Bhagalpur News: भागलपुर शहर में बेकाबू रफ्तार का खौफनाक मंजर एक बार फिर देखने को मिला है। कटहल बाड़ी के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कूड़ा फेंकने के दौरान हुआ भीषण हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामदुलारी देवी सड़क पार कर कूड़ा फेंकने जा रही थीं। उसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर बुरी तरह छटपटाने लगीं। इस हादसे में महिला के दोनों पैर टूट गए और पेट में भी गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
मायागंज अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए लोगों ने उन्हें फौरन इलाज के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन चोट गहरी होने के कारण इलाज के दौरान रामदुलारी देवी ने दम तोड़ दिया।
बाइक जब्त, चालक को पुलिस ने लिया हिरासत में
हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को मौके पर ही रोककर अपने कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन की रफ्तार कितनी थी।
शहर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ रहे तेज रफ्तार वाहनों ने एक बार फिर पैदल चलने वालों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


