Home Blog Page 150

चैत्र मास की मासिक शिवरात्रि 2026: पूजा विधि, महत्व और उपाय

0
शिवरात्री
चैत्र शिवरात्री 2026

चैत्र शिवरात्रि 2026: साल 2026 में चैत्र माह की मासिक शिवरात्रि 17 मार्च, मंगलवार को पड़ रही है. हिंदू धर्म में मासिक शिवरात्रि का विशेष महत्व है और इसे भगवान शिव की आराधना का शुभ दिन माना जाता है. इस दिन श्रद्धालु व्रत रखते हैं, शिवलिंग का अभिषेक करते हैं और भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं.

धार्मिक मान्यता है कि मासिक शिवरात्रि पर विधिपूर्वक पूजा करने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं.

मासिक शिवरात्रि का महत्व

  • मासिक शिवरात्रि हर महीने कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को आती है.
  • इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा होती है.
  • पूजा और व्रत से जीवन की कष्टों और बाधाओं का निवारण होता है और घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है.
  • भक्त पूरे दिन व्रत रखते हैं और रात में विशेष रूप से शिवलिंग की पूजा करते हैं.

मासिक शिवरात्रि पर पूजा कैसे करें

  • स्नान और वस्त्र: सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें.
  • पूजा स्थल: घर के मंदिर या शिव मंदिर में जाएं.
  • अभिषेक सामग्री: शिवलिंग पर जल, दूध, दही, शहद, घी और गंगाजल से अभिषेक करें.
  • फूल और अन्य सामग्री: बेलपत्र, धतूरा, भांग, अक्षत और सफेद फूल चढ़ाएं.
  • मंत्र जाप: “ॐ नमः शिवाय” या महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें.

शिवजी को प्रसन्न करने के उपाय

  • शिवलिंग पर जल और दूध: जीवन की बाधाएं दूर होती हैं.
  • बेलपत्र अर्पित करना: शिवजी को यह अत्यंत प्रिय है और विशेष फल की प्राप्ति होती है.
  • मंत्र जाप: मानसिक शांति मिलती है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है.
  • दान करना: गरीबों को अन्न, फल या वस्त्र का दान पुण्यदायक माना जाता है.

मासिक शिवरात्रि के लाभ

  • जीवन में सुख और समृद्धि की प्राप्ति.
  • आध्यात्मिक उन्नति और मानसिक शांति.
  • घर और परिवार में सकारात्मक ऊर्जा और सौहार्द.

भागलपुर में पुलिस का विशेष समकालीन अभियान, 61 आरोपियों की गिरफ्तारी; अवैध शराब, हथियार और कई सामान बरामद

0

Bhagalpur News: भागलपुर पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के उद्देश्य से 9 मार्च से 10 मार्च तक विशेष समकालीन अभियान चलाया गया। इस अभियान का संचालन वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में किया गया, जिसमें कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुईं।

अभियान के दौरान कुल 61 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें विभिन्न कांडों में संलिप्त 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि आर्म्स एक्ट के एक मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके अलावा लूट कांड में 3 आरोपियों की गिरफ्तारी भी पुलिस ने की है।

शराबबंदी कानून के तहत कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि 6 लोगों को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया। वहीं पुराने मामलों में फरार चल रहे अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए 36 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किए हैं। बरामदगी में एक मार्केट राइफल, 19 जिंदा कारतूस, 8 खोखा, 10 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, दो गैस चूल्हा, दो सिलेंडर और 9400 रुपये नकद शामिल हैं।

इसके साथ ही पुलिस ने मादक पदार्थ और अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की। इस दौरान 0.75 लीटर विदेशी शराब और 27 लीटर देशी शराब बरामद की गई।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। वाहन जांच अभियान के दौरान कुल 1110 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियम तोड़ने वालों से 1 लाख 18 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

भागलपुर पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

14 मार्च को भागलपुर में लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, लंबित मामलों के निपटारे का मिलेगा मौका

0

Bhagalpur News: भागलपुर में लंबित मामलों के त्वरित और आपसी समझौते के आधार पर निपटारे के लिए 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न प्रकार के मामलों का सरल और शीघ्र निष्पादन किया जाएगा।

लोक अदालत में बिजली विभाग से जुड़े विवाद, बैंक से संबंधित मामले, ट्रैफिक चालान, आपसी समझौते वाले सिविल मामले और अन्य लंबित प्रकरणों का निपटारा किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को कम समय और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराना है।

लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक विभाग की ओर से व्यापक तैयारी की जा रही है। इसके तहत भागलपुर व्यवहार न्यायालय में 20 बेंच, कहलगांव में 2 बेंच और नवगछिया में 5 बेंच का गठन किया गया है। इन सभी बेंचों पर अलग-अलग प्रकार के मामलों की सुनवाई कर उनका निष्पादन किया जाएगा।

इसी क्रम में बुधवार को भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर से लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए एक जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर भागलपुर के प्रधान न्यायाधीश सहित कई न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे।

यह जागरूकता वाहन शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी जाकर लोगों को लोक अदालत के महत्व और लाभ के बारे में जानकारी देगा। इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को लोक अदालत से जोड़ना और उन्हें अपने मामलों का जल्द निपटारा कराने के लिए प्रेरित करना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से अपील की है कि जिनके मामले लंबित हैं, वे लोक अदालत में आकर आपसी सहमति से उनका समाधान कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।

भागलपुर में गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, फुआ को बचाने उतरे तीन युवकों की डूबने से मौत

0

Bhagalpur News: भागलपुर से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गंगा स्नान के दौरान एक महिला को बचाने के प्रयास में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना भागलपुर के धोधा घाट की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार गंगा स्नान के दौरान एक महिला अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। महिला को डूबता देख वहां मौजूद तीन युवक उसे बचाने के लिए तुरंत गंगा नदी में कूद पड़े।

बताया जा रहा है कि नया टोला ओलपुरा निवासी नंदलाल साह के 26 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार, शालिग्राम साह के 24 वर्षीय पुत्र सनी कुमार और 26 वर्षीय बॉबी कुमार अपनी फुआ रुकमनी देवी को बचाने के लिए गंगा में उतरे थे। लेकिन गंगा की तेज धारा और गहराई के कारण तीनों युवक खुद ही गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों की तत्परता से रुकमनी देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल उनका इलाज शहर के एक निजी क्लीनिक में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद तीनों युवकों के शव गंगा नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

भागलपुर में गैस को लेकर अफवाह से हड़कंप, एजेंसियों पर सुबह से उमड़ी भीड़

0

Bhagalpur News: पूरे बिहार में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर फैल रही अफवाहों का असर अब भागलपुर में भी देखने को मिल रहा है। अफवाह के कारण शहर के विभिन्न गैस एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई। लोग अपने दैनिक काम-काज छोड़कर गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं और घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

शहर के कई इलाकों में गैस एजेंसियों के बाहर अचानक भीड़ बढ़ने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई उपभोक्ताओं को लंबा इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ जगहों पर एजेंसी कर्मियों को भी भीड़ को संभालने में परेशानी हुई।

गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि भागलपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और नियमित रूप से उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और बिना जरूरत सिलेंडर लेने के लिए भीड़ न लगाएं।

वहीं जिला प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है।

इसके बावजूद अफवाहों का असर लोगों पर साफ दिखाई दे रहा है और गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासन और एजेंसी संचालक स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए लोगों को लगातार जागरूक करने में जुटे हुए हैं।

समृद्धि यात्रा के तहत अररिया पहुंचे मुख्यमंत्री, नए पुलिस केंद्र के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन

0

Bihar News: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी समृद्धि यात्रा के तहत आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अररिया जिला का दौरा कर विकास योजनाओं की समीक्षा की और कई नई परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने नए पुलिस केंद्र के प्रशासनिक भवन का उद्घाटन किया और जिले में चल रही कई विकासात्मक योजनाओं का अवलोकन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से जिले में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं का उद्देश्य जिले के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना और आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

दौरे के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अररिया जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया। इसमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की जानकारी साझा की गई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को जल्द से जल्द इनका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर जिले में विकास को गति देना और जनता तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

भागलपुर में लॉटरी और ठगी मामले में दोषी को सजा, कोर्ट ने लगाया जुर्माना

0

Bhagalpur News: भागलपुर में अवैध लॉटरी और ठगी से जुड़े एक पुराने मामले में माननीय न्यायालय ने अहम फैसला सुनाते हुए आरोपी को दोषी करार दिया है। नाथनगर थाना क्षेत्र से जुड़े इस मामले में अदालत ने पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और दाखिल चार्जशीट के आधार पर आरोपी पर जुर्माना लगाया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला नाथनगर थाना कांड संख्या 249/1997 से संबंधित है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 294(A) तथा 3/4 लॉटरी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय भागलपुर ने आरोपी प्रीतम साह को दोषी पाया।

अदालत ने अपने फैसले में धारा 294(A) आईपीसी के तहत आरोपी पर ₹1000 का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा धारा 420 आईपीसी के तहत भी ₹1000 का जुर्माना लगाया गया है।

न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आरोपी द्वारा निर्धारित जुर्माना अदा नहीं किया जाता है, तो उसे एक सप्ताह का साधारण कारावास भुगतना होगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और अदालत में प्रस्तुत चार्जशीट के आधार पर न्यायालय ने यह फैसला सुनाया है। इस फैसले को कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भागलपुर पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

भागलपुर में अवैध हथियार मामले में तीन दोषियों को सजा, कोर्ट ने सुनाया कठोर कारावास और जुर्माना

0

Bhagalpur News: भागलपुर में अवैध हथियार रखने के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। यह फैसला सबौर थाना कांड संख्या 364/18 से जुड़े मामले में सुनाया गया, जिसमें पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य और दाखिल चार्जशीट के आधार पर अदालत ने आरोपियों को दोषी पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, माननीय न्यायालय भागलपुर ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A और 26 के तहत सुनवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को दोष सिद्ध होने पर सजा सुनाई। अदालत ने इस मामले में पुलिस की जांच और साक्ष्यों को मजबूत मानते हुए कठोर रुख अपनाया।

दोषी करार दिए गए आरोपी

  1. मो. छोटू
  2. मनोज चौधरी
  3. लक्ष्मण मंडल

अदालत ने आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)(a) के तहत तीनों दोषियों को 2 वर्ष के कठोर कारावास और ₹5000 जुर्माना की सजा सुनाई है। इसके अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 26 के तहत 1 वर्ष का कठोर कारावास और ₹1000 जुर्माना भी लगाया गया है।

अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि दोषी जुर्माना अदा नहीं करते हैं तो उन्हें अतिरिक्त एक माह का साधारण कारावास भुगतना होगा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में सबौर थाना पुलिस ने जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य जुटाए और समय पर चार्जशीट दाखिल की, जिसके आधार पर अदालत ने दोषियों को सजा सुनाई। पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

भागलपुर पुलिस ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

भागलपुर में लूट कांड का खुलासा: मोजाहिदपुर पुलिस ने तीन अपराधियों को दबोचा, मोबाइल, बाइक और नकदी बरामद

0

Bhagalpur News: भागलपुर पुलिस ने मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र में हुई लूट की एक बड़ी घटना का सफल उद्भेदन करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और नकद राशि भी बरामद की है।

वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चोरी और छिनतई की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा सघन छापेमारी अभियान भी चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 23 जनवरी को हसनगंज रोड और मिर्जान रोड के बीच सत्यनंद कुमार (पिता– स्व. सुधांशु गुप्ता) से घर जाने के दौरान तीन नकाबपोश अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में मोजाहिदपुर थाना कांड संख्या 12/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना के खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में तथा पुलिस उपाधीक्षक नगर–02 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. दीपक कुमार महालदार (पिता– राज महालदार), निवासी – चम्पानगर, थाना नाथनगर, जिला भागलपुर
  2. मो. गुड्डू उर्फ अफाक अंसारी (पिता– मो. इलियास अंसारी), निवासी – मोमिन टोला, थाना हबीबपुर, जिला भागलपुर
  3. रौनक कुमार (पिता– विशु मालाकार), निवासी – चम्पानगर, थाना नाथनगर, जिला भागलपुर

पुलिस ने इन तीनों अपराधियों को उनके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में लूट कांड में शामिल अन्य अपराधियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

बरामद सामान

  • 07 मोबाइल फोन
  • 01 मोटरसाइकिल
  • 9400 रुपये नकद

छापेमारी टीम

इस कार्रवाई में डीआईयू टीम और मोजाहिदपुर थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। टीम में डीआईयू प्रभारी योगेश प्रसाद साहनी, थानाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

भागलपुर पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भागलपुर नगर निगम का बजट 2026-27 पेश: सड़कों, ड्रेनेज और स्वच्छता पर रहेगा विशेष फोकस

0

Bhagalpur News: Bhagalpur नगर निगम के सभागार में मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर सामान्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर डॉ वसुंधरा लाल ने की, जिसमें शहर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और नगर निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कई अहम प्रस्तावों को बजट में शामिल किया गया। विशेष रूप से जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम), सड़कों के सुदृढ़ीकरण और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए विशेष फंड आवंटित किए जाने का निर्णय लिया गया।

स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 पर फोकस

नगर निगम का लक्ष्य आने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 में भागलपुर की रैंकिंग बेहतर करना है। इसके लिए डोर-टू-डोर कचरा उठाव व्यवस्था को और मजबूत करने, ठोस कचरा प्रबंधन (Solid Waste Management) के लिए अत्याधुनिक मशीनों की खरीद और सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित करने पर सहमति बनी।

बजट की प्रमुख प्राथमिकताएं

बजट में शहर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है, जिनमें शामिल हैं—

  • हर वार्ड में पाइपलाइन विस्तार और नए नलकूपों की स्थापना
  • स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत स्मार्ट रोड और पार्कों का सौंदर्यीकरण
  • होल्डिंग टैक्स और अन्य शुल्क संग्रह प्रणाली को डिजिटल और पारदर्शी बनाना
  • सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार और वेंडिंग जोन का व्यवस्थित निर्माण

महापौर का संबोधन

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर डॉ वसुंधरा लाल ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 का यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि शहरवासियों की उम्मीदों और जरूरतों का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और समयबद्ध तरीके से योजनाओं को जमीन पर उतारना है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए भागलपुर को एक सस्टेनेबल शहर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

बैठक के अंत में नगर आयुक्त किशलय कुशवाहा ने सभी पार्षदों और अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर उप-महापौर, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य, विभिन्न वार्डों के पार्षद, उप नगर आयुक्त तथा निगम के सभी शाखा प्रभारी उपस्थित थे l