सजौर के फतेहपुर गांव में खेलते समय हुआ हादसा, दोनों घायल बच्चों का मायागंज अस्पताल में इलाज; FSL टीम ने शुरू की जांच, बोतल में क्या था—पुलिस कर रही पड़ताल
Bhagalpur News: भागलपुर के सजौर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में एक संदिग्ध बोतल के अचानक फटने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना महादेव स्थान के समीप की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कई बच्चे बालू के ढेर पर खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों की नजर वहां पड़ी एक छोटी बोतल पर पड़ी। बताया जा रहा है कि एक बच्चे ने बोतल को उठाकर जैसे ही हाथ में लिया, उसी दौरान उसमें जोरदार धमाका हो गया। धमाके की चपेट में आने से अमृता कुमारी और वैभव कुमार घायल हो गए।
धमाके के बाद मची अफरा-तफरी
अचानक हुए धमाके से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दोनों बच्चों को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र की भी जांच की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।
FSL टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बालू के ढेर पर मिली बोतल में आखिर क्या था और वह अचानक किस वजह से फट गई।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बोतल वहां कैसे पहुंची और क्या उसमें कोई विस्फोटक या अन्य संदिग्ध पदार्थ मौजूद था। फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच कर रही है। बोतल में क्या था और धमाका किस कारण हुआ, इसका स्पष्ट खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


