Home Blog Page 183

ई-केवाईसी और किसान पंजीकरण में तेजी का निर्देश: भागलपुर डीएम की सख्त समीक्षा बैठक

0

भागलपुर, 15 जनवरी: भागलपुर जिले में सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ई-केवाईसी और एफआर (किसान पंजीकरण) कार्य में तेजी लाने को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक दो पाली में आयोजित की गई। प्रथम पाली में नवगछिया और कहलगांव अनुमंडल के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायत प्रभारी शामिल हुए, जबकि द्वितीय पाली में भागलपुर सदर अनुमंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने प्रखंड-वार ई-केवाईसी और किसान पंजीकरण की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि जिले में ई-केवाईसी का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, जो प्रशासन के लिए राहत की बात है। हालांकि, एफआर यानी किसान पंजीकरण का कार्य अपेक्षाकृत धीमा पाया गया, जिसे लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि शेष किसान पंजीकरण कार्य को हर हाल में शीघ्र पूरा किया जाए।

डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सभी पंचायत प्रभारियों को निर्देश दिया कि 17, 18 और 19 जनवरी को वार्ड स्तर पर विशेष कैंप लगाकर किसान पंजीकरण के बचे हुए मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि किसान पंजीकरण से ही किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदान और लाभ का सीधा फायदा मिल पाता है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासन की मंशा है कि कोई भी पात्र किसान योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए फील्ड स्तर पर सक्रियता और जवाबदेही बेहद जरूरी है।

बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

युवाओं को रोजगार से जोड़ने की बड़ी पहल: भागलपुर में जिला स्तरीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला का भव्य आयोजन

0

भागलपुर, 15 जनवरी: भागलपुर जिले में युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में जिला स्तरीय एकदिवसीय नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला 2026 का आयोजन राजकीय बालिका इंटर स्कूल परिसर में किया गया। इस मेले का उद्घाटन जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक (नियोजन), अवर प्रादेशिक नियोजनालय, भागलपुर की ओर से जिलाधिकारी को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं और रोजगार की तलाश कर रहे अभ्यर्थी मेले में पहुंचे और विभिन्न विभागों एवं संस्थानों से जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस नियोजन सह व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल नौकरी की तलाश ही नहीं, बल्कि स्वयं का रोजगार स्थापित करना भी उतना ही जरूरी है। ऐसे में यह मेला युवाओं को सही दिशा और मार्गदर्शन देने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इस योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा रही है, जिसे आने वाले समय में और बढ़ाया जाएगा। जिलाधिकारी ने महिलाओं से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

मेले में विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से युवाओं को सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रोजगार के अवसरों और करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। कुल मिलाकर, यह आयोजन भागलपुर के युवाओं और महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने का एक मजबूत मंच साबित हुआ।

समृद्धि यात्रा 2026: सीएम नीतीश कुमार पूरे बिहार के दौरे पर, 11 फरवरी को भागलपुर में होगा भव्य कार्यक्रम

0

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वर्ष 2026 की बहुप्रतीक्षित “समृद्धि यात्रा” का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इस यात्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री राज्य के सभी प्रमंडलों और जिलों का दौरा कर विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लेंगे, साथ ही जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। यह यात्रा 16 जनवरी से प्रारंभ होकर 26 फरवरी तक चलेगी, जिसमें लगभग पूरे बिहार को कवर किया जाएगा।

समृद्धि यात्रा का उद्देश्य राज्य में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा, नई परियोजनाओं की घोषणा और स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों में जनसभाओं, समीक्षा बैठकों और अधिकारियों के साथ संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल संसाधन, रोजगार और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएं खास फोकस में रहेंगी।

भागलपुर के लिए खास दिन – 11 फरवरी 2026
इस यात्रा के तहत 11 फरवरी 2026 (बुधवार) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भागलपुर पहुंचेंगे। भागलपुर के लोगों में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह है। माना जा रहा है कि इस दौरान जिले को विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सौगातें मिल सकती हैं। स्थानीय प्रशासन ने भी मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। भागलपुर में विकास कार्यों की प्रगति, स्मार्ट सिटी, गंगा किनारे परियोजनाएं, सड़क व पुल निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष समीक्षा होने की संभावना है।

यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सारण, गया, औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर, बक्सर, नालंदा, पटना सहित कई जिलों का क्रमवार दौरा करेंगे। बीच-बीच में मंत्रिपरिषद की बैठकें भी प्रस्तावित हैं, जिससे नीतिगत फैसलों को गति मिलेगी।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, समृद्धि यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। यह यात्रा न केवल विकास का रिपोर्ट कार्ड पेश करेगी, बल्कि सरकार और जनता के बीच भरोसे को और मजबूत करने का प्रयास भी है।

मकर संक्रांति पर सियासी सौहार्द का संदेश: लोजपा (रामविलास) के दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार

0

पटना, 15 जनवरी: मकर संक्रांति के अवसर पर राजधानी पटना में राजनीतिक सौहार्द और सामाजिक समरसता का मनोहारी दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) द्वारा आयोजित पारंपरिक दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कार्यक्रम 1-व्हीलर रोड, शहीद पीर अली खां मार्ग स्थित लोजपा (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में पहुंचते ही लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी संस्थापक स्वर्गीय रामविलास पासवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को स्मरण किया। इस अवसर ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सम्मान और परंपरा की भावना को और मजबूत किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता, भाईचारे और नई ऊर्जा का प्रतीक है। दही-चूड़ा जैसे पारंपरिक व्यंजन हमारी सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं, जो समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने इस आयोजन के लिए लोजपा (रामविलास) नेतृत्व को बधाई दी।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, सांसद अरुण भारती, विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

बाबा बूढ़ानाथ महादेव के दर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कर लिया आशीर्वाद

0

Bhagalpur: भागलपुर के प्रसिद्ध बाबा बूढ़ानाथ महादेव मंदिर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विधिवत पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। मंदिर पहुंचते ही उन्होंने बाबा भोलेनाथ के चरणों में शीश नवाकर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में गूंज उठा।

पूजा-अर्चना के बाद बाबा बूढ़ानाथ सामाजिक कल्याण समिति की ओर से प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। समिति के ठाकुर मोहित सिंह गप्पू एवं बाबू बाल्मीकि सिंह ने उन्हें बाबा बूढ़ानाथ महादेव का प्रतीक चिन्ह और पारंपरिक भागलपुरी चादर भेंट कर सम्मानित किया। समिति के पदाधिकारियों ने धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार, पीरपैंती विधायक मुरारी पासवान, विधान परिषद सदस्य डॉ. एन. के. यादव, नगर निगम पार्षद संजय कुमार सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेता पवन मिश्रा, योगेश पांडेय, ओम प्रकाश मंडल, प्रदीप जैन, अनंत साह, रामनाथ पासवान समेत कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और गरिमामय बना दिया।

मंदिर परिसर में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बाबा बूढ़ानाथ महादेव का आशीर्वाद भागलपुर ही नहीं, पूरे बिहार के लिए कल्याणकारी है।

भिखनपुर 12 नंबर गुमटी से 1 किमी तक जाम, भागलपुर की ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी

0

Bhagalpur: भागलपुर शहर में यातायात संकट दिन-ब-दिन गंभीर होता जा रहा है। मंगलवार को भिखनपुर 12 नंबर गुमटी से लेकर करीब एक किलोमीटर तक लंबा जाम लगने से आम लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। इस जाम का सबसे ज्यादा असर इशाकचक और मिर्जानहाट की ओर जाने वाले लोगों पर पड़ा, जिन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी मशक्कत झेलनी पड़ी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भोलानाथ पुल के निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। निर्माण कार्य के कारण कई मार्ग संकरे हो गए हैं, वहीं वैकल्पिक रास्तों की कोई ठोस और प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है। नतीजा यह है कि हर दिन ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, कोर्ट में पेशी के लिए जाने वाले वकील, छात्र और बाजार जाने वाले आम लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं।

स्थिति तब और विकट हो जाती है जब लोहिया पुल पर जाम लगता है। लोहिया पुल पर थोड़ी सी भी रुकावट होते ही पूरा ट्रैफिक दबाव भिखनपुर, इशाकचक और मिर्जानहाट की ओर मुड़ जाता है, जिससे वहां लंबा जाम लगना आम बात हो गई है। एंबुलेंस, स्कूल बस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी इस जाम में फंसकर रह जाते हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नाकाफी है और कहीं भी स्पष्ट डायवर्जन प्लान नजर नहीं आता। कई जगहों पर सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित ऑटो-ई-रिक्शा भी जाम की बड़ी वजह बन रहे हैं।

लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भोलेनाथ पुल निर्माण कार्य के दौरान ठोस ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए, लोहिया पुल पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती हो और भिखनपुर–इशाकचक मार्ग को जाम मुक्त करने के लिए स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भागलपुरवासियों को रोज़ाना की इस परेशानी से राहत मिल सके।

हाईकोर्ट के आदेश पर इसलामगंज में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सरकारी रास्ते से हटाया गया अतिक्रमण

0

Bhagalpur: भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत दिलगौरी गांव स्थित इसलामगंज में मंगलवार को जिला प्रशासन ने बड़ी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की। बिहार सरकार के रास्ते की जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बाद प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।

प्रभारी अंचलाधिकारी (सीओ) शालनी कुमारी और थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। सरकारी अमिन द्वारा पहले जमीन की विधिवत नापी कराई गई, जिसके बाद अतिक्रमण चिह्नित किया गया। इसके पश्चात लगभग 10 से 12 घरों को हटाते हुए सरकारी रास्ते की जमीन को खाली कराया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, गांव के ही निवासी शेख अयुब ईसलाही द्वारा हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई थी, जिसमें सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण का मामला उठाया गया था। इस पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया था। उसी आदेश के अनुपालन में यह अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल और सैफ (विशेष सशस्त्र बल) के जवानों को तैनात किया गया था। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। प्रशासन ने पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई।

प्रभारी सीओ शालनी कुमारी ने मीडिया को बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत और न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है। सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्तों से अतिक्रमण हटाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद इसलामगंज में वर्षों से बाधित सरकारी रास्ता अब आम लोगों के लिए सुगम हो सकेगा, जिससे आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस भागलपुर की ओर से स्वामी विवेकानंद जयंती पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन

0

भागलपुर। ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (GKC) भागलपुर जिला इकाई की ओर से आज स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सैंडिस कंपाउंड परिसर स्थित प्रतिमा स्थल पर किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष चंदन सहाय ने किया।

इस दौरान स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। साथ ही उनके जीवन दर्शन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। चंदन सहाय ने बताया कि यह आयोजन युवाओं में स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीकेसी के समर्पित पदाधिकारी, सक्रिय कार्यकर्ता, सामाजिक बुद्धिजीवी और युवा शामिल रहे। वक्ताओं द्वारा स्वामी विवेकानंद के “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” जैसे प्रेरक विचारों पर विशेष चर्चा भी की गई।

स्वामी विवेकानंद की जयंती को लेकर कायस्थ समाज सहित अन्य सामाजिक संगठनों में भी उत्साह देखा गया। स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर होने वाला यह कार्यक्रम भागलपुर में राजकुमार सिन्हा, चंदन कर्ण, संगीता सिन्हा, रिंकू वर्मा, नवीन कुमार, मनोज अस्थाना, इंदर भूषण कुमार सहित काफी संख्या में बुद्धिजीवी मौजूद रहे l

मरीन ड्राइव से मॉडल रेलवे स्टेशन तक: भागलपुर के विकास का रोडमैप तय, सांसद निशिकांत दुबे का बड़ा ऐलान

0

भागलपुर। मकर संक्रांति के अवसर पर भागलपुर नगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित स्नेह-मिलन सह सम्मान भोज कार्यक्रम ने शहर के विकास को लेकर नई उम्मीदों को जन्म दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे रहे, जबकि आयोजनकर्ता भागलपुर नगर विधानसभा के भाजपा विधायक रोहित पांडेय थे। इस अवसर पर विधायक रोहित पांडेय ने सांसद निशिकांत दुबे को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत किया।

सांसद निशिकांत दुबे के भागलपुर आगमन पर शहर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय दिखा। जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों, संथाली नृत्य और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। लाजपत पार्क में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुति ने मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया।

कार्यक्रम में एनडीए घटक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे। अतिथियों के लिए पारंपरिक मकर संक्रांति व्यंजनों—कतरनी चूड़ा, दही, तिलकुट, गुड़, चीनी, खिचड़ी एवं सब्जी—की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसने आयोजन को और भी खास बना दिया।

विधायक रोहित पांडेय का संकल्प
अपने संबोधन में विधायक रोहित पांडेय ने कहा कि सांसद निशिकांत दुबे के मार्गदर्शन और सहयोग से भागलपुर के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भागलपुर के विकास के लिए हर संघर्ष करने को वे पूरी तरह तैयार हैं। जनता द्वारा दिए गए विश्वास को उन्होंने अपनी सबसे बड़ी जिम्मेदारी बताया और कहा कि जनसेवा ही उनकी पहली प्राथमिकता है।

सांसद निशिकांत दुबे का बड़ा विजन
सांसद निशिकांत दुबे ने भागलपुर को अपना घर बताते हुए कहा कि शहर के विकास के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने मरीन ड्राइव, गंगा पुल, एक्सप्रेसवे और हाईवे निर्माण को भागलपुर की तस्वीर बदलने वाला कदम बताया। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर देश के 50 मॉडल रेलवे स्टेशनों में भागलपुर रेलवे स्टेशन भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि वॉशिंग पिट और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण से भागलपुर से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए ट्रेनों का संचालन और मजबूत होगा। सांसद दुबे ने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में रेलवे और सड़क परियोजनाएं शहर की बड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान बनेंगी।

कार्यक्रम ने स्पष्ट संकेत दिया कि भागलपुर अब विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ने को तैयार है।

भागलपुर में महिला रहस्यमय ढंग से लापता, पति ने थाने में लगाई गुहार, जांच में जुटी पुलिस

0

Bhagalpur: भागलपुर जिले के सबौर थाना क्षेत्र से एक महिला के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी और परिजनों में गहरी चिंता का माहौल है। महिला के पति ने इस संबंध में सबौर थाने में लिखित आवेदन देकर पत्नी की सकुशल बरामदगी की मांग की है। घटना के बाद से परिवार सदमे में है और लगातार प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है।

आवेदन के अनुसार, सबौर पंचायत घाट निवासी संजीत कुमार साह उर्फ संजीत कुमार ने थाना अध्यक्ष को बताया कि उनकी पत्नी ज्योति देवी 18 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गईं। जब संजीत कुमार घर लौटे तो पत्नी घर पर मौजूद नहीं थीं। काफी देर तक इंतजार और आसपास खोजबीन करने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पत्नी के मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की।

पति के अनुसार, पहली बार कॉल करने पर जानकारी मिली कि ज्योति देवी अपनी बहन के पास कुसैला जा रही हैं। लेकिन कुछ ही घंटों बाद जब दोबारा कॉल किया गया तो ज्योति देवी और संबंधित दोनों मोबाइल नंबर स्विच ऑफ पाए गए। इसके बाद पति ने कुसैला में रिश्तेदारों से संपर्क किया, जहां से बताया गया कि ज्योति देवी वहां नहीं पहुंची हैं। ससुराल पक्ष से संपर्क करने पर भी यही जानकारी मिली कि महिला उनके यहां नहीं आई है।

सभी संभावित स्थानों पर तलाश के बावजूद महिला का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। इस घटना से परिजन गहरे सदमे और अनिश्चितता में हैं। पति संजीत कुमार साह ने आशंका जताई है कि उनकी पत्नी के साथ कोई अनहोनी भी हो सकती है, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई जरूरी है।

वहीं, पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के इलाकों में पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए महिला की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं और सभी की नजरें अब पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।