अलंकृता पांडेय और प्रमोद कुमार यादव ने किया औचक निरीक्षण, परामर्श-प्रशिक्षण व्यवस्था मजबूत करने के साथ सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश
Bhagalpur News: बच्चों की देखभाल, शिक्षा, सुरक्षा और समग्र विकास को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने पर्यवेक्षण गृह, भागलपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गृह में आवासित बच्चों की देखभाल, शिक्षा, परामर्श, जीवन कौशल प्रशिक्षण एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई को निर्देश दिया कि पर्यवेक्षण गृह में आवासित बच्चों को नियमित एवं प्रभावी रूप से परामर्श तथा जीवन कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं उपयोगी कौशल प्रदान किया जाए, ताकि पर्यवेक्षण गृह से बाहर जाने के बाद वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ सकें।
बच्चों के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षण गृह के सभी कर्मियों को बच्चों के प्रति अधिक संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और लगन के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों की आवश्यकताओं को समझते हुए उनकी समुचित देखभाल और विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा।
शिक्षा व्यवस्था पर भी विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। प्रतिनियुक्त शिक्षकों को बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से संचालित करने तथा उनकी शैक्षणिक गतिविधियों पर समुचित ध्यान देने का निर्देश दिया गया, ताकि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो।
SSP ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने पर्यवेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्देशित किया कि पर्यवेक्षण गृह में आवासित बच्चों के सुरक्षित, संवेदनशील एवं समग्र विकास के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाएं।


