Bhagalpur News: भागलपुर जिले के सुलतानगंज प्रखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बाढ़ की विभीषिका झेल रहे ग्रामीणों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। राहत सामग्री न मिलने से नाराज हजारों बाढ़ प्रभावित परिवारों ने अंचल कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया और प्रशासनिक ढुलमुल रवैये के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया।
घरों में 4 फीट तक पानी, भूख और संकट से बेहाल परिवार
प्रदर्शन कर रहे बाढ़ पीड़ितों ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि वे पिछले चार-पांच दिनों से बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं। उनके घरों में तीन से चार फीट तक पानी घुस चुका है, जिससे रहना और खाना पूरी तरह से दूभर हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन की ओर से अब तक किसी तरह की कोई खाद्य या राहत सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे उनका जीवन गहरे संकट में है।
पीड़ित महिलाओं ने खोला मोर्चा, अधिकारियों के छूटे पसीने
अंचल कार्यालय परिसर में सबसे ज्यादा आक्रोश महिलाओं में देखने को मिला। भोजन और सुरक्षित ठिकाने की किल्लत से जूझ रही महिलाओं ने अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार पर जमा होकर काफी देर तक जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया। हंगामे की स्थिति को देखते हुए अंचल कार्यालय के कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
सीओ से मुलाकात के बाद भी नहीं मिला ठोस आश्वासन
काफी देर तक चले हंगामे के बाद बाढ़ पीड़ितों के प्रतिनिधिमंडल ने अंचल अधिकारी (सीओ) से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। हालांकि, प्रशासनिक पदाधिकारियों की ओर से पीड़ितों को कोई तत्काल ठोस आश्वासन नहीं मिल सका। अधिकारियों ने केवल इतना ही कहा कि जल्द ही समीक्षा कर प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री का वितरण शुरू करवाया जाएगा।
बाढ़ पीड़ित महिला: घरों में पानी घुसने, भोजन की किल्लत और प्रशासनिक उपेक्षा पर अपना दर्द बयां करते हुए।


