Homeपॉलिटिक्सभागलपुर में प्रशांत किशोर की अहम बैठक, 5 अक्टूबर को रजनीश रंजन...

भागलपुर में प्रशांत किशोर की अहम बैठक, 5 अक्टूबर को रजनीश रंजन के नामांकन में होंगे शामिल

कोशी स्नातक MLC चुनाव को लेकर जन सुराज ने तेज की तैयारी, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से नामांकन कार्यक्रम में जुटने की अपील

Bhagalpur News:  कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर भागलपुर में जन सुराज ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने भागलपुर पहुंचकर पार्टी के प्रत्याशी डॉ. रजनीश रंजन और संगठन के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक की। बैठक खलीफा बाग चौक के समीप स्थित मंगल उत्सव विवाह भवन में आयोजित की गई।

बैठक में भागलपुर के साथ-साथ कोशी और पूर्णिया प्रमंडल से जुड़े जन सुराज के महत्वपूर्ण पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान आगामी MLC चुनाव की तैयारियों, नामांकन कार्यक्रम और प्रत्याशी के मुद्दों एवं वादों को स्नातक मतदाताओं तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई। जन सुराज ने कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. रजनीश रंजन को अपना प्रत्याशी बनाया है।

5 अक्टूबर को रजनीश रंजन का नामांकन, प्रशांत किशोर भी रहेंगे मौजूद

बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने घोषणा की कि डॉ. रजनीश रंजन 5 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे और वे स्वयं नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने जन सुराज के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में नामांकन कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया।

प्रशांत किशोर ने दावा किया कि रजनीश रंजन के नामांकन के साथ ही कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में वर्षों से चले आ रहे MLC चुनावी सिलसिले को समाप्त करने की शुरुआत होगी। यह बयान प्रशांत किशोर ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए दिया।

स्नातक मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति पर जोर

बैठक में चुनावी तैयारियों को लेकर संगठनात्मक स्तर पर चर्चा की गई। पार्टी नेताओं ने प्रत्याशी के मुद्दों और उनके द्वारा किए जा रहे वादों को क्षेत्र के स्नातक मतदाताओं तक पहुंचाने पर जोर दिया। रजनीश रंजन पिछले कई महीनों से कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न जिलों में मतदाता संवाद कार्यक्रम कर रहे हैं। उनके अभियान में रोजगार, शिक्षा, पुस्तकालय, बेरोजगार स्नातकों और स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए हैं।

बेगूसराय की घटना को लेकर सरकार पर प्रशांत किशोर का हमला

बैठक के दौरान प्रशांत किशोर ने बिहार में महिलाओं और बच्चों के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बेगूसराय, जमुई और समस्तीपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा।

प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि सरकार बनने के बाद भी महिलाओं के खिलाफ बर्बरता और अपराध की घटनाएं रुक नहीं रही हैं। उन्होंने रोजगार, अपराध और बाढ़ जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार से जवाबदेही की मांग की।

उन्होंने कहा कि बिहार में बड़ी संख्या में लोग बाढ़ की स्थिति से प्रभावित हैं और युवाओं के सामने रोजगार की समस्या बनी हुई है। प्रशांत किशोर ने कहा कि केवल नीतीश कुमार, नरेंद्र मोदी या लालू प्रसाद यादव के नाम पर वोट देने से बिहार का भला नहीं होगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा सरकार को तत्काल हटाना संभव नहीं है, लेकिन उसे जवाबदेह बनाया जा सकता है और उस पर लगाम लगाई जा सकती है।

कार्यकर्ताओं से नामांकन कार्यक्रम को मजबूत बनाने की अपील

जन सुराज की इस बैठक को कोशी स्नातक MLC चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी की कोशिश है कि नामांकन कार्यक्रम के जरिए संगठन की ताकत और प्रत्याशी के अभियान को क्षेत्र में व्यापक रूप से सामने लाया जाए।

बैठक में ललन यादव, प्रमंडलीय प्रभारी राकेश यादव, प्रमंडलीय मीडिया प्रभारी बाबुल विवेक, जिलाध्यक्ष सुशील सिंह, बांका जिलाध्यक्ष दीनबंधु, सुजाता वैद्य, लखन लाल पाठक, जमुई जिलाध्यक्ष रौबिन सिंह, मुंगेर जिलाध्यक्ष शाहब मल्लिक समेत जन सुराज के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव में विभिन्न राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं और चुनावी गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। बिहार विधान परिषद की स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना निर्धारित है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Bhāgalpur
scattered clouds
26.3 ° C
26.3 °
26.3 °
79%
2.1m/s
29%
Tue
26 °
Wed
32 °
Thu
34 °
Fri
34 °
Sat
33 °

Most Popular