Home Blog Page 322

“मेंहीं – एक विचार” का भव्य फर्स्ट लुक कुप्पाघाट आश्रम से हुआ जारी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया लोकार्पण

0

Bhagalpur News: संतमत के महान प्रवर्तक, परमाराध्य महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित हिन्दी फिल्म “मेंहीं – एक विचार” का भव्य फर्स्ट लुक आज भागलपुर के ऐतिहासिक कुप्पाघाट आश्रम से जारी किया गया। यह आयोजन आध्यात्मिक चेतना और तकनीकी नवाचार का दुर्लभ संगम बना, जहां हजारों श्रद्धालुओं, संतमत अनुयायियों, संतों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

उपमुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन, बोले – परंपरा और तकनीक का संगम

कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। उन्होंने फिल्म का फर्स्ट लुक जारी करते हुए कहा,

“यह आयोजन आध्यात्मिकता और तकनीक का संगम है – जहां परंपरा भविष्य से मिलती है। अब संतमत का संदेश डिजिटल माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचेगा। महर्षि मेंहीं जी की शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए पथप्रदर्शक बनेंगी।”

इस अवसर पर कुप्पाघाट आश्रम के आधिकारिक मोबाइल ऐप और वेबसाइट का लोकार्पण भी किया गया, जिससे अब संतमत सत्संग, भजन, साहित्य और मार्गदर्शन को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के ज़रिए वैश्विक स्तर पर उपलब्ध कराया जा सकेगा।

फिल्म केवल बायोपिक नहीं, आध्यात्मिक आंदोलन का माध्यम

फिल्म “मेंहीं – एक विचार, एक व्यक्तित्व” के निर्देशक दीपक साह ने बताया कि यह महज एक बायोपिक नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक विरासत को जनमानस तक पहुंचाने का एक गहन और भावनात्मक प्रयास है। फिल्म में महर्षि मेंहीं जी के जीवन के विभिन्न आयामों – त्याग, तपस्या, ज्ञान, समाजसेवा और मानवता के प्रति समर्पण को उजागर किया गया है।

प्रेरणा का स्रोत बनेगी यह फिल्म: दिलीप जायसवाल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री दिलीप जायसवाल ने कहा,

“यह फिल्म समाज के हर वर्ग को नई दिशा देगी, विशेषकर युवाओं के लिए यह अमूल्य प्रेरणा का स्रोत बनेगी।”

संतमत महासभा के मंच से हुआ भव्य आयोजन

कार्यक्रम का संचालन श्री सत्यप्रकाश बाबा और प्रियंका ने किया।
अखिल भारतीय संतमत सत्संग महासभा, कुप्पाघाट के अध्यक्ष अरुण कुमार अग्रवाल ने कहा,

“यह ऐप और वेबसाइट वैश्विक स्तर पर संतमत अनुयायियों को जोड़ने का माध्यम बनेंगे। यह भागलपुर और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।”

महामंत्री दिव्य प्रकाश जी ने इसे संतमत चेतना को नई दिशा देने वाला क्षण बताया।

उल्लेखनीय उपस्थिति

कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रमुख लोगों में शामिल थे:
स्वामी सत्यानंद बाबा, भागीरथ बाबा, प्रमोद बाबा, विधान पार्षद एन. के. यादव, लोजपा की प्रदेश महासचिव संगीता तिवारी, पूर्णिया विधायक विजय खेमका, कहलगांव विधायक पवन यादव, बिहपुर विधायक शैलेन्द्र जी, नरपतगंज विधायक जयप्रकाश यादव, भागलपुर महापौर वसुंधरा लाल, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष शाह, अररिया भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, महासभा के उपाध्यक्ष मुकेश जायसवाल, और फिल्म निर्माण संस्था अवर पाथ एंटरटेनमेंट के डायरेक्टर रवि रंजन।

ठनका गिरने से चाची-भतीजी की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

0

Bhagalpur News:  कहलगांव अनुमंडल के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टिकुलियाचक गांव में शनिवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ। आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से चाची-भतीजी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मथुरापुर पंचायत के टिकुलियाचक गांव में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया और तेज आंधी के साथ मूसलधार बारिश शुरू हो गई। इस दौरान पूजा देवी (35 वर्ष), पत्नी दीपक यादव, और उनकी भतीजी रानी कुमारी (12 वर्ष), पुत्री अजीत यादव, गांव के बगीचे में काम कर रही थीं।

तेज बारिश से बचने के लिए दोनों एक नीम के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। लेकिन इसी दौरान तेज गड़गड़ाहट के साथ ठनका गिरा, जिसकी चपेट में आकर दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। चश्मदीद ग्रामीणों के मुताबिक, ठनका लगते ही तेज आवाज हुई और दोनों महिलाएं गिर पड़ीं। जब परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो दोनों की मृत्यु हो चुकी थी।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

ग्रामीणों में भय और शोक का माहौल

गांव में लगातार हो रही आकाशीय बिजली की घटनाओं को लेकर लोग डरे हुए हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस मौसम में सतर्कता बरती जाए और ग्रामीणों को बिजली गिरने के खतरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाए।

जमीनी विवाद में चली गोली, बगीचे में रखवाली कर रहे युवक को मारी गोली, हालत गंभीर

0

Crime News:  भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार तड़के सुबह बगीचे में रखवाली कर रहे युवक किशोरी पासवान को अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशोरी पासवान रोज की तरह अपने खेत के पास स्थित बगीचे में रखवाली कर रहा था। इसी दौरान कुछ नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और सीधे उस पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद किशोरी बुरी तरह घायल हो गया और बगीचे में चिल्लाने लगा। तड़के सुबह का समय होने के कारण उसकी आवाज किसी ने नहीं सुनी, लेकिन उसके बड़े भाई सुबोध पासवान को कुछ अनहोनी का आभास हुआ। वह जब बगीचे पहुंचा तो देखा कि किशोरी जमीन पर खून से लथपथ पड़ा हुआ है।

परिजन उसे तुरंत भागलपुर के मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, गोली किशोरी पासवान के पेट और जांघ के बीच लगी है। अभी तक गोली निकाली नहीं जा सकी है और चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर बताया है।

परिवार ने लगाया गंभीर आरोप
घायल किशोरी पासवान के भाई सुबोध पासवान ने बताया कि इस घटना के पीछे पुराना जमीनी विवाद है। उनका अपने चाचा मोहन पासवान से वर्षों से ज़मीन को लेकर विवाद चल रहा है, जिस पर उन्होंने डिग्री भी ले रखी है। सुबोध ने आरोप लगाया कि इसी दुश्मनी के चलते मोहन पासवान ने उसके भाई को जान से मारने की कोशिश की है।

पुलिस का पक्ष:
पीरपैंती थाना अध्यक्ष ने बताया कि अभी तक इस मामले में लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन मौखिक सूचना के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। उन्होंने कहा कि दोषियों को चिन्हित कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

मुंगेर जेल में महिला बंदी ने मृत बच्चे को दिया जन्म, जिलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश

0

Munger News: जिले की जेल में बंद एक महिला कैदी, मौसम कुमारी ने इलाज के दौरान एक मृत शिशु को जन्म दिया है। यह घटना 28 मई को सामने आई जब गर्भवती मौसम कुमारी को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मौसम कुमारी, जो मुंगेर जिले के नंदलालपुर की निवासी है, इस वर्ष 15 मार्च को दरोगा संतोष कुमार सिंह की हत्या के मामले में गिरफ्तार हुई थी। वह लगभग छह माह की गर्भवती थी। दर्द की शिकायत के बाद उसे पहले मुंगेर सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (JLNMCH) रेफर कर दिया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौसम ने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। फिलहाल मौसम की हालत स्थिर बताई जा रही है।

जेल प्रशासन द्वारा मृत शिशु का पंचनामा तैयार किया गया और जिलाधिकारी के आदेश पर मजिस्ट्रेट और कैमरे की निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

पृष्ठभूमि:
15 मार्च को दरोगा संतोष कुमार सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मौसम कुमारी, उनके पति और कुछ अन्य परिजनों को आरोपी बनाकर मुंगेर जेल में बंद किया गया है। मृतक दरोगा कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र के पिपरिया गांव के निवासी थे।

इस घटना के बाद जेल में महिला कैदियों की चिकित्सकीय स्थिति और व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और रिपोर्ट मांगी गई है।

प्रॉक्सी कैंडिडेट पकड़ा गया, 290 गृहरक्षक उम्मीदवार फिट घोषित

0

Bhagalpur News:
गृह रक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत शनिवार को भागलपुर जिले में शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। यह परीक्षा विज्ञापन संख्या 01/2025 के अंतर्गत आयोजित की गई थी, जिसमें 1400 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इनमें से 1058 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए।

शारीरिक दक्षता परीक्षा के प्रथम चरण – 1600 मीटर दौड़ में कुल 364 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए। इसके उपरांत सफल उम्मीदवारों की ऊँचाई एवं सीना मापी गई, जिसमें निर्धारित मापदंडों को पूरा न कर पाने के कारण 21 उम्मीदवार असफल घोषित किए गए।

बचे हुए 343 उम्मीदवारों ने आगे की परीक्षाओं – ऊँची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक – में भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं के बाद हुए चिकित्सीय परीक्षण में 53 अभ्यर्थी अनफिट/असफल पाए गए। शेष 290 उम्मीदवारों को चिकित्सीय रूप से फिट घोषित करते हुए दैनिक रूप से सफल घोषित किया गया।

इस बीच परीक्षा के दौरान एक गंभीर अनियमितता भी सामने आई। रजिस्ट्रेशन संख्या 2310273655 के वास्तविक उम्मीदवार मणिकान्त कुमार, पिता- राज किशोर यादव, की जगह पर दौड़ में भाग लेने के लिए बिष्णु कुमार, पिता- श्री राम यादव, उपस्थित हुआ। निबंधन काउंटर पर दस्तावेज़ और हस्ताक्षर के मिलान में गड़बड़ी पाए जाने पर उक्त व्यक्ति को तुरंत पकड़ लिया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को विश्वविद्यालय थाना को सौंपते हुए उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई।

भागलपुर में राशन कार्ड धारकों को जोड़ने के लिए जीविका समूहों का विशेष अभियान शुरू

0

Bhagalpur News: जिले में जन-वितरण प्रणाली से जुड़े सभी राशन कार्ड धारक परिवारों को अब जीविका स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा। इस दिशा में जिला प्रशासन और जीविका द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक परिवार का सर्वे कर उन्हें समूह से जोड़ने की पहल की जा रही है।

घर-घर सर्वे, हर महिला को समूह से जोड़ने का लक्ष्य

जिला परियोजना प्रबंधक सुनिर्मल गरेन ने जानकारी दी कि भागलपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 5,32,630 परिवार राशन योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। इन सभी परिवारों का सर्वे स्थानीय ग्राम संगठन, सामुदायिक संसाधन सेवियों एवं जीविका मित्रों के माध्यम से किया जा रहा है।

सर्वे के आधार पर जिन परिवारों की महिलाएं अभी तक किसी समूह से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर जीविका समूह से जोड़ा जाएगा। वर्तमान में जिले में 3,39,650 परिवार जीविका समूहों से पहले ही जुड़ चुके हैं।

सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल

जीविका समूहों से जुड़ने वाले परिवारों को केंद्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की भी रणनीति बनाई गई है। इनमें प्रमुख रूप से आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाएं शामिल हैं।

विशेष अभियान के अंतर्गत, बीते चार दिनों में आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। जीविका दीदियों को न केवल कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया गया, बल्कि उन्हें ऑनलाइन आयुष्मान कार्ड बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि वे घर-घर जाकर यह कार्य कर सकें।

नए समूहों का गठन, महादलित टोले पर विशेष ध्यान

इस अभियान के अंतर्गत पिछले एक महीने में 414 नए स्वयं सहायता समूहों का गठन कर 5,560 परिवारों को समूह से जोड़ा गया है। इसके साथ-साथ महादलित टोलों में विशेष अभियान चलाकर 953 परिवारों को जीविका समूहों से जोड़ा गया।

महिलाओं का सशक्तिकरण — आत्मनिर्भरता की ओर कदम

सामुदायिक संगठनों के निर्माण और जीविका समूहों की स्थापना से बिहार की महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। सरकार द्वारा महिलाओं को रोजगार के अवसर, प्रशिक्षण, और स्व-रोजगार हेतु सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

यह अभियान भागलपुर के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सामाजिक समावेशन, सशक्तिकरण और सुधारित जीवनशैली की दिशा में एक मजबूत कदम है।

वार्ड 43 में विकास की नई राह — पीसीसी सड़क और नाले के निर्माण कार्य का शिलान्यास

0

Bhagalpur News: वार्ड क्रमांक 43 में बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर निगम द्वारा वित्त आयोग योजना के अंतर्गत पीसीसी सड़क एवं नाले के निर्माण कार्य का भव्य शिलान्यास समारोह संपन्न हुआ।

इस निर्माण कार्य की कुल लागत 15 लाख 78 हज़ार 300 रुपये निर्धारित की गई है। इस अवसर पर नगर निगम की महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से वार्ड 43 के नागरिकों को बेहतर सड़क और जल निकासी की सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास होगा।

कार्यक्रम में नगर निगम के उप महापौर डॉ. सलाउद्दीन हसन, वार्ड 43 की पार्षद अरशदी बेगम, महापौर प्रतिनिधि दीपक शर्मा, तथा पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद सोनू सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत पार्षद अरशदी बेगम द्वारा अतिथियों का फूल-माला एवं बुके से भव्य स्वागत कर की गई। स्थानीय जनता ने इस विकास कार्य को लेकर उत्साह व्यक्त किया और आशा जताई कि इससे क्षेत्र की सड़कों और जल निकासी व्यवस्था में सुधार आएगा।

यह पहल वार्ड 43 के लिए एक महत्वपूर्ण विकास कदम है, जो न केवल नागरिकों की जीवन गुणवत्ता को बढ़ाएगा, बल्कि क्षेत्र की समृद्धि में भी योगदान देगा।

“माय बहिन मान” योजना को लेकर भागलपुर में प्रेस वार्ता, महिलाओं के बीच व्यापक प्रचार का संकल्प

0

Bhagalpur News: बिहार कांग्रेस द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी “माय बहिन मान” योजना को लेकर आज भागलपुर में जिला महिला कांग्रेस द्वारा एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। यह कार्यक्रम स्थानीय विधायक अजीत शर्मा के निवास स्थित कांग्रेस कैम्प कार्यालय में आयोजित हुआ।

प्रेस वार्ता के दौरान विधायक अजीत शर्मा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विशेष रूप से महिला कांग्रेस की टीम से आह्वान किया कि वे जिले की सभी महिलाओं को इस योजना की जानकारी दें और उनका निबंधन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत लेकर आएगी, विशेषकर तब जब महागठबंधन की सरकार सत्ता में आएगी।

जिला महिला कांग्रेस करेगी जिलेभर में प्रचार-प्रसार

इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्षा कोमल सृष्टि ने कहा कि संगठन इस योजना का जिले के हर प्रखंड में व्यापक प्रचार करेगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रखंड में महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने वर्तमान में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं महिलाओं के लिए वरदान साबित होंगी।

कांग्रेस नेतृत्व को जताया आभार

कोमल सृष्टि ने इस योजना की शुरुआत के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लाम्बा के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल महिलाओं को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि कांग्रेस संगठन में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ेगी।

कैसे होगा निबंधन?

प्रेस वार्ता में जिला महिला कांग्रेस की समन्वयक ज्योति देवी ने बताया कि योजना के तहत महिलाओं से निबंधन प्रपत्र भरवाया जाएगा और एक निर्धारित नंबर पर मिस्ड कॉल कर उन्हें योजना से जोड़ा जाएगा।

प्रमुख कार्यकर्ता रहीं मौजूद

इस कार्यक्रम में जिला महिला कांग्रेस की कई प्रमुख कार्यकर्ता अर्चना सिंह, पूजा पाण्डेय, खुशबू देवी, खुशबू मांझी आदि उपस्थित रहीं और योजना को सफल बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।

जनता दरबार में दो पुराने जमीन विवाद मामलों का निष्पादन, तीन नए केस पहुंचे

0

Bhagalpur News: सुल्तानगंज थाना परिसर में प्रत्येक शनिवार की तरह इस शनिवार को भी जनता दरबार का आयोजन किया गया। अंचलाधिकारी (सीओ) रवि कुमार और थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस दरबार में जमीन संबंधी मामलों की सुनवाई की गई।

इस बार जनता दरबार में सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से जुड़े तीन नए जमीन विवाद के मामले प्रस्तुत किए गए। साथ ही, सीओ रवि कुमार ने दो पुराने मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि शेष नए मामलों की जांच कर अगली तिथि को उनका समाधान किया जाएगा।

जनता दरबार के दौरान अंचल और थाना कर्मियों के अलावा बड़ी संख्या में जमीन विवाद से जुड़े लोग उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे न्याय मिलने की प्रक्रिया तेज हुई है और जमीन विवादों का समयबद्ध समाधान संभव हो पा रहा है।

भागलपुर: तेज रफ्तार कार की चपेट में आई मासूम, टोटो से गिरकर गंभीर रूप से घायल, हालत नाजुक

0

Bhagalpur News: शहर के कचहरी चौक पर आज एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्ची अपने परिवार के साथ टोटो पर सवार होकर बाजार जा रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार के चालक ने अचानक गाड़ी का दरवाजा खोल दिया, जिससे टोटो गाड़ी से टकरा गया और बच्ची सड़क पर गिर पड़ी।

मौके पर मची अफरा-तफरी, बच्ची की हालत गंभीर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार का दरवाज़ा टोटो के बेहद करीब खोला गया, जिससे टोटो असंतुलित हो गया और उसमें बैठी बच्ची नीचे गिर गई। गिरने के दौरान बच्ची को गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता से बच्ची को त्वरित रूप से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

कार ड्राइवर फरार, पुलिस ने वाहन जब्त किया

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर संबंधित कार को जब्त कर लिया है और ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही दोषी चालक को पकड़ लिया जाएगा।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बच्ची की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए विशेष चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। वहीं बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने प्रशासन से दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।