Home Blog Page 186

भागलपुर में लोक शिकायत निवारण कार्यालय पर गंभीर आरोप, सुनवाई के दौरान धमकी और दुर्व्यवहार का मामला गरमाया

0

Bhagalpur News: भागलपुर के जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय से जुड़ा एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक आवेदक ने सुनवाई के दौरान कार्यालय में अवैध तरीके से कार्य कराने, धमकी देने, दुर्व्यवहार और निष्पक्ष सुनवाई में बाधा उत्पन्न करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी गई है।

मामला 16 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है, जब आवेदक जितेंद्र कुमार अपने प्रथम अपील की सुनवाई के लिए जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय, भागलपुर पहुंचा था। शिकायत के अनुसार, निर्धारित समय पर लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। इसी दौरान उनके अनुपस्थिति में एक कर्मी द्वारा अवैध रूप से सुनवाई की प्रक्रिया संचालित की जा रही थी।

आवेदक का आरोप है कि जब उसने इस पर आपत्ति जताई और पदाधिकारी से मिलने की मांग की, तो संबंधित कर्मी द्वारा उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकी दी गई। आरोप है कि उसे जेल भेजने तक की बात कही गई और कार्यालय से बाहर निकलने के लिए दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं, मोबाइल फोन पर किसी वरिष्ठ अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश करने पर भी उसे रोका गया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि पूरे घटनाक्रम का CCTV फुटेज मौजूद है, जिसकी जांच कराई जाए तो सच्चाई सामने आ सकती है। आवेदक ने आरोप लगाया कि बीते कई वर्षों से कार्यालय में इसी तरह मनमानी तरीके से सुनवाई की जाती रही है, जिससे आम नागरिकों के अधिकारों का हनन हो रहा है।

इस पूरे मामले को लेकर आवेदक ने मुख्य सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच, वीडियोग्राफी के साथ सुनवाई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या रुख अपनाता है और क्या आम जनता को न्यायपूर्ण और भयमुक्त शिकायत निवारण प्रणाली मिल पाएगी या नहीं।

महादेव सिंह कॉलेज में शोक की लहर, सेवानिवृत्त भूगोल व्याख्याता डॉ. विजय कुमार का आकस्मिक निधन

0

भागलपुर। शिक्षा जगत के लिए एक अत्यंत दुःखद समाचार सामने आया है। जब किलाघाट, सराय स्थित महादेव सिंह कॉलेज (एएसी ग्रेड से मान्यता प्राप्त) के सेवानिवृत्त व्याख्याता एवं भूगोल विभाग के वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ. विजय कुमार का आकस्मिक निधन 16 दिसंबर 2025 को हो गया। उनके असामयिक निधन से महाविद्यालय परिवार, शिक्षक समुदाय और छात्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।

डॉ. विजय कुमार ने अपने शैक्षणिक जीवन में अनुशासन, सादगी और समर्पण के साथ वर्षों तक भूगोल विषय का अध्यापन किया। वे न केवल एक कुशल शिक्षक थे, बल्कि छात्रों के मार्गदर्शक और सहकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत भी माने जाते थे। उनके योगदान को महाविद्यालय के इतिहास में हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

स्वर्गीय डॉ. विजय कुमार की आत्मा की शांति के लिए महादेव सिंह कॉलेज परिसर में गुरूवार को शोक सभा का आयोजन किया गया है। इस शोक सभा में महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं कर्मियों से उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई है।

महाविद्यालय प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. विजय कुमार का निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दुःख की घड़ी में पूरा महाविद्यालय परिवार शोकाकुल परिजनों के साथ संवेदना प्रकट करता है।

कटिहार में पीड़ित महिला को मिला प्रशासनिक संबल, एसपी व नगर थाना प्रभारी ने दिया मदद का आश्वासन

0

कटिहार। न्याय की आस लिए तीन वर्षों से संघर्ष कर रही एक पीड़ित महिला को आखिरकार कटिहार प्रशासन और मानवाधिकार संगठन का संबल मिला। छपरा जिले की रहने वाली यह महिला, जिसकी शादी वर्ष 2018 में कटिहार जिले के एक युवक से सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ हुई थी, आज दहेज प्रताड़ना और पारिवारिक उत्पीड़न की शिकार है। इस मामले में कटिहार के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और नगर थाना प्रभारी ने महिला को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही महिला को ससुराल पक्ष द्वारा चार पहिया वाहन और नकद धनराशि की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। लगातार मानसिक दबाव और तनाव के कारण महिला के पिता की तबीयत बिगड़ती चली गई और अंततः उनका निधन हो गया। इसके बाद ससुराल वालों का व्यवहार और भी अमानवीय हो गया और महिला को घर से निकाल दिया गया।

असहाय अवस्था में महिला किसी तरह अपने मायके छपरा पहुंची और न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायालय ने आदेश दिया कि महिला अपने पति के घर में रहेगी और प्रशासन उसकी मदद करेगा। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में महिला अकेले कटिहार पहुंची, लेकिन वहां ससुराल का घर बंद मिला। आरोप है कि उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया और प्रशासनिक सहायता भी उस समय मौके पर उपलब्ध नहीं रही, जिसके कारण महिला को पूरी रात स्टेशन पर गुजारनी पड़ी।

इस गंभीर स्थिति में महिला ने शरण राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ईशान सिन्हा से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. सिन्हा मानवाधिकार टीम के साथ तत्काल कटिहार पहुंचे। महिला से लिखित आवेदन लेकर उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।

मानवाधिकार टीम की पहल के बाद कटिहार के एसपी ने मामले को गंभीरता से सुना और महिला को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। वहीं, कटिहार टाउन थाना प्रभारी ने भी कोर्ट के अगले आदेश के अनुसार हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान यात्रा कार्यक्रम में मानवाधिकार संगठन के जिला अध्यक्ष प्रेम शंकर तिवारी, जिला सचिव सुबोध शर्मा, मीडिया प्रभारी मनीष राम, स्थानीय कार्यकर्ता, पत्रकार तथा पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि न्यायालय का अगला आदेश पीड़ित महिला के हित में आएगा और उसे सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार मिलेगा।

सुलतानगंज थाना अध्यक्ष का भरोसा: पीड़ित महिला को मिलेगा न्याय, जल्द दर्ज होगी FIR

0

भागलपुर/सुलतानगंज। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र की एक पीड़ित महिला के साथ हुई कथित प्रताड़ना और संपत्ति हड़पने के मामले में अब न्याय की उम्मीद जगी है। शरन्य राष्ट्रीय मानवाधिकार के हस्तक्षेप के बाद सुलतानगंज थाना अध्यक्ष ने पीड़ित महिला को पूर्ण न्याय का आश्वासन दिया है और आवेदन के आधार पर अविलंब प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है।

मामला 16 दिसंबर 2025, मंगलवार का है, जब सुलतानगंज निवासी पीड़ित महिला शरन्य राष्ट्रीय मानवाधिकार के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ईशान सिन्हा के कार्यालय पहुंची। महिला ने बताया कि मार्च 2025 में उनके पति का स्वर्गवास हो गया था। इसके बाद ससुराल पक्ष के देवर और आसपास के लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की, घर से बाहर निकाल दिया और जमीन-जायदाद व मकान से वंचित कर दिया। इतना ही नहीं, उनके खेत में उगाई गई फसल भी जबरन लूट ली गई।

पीड़िता ने बताया कि जान बचाकर वह भागलपुर अपने मायके पहुंची और कई बार सुलतानगंज थाना में आवेदन दिया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हारकर उसने मानवाधिकार संगठन से न्याय की गुहार लगाई। मानवाधिकार टीम ने मामले की गहराई से जांच की, जिसमें कई आरोप प्रथम दृष्टया सत्य पाए गए।

इसके बाद शरन्य राष्ट्रीय मानवाधिकार की टीम ने सुलतानगंज थाना अध्यक्ष से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और पीड़िता का आवेदन प्रस्तुत किया। थाना अध्यक्ष ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि महिला के साथ न्याय होगा और जल्द ही FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. ईशान सिन्हा, जिला अध्यक्ष प्रेम शंकर तिवारी, जिला सचिव सुबोध शर्मा, मीडिया प्रभारी मनीष राम, स्थानीय पत्रकार एवं थाना के पुलिस कर्मी मौजूद थे। अपने संबोधन में डॉ. ईशान सिन्हा ने कहा कि स्थानीय पुलिस समाजहित में सकारात्मक भूमिका निभा रही है और वंचित, शोषित व पीड़ितों की मदद के लिए आगे रहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस महिला को भी जल्द न्याय मिलेगा।

कहलगांव विधानसभा के विकास कार्यों की हुई गहन समीक्षा, विधायक शुभानंद मुकेश ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0

Bhagalpur News। कहलगांव विधानसभा के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से सोमवार को भागलपुर जिला अतिथि गृह, में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवनिर्वाचित विधायक इंजीनियर शुभानंद मुकेश ने की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की प्रगति, वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

विधायक शुभानंद मुकेश ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्रीय विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभागों में चल रही योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें और जिन योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाएं आ रही हैं, उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही आगामी योजनाओं के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

बैठक में कई विभागों के कार्यपालक अभियंता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (BUIDCO) के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए और आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए।

उन्होंने कहा कि कहलगांव विधानसभा क्षेत्र का संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी। विशेष रूप से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार लाने और बुडको द्वारा संचालित नगर विकास योजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान विकास कार्यों की प्रभावी समीक्षा करते हुए आगे की ठोस रणनीति तय की गई, ताकि कहलगांव विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई दिशा और रफ्तार मिल सके। विधायक ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि वे संवेदक नहीं, बल्कि जनता के हित में कार्य करें, तभी विकास का वास्तविक उद्देश्य पूरा हो सकेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने की सौहार्दपूर्ण मुलाक़ात

0

नई दिल्ली, 11 दिसम्बर 2025—बिहार चुनाव के बाद आज नई दिल्ली में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी कुमार चौबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाक़ात की। यह भेंट न केवल आत्मीय रही बल्कि राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक गौरव की भावनाओं से परिपूर्ण रही। श्री चौबे ने मुलाक़ात को अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से उन्हें नई ऊर्जा और उत्साह प्राप्त हुआ है।

इस अवसर पर श्री चौबे ने पटना के गांधी मैदान में 6 जुलाई 2025 को आयोजित भगवान परशुराम जन्म महोत्सव के दौरान सनातन महाकुंभ में पूजित भगवान श्रीराम की दैदीप्यमान प्रतिमा प्रधानमंत्री जी को ससम्मान समर्पित की। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा न केवल आस्था का प्रतीक है बल्कि भारत की सनातन परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का अमिट चिह्न भी है।

कला और संस्कृति के सम्मान में उन्होंने अंग प्रदेश की विशिष्ट मंजूषा पेंटिंग, मिथिला की विख्यात मधुबनी पेंटिंग और दोनों कलाओं की भव्यता को समाहित करता हुआ मिश्रित अंग वस्त्र भी प्रधानमंत्री को भेंट किया। ये उपहार बिहार की समृद्ध लोक—कला परंपरा तथा उसकी ऐतिहासिक पहचान का प्रतीक हैं।

इसके साथ ही श्री चौबे ने अपनी पुस्तकें— “सनातन संग भारत, सनातन संवाद” और “केदारनाथ की त्रासदी (त्रिनेत्र)” —की प्रति प्रधानमंत्री को भेंट कीं। ये पुस्तकें भारतीय संस्कृति, धर्मचिंतन और राष्ट्रीय चेतना को नई दृष्टि प्रदान करती हैं।

बैठक के दौरान राष्ट्रहित, विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और जनसेवा से जुड़े अनेक विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। श्री चौबे ने कहा कि यह मुलाक़ात सौहार्द, प्रेरणा और देश की उन्नति के प्रति प्रतिबद्धता का अनुपम संगम रही। प्रधानमंत्री द्वारा प्रदत्त आशीर्वाद ने उन्हें जनता की सेवा के प्रति और अधिक दृढ़ संकल्पित किया है।

सुल्तानगंज में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, आठ उपभोक्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज, बकाया राशि लाखों में

0

Bhagalpur News: भागलपुर के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में बिजली चोरी और बकाया बिल भुगतान में लापरवाही पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कनीय विद्युत अभियंता अरविंद कुमार के निर्देश पर की गई विशेष जांच और छापेमारी के बाद आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। विभाग की टीम ने विभिन्न मोहल्लों में लगातार बढ़ते बकाया और चोरी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाए हैं।

जांच के दौरान जिन उपभोक्ताओं पर कार्रवाई हुई है, उनमें जहांगीर मोहल्ले की सीता देवी पर 5,915 रुपये, रंजीत कुमार पर 30,763 रुपये का बकाया पाया गया। कमरगंज क्षेत्र में रोशन कुमार पर 35,008 रुपये, उपेंद्र यादव पर 36,182 रुपये और नंदू प्रसाद यादव पर 24,624 रुपये का भारी बकाया दर्ज हुआ। इसी तरह फतेहपुर की रिंकू देवी पर 14,315 रुपये, सुनील कुमार पर 13,895 रुपये और मसदी के अर्जुन यादव पर 9,675 रुपये की बकाया राशि बकाया पाई गई।

बिजली विभाग ने स्पष्ट रूप से बताया कि बिना बिल भुगतान और अवैध तरीके से बिजली का उपयोग पूरी तरह अपराध की श्रेणी में आता है। इसलिए कनीय अभियंता अरविंद कुमार के नेतृत्व में सुल्तानगंज के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसके आधार पर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस भेजा जा रहा है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। बिजली चोरी करने वालों और बकाया राशि जमा न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई सुल्तानगंज और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रणाली को सुचारू और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

भागलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 18 वर्षीय युवक नयन कुमार की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

0

Bhagalpur News: भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहाँ 18 वर्षीय युवक नयन कुमार की सड़क दुर्घटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब नयन अपने घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि अचानक तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नयन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन नयन को आनन-फानन में कहलगांव सदर अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन उनकी हालत नाज़ुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने काफी प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने नयन को मृत घोषित कर दिया।

18 वर्षीय नयन कुमार साहू पर गांव निवासी रोहिण हरिजन के पुत्र थे। पांच भाई-बहनों में नयन ही परिवार के इकलौते भाई थे और वही घर के एकमात्र कमाऊ सदस्य भी थे। बाहर जाकर मजदूरी कर वे अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से आहत हैं और क्षेत्र में ग़म का माहौल बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार बाइक सवार की तलाश जारी है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से होने वाली मौतों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

IAS इंटरव्यू तैयारी के लिए NACS का IGP लॉन्च: बिहार–झारखंड के अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा अवसर, दिल्ली और पटना में पहली बार ऑफलाइन मॉक इंटरव्यू

0

Patna News: UPSC सिविल सेवा साक्षात्कार की तैयारी कर रहे बिहार–झारखंड के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। NACS (North Association of Civil Servants) ने UPSC CSE Mains 2024–25 में सफल हुए अभ्यर्थियों के लिए बहुप्रतीक्षित इंटरव्यू गाइडेंस प्रोग्राम (IGP) की आधिकारिक शुरुआत कर दी है। इस वर्ष कार्यक्रम को और प्रभावी बनाते हुए, पहली बार दिल्ली के साथ-साथ पटना में भी ऑफलाइन मॉक इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। वहीं, देश–विदेश में रहने वाले अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन मॉक पहले की तरह जारी रहेगा।

NACS ने बताया कि बिहार और झारखंड के वे सभी अभ्यर्थी जो नवंबर में घोषित UPSC मेन्स परीक्षा में सफल हुए हैं, वे संगठन की वेबसाइट पर जाकर निशुल्क रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद उन्हें इंटरव्यू की संपूर्ण प्रक्रिया—मार्गदर्शन, क्लासेस और मॉक इंटरव्यू—का लाभ मिलेगा।


NACS: अभ्यर्थियों को उत्कृष्ट मार्गदर्शन देने का दशक–भर का अनुभव

2014 में 1983 बैच के IAS अधिकारी श्री बी. के. प्रसाद और बिहार–झारखंड के वरिष्ठ सिविल सेवकों द्वारा स्थापित NACS का उद्देश्य केवल प्रशासनिक अधिकारियों को एक मंच प्रदान करना ही नहीं, बल्कि अपने गृह राज्य के युवाओं को सिविल सेवा में आगे बढ़ाने के लिए संगठित प्रयास करना भी है। इसी मिशन के तहत संस्था वर्षों से अभ्यर्थियों को निःशुल्क प्रिलिम्स, मेंस और इंटरव्यू गाइडेंस उपलब्ध कराती आ रही है।


⭐ IGP 2024–25 की प्रमुख विशेषताएँ

यह कार्यक्रम देश के सबसे वैज्ञानिक, सुदृढ़ और प्रभावी इंटरव्यू गाइडेंस प्लेटफॉर्म में गिना जाता है। इस वर्ष की प्रमुख खूबियाँ—

1. पूरी तरह निःशुल्क व अधिकारी–चालित कार्यक्रम

IAS, IPS, IFS, IRS और अन्य सेवाओं के अधिकारी स्वयं अभ्यर्थियों को प्रशिक्षित करते हैं।

2. दिल्ली और पटना में ऑफलाइन मॉक इंटरव्यू

पहली बार दो शहरों में ऑफलाइन पैनल—जिससे स्थानीय अभ्यर्थियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

3. विशेषज्ञ पैनल की क्लासेस

हॉबी, कैडर, वैकल्पिक विषय, अंतरराष्ट्रीय मुद्दे, समसामयिक विषय, व्यक्तित्व विकास और इंटरव्यू शिष्टाचार पर विशेष सत्र।

4. हर अभ्यर्थी के लिए व्हाट्सऐप सपोर्ट ग्रुप

जहां वरिष्ठ अधिकारी सीधे डाउट लेते हैं—इसे NACS की सबसे मजबूत USP माना जाता है।

5. सफलता का शानदार रिकॉर्ड

पिछले वर्ष पंजीकृत 58 अभ्यर्थियों में से 30+ अभ्यर्थियों का अंतिम चयन—लगभग 55% की सफलता दर।


देशभर के 1000+ अधिकारी कार्यक्रम से जुड़े — 100 से अधिक वरिष्ठ अधिकारी पैनल में

इस वर्ष IGP में सहयोग के लिए 1000 से अधिक अधिकारी तैयार हैं, जिनमें 100+ वरिष्ठ अधिकारी पैनलिस्ट के रूप में शामिल होंगे। कुछ प्रमुख नाम—

  • बी. के. प्रसाद (IAS, 1983 बैच)
  • अरुण कुमार (IPS, 1985 बैच)
  • अमिता प्रसाद (IAS, 1985 बैच)
  • परवेज हयात (IPS, 1984 बैच)

NACS टीम का वक्तव्य

संतोष कुमार (IAS, 2014 बैच), संयोजक ने कहा—
“सभी तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं, रजिस्ट्रेशन जारी है और टीम पूरी तरह से अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए तैयार है।”

कार्यक्रम के समन्वयक विजय कुमार (IRTS) और गुंजन मिश्रा (IPTAFS) ने उम्मीद जताई कि इस वर्ष चयन दर और भी अधिक होगी और बिहार–झारखंड से अधिक संख्या में युवा सिविल सेवा में प्रवेश करेंगे।


अभ्यर्थियों के लिए यह अवसर बेहद महत्वपूर्ण

सिविल सेवा इंटरव्यू को देश की सबसे चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में माना जाता है। ऐसे में, NACS का IGP अभ्यर्थियों के आत्मविश्वास, ज्ञान और व्यक्तित्व को निखारने का अनोखा मंच है।
बिहार–झारखंड के उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा मौका है—
रजिस्ट्रेशन करें, जुड़ें, और अपने सपने को IAS में बदलने का निर्णायक कदम उठाएँ।


CM नीतीश कुमार का सुधा फुलवारीशरीफ डेयरी प्रोजेक्ट पर औचक निरीक्षण

0

Patna News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना डेयरी प्रोजेक्ट, सुधा फुलवारीशरीफ का विस्तृत निरीक्षण किया। प्रोडक्शन हॉल से लेकर आइसक्रीम प्लांट, दही कोल्ड रूम और आधुनिक प्रोसेसिंग यूनिट तक उन्होंने हर सेक्शन में जाकर कामकाज की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्पादों की गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक के उपयोग और उत्पादन क्षमता पर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

इसके बाद कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने डेयरी विकास, दुग्ध समितियों के विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना पर अधिकारियों से सीधे फीडबैक लिया।

“दुग्ध समितियों का नेटवर्क बढ़ाएँ, किसानों को स्थायी आमदनी मिलेगी” — मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ खेती और पशुपालन है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामस्तर पर दुग्ध सहकारी समितियों का तेजी से विस्तार करें।
उन्होंने कहा—
“जितने अधिक लोग दुग्ध समितियों से जुड़ेंगे, उतनी ही उनकी आय बढ़ेगी। इससे रोजगार भी पैदा होगा और बिहार दुग्ध उत्पादन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।”

उन्होंने डेयरी प्लांट की क्षमता बढ़ाने, प्रोक्यूरमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और कर्मचारियों के लिए आवास की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

कॉम्फेड की बड़ी उपलब्धियाँ और विस्तार की महत्वाकांक्षी योजना

बैठक में कॉम्फेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक ने बताया—

  • बिहार में 21,000+ ग्रामस्तरीय दुग्ध सहकारी समितियाँ सक्रिय हैं।
  • इनसे 7.5 लाख पशुपालक जुड़े हैं, जिनमें 25% यानी 1.9 लाख महिलाएँ शामिल हैं।
  • प्रतिदिन 22 लाख किलोग्राम दूध संग्रह किया जाता है, जो आवश्यकता पड़ने पर 30 लाख किलोग्राम तक पहुँच जाता है।
  • कॉम्फेड की कुल दूध प्रसंस्करण क्षमता अब 54 लाख लीटर प्रतिदिन है।

उन्होंने बताया कि नालंदा डेयरी में स्थापित UHT सुविधा से सुधा दूध की सप्लाई देश भर में बढ़ी है। पूर्वोत्तर राज्यों से लेकर भारतीय सेना तक सुधा का टेट्रा पैक दूध भेजा जा रहा है।

सुधा—ब्रांड जिसने बिहार को देशभर में पहचान दिलाई

सुधा प्रतिदिन

  • 18 लाख लीटर पाउच दूध बेच रहा है
  • और 3.5 लाख लीटर विभिन्न दुग्ध उत्पाद तैयार कर रहा है।

सुधा के घी, पनीर, आइसक्रीम, फ्लेवर्ड मिल्क और मिठाइयाँ पूरे देश में लोकप्रिय हैं। मार्च 2025 में कॉम्फेड ने 5 MT घी अमेरिका और 8 MT गुलाबजामुन कनाडा निर्यात कर बिहार को वैश्विक बाजार में नई पहचान दी।

किसानों की तरक्की—सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि रोड मैप के लागू होने के बाद से राज्य में दूध उत्पादन में बड़ा उछाल आया है।
उन्होंने कहा—
“किसानों और पशुपालकों की तरक्की से ही बिहार की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। सरकार हर स्तर पर उनकी सहायता जारी रखेगी।”

निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारी

निरीक्षण के दौरान पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की अपर मुख्य सचिव एवं कॉम्फेड की अध्यक्ष डॉ. एन. विजयलक्ष्मी, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. एवं अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।