bhagalpur News: भागलपुर में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि ट्रक ड्राइवर पिंटू राम की हत्या उसके ही खलासी ने स्मैक के पैसों को लेकर हुए विवाद में कर दी थी। दरअसल सबौर थाना क्षेत्र के खानकित्ता पुल के पास मिली लाश ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी। मृतक पिंटू राम मधेपुरा जिले का निवासी था और घटना के दिन ट्रक लेकर भागलपुर आया हुआ था।

सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि हत्या का आरोपी खलासी मोहम्मद मुख्तार पहले से नशे की हालत में था। उसने पिंटू राम से स्मैक खरीदने के लिए पैसे मांगे, लेकिन पिंटू ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच तकरार बढ़ गई और गुस्से में आकर मुख्तार ने ट्रक में रखे लोहे के रॉड और सब्जी काटने वाले चाकू से पिंटू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात इतनी क्रूर थी कि पिंटू राम की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद मुख्तार वहां से फरार हो गया और पुलिस तकनीकी जांच के आधार पर उसकी तलाश में जुट गई। लगातार मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और सीसीटीवी की मदद से पुलिस ने चार दिनों की मशक्कत के बाद आरोपी खलासी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस हत्याकांड में शामिल एक नाबालिग को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।

सिटी एसपी ने बताया कि घटनास्थल से बरामद रॉड, चाकू और अन्य सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है। हत्या के पीछे नशे की लत को प्रमुख कारण बताया जा रहा है, जो समाज में बढ़ती ड्रग समस्या का गंभीर उदाहरण है।

हुसैनाबाद दुर्गा मंदिर और मोहदीनगर काली मंदिर के आचार्य पंडित शिव शंकर झा का 75 वर्ष की आयु में निधन, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर

0

Bhagalpur News: भागलपुर के धार्मिक और सामाजिक जीवन में अपनी विशेष पहचान रखने वाले आचार्य पंडित शिव शंकर झा का शनिवार की सुबह 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मानिकपुर स्थित उनके आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। पिछले कुछ दिनों से वे अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर फैलते ही हुसैनाबाद, मोहदीनगर, मानिकपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में गहरा दुख व्याप्त हो गया है।

पंडित शिव शंकर झा दशकों से हुसैनाबाद दुर्गा मंदिर और मोहदीनगर काली मंदिर में पूजा-पाठ, अनुष्ठान, धार्मिक कार्यक्रमों और विशेष आयोजनों का संचालन करते रहे थे। अपने सरल स्वभाव, मधुर व्यवहार और गहन धार्मिक ज्ञान के कारण वे सभी आयु वर्गों में अत्यधिक सम्मानित थे। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि मंदिर में कोई भी बड़ा अनुष्ठान, यज्ञ, पाठ या हवन उनके बिना पूर्ण नहीं माना जाता था। उनकी उपस्थिति पूरे क्षेत्र के धार्मिक माहौल में सकारात्मक ऊर्जा भर देती थी।

उनके निधन के बाद सुबह से ही लोगों की भीड़ उनके मानिकपुर स्थित घर पर उमड़ पड़ी। दूर-दराज़ से श्रद्धालु पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कई लोगों ने वज्राघात जैसा महसूस करते हुए कहा कि पंडित झा का जाना क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

परिजनों ने जानकारी दी है कि अंतिम संस्कार रविवार को बरारी श्मशान घाट पर पूर्ण विधि-विधान के साथ किया जाएगा। परिवार और श्रद्धालुओं ने सभी से अंतिम दर्शन के लिए उपस्थिति की अपील की है। पंडित शिव शंकर झा की अंतिम यात्रा में भारी जनसैलाब उमड़ने की संभावना है।