Homeबिहारपटनापटना की राम नगरी कॉलोनी में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, 200 लोगों...

पटना की राम नगरी कॉलोनी में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, 200 लोगों ने कराया आंखों का परीक्षण

Patna News: पटना की राम नगरी कॉलोनी सेक्टर-2 में रविवार को आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में करीब 200 लोगों ने भाग लेकर अपनी आंखों की जांच कराई। राम नगरी सेक्टर-2 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, मस्तीचक, सारण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके घर के करीब प्राथमिक एवं बुनियादी नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराना था।

सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में राम नगरी कॉलोनी के साथ-साथ पटना के विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने हिस्सा लिया। शिविर में बिना किसी शुल्क के दृष्टि परीक्षण और आंखों की प्रारंभिक जांच की गई। लोगों को अस्पताल जाने की आवश्यकता के बिना एक ही स्थान पर कई तरह की नेत्र जांच की सुविधा मिली।

हाई-टेक विजन वैन में हुई अत्याधुनिक जांच

शिविर की खासियत रही अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की हाई-टेक विजन वैन यानी मोबाइल आई क्लिनिक, जिसके माध्यम से मरीजों की मौके पर ही विभिन्न प्रकार की जांच की गई। शिविर में टॉर्च जांच, दृष्टि तीक्ष्णता परीक्षण (Visual Acuity Test), ऑटो-रिफ्रैक्टोमीटर जांच, स्लिट लैंप जांच और प्राथमिक नेत्र परीक्षण के साथ आंखों से जुड़ी सामान्य समस्याओं की स्क्रीनिंग की गई।

जांच के दौरान जिन मरीजों में आगे विस्तृत परीक्षण या उपचार की आवश्यकता पाई गई, उन्हें बेहतर जांच एवं उपचार के लिए अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल रेफर किया गया।

2030 तक 1.20 करोड़ नेत्र परीक्षण का लक्ष्य

अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विवेक विकास ने बताया कि बिहार से क्योरेबल यानी ठीक होने योग्य अंधापन दूर करना अस्पताल के प्रमुख लक्ष्यों में शामिल है। इसी उद्देश्य के तहत वर्ष 2030 तक 1.20 करोड़ नेत्र परीक्षण और 20 लाख नेत्र सर्जरी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की ओर से पटना के नागरिकों को किदवईपुरी स्थित पटना विजन लाउंज के माध्यम से प्रीमियम ओपीडी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। सर्जरी की जरूरत वाले मरीजों को पटना स्थित उनके आवास से मस्तीचक स्थित मुख्य अस्पताल तक आने-जाने के लिए निःशुल्क वाहन सुविधा के साथ निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है।

चार महीनों में RWA की कई पहल

राम नगरी सेक्टर-2 RWA के सचिव अंजनी शर्मा ने कहा कि यह नेत्र जांच शिविर कॉलोनी के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए एसोसिएशन की ओर से किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि मई 2026 में RWA की वर्किंग कमेटी के गठन के बाद पिछले चार महीनों में कॉलोनी में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि दोनों लेन में प्रत्येक घर पर मकान संख्या प्लेट लगाई गई हैं। इसके अलावा कॉलोनी का साइनबोर्ड लगाया गया, क्षतिग्रस्त मैनहोल के ढक्कनों की मरम्मत कराई गई और जिन घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन नहीं था, वहां नए कनेक्शन उपलब्ध कराने में सहयोग किया गया।

इसके साथ ही नई स्ट्रीट लाइटें लगवाने, नियमित सड़क सफाई और मच्छररोधी फॉगिंग जैसी व्यवस्थाओं पर भी काम किया गया है। अंजनी शर्मा के अनुसार, नेत्र जांच शिविर इसी सामुदायिक प्रतिबद्धता का विस्तार है, जिसमें स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए लोगों को उनके घर के करीब चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।

लोगों की भागीदारी ने बढ़ाया RWA का भरोसा

शिविर के मेज़बान और वरिष्ठ अधिवक्ता एम. पी. दीक्षित ने कहा कि शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी RWA के प्रति निवासियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि महज चार महीनों में एसोसिएशन ने सामूहिक प्रयासों के माध्यम से कॉलोनी में कई ऐसे बदलाव किए हैं, जिन्हें लोग प्रत्यक्ष रूप से महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि RWA की विशेषता यह है कि उसकी विभिन्न पहल स्वयं कॉलोनी के निवासियों की जरूरतों और सुझावों से सामने आ रही हैं। नेत्र जांच शिविर भी इसी सामुदायिक भागीदारी का उदाहरण है।

ये लोग रहे मौजूद

शिविर के दौरान अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की टीम से डॉ. अहमद अली, पायल फिरदौस, पूजा सिंह, शिवानी सिंह, प्रिया पांडे, पिंटू कुमार, निखिल, राधा और चंदन मौजूद रहे। वहीं RWA की ओर से जगदीश उपाध्याय, हरेराम पांडेय, अरुण सिंह, शैलेश कुमार समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया से आयोजकों का उत्साह बढ़ा है। लोगों ने घर के नजदीक नि:शुल्क और आधुनिक जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Bhāgalpur
overcast clouds
32.6 ° C
32.6 °
32.6 °
57%
3.9m/s
96%
Sun
32 °
Mon
34 °
Tue
34 °
Wed
33 °
Thu
29 °

Most Popular