Homeबिहारभागलपुर सिटीभागलपुर में स्वच्छता को लेकर प्रशासन सख्त, LBSNAA निदेशक बोले—यह सबकी साझा...

भागलपुर में स्वच्छता को लेकर प्रशासन सख्त, LBSNAA निदेशक बोले—यह सबकी साझा जिम्मेदारी

Bhagalpur News: भागलपुर जिले में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत लेगेसी वेस्ट के निस्तारण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जलस्रोतों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है।

इस क्रम में आयोजित कार्यक्रम में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA), मसूरी के निदेशक श्री श्रीराम तारिणिकांती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त, जिलाधिकारी भागलपुर सहित स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्रीराम तारिणिकांती ने अपने संबोधन में स्पष्ट कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह समग्र प्रशासनिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने लेगेसी साइट्स की सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जलस्रोतों के संरक्षण को सतत विकास के लिए अनिवार्य बताते हुए भागलपुर जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त अवनीश कुमार ने कहा कि स्वच्छता अभियान की सफलता के लिए अनुशासन, विभागीय समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ परिवेश न केवल स्वास्थ्य सुधार में सहायक है, बल्कि इससे जिले की छवि और जीवन गुणवत्ता भी बेहतर होती है।

वहीं जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों, झीलों, संपर्क पथों, सार्वजनिक स्थलों और लेगेसी साइट्स की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार इस अभियान का नेतृत्व उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों की लेगेसी साइट्स को चिह्नित कर उनकी साफ-सफाई कराई जा रही है। साथ ही गांवों की सड़कों, तालाबों और अन्य सार्वजनिक स्थलों को कचरा मुक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

अभियान को जमीनी स्तर पर और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला का भी आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों, फील्ड स्तर पर क्रियान्वयन, मॉनिटरिंग और जवाबदेही से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह जिला स्तरीय स्वच्छता अभियान भागलपुर को स्वच्छता के जनआंदोलन के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन का लक्ष्य जनसहभागिता को बढ़ावा देकर जिले के सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरणीय रूप से सुरक्षित बनाना है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Bhāgalpur
clear sky
29.8 ° C
29.8 °
29.8 °
52%
1.9m/s
7%
Sun
32 °
Mon
31 °
Tue
31 °
Wed
31 °
Thu
31 °

Most Popular