Bhagalpur News: भागलपुर जिले की पीरपैंती थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसके मंसूबों पर पानी फिर गया।
सुंदरपुर टेंपो स्टैंड में छिपा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस को सूचना मिली थी कि सुंदरपुर स्थित टेंपो स्टैंड के पास एक युवक हथियार लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। खबर मिलते ही पीरपैंती पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही युवक टेंपो में छिपने लगा, जिसे संदेह के आधार पर हिरासत में ले लिया गया।
तलाशी में कमर से निकला देसी कट्टा और पिस्टल की मैगजीन
हिरासत में लेने के बाद जब पुलिस ने युवक की सघन तलाशी ली, तो उसकी कमर से एक अवैध देसी कट्टा और एक पिस्टल की मैगजीन बरामद हुई। पूछताछ के बाद गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुवन टोला निवासी 25 वर्षीय प्रिंस कुमार यादव के रूप में की गई है।
पहले से दर्ज हैं दो आपराधिक मामले, पुलिस खंगाल रही आपराधिक इतिहास
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ-2 स्नेह सेतु ने बताया कि बरामद हथियार पूरी तरह अवैध हैं। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गए युवक का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से भी दो मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक हथियार कहां से लाया था और उसका क्या उद्देश्य था।


