त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, संदिग्धों और पूर्व अपराधियों पर नजर; संवेदनशील इलाकों को हॉटस्पॉट चिन्हित कर बढ़ाई गई पुलिस गश्ती
Bhagalpur News: in आगामी दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर भागलपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार सुबह से ही शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस की ओर से सर्च और सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों को रोककर तलाशी ली और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
सिटी एसपी अतुलेश झा और सिटी डीएसपी हेमंत के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग इलाकों में पुलिस टीमों ने वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान किसी भी तरह की आपराधिक घटना को रोकना और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
सिटी एसपी ने बताया कि दुर्गा पूजा और दशहरा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। पुलिस की ओर से आम लोगों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। प्रमुख बाजारों, पूजा स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और आने-जाने वाले महत्वपूर्ण मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है।
संदिग्धों और पूर्व अपराधियों पर रहेगी कड़ी नजर
पुलिस अधिकारियों ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों और पूर्व के अपराधियों की पहचान कर उन पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। पुलिस का फोकस खास तौर पर उन इलाकों पर है, जहां त्योहार के दौरान लोगों की भीड़ अधिक रहती है।
दुर्गा पूजा के दौरान महिलाओं और आम लोगों के साथ छिनतई, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए संवेदनशील स्थानों को हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है। इन इलाकों में पुलिस गश्ती बढ़ाने के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
चौक-चौराहों पर बढ़ेगी निगरानी
त्योहार के दौरान शहर में वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन जांच और पुलिस निगरानी जारी रहेगी। पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के साथ-साथ यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखेगी।
भागलपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि त्योहार के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में दुर्गा पूजा एवं दशहरा संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है।


