Home Blog Page 174

नवगछिया में दरोगा ने पीटीसी सिपाही पर किया चाकू से हमला, सिपाही की हालत गंभीर

0

नवगछिया, भागलपुर: शुक्रवार सुबह नवगछिया पुलिस विभाग में एक सनसनीखेज और चौंकाने वाली घटना सामने आई। पुलिस ड्यूटी के दौरान मामूली विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया, जिसमें एक दरोगा ने गुस्से में आकर पीटीसी सिपाही विशाल कुमार पर चाकू से हमला कर दिया।

घायल सिपाही को तत्काल अनुमंडल अस्पताल नवगछिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। इस दौरान विक्रमशिला सेतु पर भीषण जाम में फंसी एंबुलेंस की वजह से सिपाही की स्थिति और नाजुक हो गई। स्थानीय पत्रकारों की सूझबूझ से रास्ता क्लियर कराया गया और समय पर अस्पताल पहुंचा कर सिपाही की जान बचाई गई।

घायल सिपाही विशाल कुमार ने बताया कि सुबह दरोगा के साथ हल्का-फुल्का मजाक चल रहा था, तभी अचानक दरोगा ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस प्रशासन ने आरोपी दरोगा की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन कर नवगछिया टाउन थाना को पूरे मामले की जांच सौंपी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सोमजीत कुमार, एम टी, प्रभारी: “हमारी टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।”

प्रकाश कुमार, घायल सिपाही: “हमें उम्मीद है कि पुलिस दोषी को जल्द पकड़कर न्याय दिलाएगी।”

यह घटना नवगछिया पुलिस महकमे में एक बड़ा संकट पैदा कर चुकी है और विभाग की छवि को लेकर सवाल खड़े कर रही है।

अजगैविनाथ मंदिर के पीछे युवती की लाश मिलने से फैली सनसनी

0

Bhagalpur News: सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में अजगैविनाथ गंगा घाट के पास तड़के सुबह एक युवती की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना स्थल पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और भागलपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मृतक युवती की पहचान आदिति राज, पिता दिलिप कुमार चौधरी, निवासी मोहनगंज तारापुर, मुंगेर के रूप में हुई है। वर्तमान में घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का रहस्य खुल सकेगा।

घटना के बाद इलाके में तनाव और भय का माहौल है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हुई है और आसपास के CCTV फुटेज और गवाहों के बयान जुटाए जा रहे हैं।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नवगछिया इकाई का पुनर्गठन: श्रीओम सिंह बने नगर अध्यक्ष, शुभम बने नगर मंत्री

0

Naugachia: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की नवगछिया इकाई का पुनर्गठन किया गया। पुरानी इकाई का भंग निवर्तमान नगर मंत्री विक्की मिश्रा ने किया। नई कार्यकारिणी की घोषणा राष्ट्रीय कला मंच प्रांत संयोजक विश्वास वैभव ने की।

नई कार्यकारिणी में प्रमुख नियुक्तियां

  • नगर अध्यक्ष: श्रीओम सिंह
  • नगर मंत्री: शुभम कुमार
  • नगर उपाध्यक्ष: विपुल चौधरी, राम कुमार साहू, कौशल जयसवाल, देव प्रसाद सिंह, रितेश ठाकुर, मिथिलेश झा
  • नगर सह मंत्री: मानस चिरानिया, शिवम झा, सूरज यादव, प्रिंस पोद्दार, दीप कुमारी

साथ ही अन्य विभागों के संयोजक और सह संयोजक नियुक्त किए गए हैं, जिनमें स्टूडेंट्स फॉर डेवलपमेंट, स्टूडेंट्स फॉर सेवा, राष्ट्रीय कला मंच, खेलो भारत और सोशल मीडिया टीम शामिल हैं।

नई इकाई गठन के बाद कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय कला मंच प्रांत संयोजक विश्वास वैभव ने कार्यपद्धति और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को उनके नए दायित्वों के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें सूरज यादव, ऋतु यादव, शिवम झा, विक्की मिश्रा, ओम, विवेक, प्रियांशु, छोटू, अमन, अभिषेक, निधीश और साहित शामिल थे।

कार्यकारिणी के पुनर्गठन के साथ ABVP नवगछिया इकाई ने नए उत्साह और जोश के साथ आगामी कार्यों की तैयारी शुरू कर दी है।

होली 2026: पूर्व रेलवे ने 94 स्पेशल ट्रेनों का ऐलान, यात्रियों की भीड़ में राहत की उम्मीद

0

Kolkata News: आगामी होली पर्व 2026 को देखते हुए पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए 94 विशेष ट्रेन सेवाओं का संचालन करने की योजना बनाई है। यह कदम त्योहार के समय यात्रियों को सुगम यात्रा और प्रमुख तीर्थ स्थलों तक सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

पूर्व रेलवे के अनुसार, इन स्पेशल ट्रेनों में प्रमुख मार्गों पर संचालन होगा:

  • कोलकाता – रक्सौल: 10 ट्रेनें (बरौनी मार्ग)
  • कोलकाता – मधुबनी: 08 ट्रेनें (बरौनी मार्ग)
  • कोलकाता – गोरखपुर: 20 ट्रेनें (पटना मार्ग)
  • हावड़ा – आनंद विहार: 08 ट्रेनें (झाझा-किउल-गया मार्ग)
  • हावड़ा – खातीपुरा: 08 ट्रेनें (झाझा-किउल-गया मार्ग)
  • कोलकाता – न्यू जलपाईगुड़ी: 02 ट्रेनें
  • सियालदह – पुरी: 08 ट्रेनें
  • अन्य प्रमुख मार्गों पर भी ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जैसे आसनसोल, मालदा और मुंबई के लिए।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष सेवाओं से होली की भीड़ में काफी राहत मिलेगी और तीर्थ स्थल या घर लौटने वाले यात्रियों के लिए सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होंगे।

पूर्व रेलवे यात्रियों की मांग और स्थिति पर लगातार नजर रखेगा और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जा सकता है।

भागलपुर में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की तैयारी, स्वास्थ्य कर्मियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

0

Bhagalpur News: भागलपुर में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर जोरदार तैयारी शुरू हो गई है। जिले के समीक्षा भवन में स्वास्थ्य कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया, ताकि 10 फरवरी से शुरू होने वाले अभियान में घर-घर जाकर दवा वितरण सुचारू रूप से किया जा सके। यह अभियान 27 फरवरी तक चलेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने स्वास्थ्य कर्मियों को दवा वितरण की प्रक्रिया, सुरक्षा सावधानियों और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए।

दवा वितरण की खास बातें

सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि फाइलेरिया की दवा 2 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को दी जाएगी और इसका कोई गंभीर साइड इफेक्ट नहीं है। हालांकि, गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति और गर्भवती महिलाएं यह दवा नहीं लेंगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दवा खाली पेट नहीं खानी है।

डॉ. अशोक कुमार ने आम लोगों से अभियान में सहयोग करने और स्वास्थ्य कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की, ताकि जिले में फाइलेरिया का उन्मूलन जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जा सके।

भागलपुर में फॉरलेन सड़क पर बदमाशों ने एलआइसी एजेंट को मारी गोली, हालत गंभीर

0

Bhagalpur News: भागलपुर के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुरिया गांव के पास फॉरलेन सड़क पर एक सनसनीखेज घटना हुई, जिसमें बदमाशों ने एलआइसी एजेंट पिंटू कुमार दास को गोली मार दी। चार अपराधियों ने बाइक पर सवार पिंटू को घेरकर पीठ में गोली मारी और मौके से फरार हो गए।

घायल एजेंट की पहचान नंदलालपुर, चांदनी चौक निवासी पिंटू कुमार दास के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद पिंटू सड़क पर करीब आधे घंटे तक तड़पता रहा। उसने अपने मोबाइल से बड़े भाई को सूचना दी। परिजनों की मदद से उसे पहले कहलगांव अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और स्थिति नाजुक बनी हुई है।

पुरानी रंजिश बनी घटना की वजह

पीड़ित पिंटू कुमार दास ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि जैसे ही वह फॉरलेन सड़क पर पहुंचा, चार अपराधियों ने उसे घेर लिया और पीछे से गोली मार दी। पिंटू ने दो बदमाशों की पहचान सुनील कुमार चौधरी और जयकांत शर्मा के रूप में की। उन्होंने आशंका जताई कि यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दी गई।

सूचना मिलते ही शिवनारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

ताड़ी के पैसे पर खूनी बवाल: भागलपुर में युवक की सीने में चाकू मारकर हत्या, तीन लोग गंभीर घायल

0

Bhagalpur News: भागलपुर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां ताड़ी के पैसे को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। सन्हौला थाना क्षेत्र के भीखनचक गांव में एक नशेड़ी युवक ने ताड़ी का पैसा मांगने पर युवक की सीने में चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी, जबकि इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान एकवारी चौधरी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना में मृतक का भाई चुनना चौधरी और भतीजा अंकित कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

नशे में खुद को “इलाके का बॉस” बताकर किया हमला

घायल अंकित कुमार ने बताया कि आरोपी वासुकी मंडल ताड़ी (नीरा) पीने आया था। ताड़ी पीने के बाद वह नशे में धुत हो गया और पैसे देने से इनकार करने लगा। आरोपी ने खुद को इलाके का “बॉस” बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट हुई, जिसे आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर शांत करा दिया।

लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी फिर लौटा और दोबारा गाली-गलौज व मारपीट करने लगा। जब परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने एकवारी चौधरी के सीने में चाकू घोंप दिया, जो आर-पार निकल गया।

अस्पताल पहुंचते ही मौत, आरोपी भी घायल

गंभीर हालत में घायल एकवारी चौधरी को सन्हौला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने आरोपी की भी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी वासुकी मंडल को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। गांव में तनाव का माहौल है, पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

अदानी पावर प्लांट मामलों पर डीएम सख्त: लंबित मुआवजा जल्द भुगतान का आश्वासन

0

Bhagalpur News: अदानी पावर प्लांट से जुड़े भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और पुनर्वास से संबंधित मामलों को लेकर भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पीरपैंती प्रखंड कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में अदानी पावर प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी, भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार एवं जिला भू-अर्जन अधिकारी राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान भूमि अधिग्रहण, किसानों को मुआवजा भुगतान, पुनर्वास एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन किसानों का मुआवजा अब तक लंबित है, उन्हें जल्द से जल्द भुगतान दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

किसानों और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद

बैठक के बाद डीएम ने किसान चेतना एवं उत्थान समिति के अध्यक्ष श्रवण सिंह से मुलाकात कर किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी प्रभावित किसान संपूर्ण दस्तावेज के साथ भागलपुर स्थित उनके कार्यालय में उपस्थित हों, ताकि मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जा सके।

इसके बाद डीएम ने हरिनकोल पंचायत के वार्ड सदस्य रिज़्जू पहाड़िया से भी संवाद किया। उन्होंने अपने पूर्वजों के कब्रिस्तान के लिए वैकल्पिक भूमि की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीर बताते हुए उचित समाधान का आश्वासन दिया। वहीं जदयू जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता एवं बीस सूत्री अध्यक्ष हरेराम शर्मा से भी डीएम ने मुलाकात कर जनप्रतिनिधियों की राय जानी।

तीन प्रमुख समस्याएं चिन्हित

मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि अदानी पावर प्लांट के लिए अधिग्रहित भूमि से जुड़े मामलों में मुख्य रूप से तीन तरह की समस्याएं सामने आई हैं—

  1. पारिवारिक विवाद वाले मामले – जिन मामलों में एलए कोर्ट में केस लंबित है, यदि किसान आपसी सहमति से आवेदन देते हैं तो विवाद समाप्त कर मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
  2. मृत किसानों के आश्रितों का मुआवजा – जिन किसानों के नाम पंचाट बना था और जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके आश्रितों को 50 लाख रुपये से अधिक मुआवजा मिलना है। ऐसे मामलों में राशि सीमा बढ़ाने के लिए सरकार से पत्राचार किया गया है।
  3. फसल नुकसान को लेकर भ्रम – डीएम ने स्पष्ट किया कि भूमि अधिग्रहण वर्ष 2013 में ही हो चुका है और कुछ लोग किसानों को गुमराह कर रहे हैं, जिन पर प्रशासन की पैनी नजर है।

पुनर्वास सर्वोच्च प्राथमिकता

जिलाधिकारी ने कहा कि पहाड़िया जनजाति के लोगों का पुनर्वास प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें पूरे सम्मान के साथ वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराकर बसाया जाएगा।

पटना कांड के बाद बड़ा एक्शन: भागलपुर में गर्ल्स हॉस्टलों पर पुलिस की दबिश, लागू हुई सख्त सुरक्षा नियमावली

0

Bhagalpur News: पटना में NEET की छात्रा के साथ हुए जघन्य अपराध के बाद बिहार भर में गर्ल्स हॉस्टलों की सुरक्षा पर उठे सवाल अब कार्रवाई में बदलते नजर आ रहे हैं। मीडिया की पड़ताल और बढ़ते जनदबाव के बाद बिहार पुलिस मुख्यालय एवं गृह मंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर राज्यभर के गर्ल्स हॉस्टलों के लिए नई और सख्त सुरक्षा नियमावली लागू कर दी गई है।

इसी कड़ी में भागलपुर में प्रशासन खुद सड़क पर उतर आया। एसएम कॉलेज क्षेत्र में एएसपी सायं रज़ा और डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई गर्ल्स हॉस्टलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान हॉस्टल संचालकों से सीधी बातचीत कर उन्हें नई सुरक्षा गाइडलाइन सौंपी गई और साफ शब्दों में कहा गया कि छात्राओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हॉस्टलों के लिए अनिवार्य हुए ये नियम

नई नियमावली के तहत सभी गर्ल्स हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त स्ट्रीट व परिसर लाइटिंग, मजबूत दरवाजे और सुरक्षित ताले अनिवार्य कर दिए गए हैं। विजिटर रजिस्टर का संधारण, पुरुषों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध और छात्राओं व स्टाफ की रात्रिकालीन उपस्थिति के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा हर हॉस्टल का विवरण संबंधित थाने में दर्ज कराना, वार्डन की जवाबदेही तय करना, पुलिस सत्यापन, इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम और हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करना भी जरूरी किया गया है।

हॉस्टल संचालकों ने उठाई गश्ती बढ़ाने की मांग

निरीक्षण के दौरान हॉस्टल संचालकों ने पुलिस की पहल का स्वागत किया, लेकिन कॉलेज और हॉस्टल तक आने-जाने वाले रास्तों में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग भी रखी। संचालक राजेश रंजन ने आरोप लगाया कि कई बार छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और धमकी की घटनाएं सामने आती हैं।

इस पर पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया कि संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती को और सख्त किया जाएगा, ताकि छात्राएं बिना डर के सुरक्षित माहौल में रह सकें।

बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन भागलपुर के जिला अध्यक्ष निर्विरोध बने निराला यादव

0

Bhagalpur News: बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन भागलपुर जिला इकाई के चुनाव में निराला यादव को निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना गया। उनके निर्विरोध निर्वाचन के बाद पुलिसकर्मियों और समर्थकों में खुशी का माहौल देखा गया।

निर्वाचित शाखा कार्यकारिणी की सूची में अध्यक्ष के रूप में भूषण कुमार निराला, उपाध्यक्ष नितेश कुमार सिंह, शंकर कुमार और हर्ष कुमार, सचिव बलजीत कुमार, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, संयुक्त सचिव विकास कुमार तथा केंद्रीय सदस्य के रूप में रीमा कुमारी शामिल हैं।

निराला यादव के जिला अध्यक्ष चुने जाने के बाद भागलपुर पुलिस लाइन पहुंचकर श्री यादव विकास मंच के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। मंच के सदस्यों ने कहा कि निराला यादव एक कर्मठ, योग्य और मेहनती व्यक्ति हैं, जो सभी वर्गों और जातियों को साथ लेकर चलते हैं। वे भागलपुर जिले में पदस्थापित सभी पुलिसकर्मियों के सुख-दुख में सहभागिता निभाते हुए उनके हक और अधिकार की आवाज मजबूती से उठाते रहे हैं।

बताया गया कि अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार सामने आए थे, लेकिन एकतरफा माहौल को देखते हुए अन्य प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिसके बाद निराला यादव का निर्विरोध निर्वाचन सुनिश्चित हुआ।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक कुमार यादव, राष्ट्रीय महासचिव पंकज यादव उर्फ नीरज यादव, प्रदेश महासचिव प्रोफेसर अजय कुमार यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यजीत यादव, युवा जिला अध्यक्ष दीपक यादव, युवा महासचिव उत्सव यादव, जिला महासचिव बालकुमार यादव, युवा उपाध्यक्ष गोपाल यादव, नवगछिया पुलिस जिला अध्यक्ष पृथ्वीराज यादव सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं।