लिटरेसी मंथ के तहत भवानी कन्या मध्य विद्यालय में सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को शिक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति किया गया जागरूक
Bhagalpur News: रोटरी इंटरनेशनल के लिटरेसी मंथ के तहत रोटरी विक्रमशिला पिंक क्लब की ओर से मंगलवार को एसएम कॉलेज रोड, छोटी खंजरपुर स्थित भवानी कन्या मध्य विद्यालय में सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य और अनुशासन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के करीब 200 बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, रबर, शार्पनर, पेंसिल बॉक्स, कलर और चॉकलेट सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं उपयोगी सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया।
60 छात्राओं को सैनिटरी पैड का वितरण
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 7 और 8 की करीब 60 छात्राओं को सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए गए। इसके साथ छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता और मासिक धर्म के दौरान स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
हैंडवॉश के इस्तेमाल पर भी दिया गया जोर
विद्यालय में स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 पैकेट हैंडवॉश प्रभारी प्रधानाचार्य को सौंपे गए। रोटरी सदस्यों ने बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने के महत्व के बारे में बताया। विशेष रूप से भोजन करने से पहले और शौचालय के इस्तेमाल के बाद हाथ धोने की आदत अपनाने पर जोर दिया गया। बताया गया कि व्यक्तिगत और आसपास की स्वच्छता कई तरह की बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’ से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत रोटरी की वरिष्ठ सदस्य रोटेरियन मृदुला घोष और क्लब की अध्यक्ष सुधा पांडेय द्वारा भावपूर्ण गीत ‘ऐ मालिक तेरे बंदे हम’ की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं छठ पर्व से जुड़े मनमोहक गीत प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों को कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने खूब सराहा।
शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश
रोटरी विक्रमशिला पिंक क्लब की इस पहल के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य और अनुशासन के महत्व का संदेश दिया गया। क्लब सदस्यों ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा के साथ स्वस्थ एवं स्वच्छ वातावरण भी जरूरी है। जरूरतमंद बच्चों को सहयोग उपलब्ध कराने और समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ऐसे सेवा कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की बात कही गई।
कार्यक्रम में क्लब की चार्टर अध्यक्ष रोटेरियन चन्दना चौधरी, पूर्व अध्यक्ष गायत्री सिंह, किरण गोस्वामी, अध्यक्ष सुधा पांडेय, उपाध्यक्ष कमला साहू, मृदुला घोष, सचिव तबस्सुम परवेज, पूर्व अध्यक्ष बबीता साह, सीमा साह, बबीता भगत, शालिनी कुमारी, प्रशांत बनर्जी सहित रोटरी के कई सदस्य मौजूद रहे।
विद्यालय की ओर से प्रभारी प्रधानाध्यापक सुबोध कुमार, शिक्षक रेणु कुमारी, पूनम कुमारी, अंजली सिंह, भानु भास्कर, शबाना रसूल, रुचि कुमारी, किरण कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया।
रोटरी की सेवा भावना का उदाहरण
रोटरी विक्रमशिला पिंक क्लब की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बच्चों के बीच जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सामाजिक पहल के रूप में सामने आया। शैक्षणिक सामग्री के साथ स्वच्छता और मासिक धर्म स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर बच्चों को शिक्षा और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित किया गया।


