Homeभागलपुर सिटीगुरु-शिष्य परंपरा हुई शर्मसार: भागलपुर में शिक्षक दो नाबालिग छात्राओं को लेकर...

गुरु-शिष्य परंपरा हुई शर्मसार: भागलपुर में शिक्षक दो नाबालिग छात्राओं को लेकर फरार, 13 दिन बाद भी सुराग नहीं

Bhagalpur News: गुरु को भगवान का दर्जा दिया गया है, लेकिन भागलपुर जिले से गुरु-शिष्य संबंधों को कलंकित करने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। कहलगांव प्रखंड के रसलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनौरा स्थित जवाहरलाल नेहरू उच्च विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षक हरिओम यादव दो नाबालिग छात्राओं को बहला-फुसलाकर फरार हो गया है। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश और चिंता का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गायब दोनों छात्राएं कक्षा 9वीं की हैं और उसी स्कूल में पढ़ती थीं, जहां आरोपी शिक्षक हरिओम यादव क्लास टीचर थे। बताया जाता है कि हरिओम यादव 27 मई से ही दोनों छात्राओं को लेकर लापता हैं। इस घटना के बाद छात्राओं के परिजनों ने रसलपुर थाना में आवेदन देकर बच्चियों की बरामदगी की गुहार लगाई है, लेकिन घटना के 13 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।

मोबाइल से हुई दोस्ती, फिर फुसलाकर किया फरार

छात्राओं के परिजनों ने पुलिस को बताया कि हरिओम यादव के पास दो मोबाइल नंबर थे और वह अलग-अलग नंबर से दोनों छात्राओं से बातचीत करता था। एक छात्रा के पिता ने जब उसे देर रात छत पर बात करते हुए पकड़ा, तब सच्चाई सामने आई। पूछताछ करने पर छात्रा ने बताया कि मोबाइल फोन शिक्षक ने ही दिया है। बाद में छात्रा ने बताया कि उसकी एक सहेली भी उसी शिक्षक के संपर्क में थी।

जब परिजनों ने शिक्षक से इस बारे में बात की तो उल्टे वे धमकी देने लगे। इसके बाद अभिभावक स्कूल प्रबंधन के पास पहुंचे और प्राचार्य को पूरी जानकारी दी। लेकिन कुछ ही दिनों बाद शिक्षक दोनों छात्राओं को लेकर फरार हो गया।

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

धनौरा गांव के गनौरी साह के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना की तस्वीरें भी कैद हो गई हैं। फुटेज में 27 मई की रात 1:06 बजे शिक्षक एक छात्रा के साथ जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है।

ट्यूशन के बहाने बढ़ाई नजदीकी

शिक्षक हरिओम यादव स्कूल में पढ़ाने के साथ-साथ ट्यूशन भी देता था। इसी दौरान उसने छात्राओं से नजदीकियां बढ़ाईं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि स्कूल में हाजिरी बनाने के बाद शिक्षक अक्सर दोनों छात्राओं को बाजार घुमाने के बहाने ले जाता था और कहता था कि यह पढ़ाई से जुड़ा काम है।

पुलिस जांच जारी, पर कोई सुराग नहीं

भागलपुर के एसएसपी हृदय कांत ने बताया कि अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी शिक्षक के मोबाइल नंबर को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।

प्रशासन और शिक्षा विभाग की चुप्पी

कहलगांव के प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बालदेव ठाकुर ने बताया कि वे 31 मई को ही पदभार संभाले हैं और स्कूलों में छुट्टियां होने के कारण उन्हें भी पूरी जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी ली जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

गायब छात्राओं के परिजन बोले – बेटी को जल्द लाए पुलिस

डोली देवी (एक गायब छात्रा की मां) ने रोते हुए कहा –

“जिस स्कूल में हमारी बेटी पढ़ती थी, उसी के शिक्षक ने उसका अपहरण कर लिया। हमने खुद मोबाइल छीन कर पुलिस को सौंपा था।”

अभय रविदास (दूसरी छात्रा के पिता) ने कहा –

“मेरी बेटी को भी वह फोन से बात करता था। 27 मई की रात से मेरी बच्ची लापता है। उसकी सुरक्षा को लेकर हम बेहद चिंतित हैं।”

आशीष कुमार (समाजसेवी) ने कहा –

“इस मामले में प्रशासन की सुस्ती निंदनीय है। इतनी गंभीर घटना के बावजूद अब तक छात्राओं का कोई पता नहीं लगना पुलिस की नाकामी है।”

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Bhāgalpur
light rain
33.4 ° C
33.4 °
33.4 °
58%
5.1m/s
82%
Fri
33 °
Sat
33 °
Sun
34 °
Mon
33 °
Tue
35 °

Most Popular