Home Blog Page 157

घोघा डकैती कांड का मुख्य आरोपी पवन कुमार शर्मा देवघर से गिरफ्तार

0

Bhagalpur News: भागलपुर पुलिस को घोघा थाना क्षेत्र में हुई डकैती कांड के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांड के मुख्य एवं अंतिम आरोपी पवन कुमार शर्मा को झारखंड के देवघर जिले से विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देशानुसार विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस अधीक्षक नगर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार छापेमारी कर आरोपी को रतनागांव थाना-चितरा, जिला-देवघर (झारखंड) से धर दबोचा।
गौरतलब है कि दिनांक 05.10.2025 को घोघा थाना क्षेत्र अंतर्गत कांती देवी पति गोपाल उपाध्याय के घर नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इस कांड में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी पवन कुमार शर्मा, ग्राम नवटोलिया (चौका), थाना औद्योगिक क्षेत्र, जिला भागलपुर का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, लूट, मारपीट और मद्य निषेध अधिनियम के तहत केस शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र का उपयोग किया जा रहा था। अंततः उसे देवघर से गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी दल में कई पुलिस पदाधिकारी और डीआईयू की टीम शामिल रही।
भागलपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुल्तानगंज में होली से पहले सख्ती: थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के निर्देश पर चला व्यापक वाहन चेकिंग अभियान

0

Bhagalpur News: होली पर्व को शांतिपूर्ण और नशामुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सुल्तानगंज थाना पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के दिशा-निर्देश पर तीन फरवरी की शाम विभिन्न स्थानों पर व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई से नशा खुरानी और अवैध नशा कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि होली के मद्देनजर क्षेत्र में शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।
चेकिंग अभियान के दौरान सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहनों की तलाशी ली गई। हालांकि जांच के दौरान किसी बड़े नशा कारोबार का ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा, लेकिन कागजातों की कमी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कई वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में लगाया गया। साथ ही चालान काटकर जुर्माना वसूला गया।
इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का सख्त निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि होली के दौरान नशा कर वाहन चलाने या नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि होली पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य सुल्तानगंज क्षेत्र को नशामुक्त और सुरक्षित बनाना है, ताकि लोग त्योहार को शांति और उत्साह के साथ मना सकें।
पुलिस की इस सक्रियता से जहां आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में खलबली मची हुई है।

होलिका दहन में हथियार लहराने का वीडियो वायरल, पूर्व विधायक गोपाल मंडल पर केस दर्ज

0

Bhagalpur News: भागलपुर में होलिका दहन के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक Gopal Mandal हाथ में हथियार लहराते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि होलिका दहन कार्यक्रम के दौरान यह वीडियो बनाया गया, जिसमें पूर्व विधायक कथित रूप से हथियार लेकर मौजूद दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही मामला तूल पकड़ने लगा और विभिन्न स्तरों पर चर्चा का विषय बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी जिला स्तर के एक वरीय पदाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल वीडियो की सत्यता क्या है, वीडियो कब और कहां का है, तथा जिस हथियार को लहराया जा रहा है वह लाइसेंसी था या नहीं।
गौरतलब है कि यह पहला अवसर नहीं है जब गोपाल मंडल का नाम हथियार को लेकर विवाद में आया हो। इससे पहले विधायक रहते हुए वे पूर्वी बिहार के सबसे बड़े अस्पताल Jawaharlal Nehru Medical College and Hospital (मायागंज अस्पताल) में हथियार के साथ पहुंचे थे, जिसे लेकर उस समय भी काफी विवाद हुआ था।
इधर, सिटी डीएसपी Ajay Choudhary ने जानकारी देते हुए बताया कि गोपाल मंडल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की विधिसम्मत जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मधुसुदनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, आगामी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण बनाने पर जोर

0

Bhagalpur News: भागलपुर के मधुसुदनपुर थाना परिसर में आगामी पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सफदर अली ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष ने कहा कि पर्व आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे शांति एवं सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। विशेष रूप से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं के प्रति सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पर्व के दौरान डीजे, जुलूस और अन्य आयोजनों को लेकर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य है। बिना अनुमति जुलूस निकालने या निर्धारित समय से अधिक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे। थानाध्यक्ष ने अंत में लोगों से आग्रह किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें और पर्व शांति और सद्भाव के साथ संपन्न हो सके।
इस बैठक के माध्यम से प्रशासन और नागरिकों ने मिलकर सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण पर्व सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता जताई।

मुख्यमंत्री दिव्यांगजन योजना के तहत बिहार के उद्यमियों को मिलेगा 10 लाख तक ऋण एवं अनुदान

0

Patna News: बिहार सरकार ने मुख्यमंत्री दिव्यांगजन योजना के माध्यम से राज्य के दिव्यांगजनों के लिए उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष कदम उठाया है। इस योजना के तहत पात्र दिव्यांग लाभुकों को प्रति इकाई परियोजना लागत अधिकतम 10 लाख रुपये तक ऋण और अनुदान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार ने सात निश्चय-3 के तहत रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी है। इसके अंतर्गत राज्य में 1 करोड़ रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं और उद्योग स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी रणनीति के तहत दिव्यांग व्यक्तियों में स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए यह योजना शुरू की गई है।
लाभार्थी इस योजना के लिए आवेदन करने के लिए उद्योग विभाग के पोर्टल https://udyami.bihar.gov.in⁠� के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। स्वीकृति मिलने पर परियोजना के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये ऋण अथवा अनुदान के रूप में प्रदान किए जाएंगे।
उद्योग विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों को स्वरोजगार के लिए सशक्त बनाना और उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र करना है। इसके साथ ही राज्य में रोजगार सृजन और छोटे उद्योगों की स्थापना को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस पहल से न केवल दिव्यांग व्यक्तियों को अपने व्यवसाय स्थापित करने का अवसर मिलेगा, बल्कि राज्य में स्वरोजगार और उद्यमिता का व्यापक विकास भी सुनिश्चित होगा।

450 से अधिक पंचायत सरकार भवनों का निर्माण पूरा, अगले 2-3 महीनों में 1000 भवनों का लक्ष्य

0

Patna News: भवन निर्माण विभाग की ओर से राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 2615 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। अब तक 450 से अधिक भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है। विभाग का लक्ष्य अगले 2-3 महीनों में 1000 से अधिक भवनों का निर्माण पूरा करना है।
भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। सामान्य क्षेत्रों में प्रत्येक भवन का क्षोत्रफल 7202 वर्गफीट और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 9538 वर्गफीट निर्धारित है। अब तक 100 पंचायत भवनों का प्रशासकीय हस्तांतरण किया जा चुका है।
हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने सभी अभियंताओं को निर्देश दिए कि बचे हुए भवनों का निर्माण मिशन मोड में पूरा करें और हैंडओवर की प्रक्रिया में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में कोई कमी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। सचिव ने अभियंताओं को निर्देश दिया कि सप्ताहिक स्थल निरीक्षण और संवेदकों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक करके निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
भवन निर्माण विभाग ने यह भी बताया कि सभी निर्माण सामग्रियां मानक के अनुरूप हों ताकि उच्च गुणवत्ता वाले भवन तैयार किए जा सकें।
पंचायत सरकार भवन ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन भवनों में राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे जनता को स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। भवन में पंचायत के मुखिया, पंचायत सचिव, सरपंच, राजस्व कर्मचारी और अन्य कर्मियों के बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

2 महीने में भ्रष्टाचार के 28 मामले दर्ज, 2024 की तुलना में 28 गुना अधिक कार्रवाई — निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की सख्ती

0

Patna News: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (Vigilance Investigation Bureau) ने वर्ष 2026 के जनवरी और फरवरी में भ्रष्टाचार से जुड़े कुल 28 मामले दर्ज किए हैं। यह संख्या वर्ष 2024 के इसी अवधि की तुलना में 28 गुना और 2025 की कार्रवाई से 4 गुना अधिक है। यह सफलता ब्यूरो की प्रशिक्षित और सक्रिय टीम की लगातार दबिश और सुव्यवस्थित कार्रवाई की प्रक्रिया के परिणामस्वरूप हासिल हुई है।
ब्यूरो के महानिदेशक जितेंद्र सिंह गंगवार ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि वर्ष 2023 के जनवरी-फरवरी में 10 मामले, 2024 में 1 मामला और 2025 में 7 मामले दर्ज किए गए थे। इस प्रकार केवल तीन वर्षों (2023-2025) में कुल 18 मामलों के मुकाबले, 2026 के सिर्फ दो महीनों में 28 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में 7 लाख 99 हजार रुपये जब्त किए गए हैं। अधिकांश मामलों में लोकसेवकों को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया और आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामलों में भी कार्रवाई की गई।
महानिदेशक ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी ब्यूरो पूरी तरह संकल्पित है। टीम पहले से अधिक सशक्त हुई है, जिसकी वजह से कार्रवाई की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले ढाई दशक के आंकड़ों पर गौर करें तो औसतन हर वर्ष 72 मामले दर्ज किए जाते थे, यानी प्रतिमाह लगभग 6 मामलों की दर। वर्ष 2025 में कार्रवाई में तेजी के कारण 122 मामले दर्ज हुए, यानी औसतन हर महीने 10 लोकसेवकों के खिलाफ केस।
ब्यूरो कार्यालय 24 घंटे सक्रिय है और कार्रवाई की प्रक्रिया पहले से सुगम और सहज हो चुकी है। वर्ष 2025 में 30 मामलों में सजा सुनाई गई थी, जबकि वर्ष 2026 के जनवरी-फरवरी में चार मामलों में सजा दी जा चुकी है। करीब 200 मामले स्पीडी ट्रायल में ले जाने के लिए लक्षित किए गए हैं और वर्ष 2026 की समाप्ति तक अधिक से अधिक मामलों में सजा दिलाने की तैयारी पूरी है।
इस अवसर पर महानिदेशक ने ब्यूरो परिसर में कैंटीन भवन के जीर्णोद्धार और विस्तार का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कैंटीन खुलने से कर्मचारियों और अधिकारियों के कामकाज में सुविधा और सुव्यवस्था आएगी।
यह आंकड़े और कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्य सरकार की शून्य सहनशीलता नीति को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं और जनभागीदारी एवं सूचना आधारित निगरानी की दिशा में बड़े कदम के रूप में देखी जा रही हैं।

भक्ति और परंपरा के रंग में रंगा Bhagalpur, गांवों में गूंजे फाग के सुर, लोक परंपरा ने मनमोहक बनाया होली उत्सव

0

Bhagalpur News: रंगों का पावन पर्व होली पूरे देश के साथ-साथ Bhagalpur में भी श्रद्धा, उत्साह और परंपरा के संग मनाया जा रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में होली का नजारा बेहद खास और दिल को छू लेने वाला नजर आया।
सुबह होते ही गांवों की चौपालों और मंदिरों में लोग एकत्रित हुए। सबसे पहले पारंपरिक होली भजन गाकर भगवान की आराधना की गई। ढोल, मंजीरा और झाल की मधुर ध्वनि के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा। ग्रामीणों ने ईश्वर से सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
इसके बाद फाग गीतों की गूंज से पूरा क्षेत्र रंग और रस में सराबोर हो गया। महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में होली के गीत गाते नजर आए। बुजुर्गों की अगुवाई में युवा पीढ़ी ने भी इस लोक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उत्सव में अपनी सक्रिय भागीदारी दिखाई।
इस दौरान ग्रामीणों ने होली के अवसर पर मेल-जोल और भाईचारे का संदेश भी दिया। इस प्रकार भागलपुर के गांवों में होली केवल रंगों का पर्व ही नहीं, बल्कि भक्ति, परंपरा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक भी बनकर उभरी।

भागलपुर में नवनिर्वाचित JDU महानगर जिला अध्यक्ष संजय साह को नेताओं ने अंग वस्त्र और मिठाई खिलाकर मनाया जश्न

0

Bhagalpur News: भागलपुर जेडीयू के नवनिर्वाचित महानगर जिला अध्यक्ष  संजय साह को  पटेल नगर स्थित आवास पर हार्दिक बधाई देने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष सुडू साईं ने जीत के उपलक्ष्य में अंग वस्त्र और मिठाई भेंट कर अध्यक्ष साह को बधाई दी।
कार्यक्रम में नागरिक परिषद सदस्य राकेश ओझा ने भी अंग वस्त्र भेंट कर नवनिर्वाचित अध्यक्ष को जीत की शुभकामनाएँ दी। इसके अतिरिक्त पार्टी के वरिष्ठ नेता टिंकू मोदी ने भी अंग वस्त्र देकर अध्यक्ष साह को अभिनंदन किया।
इस अवसर पर सभी उपस्थित नेताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष के प्रति अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त की और आगामी संगठनात्मक कार्यों में सहयोग की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय सदस्यों में उत्साह और आनंद की भावना देखी गई।
नवनिर्वाचित महानगर जिला अध्यक्ष संजय साह ने उपस्थित नेताओं और शुभचिंतकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह संगठन को और मजबूती देने और जनता की सेवा के लिए सक्रिय रहेंगे।

Goradih प्रखंड कार्यालय में रंगोत्सव की धूम, सौहार्द के साथ मनाया गया होली मिलन समारोह

0

Bhagalpur News: भागलपुर के गोराडीह प्रखंड कार्यालय परिसर में रंगोत्सव कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और भाईचारे के माहौल में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के कर्मियों ने भाग लेकर होली के रंगों के साथ आपसी सौहार्द और एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रभात केसरी की पहल पर किया गया। इस अवसर पर सभी कर्मियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और प्रशासनिक कार्यों के बीच आपसी समन्वय एवं सकारात्मक वातावरण को मजबूत करने का संकल्प लिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी लोग शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के साथ रंगों का यह पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता और प्रेम का प्रतीक है, इसलिए इसे जिम्मेदारी और संयम के साथ मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर श्रीकांत मिश्रा, राहुल देव प्रसाद, विधान चंद्र वेंकट, उमेश दास सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आपसी मेल-मिलाप और मिठाई वितरण के साथ उत्सव का समापन हुआ।
रंगोत्सव कार्यक्रम ने प्रखंड कार्यालय में सकारात्मक ऊर्जा और टीम भावना को और सशक्त किया।